Download
Mobile App

android apple
signal

March 8, 2025 9:27 AM

printer

समाचार प्रभात

  • मुख्‍य समाचार:-
    आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्ली में नारी शक्ति से विकसित भारत विषय पर राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगी।
  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुजरात में नवसारी जिले के वानसी-बोरसी में लखपति दीदी सम्मेलन में भाग लेंगे, वे ढाई लाख से अधिक महिलाओं को साढे चार सौ करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता भी जारी करेंगे।
  • निर्वाचन आयोग ने कहा – डुप्लीकेट मतदाता पहचान-पत्रों की वर्षों पुरानी समस्या को अगले तीन महीनों में सुलझा लिया जायेगा।
  • अफ्रीका से प्रवासियों को ले जा रही चार नौकाओं के यमन और जिबूती तटों के पास डूबने से दो लोगों की मौत और एक सौ 86 लापता हुए।
  • भारतीय ग्रैंडमास्टर प्रणव वेंकटेश विश्व जूनियर शतरंज चैंपियन बने।

************

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस आज मनाया जा रहा है। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्‍ली में नारी शक्ति से विकसित भारत विषय पर राष्‍ट्रीय सम्‍मेलन की अध्‍यक्षता करेंगी। इसके बाद एक उच्‍च स्‍तरीय पैनल चर्चा होगी जिसमें तीन तकनीकी सत्र आयोजित होंगे। महिला और बाल विकास राज्‍य मंत्री अन्‍नापूर्णा देवी इस कार्यक्रम में शामिल होंगी।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने हाल ही में विशेष पहल के रूप में घोषणा की थी कि चुनिंदा महिलाएं आज के दिन उनका सोशल मीडिया अकाउंट संचालित करेंगी।

लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला आज संसद भवन परिसर में संविधान सभा की महिला सदस्‍यों की प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। यह प्रदर्शनी भारतीय संविधान के 75 वर्ष पूरा होने के अवसर पर लगाई गई है।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस राष्ट्रीय जातीय भाषाई सांस्कृतिक आर्थिक और राजनीतिक सीमाओं के पार महिलाओं की उपलब्धियां को मान्यता देने के लिए मनाया जाता है। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का विषय है सभी महिलाओं और लड़कियों के लिए अधिकार समानता और सशक्तिकरण। केंद्र सरकार विभिन्न नीतियों योजनाओं और कानून के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता की दिशा में सक्रिय रूप से कम कर रही है। भारत में यह सुनिश्चित करने के लिए कई पहलों की शुरुआत की है जिससे लड़कियों को प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक समान अवसर मिले। इनमें निशुल्क और अनिवार्य शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पहला और समग्र शिक्षा अभियान शामिल है। पहली बार महिला पुजारी या बटुक कन्याओं ने प्रयागराज में महाकुंभ मेले में गंगा आरती की आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में सात बटुक कन्याओं में से एक ने अपना अनुभव साझा किया।

मैं नंदिनी पाठक आरती समिति की बटुक कन्‍या हूं। लड़कों के साथ हमें आरती कराई जाती है। विश्व में पहली बार कन्याओं द्वारा आरती करने का हम लोगों का चयन हुआ था तो बहुत ही गर्व महसूस होता है।

वहीं सरकार ने हाल ही में आदर्श महिला अनुकूल ग्राम पंचायत की शुरुआत की है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक जिले में कम से कम एक आदर्श महिला अनुकूल ग्राम पंचायत स्थापित करना है। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए गोवा की जिला पंचायत सदस्य अनीता थोरा ने सरकार की पहल की सराहना की।

************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज गुजरात में नवसारी जिले के वानसी बोरसी गांव में लखपति दीदी कार्यक्रम में शामिल होंगे। हमारी संवाददता ने बताया है कि प्रधानमंत्री लखपति दीदियों से बातचीत करेंगे और लखपति दीदी प्रमाण पत्र से उन्‍हें सम्‍मानित भी करेंगे।

नवसारी के वांसी बोरसी में आज होने वाले लखपति दीदी सम्मेलन में नवसारी, वलसाड और डांग जिलों की एक लाख से अधिक महिलाएं भाग लेंगी। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री गुजरात के 25 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 450 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्रदान करेंगे। इस कार्यक्रम में श्री मोदी गुजरात सरकार की जी-सफल और जी-मैत्री का भी शुभारंभ करेंगे। जी-सफल गुजरात के दो आकांक्षी जिलों और तेरह आकांक्षी ब्लॉक्‍स में अंत्योदय परिवार की स्व-सहायता समूह की महिलाओं को वित्तीय सहायता और उद्यमशीलता प्रशिक्षण प्रदान करेगा, जबकि जी-मैत्री योजना ग्रामीण आजीविका के लिए काम कर रहे स्टार्टअप को वित्तीय सहायता एवं समर्थन प्रदान करेगी। अपर्णा खूंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

************

तेलंगाना सरकार आज शाम सिकंदराबाद के परेड ग्राउंड में अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस का आयोजन करेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी कई योजनाओं का शुभारंभ करेंगे।

************

बिहार पुलिस में तीस हजार महिला कर्मी कार्यरत हैं, और यह देश के सभी राज्‍यों में सबसे अधिक है। आकाशवाणी से बातचीत में पूर्व पुलिस महानिदेशक अभयानन्‍द ने कहा है कि यह एक सकारात्‍मक बदलाव है और इससे राज्‍य पुलिस बल में पुरुष और महिलाओं के बीच असमानता खत्‍म हो गई है। श्री अभयानन्‍द ने कहा कि पुलिस बल में महिलाओं का प्रतिनिधित्‍व बढने से प्रवर्तन एजेंसियों में सुधार होगा।

