मुख्य समाचार:-
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु चार दिवसीय गुजरात दौरे पर एकता नगर पहुंचीं। आज केवडिया में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और एकता कौशल विकास केंद्र का दौरा करेंगी।
- महाकुंभ मेला 2025 का प्रयागराज में समापन। 45 दिनों तक चलने वाले आध्यात्मिक आयोजन के दौरान 66 करोड़ 30 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई।
- केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा- भारत अपने इथेनॉल मिश्रण लक्ष्य को 20 प्रतिशत से अधिक बढ़ाने पर विचार कर रहा है।
- यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की अमरीका-यूक्रेन खनिज समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए कल व्हाइट हाउस पहुंच जाएंगे।
- प्रियांशु राजावत, किरण जॉर्ज, रक्षिता रामराज और उन्नति हुडा जर्मन ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में पहुंचे।
- आईसीसी पुरुष क्रिकेट चैंपियंस ट्रॉफी में लाहौर में अफगानिस्तान ने इंग्लैंड को 8 रन से हराया।
****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज सुबह केवडिया में प्रतिष्ठित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जाकर सरदार वल्लभ भाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मु स्मारक के प्रमुख स्थलों के साथ-साथ एकता नगर परिसर का दौरा करेंगी। अपनी चार दिवसीय गुजरात यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति का अहमदाबाद और गांधीनगर में दो दीक्षांत समारोहों में भाग लेने और कच्छ जिले के प्रतिष्ठित स्थानों का दौरा करने का भी कार्यक्रम है।
एकता नगर के बाद राष्ट्रपति अहमदाबाद में राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान के चवालीसवें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इस अवसर पर राष्ट्रपति उत्तीर्ण छात्रों को भी संबोधित करेंगी। दीक्षांत समारोह के दौरान, 430 छात्रों को विभिन्न डिजाइन विषयों में डिग्री प्रदान की जाएगी। कल, राष्ट्रपति गांधीनगर में राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। उसी दिन, राष्ट्रपति कच्छ के भुज में स्मृतिवन भूकंप स्मारक का भी दौरा करेंगी। अपने प्रवास के अंतिम दिन, पहली मार्च को, राष्ट्रपति कच्छ जिले में आए यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल – धोलावीरा का भी दौरा करेंगी। अपर्णा खुंट//आकाशवाणी समाचार//अहमदाबाद
****
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन आज से भारत की दो दिवसीय यात्रा पर रहेंगी। श्रीमती लेयेन की यह तीसरी भारत यात्रा होगी। वे आज शाम विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर से मुलाकात करेंगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। भारत और यूरोप वर्ष 2004 से रणनीतिक साझेदार हैं और उनके द्विपक्षीय संबंध विभिन्न क्षेत्रों में मजबूत हुए हैं।
****
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ कल महाशिवरात्रि के स्नान के साथ सम्पन्न हो गया। 45 दिन के इस आध्यात्मिक महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। महाकुंभ में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक, विदेशी प्रतिनिधि, विभिन्न राज्यों के राज्यपाल और मुख्यमंत्री तथा कई केंद्रीय मंत्री सहित प्रमुख हस्तियों ने पवित्र डुबकी लगाई। हमारे संवाददाता ने बताया है कि समापन के अवसर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया और लोगों के ऊपर पुष्प वर्षा की गई।
महाकुंभ मेला क्षेत्र में भारतीय वायुसेना ने एयर शो का प्रदर्शन किया, जबकि उत्तर प्रदेश सरकार ने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की। प्रयागराज में यातायात व्यवस्था का भी सख्ती से पालन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी श्रद्धालुओं, संतों और कल्पवासियों को शुभकामनाएं दीं।
आकाशवाणी समाचार से बातचीत में महाकुंभ में आए श्रद्धालुओं ने अंतिम मुख्य स्नान को लेकर अपना अनुभव साझा किये।
