Download
Mobile App

android apple
signal

March 12, 2025 9:17 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मॉरीशस को भारत और ग्लोबल साउथ के बीच महत्वपूर्ण सेतु बताया। प्रधानमंत्री आज मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे।
  • वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने मणिपुर के लिए पांच सौ करोड़ रुपये की आकस्मिक निधि की घोषणा की।
  • अमरीका ने कहा-यूक्रेन 30 दिन के तत्काल और अंतरिम युद्धविराम के लिए तैयार है और अब रूस को इसका जवाब देना है।
  • पाकिस्तान में ट्रेन हाईजेक घटना में तीस सुरक्षाकर्मी मारे गए। 214 लोगों को बंधक बनाया गया।
  • खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2025 का दूसरा चरण आज जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में संपन्न होगा।
  • भारत ने नई दिल्ली में विश्व पैरा ग्रां प्री एथलेटिक्स में पुरुषों की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में क्लीन स्वीप किया। सागर ने 34 दशमलव आठ-चार मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता।

******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह मे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह दूसरी बार है जब श्री मोदी मुख्य अतिथि के रूप में मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में भाग लेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मॉरीशस यात्रा के दूसरे दिन आज भारत और मॉरीशस के बीच विभिन्न क्षेत्रों को लेकर अनेक समझौते होंगे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री श्री मोदी मॉरीशस के प्रधानमंत्री के साथ सिविल सर्विस कॉलेज और एरिया हेल्थ सेंटर का उद्घाटन करेंगे। ये दोनों परियोजनाएं मॉरीशस में भारत की सहायता से बनाई गई है। प्रधानमंत्री आज मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस राष्ट्रीय दिवस समारोह में भारत की ओर से एक मार्चिंग टुकड़ी, भारतीय वायु सेना की आकाश गंगा स्काई डाइविंग टीम और भारतीय नौसेना का जहाज इम्फाल भी शामिल होगा। प्रधानमंत्री आज भारत रवाना होने से पहले मॉरीशस में स्थित भारतीय मूल के लोगों के सबसे पवित्र तीर्थ स्थल गंगा तालाब भी जाएंगे और वहां वे  प्रयागराज महाकुंभ से लाया गया पवित्र संगम का जल अर्पित करेंगे। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, मॉरीशस।

******

 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल पोर्ट लुई में मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन चंद्र रामगुलाम के साथ सकरात्मक बातचीत की और दोनों देशों के बीच साझेदारी की मजबूती के संकल्प को दोराहया। दोनों नेताओं ने भारत-मॉरीशस संबंधों को ऊंचाइयों तक ले जाने के नए रास्तों पर विचार-विमर्श किया। बैठक के दौरान रक्षा, सुरक्षा, आर्थिक संबंध और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के मुद्दों पर चर्चा हुई। श्री मोदी ने कहा दोनों देश ग्लोबल साउथ के हितों को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करेंगे।

मॉरीशस के प्रधानमंत्री द्वारा आयोजित रात्रिभोज के दौरान अपने संबोधन में श्री मोदी ने कहा कि दोनो देशों के बीच संबंधों को लेकर हमारी आशाओं और आकांक्षाओं की कोई सीमा नहीं है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत और मॉरीशस अपने लोगों के विकास, शांति और सुरक्षा के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।

विश्व में कोई एक देश है जिसका भारत पर पूरा हक है। तो उस देश का नाम है मॉरीशस। हमारे संबंधों की कोई सीमा नहीं है। हमारे संबंधों को लेकर हमारी आशाओं और आकांक्षाओं की कोई लिमिट नहीं है। आने वाले समय में हम मिलकर हमारे लोगों के विकास, पूरे क्षेत्र की शांति और सुरक्षा के लिए मिलजुल करके काम करते रहेंगे।

******

इससे पहले कल रात मॉरीशस की राजधानी पोर्ट लुइ में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मॉरीशस भारत के सागर विजन के केंद्र में बना हुआ है। इसकी घोषणा पहली बार श्री मोदी की 2015 की मॉरीशस यात्रा के दौरान की गई थी। प्रधानमंत्री ने मॉरीशस को भारत और ग्लोबल साउथ के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु बताया है।

श्री मोदी का भाषण हिंद महासागर क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए सहयोगात्मक प्रयास पर केंद्रित था। प्रधानमंत्री ने 30 मिनट के भाषण में भोजपुरी भाषा का भी इस्तेमाल किया, क्योंकि वहां की 70 प्रतिशत आबादी भारतीय मूल की है जो मुख्य रूप से भोजपुरी भाषी है।

