Download
Mobile App

android apple
signal

March 7, 2025 9:33 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा-भारत की उपलब्धियों और सफलताओं ने दुनिया भर में आशा की एक नई अलख जगाई।
  • प्रधानमंत्री आज से गुजरात तथा केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव के दो दिन के दौरे पर रहेंगे।
  • जेनेरिक दवाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए आज जन औषधि दिवस मनाया जा रहा है।
  • एशिया का सबसे बड़ा साहित्य महोत्सव साहित्योत्सव आज नई दिल्ली के रवींद्र भवन में शुरू होगा।
  • अमरीका के राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप ने मेक्सिको और कनाडा से आयात पर 25 प्रतिशत शुल्‍क एक महीने के लिए स्थगित किया।
  • पूर्व फुटबॉल कप्तान सुनील छेत्री सन्‍यास लेने के बाद दोबारा भारतीय टीम का प्रतिनिधित्‍व करेंगे।

*****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि भारत की उपलब्धियों और सफलताओं ने दुनिया भर में आशा की नई अलख जगाई है। नई दिल्ली में एक निजी समाचार चैनल के कार्यक्रम में उन्‍होंने कहा कि भारत आज वैश्विक विकास को गति दे रहा है।

 

पूरी दुनिया कह रही है। ये भारत की सदी है। भारत की उपलब्धियों ने, भारत की सफलताओं ने पूरे विश्व में एक नई उम्मीद जगाई है। भारत आज दुनिया की ग्रोथ को ड्राइव कर रहा है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले दस वर्षों में भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा इस्पात उत्पादक और मोबाइल फोन निर्माता तथा तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप देश बन चुका है। उन्होंने कहा कि भारत सौर ऊर्जा क्षमता के मामले में शीर्ष पांच देशों में शामिल है।

 

10 सालों में हमने इंफ्रास्टक्चर पर अपने कैपिटल एक्सपेंडिचर को 5 गुना बढ़ाया है। देश में एयरपोर्ट की संख्या 2 गुनी हो गई है, इन 10 सालों में ही देश में ऑपरेशनल एम्स की संख्या तीन गुणा हो गई है और इन्ही 10 सालों में मेडिकल कॉलेजों और मेडिकल सीट्स की संख्या भी करीबकरीब दो गुनी हो गई है।

*****

प्रधानमंत्री आज गुजरात, केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली तथा दमन-दीव की दो दिन की यात्रा पर जाएंगे। हमारी संवाददाता की एक रिपोर्ट-

 

अपने दौरे के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सिलवासा में 450 बिस्तरों वाले नमो अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही श्री मोदी केंद्र शासित प्रदेश में एक हजार 75 करोड़ रुपये की 25 परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। इसके आलावा, प्रधानमंत्री केंद्र शासित प्रदेश में 5 सौ 10 करोड़ रुपये की लागत की 13 अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। जिनमें दमन में 300 बिस्तरों की क्षमता वाले मारवाड़ अस्पताल के 4 ब्लॉक का निर्माण शामिल हैं। दमन से प्रदीप भावसार के साथ, अपर्णा खूंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

*****

आज जन औषधि दिवस है। जेनेरिक दवाओं के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए यह दिन मनाया जाता है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि रसायन और उर्वरक मंत्रालय ने इस पहल का समर्थन करने के लिए पूरे देश में सप्ताह भर की गतिविधियाँ आयोजित की हैं।

 

इस योजना के अंतर्गत बाजार की तुलना में 50 से 80 प्रतिशत कम कीमत पर दवाइयां उपलब्ध कराई जाती है। यह उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए केवल प्रमाणित निर्माताओं से खरीदी गई दवाइयां प्रदान करती है। इस पहल के तहत शुरू की गई प्रमुख पहलों में से एक सुविधा सेनेटरी नैपकिन है। देश के सभी जिलों में अब 15 हजार से ज्यादा जन औषधि केंद्र चालू है और इस योजना ने स्वरोजगार के लिए आशाजनक अवसर पैदा किया है। दीपेंद्र और भानु प्रताप सिंह के साथ अक्षत वैद्यान, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

*****

जम्मू में जम्मू-कश्मीर विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला आज विधानसभा में बजट पेश करेंगे।

 

