Download
Mobile App

android apple
signal

February 28, 2025 9:25 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज दिल्ली में यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे।
  • वित्त सचिव तुहिन कांत पांडे सेबी के नए अध्यक्ष नियुक्त किए गए।
  • उडिया अभिनेता उत्तम मोहंती का 66 वर्ष की आयु में निधन।
  • नेपाल में 6 दशमलव एक तीव्रता का भूकंप। बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी झटके महसूस किए गए।
  • अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने चीन से आयात पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाने की घोषणा की।
  • जर्मन ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो की जोड़ी का मुकाबला मिक्‍स्‍ड डबल्‍स क्वार्टर फाइनल में आज चीन की गाव जिया झुआन और वू मेंग यिंग की जोड़ी से होगा।

****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज दिल्ली में यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर भारत की दो दिन की यात्रा पर कल दिल्ली पहुंची। उनके साथ यूरोपीय संघ के 22 आयुक्त भी आए हैं। यूरोपीय देशों के कॉलेज ऑफ कमिश्नर की यूरोप से बाहर ये पहली भारत यात्रा है। इन सभी आयुक्‍तों ने पिछले वर्ष दिसंबर में कार्यभार संभाला था। इस यात्रा से भारत और यूरोपीय संघ के बीच द्विपक्षीय संबंध और प्रगाढ़ होंगे। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

व्‍यापार, निवेश, जलवायु परिवर्तन, विज्ञान और तकनीक समेत कई क्षेत्रों में भारत और यूरोप के बीच गहरी साझेदारी है और ये रिश्‍ते बीते कुछ वर्षों से और मजबूत हुए हैं। सामान के व्‍यापार के मामले में यूरोपीय संघ, भारत का सबसे बड़ा व्‍यापारिक साझेदार है। पिछले एक दशक में द्विपक्षीय व्‍यापार नब्‍बे फीसदी बढ़ा है। 2023-24 में यूरोपीय संघ के साथ सामानों का द्विपक्षीय व्‍यापार 135 बिलियन अमरीकी डॉलर रहा। इसके अलावा नवीकरणीय और हाइड्रोजन क्षेत्र में भारतीय और यूरोपीय कंपनियों के बीच सहयोग काफी मजबूत है। भारत की प्रमुख अंतर्राष्‍ट्रीय पहल, अंतर्राष्‍ट्रीय सौर गठबंधन में भी यूरोपीय संघ शामिल हो गया है, जो कि दोनों देशों के बीच गहराते रिश्‍तों को दर्शाता है। सुपर्णा सेकिया के साथ भूपेन्‍द्र सिंह, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

****

प्रधानमंत्री आज नई दिल्ली के सुंदर नर्सरी में जहान-ए-खुसरो 2025 कार्यक्रम में भाग लेंगे। रूमी फाऊडेंशन द्वारा आयोजित यह समारोह इस वर्ष अपनी 25वीं वर्षगांठ मना रहा है। यह समारोह अमीर खुसरो की विरासत को मनाने के लिए दुनियाभर के कलाकारों को एक साथ लाएगा। एक रिपोर्ट

ज़ेहालमिस्‍कीं मकुन तग़ाफुल, दुराय नैनाँ बनाए बतियाँ। अमीर ख़ुसरो उन प्रतिभाशाली हस्तियों में से एक थे, जो सदियों बाद कभी जन्‍म लेती हैं। खुसरो ने तुर्की मूल के होने के बावजूद बहुजातीय और बहुभाषीय हिन्‍दुस्‍तान को एकता की शक्‍ल देने में अद्वितीय भूमिका निभाई। ख़ुसरो प्‍यार को कुछ यूँ ब्‍यां करते थेखुसरो दरिया प्रेम का, उल्‍टी वाकी धार। जो उतरा सो डूब गया, जो डूबो सो पार।। जब और जहां मौक़ा मिला उन्‍होंने हिन्‍दुस्‍तान और इसके बाशिंदों की जिस तरह प्रशंसा की है, इसकी कहीं दूसरी जगह मिसाल नहीं मिलती। समाचार कक्ष से, मृगनयनी पांडे।
यह समारोह आज से दो मार्च तक आयोजित किया जाएगा।

****

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा आज ओडिशा के पुरी में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा आयोजित भारत में सार्वजनिक स्वास्थ्य देखभाल प्रणालियों के अच्छे, अनुकरणीय प्रचलन और नवाचार पर 9वें राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। वे 16वें आम समीक्षा मिशन की रिपोर्ट भी जारी करेंगे।

****

नेपाल में आज तड़के लगभग दो बजकर 36 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्‍टर पैमाने पर इसकी तीव्रता छह दशमलव एक मापी गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप का केंद्र काठमांडू से लगभग 65 किलोमीटर पूर्व में सिंधुपालचौक जिले के भैरवकुंड में था। अभी तक जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई हिस्सों में भी  भूकंप के झटके महसूस किए गए।

