Download
Mobile App

android apple
signal

April 1, 2025 9:04 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक फॉन्ट के साथ वार्ता करेंगे।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुंबई में भारतीय रिजर्व बैंक की 90वीं वर्षगांठ समारोह के समापन सत्र में सम्मिलित होंगी।
  • मध्य प्रदेश के 19 धार्मिक शहरों और कुछ ग्राम पंचायतों में आज से शराब पर प्रतिबंध लागू।
  • भारत ने ऑपरेशन ब्रह्मा के अंतर्गत म्यांमा को 50 टन राहत सामग्री की एक और खेप सौंपी।
  • मौसम विभाग ने इस साल अप्रैल से जून के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान रहने का अनुमान जताया।
  • बिहार का राजगीर इस वर्ष अगस्त में हॉकी एशिया कप 2025 की मेजबानी करेगा।

******

भारत की पांच दिवसीय यात्रा पर आए चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक फॉन्ट आज दोपहर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे और भारत-चिली संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा करेंगे। वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मिलेंगे, जो उनके सम्मान में भोज का आयोजन करेंगी।
राष्ट्रपति बोरिक के साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा, जिसमें मंत्री, सांसद, व्यापार संघ और भारत-चिली सांस्कृतिक संबंध से जुड़े प्रमुख चिली नागरिक शामिल होंगे। राष्ट्रपति के रूप में यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी।
इस दौरान राष्ट्रपति बोरिक आगरा, मुंबई और बेंगलुरु भी जाएंगे। मुंबई और बेंगलुरु में वे राजनीतिक नेतृत्व, व्यापार और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, स्टार्टअप, इनोवेटर्स और तकनीकी दिग्गजों से भी मिलेंगे। राष्ट्रपति बोरिक 5 अप्रैल को चिली लौट जाएंगे। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

चिली के राष्ट्रपति की यात्रा दोनों देशों के लिए द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक समीक्षा और क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर आपसी रुचि के विषयों पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करेगी। चिली भारत के लिए लैटिन अमेरिका क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण साझेदार है। दोनों देशों के बीच कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर समान दृष्टिकोण है जिनमें यूएनएससी सुधार, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा और आतंकवाद शामिल हैं। 2024 में भारत और चीली के बीच द्विपक्षीय व्यापार दो दशमलव छह बिलियन अमेरिकी डॉलर था। चिली में भारत का निवेश लगभग 620 मिलियन अमेरिकी डॉलर है। इंजीनियरिंग सामान, फार्मास्यूटिकल्स, ऑटोमोबाइल्स रसायन और टेक्सटाइल भारत से चीली को निर्यात किए जाने वाले प्रमुख समान है। भारत चिली को दवाइयों और फार्मास्यूटिकल्स का तीसरा सबसे बड़ा निर्यातक है। आनंद कुमार की रिपोर्ट के साथ अक्षत वैद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

*******

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज मुंबई में भारतीय रिजर्व बैंक की 90वीं वर्षगांठ के समापन समारोह में सम्मिलित होंगी। ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से-

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल शाम मुंबई पहुंची। हवाईअड्डे पे उनका स्वागत महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने किया। उनके स्वागत के लिए कई अन्य उच्च पदस्थ अधिकारी मौजूद थे। वे आज आरबीआई के 90वें वर्ष के समापन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। भारतीय रिजर्व बैंक ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से जानकारी दी कि इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अन्य गणमान्य मौजूद रहेंगे। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा स्वागत भाषण देंगे। भावना आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

********

केंद्र सरकार की एकीकृत पेंशन योजना-यूपीएस आज से लागू हो जाएगी। केंद्र सरकार ने यूपीएस को राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली के विकल्प के रूप में प्रस्‍तुत किया है। पेंशन फंड नियामक और विकास प्राधिकरण ने हाल ही में यूपीएस के संचालन के लिए नियम अधिसूचित किए थे। ये नियम केंद्र सरकार के कर्मचारियों के तीन समूहों से संबंधित हैं। हमारे संवाददाता ने बताया कि इस योजना से केंद्र सरकार के लगभग 23 लाख कर्मचारी लाभान्वित होंगे।