****
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि भारत अपने इथेनॉल मिश्रण को 20 प्रतिशत से बढ़ाने पर विचार कर रहा है। गुवाहाटी में कल एडवांटेज असम के दूसरे चरण में निवेश शिखर सम्मेलन में उन्होंने कहा कि देश पहले ही 19 दशमलव 6 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण कर रहा है। श्री पुरी ने कहा कि विकास संबंधी चुनौतियों के बावजूद, भारत में सभी जीवाश्म ईंधन उत्पादन कंपनियों को 2045 तक शून्य कार्बन उत्सर्जन हासिल करने की उम्मीद है।
यह सत्र भारत की एक्ट ईस्ट नीति में असम की भूमिका को मजबूत करने के लिए एक रणनीतिक मंच के रूप में आयोजित किया गया।
****
केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल आज मुंबई में एक उच्च स्तरीय उद्योग परामर्श की अध्यक्षता करेंगे। यह कार्यक्रम उद्योग जगत के नेताओं, सरकारी अधिकारियों और हितधारकों को केंद्रीय बजट 2025 में समुद्री क्षेत्र की प्रमुख घोषणाओं और भारत के समुद्री विकास पर उनके प्रभाव पर चर्चा करने के लिए एक साथ लेकर आएगा।
****
दिल्ली विधानसभा में आज उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा। विधानसभा की कार्यसूची के अनुसार मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भारतीय जनता पार्टी विधायक मोहन सिंह बिष्ट को उपाध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव पेश करेंगी। श्री बिष्ट मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। इसके अलावा पिछली सरकार की शराब नीति से जुड़ी सी. ए. जी. रिपोर्ट पर भी सदन में चर्चा जारी रहेगी।
*****
उधर, जम्मू कश्मीर में विधान सभा के बहुप्रतीक्षित बजट सत्र की तैयारी चल रही है। बजट सत्र 3 मार्च से शुरू होगा। सत्र का उद्घाटन जम्मू में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा करेंगे। वे विधानसभा सदस्यों को संबोधित करेंगे और आगामी वित्तीय वर्ष के लिए प्रदेश सरकार का विजन प्रस्तुत करेंगे।
****
तेलंगाना में श्रीसैलम लेफ्ट बैंक कैनाल सुरंग में फंसे आठ श्रमिकों को बचाने के लिए बचाव दल का प्रयास जारी है। अब तक सुरंग में फंसे लोगों से संपर्क नहीं हो पाया है। तेलंगाना के सिंचाई मंत्री एन उत्तम कुमार रेड्डी ने बताया कि बचाव अभियान में तेजी लाने के लिए ठोस कार्य योजना बनाई गई है।
एसएलबीसी सुरंग के अंदर फंसे आठ लोगों को बचाने के लिए पिछले 5 दिनों से ठोस प्रयास जारी हैं। भारतीय नौसेना और सीमा सड़क संगठन के मार्कोस समुद्री कमांडो बल को श्रमिकों को बचाने के लिए तैनात किया गया है, जबकि लगभग एक दर्जन राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय एजेंसियां फंसे हुए श्रमिकों तक पहुंचने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही हैं। अधिकारी उच्च-रिज़ॉल्यूशन वाले कैमरों का उपयोग कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, टीमों को सुरंग बचाव कार्यों में वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं को एकीकृत करने का निर्देश दिया गया है, जिससे फंसे हुए श्रमिकों तक कम से कम समय में पहुंचा जा सके। हैदराबाद से लक्ष्मी की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से मैं, राजेश कुमार मीणा।
****
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की कल व्हाइट हाउस का दौरा करेंगे और अपने देश के बहुमूल्य खनिजों पर अमरीका को अधिकार देने वाले समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे। इसके अलावा, रूस-यूक्रेन संघर्ष पर भी एक समझौता होगा।
व्हाइट हाउस में कल अपने मंत्रिमंडल की पहली बैठक में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि वे लोगों की हत्या रोकने के लिए रूस और यूक्रेन के साथ समझौता करने जा रहे हैं।
इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा है कि अमरीका और यूक्रेन कल होने वाली बातचीत की तैयारी कर रहे हैं। श्री ज़ेलेंस्की ने कहा कि वह राष्ट्रपति ट्रम्प से मिलेंगे, जहां खनिज साझेदारी समझौता, यूक्रेन के लिए समर्थन और सुरक्षा गारंटी एजेंडे में होंगे। समाचार कक्ष से, वैष्णवी।
