Download
Mobile App

android apple
signal

March 10, 2025 9:03 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने का रिकॉर्ड बनाया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी।
  • संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण आज से शुरू होगा।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के तीन दिन के दौरे पर।
  • मध्य प्रदेश को आज माधव राष्ट्रीय उद्यान के उद्घाटन के साथ ही अपना 9वां टाइगर रिजर्व मिलेगा।
  • भारत और यूरोपीय संघ आज ब्रुसेल्स में मुक्त व्यापार समझौते के लिए दसवें दौर की वार्ता शुरू करेंगे।
  • कनाडा की सत्तारूढ़ लिबरल पार्टी ने जस्टिन ट्रूडो की जगह मार्क कार्नी को प्रधानमंत्री चुना।

*******

भारत ने कल रात दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर तीसरी बार आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर एक बडा रिकॉर्ड बनाया है।

भारतीय स्पिन गेंदबाज़ी का शानदार प्रदर्शन, कप्तान रोहित शर्मा की बेहतरीन रणनीति और दर्शकों से मिले अटूट समर्थन के कारण 9 मार्च का दिन दुबई में क्रिकेट फैंस की यादों में कई सालों तक अंकित रहेगा। बल्लेबाजी के लिए लगातार चुनौतीपूर्ण होती पिच पर भारत ने न्यूजीलैंड के सात विकेट पर 251 रन के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया और 6 विकेट पर 254 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।

कप्तान रोहित शर्मा ने 76 रन की संयमित पारी खेली, जबकि श्रेयस अय्यर ने 48 रन का योगदान दिया और केएल राहुल ने नाबाद 34 रन बनाकर मैच को अंतिम रूप दिया।

न्यूजीलैंड ने भी भारत को अच्छी टक्कर दी, लेकिन भारत के बेहतरीन स्पिन आक्रमण ने मैच का पासा पलट दिया।

फाइनल एक यादगार रात रही, जिसने यूएई और भारत के बीच गहरे खेल संबंधों को और मजबूत किया।  दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।

कप्तान रोहित शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच और न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र को प्लेयर ऑफ द सीरीज घोषित किया गया।

*******

इस ऐतिहासिक जीत पर भारतीय टीम को देश-विदेश से बधाइंया मिल रही हैं।  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी है। एक रिपोर्ट –

एक सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारत तीन बार चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली एकमात्र टीम बन गई है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में इतिहास रचने के लिए खिलाड़ी, प्रबंधन और सहयोगी स्टाफ सर्वोच्च प्रशंसा के पात्र हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन किया। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केन्‍द्रीय मंत्री अमित शाह, अश्विनी वैष्णव, मनसुख मांडविया और जितेन्‍द्र सिंह ने भी टीम इंडिया को तीसरी बार आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर बधाई दी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी टीम इंडिया को ‘शानदार जीत’ के लिए बधाई दी। फिल्म जगत ने भी फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ ऐतिहासिक जीत पर टीम इंडिया को बधाई दी। समाचार कक्ष से वैष्‍णवी।

*******

संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण आज से शुरू होगा जो 4 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान 20 बैठकें होंगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामण आज मणिपुर का बजट पेश करेंगी। पिछले महीने मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद से राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू है।

हमारे संवाददाता ने बताया है कि सत्र के दौरान वर्ष 2025-26 के लिए अनुदान मांगों और संबंधित विनियोग विधेयक पर चर्चा और मतदान होगा।

बजट सत्र के दूसरे चरण के दौरान वित्तीय काम-काज के अलावा विभिन्‍न महत्‍वपूर्ण विधेयको पर भी चर्चा होगी। इनमें विधि संशोधन विधेयक, तटीय नौवहन विधेयक, आव्रजन और विदेशी विधेयक तथा रेलवे (संशोधन) विधेयक शामिल हैं। बजट सत्र का पहला चरण 31 जनवरी से शुरू हुआ जो 13 फरवरी तक चला। सत्र की शुरुआत संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण से हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब दिया। वहीं, वक्फ (संशोधन) विधेयक 2024 पर संयुक्त समिति की रिपोर्ट भी लोकसभा में पेश की गई। बजट सत्र के पहले चरण के दौरान लोकसभा की उत्‍पादकता एक सौ बारह प्रतिशत रही। आनंद कुमार के साथ अमन यादव आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

*******

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से हरियाणा और पंजाब के तीन दिन के दौरे पर रहेंगी। एक रिपोर्ट –

अपने दौरे के पहले दिन राष्ट्रपति हिसार में गुरु जम्भेश्वर विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। इसके बाद में वे ब्रह्माकुमारियों के स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर राज्यस्तरीय अभियान ‘समग्र कल्याण के लिए आध्यात्मिक शिक्षा’ का शुभारंभ करेंगी। राष्ट्रपति कल बठिंडा में पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय और एम्स के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। शाम को वह मोहाली में पंजाब सरकार द्वारा आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में शामिल होंगी। बुधवार को राष्ट्रपति चंडीगढ़ में पंजाब विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। पल्‍लवी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकार्षिता सिंह।

*******

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज राज्य के नौवें टाइगर रिजर्व – माधव राष्ट्रीय उद्यान – का उद्घाटन करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि मुख्यमंत्री पार्क के अंदर 13 किलोमीटर लंबी पत्थर की सुरक्षा दीवार का भी उद्घाटन करेंगे। एक रिपोर्ट –

