मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ में 33 हजार 700 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
- कहा-इन पहलों से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा और राज्य के आर्थिक विकास में तेजी आएगी।
- केंद्र सरकार ने मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड के कुछ हिस्सों में सशस्त्र बल विशेषाधिकार कानून को छह महीने के लिए बढ़ाया।
- उत्तराखंड में गंगोत्री और यमनोत्री धाम के कपाट 30 अप्रैल को खुलेंगे।
- आज देशभर में ईद-उल-फितर का पर्व मनाया जा रहा है।
- अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा-अगर ईरान परमाणु कार्यक्रम पर समझौता नहीं करता, तो उसे बमबारी और अतिरिक्त शुल्क झेलना होगा।
- जार्डन में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में दीपक पूनिया और उदित ने रजत पदक तथा दिनेश ने कांस्य पदक जीता।
***
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ में 33 हजार सात सौ करोड रुपये लागत की परियोजनाओं का शुभारंभ किया है। कल बिलासपुर में एक जनसभा में श्री मोदी ने कहा कि इससे हजारों रोजगार पैदा होंगे और राज्य के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
हमारी सरकार सिर्फ चार दिवार नहीं बनाती। इन घरों में रहने वालों की जिंदगी भी बनाती है। जो पक्के घर मिले हैं इनमें से अधिकतर की मालिक हमारी माताएं-बहनें ही हैं।
श्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इन परियोजनाओं से छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय विकास पहलों का लाभ लेने वाले मुख्य राज्यों में शामिल हो गया है।
इन परियोजनाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत तीन लाख नए आवास, स्मार्ट कक्षाओं और आधुनिक प्रयोगशालाओं से युक्त एक सौ 30 पीएम-श्री विद्यालय, क्षेत्रीय ऊर्जा सुरक्षा में वृद्धि के लिए पांच सौ 40 किलोमीटर लंबी पेट्रोलियम पाइपलाइन और माओवाद-ग्रस्त क्षेत्रों में ग्रामीण सडकों का बड़ा नेटवर्क शामिल हैं। श्री मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ में, विशेष जनजातीय इलाक़ों में शिक्षा, आधुनिक बुनियादी ढांचा और बेहतर जीवन-यापन के अवसर उपलब्ध कराएगी।
आज डबल इंजन सरकार में छत्तीसगढ़ की सिटी तेजी से बदल रही है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी शांति का नया दौर नज़र आ रहा है।
श्री मोदी ने कांग्रेस पर छत्तीसगढ़ के भर्ती घोटाले कर युवाओं को विफल करने, कुशासन और विकास परियोजनाओं में अडचन के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासन में भ्रष्टाचार चरम पर था, भर्ती परीक्षाओं में पर्चे लीक होते थे और गरीबों के लिए निर्धारित सरकारी धन का दुरूपयोग होता था।
***
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से दो दिन की महाराष्ट्र की यात्रा पर रहेंगी। इस दौरान राष्ट्रपति भारतीय रिजर्व बैंक के 90वें वर्ष के उपलक्ष्य में मुंबई में आयोजित समापन समारोह में शामिल होंगी। राष्ट्रपति आज शाम मुंबई पहुंचेंगी।
***
गृह मंत्रालय ने कल सशस्त्र बल विशेष अधिकार अधिनियम को मणिपुर, अरूणाचल प्रदेश और नागालैंड के कुछ हिस्सों में छह महीने के लिए बढा दिया है। यह कल से लागू होगा। मणिपुर में सशस्त्र बल विशेष अधिकार अधिनियम पांच जिलों को छोडकर अन्य सभी जिलों में जारी रहेगा। नागालैंड के आठ जिलों और पांच अन्य जिलों के 21 थाना क्षेत्रों में और छह महीने के लिए बढा दिया है।
***
वहीं, असम सरकार ने डिब्रूगढ़ जिले में सशस्त्र बल विशेषाधिकार अधिनियम- अफस्पा को इस वर्ष 31 मार्च से आगे न बढ़ाने का फैसला किया है। असम सरकार ने कल एक अधिसूचना में कहा कि कानून-व्यवस्था में सुधार को देखते हुए, डिब्रूगढ़ जिले को अशांत क्षेत्र घोषित किए रखने की आवश्यकता नहीं है।
***
भारतीय वायुसेना आज से ग्रीस में शुरू हो रहे बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास में हिस्सा ले रही है। 12 दिन का यह अभ्यास 11 अप्रैल तक चलेगा। भारतीय वायुसेना के दल में सुखोई-30, आईएल-78 और सी-17 विमान शामिल हैं। इस अभ्यास से भारतीय वायुसेना की संचालन दक्षता मजबूत होगी।