यह सात वर्षों में पहली बार होगा। जब केंद्र शासित प्रदेश जम्मूकश्मीर का बजट विधानसभा में पेश किया जाएगा। इस बजट सत्र में कुल 22 बैठकें होनी हैं। 3 मार्च को एलजी के सदन को संबोधित करने के साथ शुरू हुए इस सत्र में 4, 5 और 6 मार्च को एलजी के अभिभाषण पर चर्चा हुई, जो कल मुख्यमंत्री के जवाब के साथ समाप्त हुई। अब 8, 10 और 11 मार्च को बजट पर आम चर्चा होगी। बजट सत्र की समाप्ति 11 अप्रैल को होगी। आकाशवाणी समाचार के लिए जम्मू से मैं एन. गुलशन रैना।

*****

साहित्य अकादमी द्वारा आयोजित एशिया का सबसे बड़ा साहित्य महोत्सव साहित्योत्सव आज से नई दिल्ली के रवींद्र भवन में शुरू होगा। यह महोत्‍सव 12 मार्च तक चलेगा। इस छह दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत करेंगे।

 

इस बार साहित्‍योत्‍सव में देश के विभिन्न हिस्सों से 50 से अधिक भाषाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले 700 से अधिक लेखक हिस्‍सा लेंगे। इस महोत्सव में 23 भाषाओं में प्रतिष्ठित साहित्य अकादमी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। समारोह में लगभग 120 सत्र होंगे। इस साहित्योत्सव का विषय है भारतीय साहित्यिक परंपराएँ। इसमें युवा लेखक, पूर्वोत्तर और आदिवासी लेखक, एल.जी.बी.टी.क्यू लेखक, कवि, प्रकाशक और विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख लोग शामिल होंगे। महोत्सव के दौरान, विभिन्न विषयों पर प्रख्यात लेखकों, कवियों, अनुवादकों, प्रकाशकों और आलोचकों द्वारा प्रस्तुतियां, वाचन और चर्चाएं होंगी। इस साहित्य महोत्सव में प्रवेश निःशुल्क है। अक्षित की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से राजेश कुमार मीणा।

*****

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने मैक्सिको और कनाडा से आने वाले सामान पर 25 प्रतिशत शुल्‍क लगाने का निर्णय एक महीने के लिए स्थगित कर दिया है। श्री ट्रंप ने मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम से बातचीत के बाद कहा कि हाल ही में मैक्सिको के सामान पर लगाया गया आयात शुल्‍क 2 अप्रैल तक रोका गया है।

*****

बारबाडोस सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को कोविड-19 महामारी के दौरान उनके कुशल नेतृत्व तथा सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिष्ठित ऑनरेरी ऑर्डर ऑफ फ्रीडम ऑफ बारबाडोस पुरस्कार से सम्मानित किया है। विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरीटा ने प्रधानमंत्री मोदी की ओर से ब्रिजटाउन, में आयोजित एक समारोह में यह पुरस्‍कार स्‍वीकार किया।

*****

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कल नई दिल्ली में जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 200 जनजातीय युवाओं से बातचीत की। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के वामपंथी उग्रवाद प्रभावित जिलों में बहुत से विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने युवाओं से वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान देने की अपील की।

 

हम दस वर्षों में बहुत परिवर्तन देखे हैं। बहुत कुछ किया गया है। सड़के भी की गई हैं, टेलीफोन गया है, नेटवर्क गया है टेलीविजन का नेटवर्क गया हैबहुत सारे स्‍कूल भी खुल रहे है। वहां यातायात के बहुत जगहों पर ट्रेन भी गई है, बहुत जगह पर बस भी जाने लगी हैं।

*****

प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी ने कल अस्ताना में कजाखस्तान के सूचना और संस्कृति उप-मंत्री कनात इस्काकोव से मुलाकात की। श्री गौरव उन्‍हें विश्व ऑडियो विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन-वेव्स-2025 में भाग लेने का निमंत्रण दिया।

*****

मैसूरू आकाशवाणी केन्‍द्र की आज 90वीं वर्षगांठ है। इस अवसर पर आज एक समारोह आयोजित किया जा रहा है। आकाशवाणी की महानिदेशक डॉ. प्रज्ञा पालीवाल गौड़ आकाशवाणी मैसूरू में सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘नूडी नाडा संगम’ का आज उद्घाटन करेंगी।

 

