Download
Mobile App

android apple
signal

March 6, 2025 10:21 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • सरकार ने उत्तराखंड में सोनप्रयाग से केदारनाथ और गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक दो रोपवे परियोजनाओं को मंजूरी दी।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज उत्तराखंड के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। श्री मोदी हर्सिल में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
  • विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा- राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमरीका बहुध्रुवीयता की ओर बढ़ रहा है, जो भारत के हितों के अनुकूल है।
  • अमरीका ने यूक्रेन को सैन्य सहायता बंद करने के बाद उसके साथ खुफिया जानकारी साझा करने पर रोक लगाई।  
  • खेलो इंडिया पैरा गेम्स 20 से 27 मार्च तक नई दिल्ली में आयोजित होंगे।
  • आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में, न्यूजीलैंड ने दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 50 रन से हराया। रविवार को फाइनल में भारत से होगा सामना।

*******

सरकार ने उत्‍तराखंड में सोनप्रयाग से केदारनाथ रोपवे के विकास को मंजूरी दे दी है। इसकी लंबाई 12 दशमलव 9 किलोमीटर होगी। केंद्रीय मंत्रिमण्‍डल की बैठक के बाद नई दिल्ली में सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस परियोजना की कुल लागत चार हजार करोड़ रुपये से अधिक होगी। उन्‍होंने बताया कि हेमकुंड साहिब रोपवे को भी विकसित किया जाएगा।  

8-9 आवर्स की जो जर्नी है दैड विल विकम जर्नी ऑफ 36 मिनट्स। श्रद्धालुओं को तो बेनेफिट होगा ही होगा और साथ ही साथ बहुत बड़ा जो लोकल बिजनेसेज हैं उनको भी बेनेफिट होगा और जो दिव्‍यांगजन हैं और जो हमारे बुजुर्ग साथी हैं, उन सबके लिए भी एक बहुत बड़ी मेजर बे‍नेफिट इससे निकलेगा।

श्री वैष्‍णव ने बताया कि मंत्रिमंडल ने पशुधन स्‍वास्‍थ्‍य कार्यक्रम को भी संशोधित किया है। टीकाकरण इस कार्यक्रम का प्रमुख क्षेत्र होगा।

पशु औषधी योजना बनाई गई है, जिससे कि क्‍वालिटि जेनेरिक मेडिसिन दिए जा सकें और उनके डिस्‍ट्रीब्‍यूशन के लिए जो किसान समृद्धि केन्‍द्र बने हैं और जो कॉपरेटिव सोसाइटीज हैं उनके माध्‍यम से पशु औषधी का डिस्‍ट्रीब्‍यूशन किया जाएगा।

*******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रिमण्‍डल के इन फैसलों की सराहना की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्‍तराखंड में इन रोपवे के निर्माण से न केवल श्रद्धालुओं का समय बचेगा बल्कि उनकी यात्रा भी अधिक सुगम होगी। श्री मोदी ने आगे कहा कि संशोधित पशुधन स्वास्थ्य और रोग नियंत्रण कार्यक्रम से रोग नियंत्रण में सहायता मिलेगी, टीकाकरण कवरेज को बढ़ावा मिलेगा और पशुओं के लिए सस्ती दवाएं सुनिश्चित होंगी।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज अपने एक दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड के उत्तरकाशी पहुंचेंगे। हमारी संवाददाता ने बताया है कि शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्‍य से प्रधानमंत्री की यह यात्रा बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

प्रधानमंत्री अपने भ्रमण के दौरान आज मुखवा गांव में मां गंगा की शीतकालीन प्रवास स्थल के दर्शन कर पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद में मुखवा व्यू प्वाइंट से हिमालय का अवलोकन करेंगे और हर्षल में उत्तराखंड शीतकालीन पर्यटन प्रदर्शनी का निरीक्षण करेंगे। वे साहसिक  खेल गतिविधियों से जुड़ी यह रैलिया और तय को हरी झंडी दिखाने के साथ एक सार्वजनिक कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे। इस दौरे को उत्तराखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने और शीतकालीन प्रवास स्थलों की राष्ट्रीय पहचान बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि प्रधानमंत्री की यात्रा से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

*******

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमरीका  बहुध्रुवीयता की ओर बढ़ रहा है जो भारत के हितों के अनुकूल है। डॉ. जयशंकर ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में अमरीका की विदेश नीति में बदलाव अपेक्षित था और यह कई मायनों में भारत के हित में है। विदेश मंत्री कल शाम लंदन के चैथम हाउस थिंक टैंक में ‘भारत का उदय और विश्‍व में इसकी भूमिका’ विषय पर एक सत्र को संबोधित कर रहे थे। डॉ. जयशंकर ब्रिटेन और आयरलैंड की छह दिवसीय यात्रा पर हैं।

