Download
Mobile App

android apple
signal

March 13, 2025 9:54 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-
• प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी मॉरीशस की दो दिन की सफल और ऐतिहासिक यात्रा के बाद स्वदेश लौटे।
• लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा- भारत हमेशा से अपने पड़ोसी देशों को विशेष रूप से आपदा के समय सहायता प्रदान करने में सबसे आगे।
• विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और सूचना तथा प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव आज नई दिल्ली में वेव्स 2025 से पहले वैश्विक समुदाय से विचार साझा करेंगे।
• पाकिस्तानी सुरक्षा बलों का दावा – जाफर एक्सप्रेस ट्रेन अभियान समाप्‍त, 346 बंधकों को बचाया गया।
• रिंकू हुड्डा ने विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री प्रतियोगिता के दूसरे दिन कल भाला फेंक स्‍पर्धा में भारत का दबदबा कायम रखा।
• महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में, आज शाम एलिमिनेटर मैच में मुंबई इंडियंस का सामना गुजरात जायंट्स से।

*********

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी मॉरिशस की दो दिन की सफल और ऐतिहासिक यात्रा के बाद नई दिल्‍ली लौट आए हैं।

भारत और मॉरीशस के बीच कल आठ समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। इनमें आपसी संबंधों को रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने और समुद्री सुरक्षा सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने तथा स्थानीय मुद्राओं में व्यापार को प्रोत्‍साहन देना शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम के बीच मॉरीशस में कल प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में यह निर्णय लिया गया। बैठक में, श्री मोदी ने दोनों देशों के साझा उद्देश्यों को देखते हुए, मॉरीशस को अपनी रक्षा और सुरक्षा आवश्यकताओं को मजबूत करने में भारत के निरंतर समर्थन और सहायता को दोहराया।

भारत और मॉरीशस का संबंध केवल हिंद महासागर से ही नहीं बल्कि हमारी सांझी सांस्कृतिक परंपराओं और मूल्यों से भी जुड़ा है। हम आर्थिक और सामाजिक प्रगति की राह पर एक दूसरे के साथी हैं। रक्षा हो या शिक्षा, स्वास्थ्य हो या स्पेस हम हर क्षेत्र में कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कल चैंप डे मार्स में मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर मॉरीशस के राष्ट्रपति धरमबीर गोखूल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ग्रैंड कमांडर ऑफ दी ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ दी इंडियन ओशन पुरस्कार से सम्मानित किया। प्रधानमंत्री मोदी मॉरीशस का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पाने वाले पहले भारतीय हैं।

*********

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि वसुधैव कुटुम्बकम के सिद्धांत पर चलते हुए भारत हमेशा पड़ोसी देशों को विशेष कर आपदा में सहायता देने में सबसे आगे रहा है। उन्‍होंने कहा कि मेडागास्कर हिंद महासागर क्षेत्र में भारत का भरोसेमंद मित्र और प्रमुख साझेदार देश तथा इस क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास- सागर विजन के अनुरूप महत्वपूर्ण सहयोगी है। श्री बिरला ने संसद भवन में मेडागास्कर की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जस्टिन टोकेली के नेतृत्व में आए संसदीय प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में यह बात कही।

*********

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर तथा सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव विश्‍व दृश्‍य श्रव्‍य मनोरंजन शिखर सम्‍मेलन (वेव्स)-2025 से पहले आज नई दिल्ली में वैश्विक समुदाय के साथ विचार साझा करेंगे।

*********

होली का त्योहार देश के विभिन्‍न भागों में अलग-अलग नाम और अनूठी परंपराओं के साथ मनाया जा रहा है।

*********

उत्तर प्रदेश में ब्रज क्षेत्र और वाराणसी में होली का जश्न शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गोरखपुर में होलिका दहन शोभायात्रा में शामिल होंगे।

बृज क्षेत्र में होली धार्मिक उत्साह के साथ मनाई जा रही है। लठमार होली, फूलों की होली, लड्डू मार होली, मथुरा वृंदावन में एक महीने तक चलने वाले होली उत्सव का हिस्सा है। जो वसंत पंचमी से चल रहा है आज होलिका दहन किया जाएगा और 15 से 21 मार्च तक बलदेव जी के दाऊजी मंदिर और अन्य स्थानों पर हुरंगा उत्सव मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गोरखपुर के पांडेहाता में होलिका दहन शोभा यात्रा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को होलिका दहन स्थलों होली उत्सव और जुलूसों की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। ओम अवस्थी आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।