इस अवसर पर साइकिल रैली, कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक मंडलियों का प्रदर्शन, शास्त्रीय और सुगम संगीत गायन और फ्यूजन संगीत का आयोजन किया जाएगा। समारोह में प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा। मैसूरू आकाशवाणी केन्‍द्र के संस्थापक स्वर्गीय एमवी गोपालस्वामी के परिवार के सदस्यों को कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने 1935 में इस केन्‍द्र की स्थापना की थी। स्टेशन के पहले सहायक निदेशक स्वर्गीय ना कस्तूरी के परिवार को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। सुधिंद्रा की रिपोर्ट के साथसमाचार कक्ष से अभिषेक कपिल।

*****

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ ने कहा है कि पूर्व भारतीय कप्तान सुनील छेत्री इस महीने मॉलदीव और बांग्लादेश के साथ फीफा इंटरनेशनल मैचों के लिए राष्ट्रीय टीम में वापसी करेंगे। इससे पहले, छेत्री ने पिछले वर्ष जून में कुवैत के साथ अपना अंतिम मैच खेलने के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा की थी।

*****

और अब कुछ अन्य खेल समाचारों के साथ

महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में कल मुंबई इंडियंस ने यूपी वॉरियर्स को 6 विकेट से हरा दिया। इस हार के साथ, यूपी वॉरियर्स की प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना लगभग समाप्त हो गई है। लखनऊ में पहले बल्लेबाजी करते हुए, यूपी वॉरियर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट पर 150 रन बनाए। जवाब में, मुंबई इंडियंस ने 9 गेंद शेष रहते लक्ष्‍य हासिल कर लिया। प्रतियोगिता में आज लखनऊ में ही गुजरात जायंट्स का सामना डेल्‍ही कैपिटल्स से होगा। मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। वहीं, इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में, कल रात हैदराबाद में पंजाब एफसी ने हैदराबाद एफसी को 3-1 से हरा दिया। कोच्चि में आज, केरला ब्लास्टर्स एफसी का सामना मुंबई सिटी एफसी से होगा। मैच शाम साढ़े सात बजे से शुरू होगा।

*****

और अब आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ

धन्‍यवाद निखिल, ब्रिटेन में विदेश मंत्री डॉ सुब्रमण्‍यम जयशंकर की सुरक्षा में चूक को आज कई अखबारों ने प्रमुखता दी है। दैनिक भास्‍कर और देशबंधु की सुर्खी है- लंदन में खालिस्‍तान समर्थकों ने एस जयशंकर की कार घेरी। दैनिक ट्रिब्‍यून के शब्‍द हैं- जयशंकर की सुरक्षा का घेरा तोड़कर काफिले में घुसा खालिस्‍तानी। हिन्‍दुस्‍तान के अनुसार अमरीका के साथ टैरिफ मुद्दा सुलझाने के लिए कोशिश में भारत, पीयूष गोयल अमरीका में। राजस्‍थान पत्रिका की व्‍यापार पन्‍ने की सुर्खी है- भारत में अमरीका से कच्‍चे तेल आयात बढ़ा। दैनिक जागरण की खबर है- बैंकिंग प्रणाली में नकदी बढ़ाने में जुटा आरबीआई, ग्राहकों को होगी आसानी। नवभारत टाइम्‍स लिखता है- इस वर्ष दिसम्‍बर तक न्‍यूयॉर्क से भी बड़ा हो जाएगा, दिल्‍ली मेट्रो का नेटवर्क।

*****

मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा-भारत की उपलब्धियों और सफलताओं ने दुनिया भर में आशा की एक नई अलख जगाई।
  • प्रधानमंत्री आज से गुजरात तथा केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव के दो दिन के दौरे पर रहेंगे।
  • जेनेरिक दवाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए आज जन औषधि दिवस मनाया जा रहा है।
  • एशिया का सबसे बड़ा साहित्य महोत्सव साहित्योत्सव आज से नई दिल्ली के रवींद्र भवन में शुरू होगा।
  • अमरीका के राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप ने मेक्सिको और कनाडा से आयात पर 25 प्रतिशत शुल्‍क को एक महीने के लिए स्थगित किया।
  • पूर्व फुटबॉल कप्तान सुनील छेत्री सन्‍यास लेने के बाद दोबारा भारतीय टीम का प्रतिनिधित्‍व करेंगे।

*****