***
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
***
उत्तराखंड में श्री गंगोत्री धाम के कपाट इस वर्ष अक्षय तृतीया यानी 30 अप्रैल को सुबह साढ़े दस बजे खुलेंगे। ब्यौरा हमारी संवाददाता से-
उत्तरकाशी स्थित गंगोत्री धाम के कपाट आगामी 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर रोहिणी नक्षत्र में सुबह साढ़े दस बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही राज्य में चारधाम यात्रा की शुरुआत हो जाएगी। गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि हिंदू नववर्ष और चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के नवरात्रि के पहले दिन रविवार को गंगोत्री धाम के कपाट खुलने का मुहूर्त निकाला गया। उन्होंने बताया कि देवी गंगा की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा गांव से 29 अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे गंगोत्री धाम के लिए प्रस्थान करेगी। भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर में रात्रि विश्राम करेगी। अगले दिन 30 अप्रैल की सुबह नौ बजे देवी गंगा की डोली गंगोत्री धाम पहुंचेगी। यमुनोत्री धाम के कपाट भी अक्षय तृतीया के पर्व पर श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। हालांकि, कपाट खुलने का मुहूर्त छह अप्रैल को यमुना जयंती के अवसर पर तय किया जाएगा। वहीं, केदारनाथ के कपाट दो मई और बद्रीनाथ के कपाट चार मई को खोले जाएंगे। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।
***
ईद-उल-फितर का त्योहार आज देशभर में धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। ईद को रमजान के महीने की समाप्ति का प्रतीक भी माना जाता है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सभी प्रमुख मस्जिदों में ईद की विशेष नमाज अदा की जा रही है।
ईद का त्यौहार रमज़ान के महीने के उपवास के समापन का प्रतीक है। इन दिन ईदगाह और मस्ज़िदों में ईद की नमाज़ अदा की जाती है। दिल्ली में लोग ईद की विशेष नमाज़ के लिए ज़ामा मस्जिद, फतेहपुरी मस्ज़िद और शाही ईदगाह में एकत्र हुए। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी। इस त्यौहार के लिए दिल्ली की ज़ामा मस्ज़िद के पास के बाज़ार सजाए गए हैं। लोग बाज़ारों में कपड़े, मिठाईयां और अन्य सामान खरीदारी कर रहे हैं। इस अवसर के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम भी किये गए हैं। अक्षित वैद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
जम्मू-कश्मीर में भी ईद उत्साह के साथ मनाई जा रही है।
ईद-उल-फित्र इस्लाम में सबसे महत्वपूर्ण त्यौहारों में से एक है, जिसे विशेष प्रार्थनाओं, दावतों और दान के कार्यों के साथ मनाया जाता है। श्रीनगर और जम्मू-कश्मीर के अन्य स्थानों के बाजारों में खरीदारी में वृद्धि देखी गई। इस अवसर पर लोग, दोस्तों और रिश्तेदारों से मिलते हैं। बच्चों को अपने माता-पिता और बड़ों से नकद उपहार ईदी मिलती है, जिससे उन्हें खुशी हासिल होती है। जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड ने पुष्टि की है कि ईद की नमाज़ का सबसे बड़ा आयोजन श्रीनगर के दरगाह हाजि़ब-उल में होगा। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह, कैबिनेट मंत्रियों और अन्य प्रमुख हस्तियों ने ईद-उल-फित्र के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। तारिक़ राथर, आकाशवाणी समाचार, श्रीनगर।
राष्ट्रपति और उप-राष्ट्रपति ने लोगों को ईद की शुभकामनाएं दी हैं।
***
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 19 अप्रैल को कटरा से कश्मीर के लिए पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को रवाना करेंगे। केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने जम्मू में संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 19 अप्रैल को ऊधमपुर पहुंचेंगे और विश्व के सबसे ऊंचे रेल पुल का उद्घाटन करेंगे।