******

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज चंडीगढ़ में पंजाब विश्वविद्यालय के 72वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इस अवसर पर विद्यार्थियों को डिग्री और पदक प्रदान करेंगी तथा समारोह को संबोधित करेंगी।

******

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामण ने मणिपुर के लिए आकस्मिक निधि बनाने के लिए पांच सौ करोड़ रुपये की राशि की घोषणा की है। उन्होंने कल लोकसभा में कहा कि केन्‍द्र मणिपुर की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए हर संभव वित्तीय सहायता प्रदान कर रहा है। वे लोकसभा में ‘मणिपुर विनियोग विधेयक, 2025’ और ‘मणिपुर विनियोग (लेखानुदान) विधेयक, 2025’ पर चर्चा का जवाब दे रही थीं। दोनों विधेयकों को ध्वनिमत से पारित कर दिया गया।

मणिपुर में फिलहाल राष्ट्रपति शासन लागू है। वित्त मंत्री ने सोमवार को संसद में 2025-26 के लिए मणिपुर का बजट पेश किया था।

******

अमरीका ने कहा है कि यूक्रेन उसके 30 दिन के तत्‍काल और अं‍तरिम युद्ध विराम के प्रस्‍ताव पर सहमत हो गया है और अब रूस को इसका जवाब देना है। अमरीका ने यूक्रेन को सैन्‍य सहायता और खुफिया सूचनाएं देने पर लगाई गई रोक भी हटा ली है।

 

अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रोबियो ने सउदी अरब के जेद्दा शहर में यूक्रेन के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं को यह जानकारी दी।

******

पाकिस्तान में अलगाववादी संघर्ष में बलूचिस्तान प्रांत में उग्रवादियों ने कल पेशावर जाने वाली एक ट्रेन पर हमला करके लगभग 450 यात्रियों को बंधक बना लिया। बाद में उन्होंने नागरिक बंधकों को रिहा कर दिया। अलगावादियों ने सैन्य कर्मियों सहित 214 लोगों को बंदी बना रखा है। अलगाववादी समूह बलूच लिबरेशन आर्मी-बीएलए ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। बीएलए ने कहा है कि हमले में 30 से अधिक सैन्यकर्मी मारे गए। हमले के समय यह रेलगाडी क्वेटा से पेशावर जा रही थी।

******

मौसम विभाग ने आज तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में अलग-अलग स्थानों पर तेज बारि‍श का अनुमान जताया है। इसके अनुसार अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी अगले तीन दिनों में भारी वर्षा होने की संभावना है। विभाग ने बताया कि आज गुजरात और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में लू चलने की संभावना है जबकि ओडिशा और विदर्भ में अगले दो दिनों में गर्म हवाएं चलने का अनुमान है।

******

कश्मीर के बारामुला  जिले के गुलमर्ग में आयोजित खेलो इंडिया विंटर गेम्‍स-2025 का दूसरा चरण आज संपन्न हो जाएगा। इन खेलों का पहला चरण 23 से 27 जनवरी तक लद्दाख में आयोजित किया गया था।

भारतीय खेल प्राधिकरण के उप महानिदेशक विनीत कुमार ने कहा कि खेल जबरदस्त सफल रहे हैं। क्योंकि भारतीय खेल प्राधिकरण और जेएंडके स्पोर्ट्स काउंसिल ने खेलों को उचित तरीके से संचालित करने के लिए अद्भुत काम किया है। संभागीय खेल अधिकारी कश्मीर नुसरत गजाला ने आकाशवाणी को बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए एथलीटों और दर्शकों ने पूरे उत्साह के साथ खेलों का आनंद लिया। केंद्रीय युवा सेवा एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडवीया देशभर के एथलीटों को प्रोत्साहित करने और सम्मानित करने के लिए गुलमर्ग क्लब में समापन समारोह में भाग लेंगे। तारीख राथर, आकाशवाणी समाचार, श्रीनगर।
   