यह योजना सरकारी कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद, सुनिश्चित पेंशन प्रदान करेगी। यूपीएस उन सरकारी कर्मचारियों के लिए है, जो एक जनवरी, 2004 को, या उसके बाद, सेवा में शामिल हुए हैं, साथ ही जो भविष्य में शामिल होंगे, उनके पास एनपीएस से यूपीएस में जाने का विकल्प है। इस योजना के तहत सेवानिवृत्ति से पहले के 12 महीने में मिले, औसत बेसिक सैलरी की, 50 प्रतिशत राशि को सुनिश्चित पेंशन के तौर पर देने का प्रावधान है। यूपीएस में सभी केंद्रीय कर्मचारियों को 10 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन की गारंटी मिलती है और इसके लिए कर्मचारियों को कम से कम 10 साल की सेवा अनिवार्य है। इसके अलावा पेंशनधारक की मृत्यु होने पर, उनके परिवार को पेंशन के रूप में, अंतिम पेंशन का 60 फीसदी मिलेगा। इस योजना के लिए कर्मचारी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं। दीपेन्द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

********

मध्य प्रदेश में धार्मिक महत्‍व के 19 शहरों और कुछ ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में शराब पर प्रतिबंध आज से लागू हो गया है। इनमें उज्जैन, ओंकारेश्वर, महेश्वर, मंडलेश्वर, ओरछा, मैहर, चित्रकूट, दतिया, पन्ना, मंडला, मुलताई, मंदसौर और अमरकंटक शामिल हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार ने इन 19 शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों को पवित्र घोषित करते हुए इनमें शराबबंदी लागू की है। इस वर्ष 24 जनवरी को महेश्वर में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा घोषित और स्वीकृत किए गए इस निर्णय को क्षेत्र के धार्मिक महत्व को देखते हुए लिया गया है। श्री यादव ने इस पहल को धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने और आध्यात्मिक महत्व वाले क्षेत्रों में शराब के सेवन को बंद करने की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।

बीते समय जब कैबिनेट का निर्णय हुआ था तो हमने कहा था कि हमारे राज्य के अंदर जो धार्मिक स्थान है वहां हम शराबबंदी करेंगे। मुझे इस बात का संतोष है कि महेश्वर, मंडलेश्वर, ओंकारेश्वर, पन्ना, ओरछा, उज्जैन ऐसे स्थानों पर शराबबंदी लागू की जाएगी। कुल मिलाकर के शराबबंदी तो पहले भी थी, लेकिन उसकी भूमिका परिसीमा स्पष्ट नहीं थी। हमने परिसीमा स्पष्ट की।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

ऑपरेशन ब्रह्मा के अंतर्गत, INS सतपुरा और INS सावित्री जहाज से पहुंचाई गई 50 टन मानवीय सहायता और आपदा राहत सामग्री कल यांगून में म्यांमा के अधिकारियों को सौंपी गई। म्यांमा में भारत के राजदूत अभय ठाकुर ने राहत सामग्री भेंट की। एक रिपोर्ट-

म्यांमा में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वायु सेना के 6 विमानों और नौसेना के 5 जहाजों के साथ भारत की पहली त्‍वरित सहायता यांगून, नेपीता और मांडले में पहुंचाई गई है। इस बीच, म्यांमार में पिछले हफ्ते आए विनाशकारी 7 दशमलव 7 तीव्रता वाले भूकंप में मृतकों की संख्या दो हजार को पार कर गई है। म्यांमा की सेना ने बताया कि विनाशकारी भूकंप में अब तक 2,056 से अधिक लोगों की जान चली गई है। जबकि 3 हजार 9 सौ से अधिक लोग घायल हुए हैं, 270 लोग अब भी लापता हैं। थाईलैंड, वियतनाम, लाओस और दक्षिण-पश्चिम चीन में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। आनंद की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से राजेश मीणा।