कश्मीर में मुद्दों के समाधान पर एक सवाल का जवाब देते हुए डॉ. जयशंकर ने कहा कि अनुच्छेद 370 को हटाना पहला कदम था, कश्मीर में विकास और आर्थिक गतिविधि तथा सामाजिक न्याय को बहाल करना दूसरा और बड़ी संख्‍या में मतदाताओं को चुनाव में शामिल कराना तीसरा कदम था। उन्होंने कहा कि भारत कश्मीर के उस हिस्से की वापसी का इंतजार कर रहा है जो अवैध रूप से पाकिस्तान के कब्जे में है।

*******

केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा है कि भारत का सामाजिक सुरक्षा कवरेज 24 दशमलव चार प्रतिशत से दोगुना होकर 48 दशमलव आठ प्रतिशत हो गया है। बजट के बाद ‘लोगों में निवेश’ विषय पर आयोजित वेबिनार को संबोधित करते हुए श्री मांडविया ने कहा कि किसी भी देश की सबसे बड़ी संपत्ति उसके लोग होते हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा निगम के दस नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी दी गई है, जबकि 10 और कॉलेजों के लिए योजनाओं पर काम जारी है। डॉ. मांडविया ने रोजगार से जुड़ी पहलों पर आंकड़े प्रस्तुत करते हुए कहा कि वर्ष 2014 से 2024 के बीच 17 दशमलव एक करोड़ नौकरियां सृजित की गईं, जिनमें पिछले वर्ष चार दशमलव छह करोड़ नौकरियां शामिल हैं।

अगर मैं बात फीमेल अन-इम्‍प्‍लायमेंट रेट की करूं तो पांच साल पहले ये रेट नहीं होता था। तो इम्‍प्‍लायमेंट रेट यूथ में 31 प्रतिशत, वह बढ़कर आज 41 प्रतिशत हो गया है।  यह बताता है कि देश में नौकरियों का सृजन हुआ है। पांच साल पहले फीमेल में अन-इम्‍प्‍लायमेंट रेट 5 दशमलव छह प्रतिशत था जो आज तीन दशमलव दो प्रतिशत है।  

*******

अरुणाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू होगा। विधानसभा में आज चार विधेयक पेश किए जाएंगे। विधानसभा का पांच दिवसीय सत्र 12 मार्च को समाप्त होगा।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

अमरीका ने यूक्रेन को सैन्य सहायता रोकने के साथ ही खुफिया जानकारी साझा करने पर भी रोक लगा दी है। अमरीका का यह कदम रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की अमरीकी योजना के तहत यूक्रेन पर दबाव बनाने का हिस्‍सा है। अमरीकी खुफिया एजेंसी-सीआईए के निदेशक जॉन रैटक्लिफ और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइकल वाल्ट्ज ने खुफिया सहायता रोके जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि अगर यूक्रेन जल्द बातचीत के लिए तैयार होता है तो यह प्रतिबंध कम समय के लिए हो सकता है।

*******

अमरीका के राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने हमास को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि उसे गज़ा में सभी बंधकों को तत्‍काल रिहा करना चाहिए और मारे गए लोगों के शव लौटाने चाहिए। श्री ट्रंप की चेतावनी ऐसे समय में आई है, जब अमरीका ने इस बात की पुष्टि की है कि वह हमास के साथ सीधी बातचीत कर रहा है। यह बातचीत अमरीकी नीति में स्‍पष्‍ट बदलाव को दर्शाती है। श्री ट्रंप ने हमास का खात्‍मा करने के लिए इस्राइल को सभी संभव सहायता देने का वायदा किया और कहा कि अगर हमास बंधकों को रिहा नहीं करता है तो उसका एक भी सदस्‍य सुरक्षित नहीं रहेगा।

*******

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में आज सुबह यूपी एसटीएफ और पंजाब पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर पाकिस्तान की आईएसआई से जुड़े बब्बर खालसा इंटरनेशनल गुट के एक सक्रिय आतंकी और अमृतसर निवासी लाजर मसीह को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आतंकी पिछले साल 24 सितंबर को पंजाब में न्यायिक हिरासत से फरार हो गया था।

*******

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तेज़ हवाएं चलने और बारिश होने का अनुमान जताया है। अगले 2 से 3 दिनों के दौरान देश के उत्तर पूर्वी इलाकों और विदर्भ क्षेत्र में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।

*******

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने घोषणा की है कि इस वर्ष खेलो इंडिया पैरा गेम्स 20 से 27 मार्च तक नई दिल्ली में आयोजित किए जाएंगे। इनमें विश्‍व के कई खिलाड़ी भाग लेंगे। खेलो इंडिया पैरा गेम्स का ये दूसरा संस्करण होगा। इस दौरान लगभग एक हजार 230 पैरा एथलीट छह विधाओं में प्रतिस्पर्धा करेंगे।
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 21 से 26 मार्च तक पैरा एथलेटिक्स, पैरा तीरंदाजी और पैरा पावरलिफ्टिंग खेल स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, इंदिरा गांधी स्टेडियम परिसर में 20 से 27 मार्च तक पैरा बैडमिंटन और पैरा टेबल टेनिस स्पर्धाओं का आयोजन होगा।

*******

खेल जगत की कुछ और खबरों के साथ हैं – आनंद पाठक..