****

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

****

देश भर में आज राष्‍ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जा रहा है। प्रति वर्ष 28 फरवरी को महान भौतिकी विज्ञानी, सर सी. वी. रमन द्वारा रमन प्रभाव की खोज के उपलक्ष्‍य में यह दिन मनाया जाता है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉक्‍टर जितेंद्र सिंह भी आज इस अवसर पर एक कार्यक्रम में शामिल होंगे।  

इस वर्ष का विषय है, विज्ञान और नवाचार में वैश्विक नेतृत्‍व के लिए भारतीय युवाओं को सशक्‍त बनाना। इस दिन का उद्देश्‍य लोगों के बीच विज्ञान और इसके अनुप्रयोग के महत्‍व का संदेश फैलाना है। मानव कल्‍याण के लिए विज्ञान में सभी गतिविधियों, प्रयासों और उपलब्धियों को प्रदर्शित करना है। साथ ही विज्ञान के विकास के लिए नई तकनीकों को लागू करना है। वहीं, भविष्‍य को देखते हुए सरकार इंस्‍पायर मानक योजना के अंतर्गत कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों तक अपनी पहुंच का विस्‍तार करेगी। इससे अधिक से अधिक युवा अपनी शिक्षा के महत्‍वपूर्ण चरण में वै‍ज्ञानिक नवाचार का इस्‍तेमाल कर सकें। इस पहल से देश के वैज्ञानिक कार्यबल, अनुसंधान और विकास में वैश्विक नेतृत्‍व को मजबूती मिलेगी। भानू की रिपोर्ट के साथ अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

****

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी इस अवसर पर आयोजित होने वाली रक्षा और वैमानिक प्रदर्शनी विज्ञान वैभव-2025 का उद्धाटन करेंगे। यह प्रदर्शनी आज से शुरू होकर दो मार्च तक चलेगी।

****

वित्त सचिव तुहिन कांत पांडे को भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड-सेबी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे तीन साल तक इस पद पर रहेंगे और माधबी पुरी बुच का स्थान लेंगे। केन्द्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने सेबी के नए अध्यक्ष के रूप में तुहिन कांत पांडे की नियुक्ति को मंजूरी दी है।

****

अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने चीन से आयात पर दस प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाने की घोषणा की है। उनकी मंगलवार से कनाडा और मेक्सिको पर आयात शुल्क लगाने की योजना है। एक रिपोर्ट ….

पहले ही चीन से आयाति‍त वस्‍तुओं पर इस महीने दस प्रतिशत शुल्‍क लगाया गया था। श्री ट्रम्‍प ने कल रात कनाडा और मैक्सिको पर 25 प्रतिशत शुल्‍क लगाने की भी पुष्टि की। यह शुल्‍क 4 मार्च से प्रभावी होगा। ट्रम्‍प ने कहा कि अमरीका में फेंटेनाइल दवा के प्रवाह को रोकने के लिए पर्याप्‍त कार्रवाई नहीं की गई है। उन्‍होंने कहा कि यह दवा चीन में तैयार होती है और कनाडा और मैक्सिको से होते हुए अमरीका जाती है। उन्‍होंने फेंटेनाइल दवा के उत्‍पदन में चीन पर 10 प्रतिशत शुल्‍क लगाया था, जिसे अब दोगुना कर दिया जाएगा। इसके अलावा श्री ट्रम्‍प ने चेतावनी दी कि मैक्सिको और कनाडा पर शुल्‍क तब तक जारी रहेगा जब तक कि वे सीमा सुरक्षा और मादक पदार्थों की तस्‍करी पर आवश्‍यक कार्रवाई नहीं करते है। समाचार कक्ष से, डेविड शर्मा।

****

प्रसिद्ध ओडिया फिल्म अभिनेता उत्तम मोहंती का 66 वर्ष की आयु में कल रात गुरुग्राम में निधन हो गया। वे लीवर सिरोसिस की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उड़िया के अलावा उन्होंने 30 बंगाली फिल्मों और हिंदी फिल्म नया जहर में भी काम किया। एक श्रद्धाजंलि ….

