Download
Mobile App

android apple
signal

March 1, 2025 9:36 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में, कृषि और ग्रामीण सम्‍पन्‍नता पर पोस्‍ट बजट वेबिनार को संबोधित करेंगे।
  • प्रधानमंत्री कल राष्ट्रीय राजधानी में सूफी संगीत समारोह जहान-ए-खुसरो में शामिल हुए, कहा सूफी परंपरा ने भारत में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है।
  • केंद्र सरकार ने पासपोर्ट नियमों में संशोधन किया, 1 अक्टूबर, 2023 के बाद जन्मे आवेदकों के लिए जन्म प्रमाण पत्र ही होगा जन्म तिथि का प्रमाण।
  • अमेरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच तत्काल युद्ध विराम का आह्वान किया; व्हाइट हाउस में बैठक के दौरान ट्रम्‍प – जेलेंस्‍की में तीखी बहस। ट्रम्‍प ने ज़ेलेंस्की को चेतावनी दी- शांति बहाल करें या अमेरीका समर्थन नहीं देगा।
  • टेनिस में, भारत के युकी भांबरी और उनके ऑस्ट्रेलियाई साथी एलेक्सी पोपिरिन दुबई चैंपियनशिप के पुरुष डबल्‍स फाइनल में पहुंचे।
  • आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में; लाहौर में अफगानिस्तान के खिलाफ महत्वपूर्ण ग्रुप बी मैच बारिश की भेंट चढ़ने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्ली में कृषि और ग्रामीण संपन्‍नता विषय पर ए‍क दिन के पोस्‍ट बजट वेबिनार को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में सभी केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। वेबिनार में बजट 2025 की घोषणाओं के प्रभावी कार्यान्‍वयन के लिए नीति तैयार करने पर विचार-विमर्श होंगे। वेबिनार में कृषि विकास और ग्रामीण संपन्‍नता पर विशेष चर्चा होगी। इससे बजट की परिकल्‍पना को साकार करने में सामूहिक दृष्टिकोण सुनिश्चित होगा।

कृषि और किसान कल्‍याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी इस कार्यक्रम में अपने विचार रखेंगे। वेबिनार का उद्देश्‍य निजी क्षेत्र के विशेषज्ञों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और विषय विशेषज्ञों सहित सभी हितधारकों को एक साथ जोड़ना है।

****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि सूफी परंपरा ने भारत में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कल नई दिल्ली के सुंदर नर्सरी में आयोजित जहान-ए-खुसरो सूफी संगीत समारोह में कहा कि किसी भी देश की संस्कृति और सभ्यता उसके गीत और संगीत से समृद्ध होती है।

हां-ए-खुसरो के इस आयोजन में एक अलग खुशबु है, ये खुशबु हिन्‍दुस्‍तान की मिट्टी की है, हिन्‍दुस्‍तान जिसकी तुलना हजरत आमीर खुसरो ने जन्‍नत से की थी। हमारा हिन्‍दुस्‍तान जन्‍नत का वो बगीचा है जहां तहजीब का हर रंग फला-फुला है।  यहां की मिट्टी के मिजाज में ही कुछ खास है शायद इसीलिए जब सूफी परंपरा हिन्‍दुस्‍तान आई, तो उसे भी लगा जैसे वो अपनी ही जमीं से जुड़ गई है। 

प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए रूमी फाउंडेशन की भी सराहना की।

जहां-ए-खुसरो का यह गुलदस्‍ता इसी तरह खिलता रहे। मैं इसके लिए रूमी फाउंडेशन को और आप सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हॅूं। रमजान का मुबारक महीना भी शुरू होने वाला है। मैं आप सभी देशवासियों को रमजान की भी मुबारकबाद देता हॅू।

भव्य सूफी संगीत समारोह कल तक चलेगा। इस महोत्सव में अमीर खुसरो की विरासत का जश्न मनाने के लिए दुनिया भर के कलाकार एक मंच पर आये हैं।      