****
खेल:-
जर्मन ओपन सुपर थ्री हंड्रेड बैडमिंटन टूर्नामेंट में प्रियांशु राजावत, किरण जॉर्ज, रक्षिता रामराज और उन्नती हुडा, पुरुष और महिला सिंगल्स प्रतियोगिता के दूसरे दौर में पहुंच गए हैं। प्रियांशु राजावत ने कल शानदार प्रदर्शन करते हुए हमवतन किदांबी श्रीकान्त को हराया। मेन्स सिंगल्स के एक अन्य मैच में किरण जॉर्ज ने फ़िनलैंड के जे ओल्डोर्फ को हराया। महिला सिंगल्स में रक्षिता रामराज और उन्नती हुडा ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की। वहीं, टी हेमन्त और अनमोल खरब अपने-अपने मुकाबलों में हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए हैं। आई.सी.सी. चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में अफगानिस्तान ने इंग्लैंड को 8 रन से हरा दिया। आज पाकिस्तान और बांग्लादेश रावलपिंडी में आखिरी ग्रुप मैच में आमने-सामने होंगे। महिला टी-20 प्रीमियर लीग में क्रिकेट में बैंगलोर में मुंबई इंडियंस ने यूपी वॉरियर्स को 8 विकेट से हरा दिया। प्रतियोगिता में आज रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू शाम साढ़े सात बजे गुजरात जायंट्स के सामने होगी।
****
और, अब मौसम का हाल जान लेते हैं, मौसम विभाग ने कल तक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने अगले 3 दिन में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में बिजली गरजने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की भी चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भी आज हल्की बारिश की संभावना है।
****
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों में:-
धन्यवाद फरहत, महाशिवरात्रि के साथ ही कल महाकुंभ संपन्न होने का समाचार आज सभी अखबारों की सुर्खी है। लोक सत्य लिखता है- महाकुंभ के अंतिम स्नान पर उमडा आस्था का सागर। अमर उजाला के शब्द है- बम-बम भोले के जयकारों से गुंजे शिवालय।
यूनिवर्सल पेंशन स्कीम लाने की तैयारी, रोजगार की नहीं होगी शर्त, होगा फायदा हरि भूमि की खबर है। पत्र लिखता है- केन्द्र का नया मास्टर स्ट्रोक, यह स्कीम स्वैच्छिक और अंशदायी।
यूक्रेन दुर्लभ खनिज भंडार देने को तैयार, सुरक्षा गारंटी पर फंसा पेच हिन्दुस्तान की खबर है। राजस्थान पत्रिका की सुर्खी है- ग्रीन कार्ड का इंतेजार कर रहे भारतीयों को झटका, ट्रंप ने कहा कि 44 करोड़ का निवेश करो, स्थायी नागरिकता लो।
ग्लोबल वार्मिंग पर विशेषज्ञों ने चेताया- तपती धरती पर रहने को विवश होगी नई पीढ़ी दैनिक जागरण की खबर है।
जनसत्ता ने श्रीनगर में डल झील में आयोजित पर्यटन उत्सव में भाग लेते सब्जी और फूल विक्रेता की तस्वीरे सचित्र प्रकाशित की है।
तेज धूप से 30 के पार पहुंचा पारा, राजधानी सहित देशभर में अभी से प्रचंड गर्मी बढ रही हिन्दुस्तान की खबर है।
चांद पर पानी का पता लगाने के लिए अमरीकी यान लूनर ट्रेलब्लेजर की होगी आज लॉचिंग राजस्थान पत्रिका में है।
****
मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु चार दिवसीय गुजरात दौरे पर एकता नगर पहुंचीं। आज केवडिया में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और एकता कौशल विकास केंद्र का दौरा करेंगी।
- महाकुंभ मेला 2025 का प्रयागराज में समापन। 45 दिनों तक चलने वाले आध्यात्मिक आयोजन के दौरान 66 करोड़ 30 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई।
- केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा- भारत अपने इथेनॉल मिश्रण लक्ष्य को 20 प्रतिशत से बढ़ाने पर विचार कर रहा है।
- यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की अमरीका-यूक्रेन खनिज समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए कल व्हाइट हाउस जाएंगे।
- प्रियांशु राजावत, किरण जॉर्ज, रक्षिता रामराज और उन्नति हुडा जर्मन ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में पहुंचे।
- आईसीसी पुरुष क्रिकेट चैंपियंस ट्रॉफी में लाहौर में अफगानिस्तान ने इंग्लैंड को 8 रन से हराया।
****