Download
Mobile App

android apple
signal

February 25, 2025 9:46 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

•  प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज गुवाहाटी में एडवांटेज असम निवेश और अवसंरचना शिखर सम्मेलन के दूसरे संस्‍करण का उद्घाटन करेंगे।

•  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की पांच दिवसीय यात्रा पर रवाना होंगी।

•  महाशिवरात्रि पर प्रयागराज महाकुंभ मेले में कल होने वाले प्रमुख पवित्र स्नान के लिए व्यापक व्यवस्था की गई।

•  भारतीय रिजर्व बैंक ने न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक पर प्रति जमाकर्ता 25 हजार रुपये तक की निकासी की अनुमति दी।

•  आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को 5 विकेट से हराया, भारत और न्‍यूजीलैंड ने की सेमीफाइनल में जगह पक्‍की।

•  आईएसएसएफ शॉटगन विश्वकप प्रतियोगिता के लिए 12 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा गई।
समाचार प्रभात के साथ मैं विशाल शर्मा।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज गुवाहाटी में एडवांटेज असम के दूसरे संस्‍करण में निवेश और बुनियादी ढांचा शिखर सम्मेलन के पूर्ण सत्र का उद्घाटन करेंगे। दो दिन के शिखर सम्मेलन में एक उद्घाटन सत्र, सात मंत्रिस्तरीय सत्र और 14 विषयगत सत्र शामिल हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि सम्‍मेलन में 240 से अधिक प्रदर्शक शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री सुबह साढ़े दस बजे एडवांटेज असम 2.0 निवेश और बुनियादी ढांचा शिखर सम्मेलन के पूर्ण सत्रों का उद्घाटन करेंगे। असम के राज्‍यपाल एल.पी. आचार्य, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, मुख्यमंत्री हिमंता बिस्‍वसरमा, केंद्रीय बंदरगाह और जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सरवानन्‍द सोनोवाल, केंद्रीय डोनेर मंत्री ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया और पड़ोसी राज्यों के मुख्यमंत्री, 61 राजनयिक देशों के व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल, उद्योग विशेषज्ञ इस सत्र में भाग लेंगे। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्‍विनी वैष्‍णव भी आज एडवांटेज असम 2.0 शिखर सम्मेलन के दोपहर के सत्र में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री दोपहर में नई दिल्‍ली के लिए रवाना होंगे। अमिनुल जद्दार, आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी।

*******

प्रधानमंत्री ने कल बिहार के भागलपुर में देशभर के नौ करोड़ 80 लाख किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्‍मान निधि योजना की 19वीं किस्त जारी की।

प्रधानमंत्री ने योजना के अंतर्गत 22 हजार 700 करोड़ रुपये की राशि जारी की। श्री मोदी ने कहा कि किसानों की आय में वृद्धि के लिए दलहन और तिलहन उत्‍पादन में देश को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।

*******

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से तीन राज्‍यों बिहार, मध्‍य प्रदेश और गुजरात की पांच दिन की यात्रा पर रहेंगी। राष्ट्रपति आज बिहार की राजधानी पटना में पटना चिकित्‍सा महाविद्यालय और अस्‍पताल के शताब्दी वर्ष समारोह में भाग लेंगी। समारोह का आयोजन पटना के बापू सभागार में होगा। राष्ट्रपति की यात्रा को देखते हुए, पटना में सुरक्षा के कडे प्रबंध किये गये हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पटना मेडिकल अस्पताल PMCH से जुड़े विद्यार्थियों और चिकित्सकों को संबोधित करेंगी। अपने 100 साल के इतिहास में पीएमसीएच ने प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद के चिकित्सक रहे डॉक्टर दुगन राम, पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सी. पी. ठाकुर, प्रसिद्ध चिकित्सक डॉक्टर ए. ए. हई और कई अन्य नामी गिरामी चिकित्सा रत्नों को उत्पन्न किया है। संस्थान की उपलब्धियों को देखते हुए पीएमसीएच को विश्व के दूसरे सबसे बड़े अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है। 55 सौ करोड रुपए की लागत से इसे 54 सौ से अधिक बेड वाले अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है। धर्मेंद्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, पटना।‌