*******

केंद्रीय अन्‍वेषण ब्यूरो-सीबीआई आज नई दिल्ली में अपने 62वें स्थापना दिवस के अवसर पर 21वें डीपी कोहली स्मारक व्याख्यान का आयोजन करेगा। केन्‍द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ‘विकसित भारत@2047 – सीबीआई के लिए एक रोडमैप’ विषय पर डीपी कोहली स्मारक व्याख्यान देंगे। इस अवसर पर श्री वैष्‍णव सीबीआई अधिकारियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक भी प्रदान करेंगे।

*******

ओडिशा राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आंज नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में ओडिशा दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें राज्य के निर्माण में अमूल्य योगदान के लिए संस्थापकों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। कार्यक्रम का विषय ‘कला, संस्कृति, विरासत और पर्यटन’ है।

*******

अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने कल सभी राजनीतिक दलों से संसद में वक्फ संशोधन विधेयक पर विस्तृत चर्चा में भाग लेने की अपील की है। नई दिल्ली में कल श्री रिजीजू ने कहा कि विधेयक तैयार है पर कुछ नेता इस विधेयक पर झूठी अफवाहें फैला रहे हैं जो समाज और राष्ट्र के लिए हानिकारक है। श्री रिजिजू ने कहा कि निर्दोष लोगों को गुमराह करने के प्रयास निंदनीय हैं।

*******

कोयला और खान मंत्री जी किशन रेड्डी ने हैदराबाद में हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के नजदीक कांचा गचीबोवली में वन क्षेत्र को समाप्‍त करने की लापरवाहीपूर्ण कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। उन्होंने तेलंगाना सरकार से इस कार्रवाई को तत्‍काल रोकने का आग्रह किया है।

*******

महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने कल मुंबई के राजभवन में 62वें राष्ट्रीय समुद्री दिवस और मर्चेंट नेवी सप्ताह का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अधिकारियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समुद्री क्षेत्र के महत्व को रेखांकित किया। राज्यपाल ने देश में बंदरगाहों के आधुनिकीकरण की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

*******

रूख करते हैं अंतरराष्‍ट्रीय जगत की खबरों का-

  • यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने बुचा शिखर सम्मेलन के बाद यूक्रेन में भागीदार देशों की सांसदों और यूरोपीय संसद के अध्यक्षों तथा प्रतिनिधियों के संग विशेष बैठक की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री ज़ेलेंस्की ने कहा कि बैठक में इस बात पर सभी एकमत रहे कि यूरोप रूस-यूक्रेन युद्ध से निकले नैतिक निष्कर्षों को नहीं भूलेगा और रूस को जिम्मेदारी से मुक्त नहीं होने दिया जा सकता।
  • अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि यमन के हूतियों पर हमले तब तक जारी रहेंगे जब तक वे अमरीकी जहाजों के लिए खतरा हैं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, राष्ट्रपति ट्रम्प ने बताया कि पिछले दो हफ्तों के लगातार हमलों से हूति आतंकियों का सफाया हो गया है और उनके कई लड़ाके और सरगना अब जीवित नहीं हैं। उन्होंने साफ कहा कि अगर हूति अमरीकी जहाजों पर गोलीबारी बंद कर देते हैं तब अमरीका उन पर हमले बंद कर देगा।

********

मौसम का हाल…

  • मौसम विभाग ने इस वर्ष अप्रैल से जून के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।
  • मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि इस अवधि के दौरान अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहेगा। उन्होंने कहा कि अप्रैल से जून तक देश के उत्तरी-पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से दो से चार अधिक लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
    अप्रैल में जून के गरम मौसम ऋतु के दौरान दक्षिण प्रायद्विप, मध्य भारत, पूर्व भारत और उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक हीटवेव होने की संभावना है। दो से चार दिन अधिक हीटवेव रिकॉर्ड होने की संभावना है।