  • आईसीसी चैंपियंस ट्राफी क्रिकेट में न्‍यूजीलैंड ने कल रात लाहौर में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 50 रन से हराकार फाइनल में प्रवेश कर ल‍िया है। न्‍यूजीलैंड के तीन सौ 63 रन के लक्ष्‍य के जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 312 रन ही बना पाई। रविवार को फाइनल मुकाबले में भारत का सामना न्‍यूजीलैंड से होगा। इधर, इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में, ओडिशा एफसी ने कल जमशेदपुर एफसी को 3-2 से हरा दिया।
  • प्रतियोगिता में आज हैदराबाद एफसी का सामना पंजाब एफसी से होगा। ये मैच हैदराबाद में शाम साढ़े सात बजे  से खेला जाएगा।
  • इसके अलावा ऑरलियन्स मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप में, भारत के आयुष शेट्टी ने राउंड 32 में सिंगापुर के लोह कीन यू को हरा दिया। भारत के के ही एच.एस. प्रणय ने चीनी ताइपे के वांग त्ज़ु वेई को हराया। मिक्‍स्‍ड डबल्‍स में, रोहन कपूर और जी रुथविका शिवानी ने चीनी ताइपे के ये होंग वेई और निकोल गोंजालेस चान को हराया।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in औरहमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- मनोज।

  • केन्‍द्र सरकार द्वारा उत्तराखंड के धार्मिक स्‍थलों केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए परियोजनाओं को मंजूरी मिलने का समाचार आज सभी अखबारों की सुर्खी बनी है। राष्‍ट्रीय सहारा लिखता है- सोनप्रयाग से केदारनाथ 36 मिनट में, केंद्र सरकार ने छह हजार आठ सौ 11 करोड़ की दो रोपवे परियोजनाओं को दी मंजूरी।  हिन्‍दुस्‍तान की खबर है- केदारनाथ धाम की नौ घंटे की कठिन चढाई से मुक्ति मिलेगी।
  • तेजस के पायलट 50 हजार फीट की ऊंचाई पर भी आसानी से ले सकेंगे सांस, परीक्षण सफल। इंटीग्रेटेट लाइफ सपोर्ट सिस्‍टम से पारंपरिक सिलेंडर आधारित आक्‍सीजन पर निर्भरता होगी खत्‍म – अमर उजाला की खबर है।
  • सुनिता विलियम्‍स के जल्‍द अंतरिक्ष से लौटने की खबर सभी समाचार पत्रों की सुर्खी है। हिन्‍दुस्‍तान लिखता है – महीने के अन्‍त तक धरती पर लौट आएंगी सुनीता।
  • दैनिक भास्‍कर ने जापान में चैरी ब्‍लॉसम फूलों का सौंदर्य चारों ओर नजर आने की तस्‍वीरें प्रकाशित की हैं। पत्र लिखता है – जापान में पिंक वंडर फैस्‍टिवल शुरू। मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष चैरी ब्‍लॉसम का मौसम पहले से ज्‍यादा लंबा होगा।
  • दैनिक जागरण ने जम्‍मू कश्‍मीर के सोनमर्ग के सरबल क्षेत्र में भारी हिमस्‍खलन की तस्‍वीर प्रकाशित की है। पत्र लिखता है – सोनमर्ग में हिमस्‍खलन, सतर्क रहने का दिया निर्देश। हरि भूमि ने राजधानी दिल्‍ली में तेज हवाएं चलने की खबर प्रकाशित की है।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः-

  • सरकार ने उत्तराखंड में सोनप्रयाग से केदारनाथ और गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक दो रोपवे परियोजनाओं को मंजूरी दी।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज उत्तराखंड के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। श्री मोदी हर्सिल में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
    विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा- राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमरीका बहुध्रुवीयता की ओर बढ़ रहा है, जो भारत के हितों के अनुकूल है।
  • अमरीका ने यूक्रेन को सैन्य सहायता बंद करने के बाद उसके साथ खुफिया जानकारी साझा करने पर रोक लगाई।  
  • खेलो इंडिया पैरा गेम्स 20 से 27 मार्च तक नई दिल्ली में आयोजित होंगे।
  • आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में, न्यूजीलैंड ने दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 50 रन से हराया। रविवार को फाइनल में भारत से होगा सामना।

*******