वंदे भारत रेलगाड़ी फिलहाल कटरा से चलेगी क्योंकि जम्मू स्टेशन का नवीनीकरण किया जा रहा है।
कटरा-कश्मीर रेल मार्ग में 38 सुरंगें, 927 पुल और 1,315 मीटर लंबा चेनाब पुल शामिल है जो एफिल टॉवर से भी ऊंचा है। वंदेभारत ट्रेन से जम्मू और श्रीनगर के बीच की यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा।
***
अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अगर ईरान परमाणु कार्यक्रम पर समझौता नहीं करता, तो उसे बमबारी और अतिरिक्त शुल्क झेलना होगा। एनबीसी न्यूज़ के साथ बातचीत में, श्री ट्रम्प ने कहा कि अमरीका और ईरान के अधिकारी समझौते को लेकर बातचीत कर रहे हैं।
श्री ट्रम्प ने अपने पहले कार्यकाल में, ईरान और अन्य प्रमुख देशों के बीच वर्ष 2015 में हुए समझौते से अमरीका को अलग कर लिया था। इस समझौते में, प्रतिबंधों में राहत देते हुए, ईरान के विवादास्पद परमाणु कार्यक्रम पर सख्त पाबंदियां लगाई गई थीं। श्री ट्रम्प ने व्यापक अमरीकी प्रतिबंधों को भी फिर से लागू कर दिया है।
***
विदेश मंत्रालय के अनुसार राष्ट्रीय आपदा मोचन बल ने भूकंपग्रस्त म्यांमा के बौद्ध मठ में फंसे लगभग एक सौ 70 भिक्षुओ को बचाने के लिए ऑपरेशन ब्रह्मा के तहत अभियान शुरू कर दिया है। सेना की एक टीम आज अस्पताल जाएगी और कल से चिकित्सा सेवा शुरू करेगी।
***
खेल जगत की हलचल के साथ हैं- मुकेश कुमार बल-
जॉर्डन की राजधानी अम्मान में, एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप की फ्री स्टाइल स्पर्धा में, कल ओलिम्पिक पदक विजेता दीपक पूनिया और उदित ने रजत पदक जीता। दीपक पूनिया को 92 किलोग्राम भारवर्ग में जबकि उदित को 61 किलोग्राम वर्ग में रजत मिला। दिनेश ने 125 किलोग्राम वर्ग में तुर्कमेनिस्तान के जियामुहम्मत सपारोव को हराकर कांस्य जीता। भारत ने इस प्रतियोगिता में एक स्वर्ण, तीन रजत और छह कांस्य सहित कुल दस पदक हासिल किये हैं। इधर, आईपीएल क्रिकेट में आज मुम्बई के वानखेड़े स्टेडियम में मुम्बई इंडियंस का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। मैच शाम साढे सात बजे खेला जाएगा। प्रतियोगिता में कल राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 6 रन से हराया। एक अन्य मैच में डेल्ही कैपिटल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से पराजित किया। इसके अलावा, जमशेदपुर की टीम इंडियन सुपर लीग फुटबॉल के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। कल शिलॉन्ग में हुए मुकाबले में, जमशेदपुर ने नॉर्थ-ईस्ट यूनाइटेड को दो-शून्य से हराया। प्रतियोगिता में अंतिम चार में, रेड माइनर्स का सामना लीग शील्ड विजेता मोहन बागान सुपर जायंट से होगा। सेमीफाइनल के दो चरणों में तीन और सात अप्रैल को जमशेदपुर का सामना मोहन बागान सुपर जायंट से होगा।
***
आज अरुणाचल प्रदेश, कोंकण और गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, त्रिपुरा और केरल में कई जगहों पर तेज हवा चलने, बिजली कड़कने और गरज के साथ बूंदा-बांदी होने की संभावना है। दूसरी तरफ, सौराष्ट्र और कच्छ में कई स्थानों पर लू चलने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार असम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल और माहे में कुछ स्थानों पर मौसम गर्म और आर्द्र रहने की संभावना है। अगले तीन दिन तक उत्तर-पश्चिम हिस्सों में अधिकतम तापमान में पांच डिग्री से अधिक की वृद्धि होने का अनुमान है।
***
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, आज रात साढे नौ बजे “पोषण अभियान से कुपोषण का निवारण” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। परिचर्चा में दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय वर्मा और एम्स की आहार विशेषज्ञ डॉ. ऋचा जायसवाल शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान श्रोता विशेषज्ञों से प्रश्न पूछ सकते हैं।
नंबर है- 0 1 1 – 2 3 4 2- 1 0 5 0 और 0 1 1 – 2 3 3 1- 4 4 4 4.
