मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रोजगार पर बजट के उपरान्त वेबिनार में भाग लेंगे।
- सरकार आज नई दिल्ली में ‘आदर्श महिला-हितैषी ग्राम पंचायत’ पहल शुरू करेगी।
- विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग पर चर्चा करने के लिए लंदन में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से मिले।
- अमरीका के व्यापार युद्ध पर जवाबी कार्रवाई में मेक्सिको, कनाडा और चीन ने नए टैरिफ लगाए।
- आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में, भारत ने दुबई में ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बजट-उपरान्त वेबिनार में भाग लेंगे। वेबिनार के प्रमुख विषयों में लोगों में निवेश, अर्थव्यवस्था और नवाचार शामिल हैं।
प्रधानमंत्री इस अवसर पर लोगों को भी संबोधित करेंगे। रोजगार सृजन सरकार के प्रमुख क्षेत्रों में से एक रहा है। प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर सरकार ने नौकरियों में वृद्धि करने और रोजगार के अधिक अवसर पैदा करने के लिए कई कदम उठाए हैं। ये वेबिनार सरकार, उद्योग, शिक्षाविदों और नागरिकों के बीच सहयोग को बढ़ावा देगा और परिवर्तनकारी बजट घोषणाओं को प्रभावी परिणामों में बदलने के लिए चर्चाओं को प्रोत्साहित करेगा। वेबिनार में विचार-विमर्श का उद्देश्य टिकाऊ और समावेशी विकास का मार्ग प्रशस्त करना, प्रौद्योगिकी और अन्य क्षेत्रों में नेतृत्व तथा 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में काम करने वाले एक कुशल, स्वस्थ कार्यबल का निर्माण शामिल है। आनंद की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।
*******
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने लंदन में टेन डाउनिंग स्ट्रीट में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से मुलाकात की। उन्होंने द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाने और लोगों मे आपसी आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर चर्चा की। बैठक के बाद विदेश मंत्री ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से कीर स्टार्मर को हार्दिक शुभकामनाएं साझा की। डॉ. जयशंकर ने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री स्टार्मर ने यूक्रेन संघर्ष पर ब्रिटेन के दृष्टिकोण को साझा किया। ब्यौरे के साथ हैं मृगनयनी पांडये।
डॉ. जयशंकर ने अपने ब्रिटिश समकक्ष डेविड लैमी से मुलाकात की और आगे की चर्चा के लिए अपनी उत्सुकता व्यक्त की। उन्होंने श्री लैमी के साथ भारत से आए उत्कृष्ट शोध-छात्रों से भी मुलाकात की। डॉ. जयशंकर ने कहा कि यह हमारी प्रतिभा और लोगों के बीच आदान-प्रदान की एक ज्वलंत अभिव्यक्ति है और ये विद्वान निश्चित रूप से भारत-ब्रिटेन संबंधों के महान समर्थक हैं।
इससे पहले, डॉ. जयशंकर ने गृह सचिव यवेट कूपर से मुलाकात की और प्रतिभा के प्रवाह, लोगों के बीच आदान-प्रदान तथा तस्करी और उग्रवाद से निपटने के संयुक्त प्रयासों पर चर्चा की। व्यापार और वाणिज्य विभाग के सचिव जोनाथन रेनोल्ड्स के साथ अपनी बैठक में, डॉ. जयशंकर ने दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते में प्रगति पर भी बातचीत की।
*******
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कल नई दिल्ली में बेल्जियम की राजकुमारी एस्ट्रिड के नेतृत्व में बेल्जियम के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और स्वच्छ प्रौद्योगिकी, रक्षा और इलेक्ट्रॉनिक्स सहित अन्य क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री वैष्णव ने कहा कि बैठक के दौरान, उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में समावेशी विकास को बढ़ावा देने वाले यूपीआई के परिवर्तनकारी प्रभाव को साझा किया।
*******
पंचायती राज मंत्रालय आज नई दिल्ली में एक राष्ट्रीय सम्मेलन में आदर्श महिला हितैषी ग्राम पंचायत की शुरूआत करेगा।
यह पहल मंत्रालय के अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह 2025 का एक हिस्सा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक जिले में कम से कम एक महिला-अनुकूल ग्राम पंचायत स्थापित करना है। यह लैंगिक-संवेदनशील और बालिका-अनुकूल शासन प्रथाओं के लिए एक प्रकाश स्तंभ के रूप में कार्य करेगा। कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्रालय के राज्य मंत्री एस. पी. सिंह बघेल और स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल शामिल होंगी तथा विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष जैसे अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। आनंद की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से राजेश कुमार मीणा।