महोत्सव के दौरान, प्रधानमंत्री हस्‍तशिल्‍प बाजार भी गये। इस बाजार में एक जिला-एक उत्पाद के शिल्प और देश भर से विभिन्न उत्कृष्ट कलाकृतियाँ प्रदर्शित की गई हैं। साथ ही हस्तशिल्प और हथकरघा पर लघु फिल्में भी प्रदर्शित की जा रही हैं।

****

प्रधानमंत्री आज नई दिल्ली में भारत मंडपम में एन एक्‍स टी सम्‍मेलन में शामिल होंगे। सम्मेलन में न्‍यूजएक्‍स वर्ल्‍ड चैनल का शुभारंभ भी होगा। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में आईटीवी नेटवर्क और इस सम्‍मेलन में सभी वर्ग के लोगों को एक मंच पर लाने के लिए एन एक्‍स टी फाउंडेशन की सराहना की। उन्‍होंने आशा व्‍यक्‍त की है कि इस सम्मेलन में उपयोगी विचार-विमर्श होगा।

****

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज महाराष्ट्र में मुंबई जाएंगे। इस दौरान वे के.पी.बी. हिंदुजा कॉलेज ऑफ कॉमर्स के वार्षिक समारोह में भाग लेंगे।

****

केंद्र सरकार ने पासपोर्ट संबंधी नियमों में संशोधन किया है। नए नियमों के अनुसार 1 अक्टूबर 2023 या उसके बाद जन्म लेने वाले पासपोर्ट आवेदकों के लिए उपयुक्त प्राधिकारियों द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र ही जन्म तिथि का एकमात्र प्रमाण होगा। पासपोर्ट नियम-1980 में संशोधन को जारी करने के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है। नए नियमों के अनुसार जन्म और मृत्यु पंजीकरण अधिकारी, नगर निगम या जन्म और मृत्यु पंजीकरण अधिनियम, 1969 के अंतर्गत किसी अन्य प्राधिकारी द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र, 1 अक्टूबर 2023 को या उसके बाद पैदा हुए व्यक्तियों के लिए जन्म तिथि के प्रमाण के रूप में स्वीकार किए जाएंगे।

****

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

****

उत्‍तराखंड के चमोली जिले में माणा गांव के पास भीषण हिमस्‍खलन की घटना के बाद बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। कुल 55 श्रमिक बर्फ के नीचे फंस गए थे जिनमें से 33 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 22 की तलाश जारी है। चुनौतिपूर्ण परिस्थितियों और बर्फबारी के बावजूद सुरक्षाबल बचावकार्य में जुटे हुए हैं। हमारी संवाददाता ने बताया है कि घायल श्रमिकों को सेना के अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है।

हिमस्खलन में चार मजदूर घायल हुए हैं, जिन्हें आईटीबीपी सेना अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचाव कार्यों के लिए बीआरओ की मशीनें बर्फ हटाने में लगी हुई हैं, और आज मौसम अनुकूल रहने पर एमआई-17 हेलीकॉप्टरों को भी तैनात किया जाएगा। प्रधानमंत्री कार्यालय से भी रेस्क्यू ऑपरेशन की लगातार निगरानी की जा रही है, और जिला प्रशासन को हर संभव मदद दी जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जोशीमठ में आपदा कंट्रोल रूम स्थापित करने और रेस्क्यू ऑपरेशन को और प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन के इस्तेमाल के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार राहत कार्यों में कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून

****

तेलंगाना में श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल सुरंग में फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए युद्धस्तपर पर बचाव कार्य जारी है। नागरकुर्नूल के जिला अधिकारी, बदावथ संतोष ने मीडिया को बताया कि सुरंग संबंधी आपदाओं में विशेषज्ञता रखने वाली 11 शीर्ष एजेंसियां बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

****

मध्‍य प्रदेश सरकार ने स्‍वच्‍छता के बारे में राज्‍य की जनता के बीच जागरूकता बढाने के लिए रील प्रतियोगिता शुरू की है। एक रिपोर्ट……..