***
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
***
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- देवेन्द्र त्रिपाठी।
- छत्तीसगढ़ के बीजापुर में 50 नक्सलियों के हथियार डालने की खबर को हिन्दुस्तान सहित अधिकांश अखबारों ने प्रमुखता दी है। दैनिक जागरण ने लिखा है- सरकार के विकास कार्य और पुनर्वास नीति का दिखने लगा प्रभाव।
- प्रधानमंत्री बनने के 11 साल बाद श्री नरेन्द्र मोदी के पहली बार आरएसएस मुख्यालय जाने को नवभारत टाइम्स सहित सभी अखबरों ने सुर्खी बनाया है। राजस्थान पत्रिका ने प्रधानमंत्री के शब्द प्रकाशित किये हैं- 100 साल पहले बोया बीज बन गया विराट वृक्ष। पत्र के अनुसार प्रधानमंत्री के 34 मिनट के संबोधन में छुपे कई मुद्दे।
- जनसत्ता ने संसदीय स्थायी समिति की रिपोर्ट के हवाले से लिखा है- अधिकारियों के अरसे तक एक ही जगह जमे रहने से बढ़ता है भ्रष्टाचार, किसी भी मंत्रालय में निर्धारित समय से अधिक न बने रहे अधिकारी।
- मणिपुर, नागालैंड और अरूणाचल प्रदेश में सशस्त्र बल विशेषाधिकार अधिनियम छह महीने के लिए बढ़ाने की खबर अमर उजाला और राष्ट्रीय सहारा सहित कई अखबारों में है।
- राजस्थान पत्रिका ने बताया है- भारतीय प्रबंध संस्थान अहमदाबाद अब दुबई में अपना केन्द्र शुरू करेगा।
- सितंबर 2025 से पहला कोर्स शुरू होगा। यह किसी भी आईआईएम का विदेश में पहला केन्द्र होगा।
दैनिक भास्कार ने बदलाव शीर्षक से लिखा है- तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के गांवों में रात को सामुदायिक भोजन में मोटा अनाज से बने अगल-अलग तरह के व्यंजन खाये जाते हैं और बेहतरीन व्यंजन को इनाम दिया जाता है। मोटा अनाज खाने के प्रति लोगों को प्रेरित करने के लिए 60 गांवों में तीन महीने से ऐसा प्रयोग चल रहा है।
***
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ में 33 हजार 700 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
- उन्होंने कहा-इन पहलों से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा और राज्य के आर्थिक विकास में तेजी आएगी।
- केंद्र सरकार ने मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड के कुछ हिस्सों में सशस्त्र बल विशेषाधिकार कानून को छह महीने के लिए बढ़ाया।
- उत्तराखंड में गंगोत्री और यमनोत्री धाम के कपाट 30 अप्रैल को खुलेंगे।
- आज देशभर में ईद-उल-फितर का पर्व मनाया जा रहा है।
- अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा-अगर ईरान परमाणु कार्यक्रम पर समझौता नहीं करता, तो उसे बमबारी और अतिरिक्त शुल्क झेलना होगा।
- जार्डन में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में दीपक पूनिया और उदित ने रजत तथा दिनेश ने कांस्य पदक जीता।
***