*********

राजस्थान में होली का त्यौहार परम्परागत एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। आज शाम शहरों और गांवों में विभिन्न स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा।

आज शाम प्रदेश के गांव और शहरों में परंपरा के अनुसार विभिन्न स्थानों पर होलिका दहन होगा, जिसके लिए व्यापक तैयारियां की जा रही है। प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना की जा रही है। जगह-जगह फाग उत्सव आयोजित हो रहे हैं। जयपुर के गोविंद देव जी मंदिर तथा नाथद्वारा के श्रीनाथजी मंदिर में फूलों और गुलाल से होली खेल अपने आराध्य का आशीर्वाद लेने बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं। अजमेर के पास पुष्कर में होली के मौके पर विशेष उत्सव आयोजित किया जा रहा है। कल दुलंडी के मौके पर पूरे प्रदेश में रंग और गुलाल से होली के ली जाएगी। इसे देखते हुए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। कई शहरों में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। जीतेंद्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर।

*********

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में आज विश्‍व स्‍तर पर महिलाओं की सबसे बड़ी सभाओं में से एक “अट्टुकल पोंगाला” का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को 2009 में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया था।

अट्टुकल मंदिर को महिलाओं का सबरीमाला भी कहा जाता है। लाखों महिलाएं अपनी प्रिय देवी अट्टुकल भगवती को प्रसन्न करने के लिए पोंगाला तैयार करती हैं। ताकि उनके परिवार में शांति और समृद्धि बनी रहे। हर साल इस आयोजन में मंदिरों, चर्चाों और मस्जिदों की समान भागीदारी होती है। जो इस अनुष्ठान को सुगम बनाने में सहयोग करते हैं। भारी संख्या में भक्तों का आगमन को देखते हुए प्रशासन ने यातायात नियंत्रण सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं सहित विस्तृत प्रबंध किए हैं। मयूषा आकाशवाणी समाचार, तिरुअनन्तपुरम। 

*********

पाकिस्तान में बोलन जिले में जाफर एक्सप्रेस रेलगाड़ी पर बलूच लिबरेशन आर्मी के हमले और अपहरण के बाद पाकिस्तानी सेना के साथ उसका संघर्ष समाप्त हो गया है। सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि हमलावरों पर काबू पाने और बंधकों को बचाने का सैन्य अभियान पूरा हो गया है। लगभग 346 बंधकों को सुरक्षित बचा लिया गया है और कार्रवाई में 50 बलोच विद्रोही मारे गए हैं। बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा से खैबर पख्तूनख्वा की प्रांतीय राजधानी पेशावर जा रही रेलगाड़ी को कल बलूच लिबरेशन आर्मी के उग्रवादियों ने अपहरण कर 400 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया था।

*********

स्पेसएक्स ने रॉकेट के लॉन्चपैड में आखिरी समय में आई तकनीकी खराबी के कारण अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष केन्‍द्र-आईएसएस के लिए निर्धारित उड़ान स्थगित कर दी है। इस अभियान का उद्देश्य आईएसएस में चार प्रतिस्थापन अंतरिक्ष यात्रियों को भेजना था ताकि अमरीकी अंतरिक्ष यात्री बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स की लंबे समय से वापसी को सुनिश्‍चित किया जाए। मूल रूप से ऑर्बिटिंग स्टेशन पर आठ दिनों के प्रवास की योजना बनाई गई थी, लेकिन बोइंग के खराब हो चुके स्टारलाइनर पर अपनी यात्रा के बाद दोनों यात्री नौ महीने से अंतरिक्ष में फंसे हुए हैं। अधिकारियों ने अब तक प्रक्षेपण की नई तारीख की घोषणा नहीं की है। 

*********

भारत ने कल विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री -2025 के दूसरे दिन भी विभिन्न स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम रखा। नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में भारत के पुष्पेंद्र सिंह ने स्वर्ण, मोहित ने रजत और जसवंत ने कांस्य पदक जीता। वहीं, रिंकू हुड्डा ने स्वर्ण पदक जीता। उधर, महिलाओं की भाला फेंक स्पर्धा में, भाग्यश्री माधवराव जाधव ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता में, भारत 33 स्वर्ण, 29 रजत और 33 कांस्य सहित कुल 95 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर है। क्रिकेट में आज महिला प्रीमियर लीग में, मुंबई इंडियंस का सामना गुजरात जायंट्स से होगा। मुंबई में यह मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। 