केसिस इन व्‍हीच विमेन आर विक्‍टिम इसकी संख्‍या बढ़ी है। इसलिए ये बहुत जरूरी हो गया था कि पुलिस फोर्स में महिलाओं का प्रतिशत बढ़ाया जाए और जो बिहार में आई है संख्‍या वो काफी अच्‍छी हो गई।

************

रेल मंत्रालय ने कहा है कि रेलवे में महिला लोको पायलटों की संख्या में पांच गुना से अधिक की वृद्धि हुई है। स्टेशन मास्टर, ट्रैकमैन, सिग्नल मेंटेनेंस, गार्ड और गैंगमैन जैसे क्षेत्रों में भी महिलाओं ने प्रवेश किया है।

************

आकाशवाणी समाचार आज एक अनूठे अंदाज में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मना रहा है। आज अंग्रेजी और हिंदी के सभी समाचार बुलेटिन 24 घंटे महिला समाचार वाचक प्रस्तुत कर रही हैं। यह आधी रात से शुरू हो चुका है और आज पूरे दिन जारी रहेगा। इस दौरान, सभी 45 मुख्य और प्रति घंटे के बुलेटिन तथा अंग्रेजी और हिंदी में समाचार पत्रिका महिला समाचार वाचक पढ़ रही हैं। आकाशवाणी समाचार आज रात सवा नौ बजे से 10 बजे तक अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर एक विशेष पैनल चर्चा भी प्रसारित करेगा।

************

निर्वाचन आयोग ने कहा है कि वह अगले तीन महीने में डुप्लिकेट मतदाता फोटो पहचान पत्र संख्‍या-ईपीआईसी से संबंधित दशकों पुराने मुद्दे का समाधान करेगा। आयोग ने कहा कि उसने तकनीकी टीमों और संबंधित मुख्‍य निर्वाचन अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा के बाद यह निर्णय लिया है।

************

संयुक्त राष्ट्र की प्रवासन एजेंसी ने कहा है कि अफ्रीका से प्रवासियों को ले जा रही चार नौकाओं के यमन और जिबूती के तटवर्ती इलाकों में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई और 186 लापता हैं। दोनों नौकाओं में 57 महिलाएं सवार थीं। घटना में दो शव बरामद किए गए हैं और अन्य सभी लोगों को बचा लिया गया है।

************

मोंटेनेग्रो में भारतीय ग्रैंडमास्टर प्रणव वेंकटेश ने कल रात फिडे विश्व जूनियर शतरंज चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया। विश्वनाथन आनंद, पेंटाला हरिकृष्णा और अभिजीत गुप्ता के बाद प्रणव विश्व जूनियर खिताब जीतने वाले चौथे भारतीय बन गए हैं। इस बीच, ग्रैंडमास्टर अरविंद चितंबरम ने कल रात चेक गणराज्य में प्राग मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया।

************

तेहरान में छठी एशियाई महिला कबड्डी चैंपियनशिप के फाइनल में आज मौजूदा चैंपियन भारत का मुकाबला मेजबान ईरान से होगा।

************

धन्‍यवाद प्रियंका, अमरीका से झटका खाए चीन द्वारा भारत की ओर हाथ बढा़ने की खबर को नवभारत टाइम्‍स और राजस्‍थान पत्रिका सहित अधिकांश अखबारों ने प्रमुखता दी है। दैनिक जागरण ने ट्रंप टैरिफ के बीच चीन के विदेश मंत्री का बयान प्रकाशित किया है- ड्रैगन और हाथी मिलकर चलें तो दुनिया में कायम होगा शक्ति संतुलन।

वर्ष 2008 के मुम्‍बई आतंकी हमलों के आरोपी तहव्‍वुर राणा की प्रत्‍यर्पण रोकने की याचिका अमरीकी कोर्ट में खारिज होने को भी जनसत्‍ता सहित सभी अखबारों ने दिया है।

अमर उजाला की खबर है-डुप्‍लीकेट वोटर कार्ड के वर्षों पुराने मामलों को तीन महीने में सुलझाएगा निर्वाचन आयोग। मतदाताओं को विशिष्‍ट राष्‍ट्रीय ईपीआईसी नम्‍बर मिलेगा।

अंतर्राष्‍ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सभी अखबार नारी शक्ति की उपलब्धियों से सराबोर हैं। दैनिक भास्‍कर ने नई मंजिल शीर्षक से लिखा है-माइनस 33 डिग्री तापमान में लेह से दक्षिण-पूर्व में दुनिया की सबसे ऊंची मोटरेबल रोड बना रही हैं महिलाएं।

************

मुख्‍य समाचार:-

  • आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु नई दिल्ली में नारी शक्ति से विकसित भारत विषय पर राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगी।
  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुजरात में नवसारी जिले के वानसी-बोरसी में लखपति दीदी सम्मेलन में भाग लेंगे, वे ढाई लाख से अधिक महिलाओं को साढे चार सौ करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता भी जारी करेंगे।
  • निर्वाचन आयोग ने कहा – डुप्लीकेट मतदाता पहचान-पत्रों की वर्षों पुरानी समस्या को अगले तीन महीनों में सुलझा लिया जायेगा।
  • अफ्रीका से प्रवासियों को ले जा रही चार नौकाओं के यमन और जिबूती तटों के पास डूबने से दो लोगों की मौत और एक सौ 86 लापता हुए।
  • और, भारतीय ग्रैंडमास्टर प्रणव वेंकटेश विश्व जूनियर शतरंज चैंपियन बने।