*******

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा है कि भारत ने मानवाधिकारों के संरक्षण के लिए सदैव सक्रिय भूमिका निभाई है। डॉक्‍टर जयशंकर ने जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद के 58वें सत्र को वर्चुअल माध्‍यम से संबोधित किया। उन्‍होंने कहा कि भारत का दृष्टिकोण अपने भागीदारों की प्राथमिकताओं के अनुरूप क्षमता निर्माण और मानव संसाधनों तथा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर केंद्रित रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद से निपटने में दृढ़ और समझौता न करने वाला देश है। विदेशमंत्री ने कहा कि समकालीन वैश्विक वास्तविकताओं को प्रतिबिंबित करने वाली बहुपक्षीय प्रणाली की स्पष्ट और तत्काल आवश्यकता है।

*******

भारतीय रिजर्व बैंक ने न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक पर प्रतिबंध लगाने के कुछ दिनों बाद प्रति जमाकर्ता 25 हजार रुपये तक की निकासी की अनुमति दे दी है। यह आदेश 27 फरवरी 2025 से प्रभावी होगा। रिजर्व बैंक ने कहा है कि 50 प्रतिशत से अधिक जताकर्ताओं को अपनी पूरी शेष राशि निकालने की अनुमति होगी। शेष जमाकर्ता अपने खातों से 25 हजार रुपये तक निकाल सकते हैं। रिजर्व बैंक ने प्रशासक के लिए सलाहकार समिति का पुनर्गठन किया है।

*******

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में वैश्विक निवेशक सम्मेलन का आज समापन होगा। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।

केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल भी आज वैश्विक निवेशक सम्मेलन में शामिल होंगे। वे मध्‍य प्रदेश इंटीग्रेटेड टाउनशिप पॉलिसी, पुनर्घनत्वीकरण और मध्य प्रदेश हाउसिंग रिडेवेलपमेंट पॉलिसी पर चर्चा करेंगे। सम्मेलन के पहले दिन बड़ी संख्या में निवेश के प्रस्ताव मिले हैं। इसमें 22 लाख 50 हजार करोड़ रुपए से अधिक के इंटेशन-टू-इन्वेस्ट, एमओयू और निवेश प्रस्ताव शामिल हैं। इससे 13 लाख 43 हजार से ज्यादा रोजगार सृजि‍त होंगे। वहीं, मध्य प्रदेश सरकार और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के बीच भी एक लाख करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इससे लगभग 4 हजार किलोमीटर लंबी सड़क परियोजनाओं का निर्माण और विकास किया जाएगा। दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रमुख उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठक कर, प्रदेश में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं पर परस्पर चर्चा कर रहे हैं। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।

*******

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज उत्‍तर प्रदेश के नोएडा में सरस आजीविका मेले का उद्घाटन करेंगे। इस मेले का उद्देश्य कारीगरों और शिल्पकारों को उनकी आजीविका और समावेशी विकास को बढ़ावा देने में सहायता करना है। इस वर्ष मेले का विषय परंपरा, कला और संस्कृति है। यह मेला 10 मार्च तक चलेगा।

*******

तेलंगाना में श्रीसैलम लेफ्ट बैंक नहर परियोजना की सुरंग में फंसे 8 लोगों के बचाव के लिए हर संभव प्रयास जारी हैं। सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल, सिंगरेणी कोलियरीज और अन्य बचाव दलों की ओर से इस सिलसिले में मिलजुलकर प्रयास किए जा रहे हैं।

*******

उत्‍तर प्रदेश के प्रयागराज में ऐतिहासिक महाकुंभ का आधिकारिक समापन कल महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर होगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए कई इंतजाम किये गए हैं।

प्रयागराज के जिलाधिकारी रवींद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि महाकुंभ के समापन पर सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए गए निर्देशों के अनुसार सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। साथ ही पुलिस, होमगार्ड, एनडीआरएफ और प्रशासनिक दल मुस्तैद रहेंगे, ताकि भीड़ प्रबंधन सुचारू रूप से किया जा सके।