स्वच्छ एमपी रील प्रतियोगिता के बारे में बताते हुए प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने बताया कि प्रतिभागी 15 अप्रैल तक अपनी रील अपलोड कर सकेंगे। प्रदेश भर से प्राप्त रील में से सर्वश्रेष्ठ पांच प्रतिभागियों को 25 हजार से लेकर 2 लाख रुपए तक के पुरस्कार दिए जाएंगे।

मैं नौजवान भाइयों-बहनों से निवेदन करता हूँ कि गीला-सूखा कचरा अलग-अलग करना, इस पर कोई रील हो, कचरे का दोबारा उपयोग हो सके और खुले में कचरा ना लोग फेकें, ऐसे कोई रोचक रील अगर आप बना सकते हैं तो आप जरूर भागीदार बनिये। एक बार अपना कैमरा उठाइए और रील बनाने के लिए एक कदम आगे बढाइए, स्‍वच्‍छ एमपी रील प्रतियोगिता में भागीदार बनिए।  

स्वच्छ एमपी रील प्रतियोगिता का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति नवाचारों को सामने लाना है, ताकि अन्य लोग भी उनसे सीख ले सकें और कचरे का सदुपयोग कर अपने पर्यावरण को स्वच्छ रख सकें। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार,भोपाल

****

अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की के बीच तीखी नोकझोंक के बाद दुर्लभ भू-खनिजों से संबंधित एक समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए बातचीत विफल हो गई है। यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब राष्ट्रपति ट्रम्प ने संवाददाताओं से कहा कि श्री ज़ेलेंस्की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से नफरत करते हैं और इसी वजह से कोई समझौता करना मुश्किल हो जाता है।

वहीं ज़ेलेंस्की ने राष्ट्रपति ट्रंप से कहा कि युद्ध के समाधान पर बातचीत में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ कोई समझौता नहीं हो सकता। बैठक में श्री ट्रम्प ने श्री ज़ेलेंस्की पर नाराजगी व्‍यक्‍त करते हुए उन पर लाखों लोगों की जान जोखिम में डालने का आरोप लगाया। उन्‍होंने जेलेंस्‍की को चेतावनी दी कि वह तृतीय विश्व युद्ध को न्यौता दे सकते हैं।

मतभेद बढ़ने के बाद, ज़ेलेंस्की महत्वपूर्ण खनिज समझौते पर हस्ताक्षर किए बिना अचानक व्हाइट हाउस से चले गये। दोनों नेताओं का निर्धारित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन भी रद्द कर दिया गया। व्हाइट हाउस से निकलने के कुछ मिनट बाद, सोशल मीडिया पोस्ट में श्री ज़ेलेंस्की ने यूक्रेन का समर्थन करने के लिए अमरीकी राष्ट्रपति, कांग्रेस और अमरीकी जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यूक्रेन को न्यायसंगत और स्थायी शांति की जरूरत है और वे इसी दिशा में काम कर रहे हैं। बैठक के बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि श्री ज़ेलेंस्की जब भी शांति स्‍थापित करने के लिए तैयार हों तो वे फिर व्हाइट हाउस आ सकते हैं।

यूरोपीय संघ के विदेश नीति की प्रमुख काजा कलास ने यूरोपीय संघ के द्वारा यूक्रेन को समर्थन देना जारी रखने की बात कही है। साथ ही इस घटना पर रूस की सरकारी मीडिया और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सहयोगियों ने प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की है।

****

टेनिस में भारत के यूकी भांबरी और उनके ऑस्‍ट्रेलियाई जोडीदार एलेक्‍सी पोपिरीन दुबई चैंपियनशिप के पुरूष डबल्‍स के फाइनल में पहुंच गए हैं।