वर्ष 1977 में उड़िया फिल्‍मअभिमानसे अपने करियर की शुरुआत करने वाले उत्‍तम मोहंती ने 1979 में आई फिल्‍मनिझुम रतिरा साथीऔर 1984 में आई फिल्‍मडंडा बालुंगासहित 150 से अधिक फिल्‍मों में काम किया। उन्‍होंनेसारा आकाशसमेत कुछ टी.वी. धारावाहिकों में भी अभिनय किया। इसके अलावा मोहंती को सर्वश्रेष्‍ठ अभिनेता के रूप में वर्ष 1999 में सबसे प्रतिष्ठित जयदेव पुरस्‍कार, ओडिशा लिविंग लीजेंड पुरस्‍कार-2012 और कई बार ओडिशा राज्‍य फिल्‍म पुरस्‍कार में सम्‍मानित किया गया। समाचार कक्ष से मुकेश कुमार बल।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और विभिन्न क्षेत्रों की कई अन्य प्रमुख हस्तियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

****

तेलंगाना में श्रीसैलम लेफ्ट बैंक कैनाल-एसएलबीसी सुरंग में फंसे आठ लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए बचाव दलों ने बोरिंग मशीन से सुरंग के हिस्‍सों को काटने और अन्‍य बाधाओं को दूर करने का काम शुरू कर दिया है। दक्षिण-मध्‍य रेलवे के प्‍लाज्‍मा कटर भी इस अभियान में जुड़ गए हैं और उन्‍होंने इस्‍पात और लोहे के मलबे को हटाना शुरू कर दिया है।

****

मैदानी इलाकों में लगातार बारिश और पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी के बाद उत्तराखंड के तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है। हमारे संवाददाता ने बताया कि मौसम विभाग ने आज राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

राज्य के अधिकांश हिस्सों में कल रात से लगातार बारिश हो रही है। चार धाम सहित प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा हिमपात हुआ है, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। इस बीच, मौसम विभाग ने आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। साथ ही राजधानी देहरादून सहित राज्य के अन्य हिस्सों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।

****

हिमाचल प्रदेश में ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी जारी रहने से कई सड़कें यातायात के लिए बंद कर दी गई हैं। वहां मध्य और निचली पहाड़ियों पर रुक-रुक कर बारिश भी हुई है। भारी बर्फबारी के बाद फिसलन के कारण शिमला जिले में नारकंडा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 5 बंद कर दिया गया है।

****

खेलों में जर्मन ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो की जोड़ी का मुकाबला मिक्‍स्‍ड डबल्‍स क्वार्टर फाइनल में आज चीन की गाव जिया झुआन और वू मेंग यिंग की जोड़ी से होगा।
विश्‍व में 59वीं वरीयता प्राप्‍त थारुन मन्नेपल्ली ने पुरुष सिंगल्‍स में कनाडा के ब्रायन यांग को हराया। मन्नेपल्ली का अगला मुकाबला आज रात फ्रांस के सी. पोपोव से होगा।

****

वहीं आईसीसी पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता में आज अफगानिस्तान का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा। यह मैच लाहौर में भारतीय समयानुसार दोपहर ढाई बजे से खेला जाएगा।

****

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

****

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंदिव्‍या तोमर

यूरोपीय आयोग की अध्‍यक्ष उर्सुला वान डेर लेयेन का नई दिल्‍ली दौरा आज सभी अखबारों की सुर्खी बनी है- जनसत्‍ता लिखता है- आयोग की अध्‍यक्ष ने कहा- टकराव और स्‍पर्धा के दौर में भारत भरोसेमंद दोस्‍त।

राष्‍ट्रीय सहारा ने राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा सरदार वल्‍लभ भाई पटेल की प्रतिमा स्‍टैच्‍यू ऑफ यूनिटी पर श्रद्धांजल‍ि देने का चित्र प्रकाशित किया है। पत्र लिखता है- लौह पुरूष को नमन।

जीएसटी मामलों में अग्रि‍म जमानत का हक, शीर्ष अदालत ने कहा- प्राथमिकी दर्ज न हुई हो तो भी राहत के लिए कर सकते हैं कोर्ट का रूख।

मौसम नरम-गरम यू-टर्न के बाद पारा पकडेगा रफ्तार, पहाड़ों पर हिमपात से बदला नजारा दैनिक ट्रि‍ब्‍यून की खबर है। दैनिक जागरण लिखता है- हल्‍की वर्षा, फिर भी 74 वर्षों में सबसे गर्म रही 27 फरवरी की सुबह।

हिन्‍दुस्तान ने कैलिफोर्निया विश्‍वविद्यालय के शोधकर्ताओं का अध्‍ययन दिया है- गर्म मौसम में रहने से जल्‍द आ रहा बुढ़ापा।

****

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज दिल्ली में यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे।
  • वित्त सचिव तुहिन कांत पांडे सेबी के नए अध्यक्ष नियुक्त किए गए।
  • उडिया अभिनेता उत्तम मोहंती का 66 वर्ष की आयु में निधन।
  • नेपाल में 6 दशमलव एक तीव्रता का भूकंप। बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी झटके महसूस किए गए।
  • अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने चीन से आयात पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाने की घोषणा की।
  • जर्मन ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो की जोड़ी का मुकाबला मिक्‍स्‍ड डबल्‍स क्वार्टर फाइनल में आज चीन की गाव जिया झुआन और वू मेंग यिंग की जोड़ी से होगा।

****