*********

मौसम विभाग ने आज विदर्भ, ओडिशा और गुजरात में अलग-अलग स्थानों पर गर्म हवा चलने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में आज भारी वर्षा की संभावना व्‍यक्‍त की है। विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिन में उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में तेज हवा और गरज के साथ छींटे पड़ने की उम्‍मीद जताई है। 

*********

जम्‍मू-कश्‍मीर में श्रीनगर सहित कश्‍मीर घाटी के अधिकांश मैदानी और ऊंचाई वाले इलाकों में कल देर रात से लगातार बारिश हो रही है। मध्‍य, उत्‍तरी और दक्षिण कश्‍मीर के अधिकांश पहाडी क्षेत्रों में वर्षा और बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग ने जम्‍मू-कश्‍मीर में एक सप्‍ताह से हो रही बारिश के बीच आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसके कारण कई स्‍थानों पर हल्‍की से मध्‍यम वर्षा होने और बर्फबारी की संभावना है। पिछले तीन दिन से रुक-रुक कर बारिश हो रही है और यह हालात 16 मार्च तक बने रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 17 से 21 मार्च तक आमतौर पर मौसम साफ रहेगा।

*********

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- फरहत नाज।
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को मॉरीशस का सर्वोच्‍च सम्‍मान दिए जाने को आज के सभी समाचार पत्रों ने अपने पहले पन्‍ने पर सचित्र प्रकाशित किया है। समाचार पत्रों ने भारत और मॉरीशस के बीच हुए आठ समझौतों की खबर को भी प्रमुखता दी है। जनसत्‍ता लिखता है- चीन पर नज़र वैश्विक दक्षिण के लिए मोदी का महासागर मंत्र। हरिभूमि ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की घोषणा- मॉरीशस में नए संसद भवन का निर्माण करेगा भारत को अपनी पहली खबर बनाया है। 

दैनिक भास्‍कर ने राहत शीर्षक से दिया है- आम आदमी को महंगाई मोर्चे पर राहत, फरवरी में खुदरा महंगाई दर तीन दशमलव छह-एक प्रतिशत। छह महीने में पहली बार चार प्रतिशत नीचे। राष्‍ट्रीय सहारा ने सुर्खी दी है- महंगाई में आई भारी कमी, कर्ज सस्‍ता होने की आशा। वहीं, पंजाब केसरी लिखता है- औद्योगिक उत्‍पादन पांच प्रतिशत बढ़ा। 

15वें क्‍यू.एस. वर्ल्‍ड यूर्निवसिटी सब्जेक्‍ट रैंकिंग में भारत के तीन आई.आई.टी. और दो आई.आई.एम. सहित नौ शैक्षणिक संस्‍थान दुनिया के शीर्ष 50 में अमर उजाला की खबर है।

भारत में बिना वैध पासपोर्ट घुसने पर पांच साल की जेल, लोकसत्‍य की खबर है। 

हिन्‍दुस्‍तान सावधान शीर्षक से लिखता है- अत्‍याधिक व्‍यायाम और आहार में सोडियम का ज्‍यादा सेवन बढ़ा रहा जोखिम, स्‍लिम रहने की चाहत में किडनी हो रही है कमजोर। 

बस्‍तर का कांगेर घाटी उद्यान विश्‍व धरोहर स्‍थलों की अस्‍थायी सूची में राजस्‍थान पत्रिका की खबर है। 

पुरी की होली, प्रभु जगन्‍ननाथ, राजराजेश्‍वरी के रूप में स्‍वर्णं दर्शन देंगे, इन पर गुलाल डालने से शुरू होता है- रंगोत्‍सव दैन‍िक भास्‍कर ने इसे अपनी सांस्‍कृतिक खबर बनाया है।

*********

मुख्‍य समाचार:-
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी मॉरीशस की दो दिन की सफल और ऐतिहासिक यात्रा के बाद स्वदेश लौटे।
• लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा- भारत हमेशा से अपने पड़ोसी देशों को विशेष रूप से आपदा के समय सहायता प्रदान करने में सबसे आगे रहा है।
• विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और सूचना तथा प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव आज नई दिल्ली में वेव्स 2025 से पहले वैश्विक समुदाय से विचार साझा करेंगे।
• पाकिस्तानी सुरक्षा बलों का दावा – जाफर एक्सप्रेस ट्रेन अभियान समाप्‍त, 346 बंधकों को बचाया गया।
• रिंकू हुड्डा ने विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री प्रतियोगिता के दूसरे दिन कल भाला फेंक स्‍पर्धा में भारत का दबदबा कायम रखा।
• महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में, आज शाम एलिमिनेटर मैच में मुंबई इंडियंस का सामना गुजरात जायंट्स से।