 

तैयारियां हमारी पूरी हैं, लगातार जितने हमारे शिव मंदिर हैं, सभी का साफ-सफाई, सभी पर सुरक्षा व्‍यवस्‍था, श्रद्धालुओं के हितार्थ-जितने कदम उठाये जाने थे जैसा अभी माननीय मुख्‍यमंत्री जी ने पिछली वीसी में हम सबको डायरेक्‍शन दिया था, तो उस पे हम सभी लोगों ने कार्य किया है, वहां पर बैरिकेटिंग करानी हो, पुलिस की व्‍यवस्‍था करानी हो, प्रशासनिक अधिकारियों को लगाना हो और मंदिर प्रबंधन के साथ में बेहतर ताल-मेल, वो हम सब ने सुनिश्चित किया है

 

दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए मार्गदर्शन केंद्र और सहायता बूथ स्थापित किए गए हैं। आदर्श के साथ अभिषेक कपिल, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।

*******

रावलपिंडी में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में, न्यूजीलैंड ने कल रात बांग्लादेश को पांच विकेट से हरा दिया। बांग्लादेश ने निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 236 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड ने 46 ओवर और एक गेंद में 5 विकेट पर 240 रन बनाकर मैच आसानी से जीत लिया। उधर, आईएसएसएफ विश्वकप शॉटगन के लिए 12 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। यह टूर्नामेंट 3 से 12 मई तक साइप्रस के निकोसिया में होगा। ओलंपियन किनान चेनाई और मैराज अहमद खान को टीम में शामिल किया गया है। भारतीय राष्‍ट्रीय राइफल संघ ने कल कहा कि चेनाई, पुरुषों की ट्रैप टीम का नेतृत्व करेंगे। ओलंपियन राजेश्वरी कुमारी, महिलाओं की ट्रैप टीम की अगुवाई करेंगी।

*******

धन्‍यवाद विशाल, पहली बार दुनिया भारत को लेकर आशावादी, अवसर गवाएं नहीं, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के शब्‍द दैनिक भास्‍कर में हैं। भोपाल में ग्‍लोबल इन्‍वेस्‍टर्स समिट में प्रधानमंत्री ने निवेशकों को द‍िखाई भारत की उभरती ताकत की तस्‍वीर।

 

उधर, बिहार में एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की विपक्ष पर टिप्‍पणी को अमर उजाला ने प्रमुखता दिया है- जो लोग पशुओं का चारा खा सकते हैं, किसानों का हित नहीं कर सकते।

 

नवगठित दिल्‍ली विधानसभा का पहला सत्र हंगामेदार रहने को भी समाचार पत्रों ने सुर्खी बनाया है।

 

तेलंगाना में श्रीशैलम लेफ्ट बैंक नहर सुरंग हादसे को राजस्‍थान पत्रिका ने मुख पृष्‍ठ पर दिया है। दस मीटर में फंसी आठ मजदूरों की जिंदगी, बचने की आस बेहद कम। टॉप नौ टीम तीन दिन से बचाव कार्य में जुटी। धन्‍यवाद फरहत।

*******

मुख्य समाचार एक बार फिरः-

•  प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज गुवाहाटी में एडवांटेज असम निवेश और अवसंरचना शिखर सम्मेलन के दूसरे संस्‍करण का उद्घाटन करेंगे।

•  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की पांच दिवसीय यात्रा पर रवाना होंगी।

•  महाशिवरात्रि पर प्रयागराज महाकुंभ मेले में कल होने वाले प्रमुख पवित्र स्नान के लिए व्यापक व्यवस्था की गई।

•  भारतीय रिजर्व बैंक ने न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक पर प्रति जमाकर्ता 25 हजार रुपये तक की निकासी की अनुमति दी।

•  आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को 5 विकेट से हराया, भारत और न्‍यूजीलैंड ने की सेमीफाइनल में जगह पक्‍की।

•  आईएसएसएफ शॉटगन विश्वकप प्रतियोगिता के लिए 12 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा गई