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने माधव राष्ट्रीय उद्यान को देश के 58वें और मध्य प्रदेश के 9वें टाइगर रिजर्व के रूप में सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया है। करीब 37 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में फैला माधव टाइगर रिजर्व, पन्ना टाइगर रिजर्व और रणथम्बोर टाइगर रिजर्व के बीच स्थित है। यह इन दोनों राज्यों के मध्य टाइगर कॉरिडोर को और अधिक सुदृढ़ करेगा। माधव टाइगर रिजर्व कूनो राष्ट्रीय उद्यान से भी जुड़ा हुआ है। माधव टाइगर रिजर्व में बाघ और कूनो में राष्ट्रीय उद्यान में चीतों की मौजूदगी से सम्पूर्ण ग्वालियर-शिवपुरी-श्योपुर में पर्यटन तेजी से बढ़ेगा और स्थानीय लोगों के लिये रोजगार के अवसर सृजित होंगे। संजीव शर्मा आकाशवाणी समाचार भोपाल।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

भारत और 27 देशों का यूरोपीय संघ आज ब्रुसेल्स में प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते के लिए दसवें दौर की वार्ता शुरू करेंगे। इस बैठक में बाकी बचे मुद्दों का समाधान निकालने पर ध्यान केंद्रित करने की उम्मीद है ताकि साल के अंत तक समझौते को अंतिम रूप दिया जा सके।

*******

केन्द्रीय महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी के नेतृत्व में एक भारतीय प्रतिनिधिमंडल आज न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में शुरू होने वाले महिलाओं की स्थिति से संबंधित आयोग के 69वें सत्र में भाग लेगा।

महिला और बाल विकास मंत्री मंत्रिस्तरीय गोलमेज सम्मेलन में भारत का पक्ष रखेंगी।

*******

पूर्व सेंट्रल बैंकर मार्क कार्नी कनाडा के अगले प्रधानमंत्री होंगे। सत्तारूढ़ लिबरल पार्टी ने उन्हें अपना नेता चुना है। 59 वर्षीय कार्नी प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की जगह लेंगे, जिन्होंने जनवरी में अपने इस्तीफे की घोषणा की थी।

*******

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्‍ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, आज रात साढे नौ बजे “ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इसमें भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के निदेशक निशांत कुमार और दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ के संयुक्त आयुक्त रजनीश गुप्ता के साथ चर्चा प्रसारित की जायेगी।

श्रोता, हमारे टेलीफोन नंबर 0 1 1 – 2 3 4 2 1 0 5 0 पर प्रश्‍न पूछे जा सकते हैं।

*******

तेलंगाना में, श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल सुरंग के ढहने के 16 दिन बाद एक शव बरामद कर लिया गया है। 22 फरवरी को नागरकुरनूल जिले के डोमलापेंटा में सुरंग के ढह जाने से आठ लोग इसमें फंस गए थे। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

*******

उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में गुलमर्ग की बर्फ से ढकी ढलानों पर खेलो इंडिया विंटर गेम्स-केआईडब्ल्यूजी 2025 का दूसरा चरण चल रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया कि उपराज्‍यपाल मनोज सिन्‍हा ने इन खेलों को “एक भारत श्रेष्‍ठ भारत” का प्रतीक बताया।

जम्‍मू-कश्‍मीर के उपराज्‍यपाल मनोज सिन्‍हा ने कल देर शाम अपने उद्धाटन भाषण में कहा कि खेलो इंडिया शीतकालीन खेल “एक भारत श्रेष्‍ठ भारत” की भावना का प्रतीक है। उन्‍होंने कहा कि खेल हमें खेल भावना भाई चारे के मूल्‍यों को आत्‍म साथ करके और शांति एकता और सदभाव को बढ़ावा देकर एक परिवार के रूप में अपने बंधन को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। तारीक राथर आकाशवाणी समाचार श्रीनगर।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- मनोज।

  • आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत की खिताबी जीत को सभी समाचार पत्रों ने सचित्र दिया है। पंजाब केसरी की सुर्खी है- क्रिकेट का शहंशाह बना भारत, 12 साल बाद जीती चैम्पियंस ट्रॉफी। नवभारत टाइम्‍स के शब्‍द हैं- टीम इंडिया ने बताया, आईसीसी के हम सिकन्‍दर। राजस्‍थान पत्रिका का कहना है- रोहित ने किया मोहित, होली से पहले जीत के रंग में सराबोर भारत।
  • एक यू.ए.एन.-एक आधार अनिवार्य किया जाएगा। हिन्‍दुस्‍तान के अनुसार-कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, सदस्‍यों के लिए एक आधार पर एक यूनिवर्सल अकाउंट नम्‍बर जारी करने पर कर रहा काम। आधार से पीएफ खाते की होगी पहचान।
    अमरीका में कैलिफोर्निया के एक हिन्‍दू मंदिर को निशाना बनाए जाने को अमर उजाला सहित कई अखबारों ने सुर्खी बनाया है।

******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः-

  • भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने का रिकॉर्ड बनाया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी।
  • संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण आज से शुरू होगा।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के तीन दिन के दौरे पर।
  • मध्य प्रदेश को आज माधव राष्ट्रीय उद्यान के उद्घाटन के साथ ही अपना 9वां टाइगर रिजर्व मिलेगा।
  • भारत और यूरोपीय संघ आज ब्रुसेल्स में मुक्त व्यापार समझौते के लिए दसवें दौर की वार्ता शुरू करेंगे।
  • कनाडा की सत्तारूढ़ लिबरल पार्टी ने जस्टिन ट्रूडो की जगह मार्क कार्नी को प्रधानमंत्री चुना।

*******