*******

खेल जगत की खबरों के साथ है मुकेश कुमार बल-
बिहार के राजगीर में इस वर्ष अगस्त माह में एशिया कप हॉकी का आयोजन होगा। प्रतियोगिता 29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर हॉकी स्टेडियम में आयोजित होगी। एशिया कप के इस 12वें संस्करण में भारत, पाकिस्तान, जापान सहित 8 टीमें भाग लेंगी। भारत ने अब तक तीन बार यह टूर्नामेंट जीता है। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग के लिए बिहार सरकार और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की सराहना की है।
यहां कि सरकार काफी जोश और जुनून के साथ स्पोर्ट्स डेवलपमेंट के लिए और खिलाड़ी डेवलपमेंट के लिए आगे आ रहे हैं।
भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने नवनिर्मित राजगीर अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेलने के लिए उत्साह व्यक्त किया। आईपीएल क्रिकेट में आज लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना पंजाब किंग्स से होगा। लखनऊ में यह मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। प्रतियोगिता में कल मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को आठ विकेट से हरा दिया। उधर, मेनोरका ओपन टेनिस टूर्नामेंट में आज शाम स्‍पेन में पुरुष डबल्‍स के प्री क्‍वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत के जीवन नेदुनचेझियान और विजय सुंदर प्रशांत की जोड़ी का सामना इटली की माटेओ वावस्सोरी और एंड्रिया वावस्सोरी से होगा। भारतीय समय के अनुसार ये मैच शाम 5 बजे से शुरू होगा। पुरुष डबल्‍स के एक अन्‍य मैच में, भारत के अनिरुद्ध चंद्रशेखर और स्पेन के डेविड वेगा हर्नांडेज़ की जोड़ी और रामकुमार रामनाथन और साकेत माइनेनी की जोड़ी भी पुरुष डबल्‍स स्पर्धा में चुनौती पेश करेगी।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in औरहमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- मनोज।

  • लोकसभा में कल पेश होने वाले वक्‍फ विधेयक से जुड़ी खबरों को लगभग सभी अखबारों ने अपनी सुर्खी बनाया है। जनसत्‍ता लिखता है- लोकसभा में कल पेश होगा वक्‍फ विधेयक, सर्वदलीय बैठक आज। अमर उजाला ने इस खबर को सुर्खी दी है- वक्‍फ विधेयक के लिए सरकार तैयार, जरूरत पड़ने पर हो सकता है संसद सत्र का विस्‍तार।
  • दैनिक भास्‍कर ने आज से शुरू हो रहे नए वित्‍त वर्ष में होने वाले बदलावों को अपनी सुर्खी बनाते हुए लिखा है- आज से टैक्‍स, यूपीआई, क्रेडिट कार्ड, न्‍यूनतम बैंक बैलेंस से जुड़े कई नियम बदलेंगे।
  • नवभारत टाइम्‍स लिखता है- आज से इनकम टैक्‍स स्‍लैब बदलेंगे, यूनीफाइड पेंशन स्‍कीम लागू, ई-वे बिल और ई-इनवॉइस सिस्‍टम का अपग्रेडेड वर्जन प्रभावी और मोबाइल नंबर के यूपीआई खातों से जोड़ने के नियमों में बदलाव भी आज से लागू हो रहे हैं।
  • हिन्‍दुस्‍तान ने कर्मचारी भविष्‍य निधि संगठन के हवाले से लिखा है – अंशधारकों के लिए पीएफ खाते से निकासी की सीमा एक लाख रुपए से बढ़ाकर पांच लाख रुपए करने का फैसला।

********

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक फॉन्ट के साथ वार्ता करेंगे।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुंबई में भारतीय रिजर्व बैंक की 90वीं वर्षगांठ समारोह के समापन सत्र में सम्मिलित होंगी।
  • मध्य प्रदेश के 19 धार्मिक शहरों और कुछ ग्राम पंचायतों में आज से शराब पर प्रतिबंध लागू।
  • भारत ने ऑपरेशन ब्रह्मा के अंतर्गत म्यांमा को 50 टन राहत सामग्री की एक और खेप सौंपी।
  • मौसम विभाग ने इस साल अप्रैल से जून के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान रहने का अनुमान जताया।
  • बिहार का राजगीर इस वर्ष अगस्त में हॉकी एशिया कप 2025 की मेजबानी करेगा।

*******