******

अब कुछ और खेल खबरों के साथ

भारत ने कल नई दिल्ली में विश्व पैरा ग्रां प्री एथलेटिक्स के पहले दिन पुरुषों की डिस्कस थ्रो F11 स्पर्धा में क्लीन स्वीप किया। सागर ने 34 दशमलव आठ-चार मीटर की थ्रो के साथ स्वर्ण, बालाजी राजेंद्रन ने रजत और जनक सिंह हरसाना ने कांस्य पदक जीता। महिलाओं की 100 मीटर स्पर्धा में टी35, टी36, टी38 और टी44 श्रेणी में भारत की प्रीति पाल ने रजत पदक जीता। ब्राजील के जोफरसन मारिन्हो डी ओलिवेरा ने पुरुषों की 100 मीटर टी11 और टी12 श्रेणी में स्‍वर्ण जीता। उधर, ऑल-इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप में लक्ष्य सेन ने कल बर्मिंघम में पहले दौर के मुकाबले में चीनी ताइपे की सु ली-यांग को हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया, एच.एस. प्रणय फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी.वी. सिंधु आज शाम 4:30 बजे महिला सिंगल्स में अपना अभियान शुरू करेंगी। इधर, महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को 11 रन से हराकर प्रतियोगिता में अपना अभियान समाप्‍त किया। मुंबई इंडियंस का सामना कल गुजरात जायंट्स से होगा।

******

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने छठी एशियाई महिला कबड्डी चैंपियनशिप में सफलतापूर्वक अपना खिताब बरकरार रखने के लिए भारतीय महिला कबड्डी टीम को सम्मानित किया।

******

खाद्य नियामक, भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा है कि वे मौजूदा त्योहारों को ध्यान में रखते हुए ‘डेयरी एनालॉग्स’ पर निगरानी रखें। ‘डेयरी एनालॉग्स’ ऐसे उत्पाद हैं, जिनमें दूध आंशिक रूप होता है, या बिलकुल भी नहीं होता। लेकिन ये दिखने, बनावट और व्यव्हरिकता में दुग्ध उत्पादों से मिलते-जुलते हैं। डेयरी एनालॉग्स को दूध, दुग्‍ध उत्पाद या मिश्रित दुग्‍ध उत्पाद नहीं माना जाता है।

******

समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ

धन्‍यवाद लवलीन, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की मॉरीशस यात्रा से संबंधित खबरें सभी अखबारों में हैं। हरिभूमि की सुर्खी है- श्री मोदी का मॉरीशस में हुआ ग्रैंड वेलकम। नवभारत टाइम्‍स लिखता है- भोजपुरी के रंग में रंगे नज़र आए पीएम मोदी, बोले- मॉरीशस मिनी इंडिया जैसा। श्री मोदी को मॉरीशस का सर्वोच्‍च सम्‍मान से सम्‍मनित करने को हिन्‍दुस्‍तान ने सचित्र दिया है।

गृहमंत्री अमित शाह का यह कहना कि भारतीय संस्‍कृति का अमूल्‍य गहना है पूर्वोत्‍तर, राष्‍ट्रीय सहारा में है।
घुसपैठ पर नकेल, बिना वॉरंट होगी गिरफ्तारी शीर्षक से राजस्‍थान पत्रिका लिखता है, बनेगा नया कानून, केन्‍द्र सरकार ने लोकसभा में पेश किया अप्रवासन और विदेशी विधेयक।

प्‍लास्टिक घटा रहा है अनाज की पैदावार, हिन्‍दुस्‍तान ने इसे चिन्‍ताजनक बताते हुए लिखा है- कि प्‍लास्‍टिक प्रदूषण अब सिर्फ समुद्र या जल स्रोतों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि खाद्य सुरक्षा पर भी खतरा पैदा कर रहा है।

होली पर मौसम भी होगा गुलाबी। दैनिक जागरण ने इसे प्रमुखता से देते हुए लिखा है कि उत्‍तर भारत में होली पर ज्‍यादातर राज्‍यों में कहीं तेज़, तो कहीं हल्‍की वर्षा होने का पूर्वानुमान है।

 

मुख्य समाचार एक बार फिरः-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मॉरीशस को भारत और ग्लोबल साउथ के बीच महत्वपूर्ण सेतु बताया। प्रधानमंत्री आज मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे।
  • वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने मणिपुर के लिए पांच सौ करोड़ रुपये की आकस्मिक निधि की घोषणा की।
  • अमरीका ने कहा-यूक्रेन 30 दिन के तत्काल और अंतरिम युद्धविराम के लिए तैयार है और अब रूस को इसका जवाब देना है।
  • पाकिस्तान में ट्रेन हाईजेक घटना में तीस सुरक्षाकर्मी मारे गए। 214 लोगों को बंधक बनाया गया।
  • खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2025 का दूसरा चरण आज जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में संपन्न होगा।
  • भारत ने नई दिल्ली में विश्व पैरा ग्रां प्री एथलेटिक्स में पुरुषों की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में क्लीन स्वीप किया। सागर ने 34 दशमलव आठ-चार मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता।

******