*******
अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने तीन सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों के खिलाफ भारी कर लगाए हैं जिसके जवाब में मेक्सिको, कनाडा और चीन ने तत्काल जवाबी कर लागू कर दिए। कल रात अमरीका ने मैक्सिको और कनाडा से आयातों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया हालांकि उन्होंने कनाडा से ऊर्जा आयात पर इस शुल्क को 10 प्रतिशत तक सीमित रखा है। ट्रम्प ने पिछले महीने चीन के उत्पादों पर लगाए गए टैरिफ को दोगुना करके 20 प्रतिशत कर दिया।
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में टैरिफ के लिए अमरीका के दावों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि अमरीका ने अपने सबसे करीबी साथी और मित्र कनाडा के खिलाफ व्यापार युद्ध छेड़ दिया है। ट्रूडो ने कहा कि उनका देश आने वाले 21 दिनों में 100 बिलियन डॉलर से अधिक टैरिफ अमेरिकी वस्तुओं पर लगाएगा।
मैक्सिको के राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने कहा कि मैक्सिको, अमरीका के करों के जवाब में अमरीकी वस्तुओं पर नए टैरिफ लगाएगा।
वहीं चीन ने भी कल जवाबी कार्रवाई करते हुए अमरीका से कुछ कृषि आयातों पर दस से 15 प्रतिशत शुल्क लगा दिया है। चीन इन अमरीकी वस्तुओं, जैसे मक्का, गेहूं और सोयाबीन के लिए सबसे बड़ा बाजार है।
राष्ट्रपति ट्रंप के बयान कि टैरिफ को कम करने के लिए बातचीत के लिए “कोई जगह नहीं बची है” के बाद अमरीकी बाजारों में सोमवार को भारी गिरावट दर्ज की गई। टैरिफ लागू होने के बाद कल ज़्यादातर शेयर गिरावट में रहे।
*******
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रम्प अपने दूसरे कार्यकाल में पहली बार आज अमरीकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। वह कांग्रेस और अमरीका के लोगों के लिए कुछ नई योजनाओं की घोषणा कर सकते हैं। व्हाइट हाउस ने कहा है कि उनका विषय “अमरीकी सपने का नवीनीकरण” होगा। उनसे अपनी उपलब्धियों को बताने के साथ-साथ आक्रामक आव्रजन अभियान के वित्तपोषण के लिए अधिक धन उपलब्ध कराने की उम्मीद है।
राष्ट्रपति के भाषण के दौरान सदन के अध्यक्ष माइक जॉनसन और उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस उपस्थित रहेंगे। प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों से डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन सांसद उपस्थित रहेंगे हालांकि डेमोक्रेट पार्टी के एक समूह ने कहा है कि वे इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। मिशिगन की सीनेटर एलिसा स्लॉटकिन डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रतिक्रिया देंगी।
वहीं राष्ट्रपति ट्रम्प ने आखिरी बार फरवरी 2020 में अपना स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन कांग्रेस के संयुक्त सत्र में दिया था।
*******
सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विद्यार्थियों से अपने काम पर ध्यान केंद्रित करने और लक्ष्य के लिए प्रतिबद्ध रहने का आग्रह किया है। श्री वैष्णव ने नई दिल्ली में भारतीय जनसंचार संस्थान-आई आई एम सी के 56वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मीडिया की दुनिया बदल रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र को सदैव प्रथम स्थान पर रखने को कहा। श्री वैष्णव ने आई आई एम सी को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एक विश्व स्तरीय मीडिया संस्थान बनाने की बात कही।
वहीं आईआईएमसी की कुलपति डॉ. अनुपमा भटनागर ने कहा कि संस्थान ने आधुनिक प्रगति और उभरती आवश्यकताओं के साथ तालमेल बनाए रखने के लिए अपने पाठ्यक्रम को लगातार अपडेट किया है।
*******
आकाशवाणी दिल्ली के रंगभवन में होली के अवसर पर आज दोपहर 12 बजे से हास्य कवि सम्मेलन ‘रंग बरसे’ का आयोजन किया जाएगा। कवि सम्मेलन में देश के जाने माने कवि संतोष आनंद, मशहूर हास्य कवि सुरेन्द्र शर्मा, सुनहरी लाल वर्मा तुरंत, अनीष अग्रवंशी, डॉ प्रवीण शुक्ल, दीपक गुप्ता, सुन्दर कटारिया और कवित्री डॉ. कीर्ति काले अपनी प्रस्तुति देंगी।
*******
खेलों में, भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गई है। दुबई में खेले गए पहले सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