भांबरी और पोपिरीन की जोडी का मुकाबला आज शाम संयुक्‍त अरब अमीरात के हैनरी पैटन और फिनलैंड के हैरी होलियावारा से होगा। ये मैच आज भारतीय समय के अनुसार आज शाम छह बजे से खेला जायेगा।

****

आईसीसी चैंपियन्‍स ट्रॉफी क्रिकेट में कल लाहौर में ऑस्‍ट्रेलिया और अफगानिस्‍तान के बीच मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। दोनों टीमों को एक-एक अंक मिले हैं। इसके साथ ही ऑस्‍ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्‍की कर ली है।

****

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

****

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- अलका सिंह।

  • भारत-यूरोपीय आयोग की बैठक, ट्रम्‍प-जेलेंस्‍की में नोक झोंक, भारत की विकास दर, उत्‍तर भारत के पहाडों पर भारी बर्फबारी और सूफी संगीत सम्‍मेलन अधिकांश अखबारों के पहले पन्‍ने पर है।
  • अमर उजाला लिखता है – साल के अंत तक मुक्‍त व्‍यापार समझौता करेंगे भारत-यूरोपीय संघ।
  • भारत की विकास दर को भी अधिकांश अखबारों ने प्रमुखता से दिया है – दैनिक जागरण की सुर्खी है – चालू वित्‍त वर्ष में चीन व अमेरिका से ज्‍यादा रही तीसरी तिमाही में भारत की विकास दर। वहीं जनसत्‍ता ने विश्‍व बैंक के हवाले से लिखा है – भारत को उच्‍च आय वाला देश बनने के लिए सात दशमलव आठ प्रतिशत वृद्धि की जरूरत।
  • दैनिक जागरण ने लिखा है – व्‍हाइट हाउस में जेलेंस्‍की-ट्रम्‍प में तीखी बहस। जेलेंस्‍की ने कहा रूस के साथ युद्धविराम नहीं मानेंगे। ट्रम्‍प ने कहा आप लाखों जिंदगियों के साथ खेल रहे हैं।
  • बांग्‍लादेशी और रोहिंग्यिा घुसपैठियों पर शिकंजा – राष्‍ट्रीय सहारा के पहले पन्‍ने पर है। पत्र लिखता है – गृहमंत्री अमित शाह ने कहा – दिल्‍ली पुलिस मददगारों पर करे कार्रवाई।
  • पंजाब केसरी का कहना है – दारू के बाद दवा में फंसे केजरीवाल। हैल्‍थ पर कैग रिपोर्ट पेश, कोरोना के दौरान केंद्र के फंड का पूरा इस्‍तेमाल नहीं।

****

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में, कृषि और ग्रामीण सम्‍पन्‍नता पर पोस्‍ट बजट वेबिनार को संबोधित करेंगे।
  • प्रधानमंत्री कल राष्ट्रीय राजधानी में सूफी संगीत समारोह जहान-ए-खुसरो में शामिल हुए, कहा सूफी परंपरा ने भारत में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है।
  • केंद्र सरकार ने पासपोर्ट नियमों में संशोधन किया, 1 अक्टूबर, 2023 के बाद जन्मे आवेदकों के लिए जन्म प्रमाण पत्र ही होगा जन्म तिथि का प्रमाण।
  • अमेरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच तत्काल युद्ध विराम का आह्वान किया; व्हाइट हाउस में बैठक के दौरान ट्रम्‍प – जेलेंस्‍की में तीखी बहस, ट्रम्‍प ने ज़ेलेंस्की को चेतावनी दी- शांति बहाल करें या अमेरीका समर्थन नहीं देगा।
  • टेनिस में, भारत के युकी भांबरी और उनके ऑस्ट्रेलियाई साथी एलेक्सी पोपिरिन दुबई चैंपियनशिप के पुरुष डबल्‍स फाइनल में पहुंचे।
  • आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में; लाहौर में अफगानिस्तान के खिलाफ महत्वपूर्ण ग्रुप बी मैच बारिश की भेंट चढ़ने के बाद, ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

****