मंगलवार का दिन भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए खुशी की खबर लेकर के आया। सेमीफइनल में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने भारत को जीत के लिए 265 रन का लक्ष्य दिया जिसको भारतीय टीम ने 48 ओवर 1 गेंद में 6 विकेट के नुकसान पर 267 रन बनाकर हासिल कर लिया। विराट कोहली ने शानदार 84 रन की पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। श्रेयस अय्यर ने 45 और के एल राहुल ने 42 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान स्टीवन स्मिथ ने 73 रन और एलेक्स कैरी ने 61 रन की पारी खेली। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने सबसे अधिक तीन विकेट झटके। टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने टीम के प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त किया और इस बात पर जोर दिया कि काम अभी पूरा नहीं हुआ है।
प्रतियोगिता में आज दूसरे सेमीफाइनल में लाहौर में न्यूजीलैंड का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा। इस मैच के विजेता का सामना रविवार को फाइनल में भारत से होगा। समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।
*******
और, अब मौसम की ताजा जानकारी
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिनों के दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएँ चलने की संभावना व्यक्त की है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। इसके अतिरिक्त, अरुणाचल प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भी आज बारिश का अनुमान है। ऐसा ही मौसम पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्र और सिक्किम में भी बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
इसके अलावा, मौसम विभाग ने मछुआरों से आज बंगाल की खाडी के दक्षिणी-पश्चिमी क्षेत्र में, खास तौर पर श्रीलंका के दक्षिणी तट, कोमोरिन क्षेत्र और महाराष्ट्र तथा गुजरात के उत्तरी तटों के निकट नहीं जाने की चेतावनी जारी की है।
*******
धन्यवाद फरहत, क्रिकेट में भारत के 5वीं बार चैंपियन ट्रॉफी फाइनल में पहुंचने की खबर आज सभी अखबारों की पहली सुर्खी बनी है। अमर उजाला लिखता है- चौदह साल का दम्भ चूर टीम इंडिया पांचवीं बार फाइनल में। राजस्थान पत्रिका की सुर्खी है- शमी ने दिखाया, दर्द के आगे जीत है, विराट ने बताया क्यों कहते हैं, चेज मास्टर।
गुजरात के जामनगर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वन्य जीव बचाव पुर्नवास और सरंक्षण केन्द्र- वनतारा का उद्धाटन सभी अखबारों ने सचित्र प्रकाशित किया है। हरिभूमि की सुर्खी है- प्रधानमंत्री ने शेरों के साथ बिताए कुछ पल।
डोनल्ड ट्रंप और वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच तीखी बहस के बाद, अमरीका ने यूक्रेन को सैन्य मदद देने पर लगाई रोक जनसत्ता की खबर है।
महाकुंभ में एक सौ तीस नावों के मालिक ने 45 दिन में कमाए तीस करोड़ रुपये, दैनिक भास्कर की सुर्खी है। 1980 के बाद हिन्द महासागर में दोगुना बढा नाइट्रोजन प्रदूषण अमर उजाला की खबर है। पत्र लिखता है- वायु प्रदूषण से प्रभावित हो रहा समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र, जलीय जीवों के लिए बना खतरा।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से दिल्ली प्रदेश में महिला सम्मान निधि योजना की होगी शुरूआत, ऑनलाइन पंजीकरण करके महिलाओं के खाते में 2500 रुपये भेजने की है तैयारी, राष्ट्रीय सहारा की सुर्खी है।
दैनिक जागरण ने जम्मू-कश्मीर के बारामुला में हिमपात के दौरान बर्फ से ढ़की सड़क से गुजरते एक व्यक्ति की मनमोहक तस्वीर प्रकाशित की है। पत्र लिखता है-बर्फ की चादर से ढ़की सड़क।
*******
मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रोजगार पर बजट के उपरान्त वेबिनार में भाग लेंगे।
- सरकार आज नई दिल्ली में ‘आदर्श महिला-हितैषी ग्राम पंचायत’ पहल शुरू करेगी।
- विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग पर चर्चा करने के लिए लंदन में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से मिले।
- अमरीका के व्यापार युद्ध पर जवाबी कार्रवाई में मेक्सिको, कनाडा और चीन ने नए टैरिफ लगाए।
- आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में, भारत ने दुबई में ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
*******