मुख्य समाचार:-
• प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज बिहार के भागलपुर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त जारी करेंगे।
• वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन आज सुबह भोपाल में शुरू होगा। प्रधानमंत्री मध्य प्रदेश की औद्योगिक नीतियों का शुभारंभ करेंगे।
• नवनिर्वाचित दिल्ली सरकार ने कहा आज शुरू हो रहे पहले विधानसभा सत्र में सी.ए.जी. रिपोर्ट पेश होगी।
• सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी भारत-फ्रांस रक्षा सहयोग को मजबूत करने के प्रयासों के अंतर्गत फ्रांस की आधिकारिक यात्रा पर।
• जर्मनी राष्ट्रीय चुनावों में अजेय बढ़त हासिल करने के बाद फ्रेडरिक मर्ज़ के नेतृत्व में कंजर्वेटिव गठबंधन सरकार बनाने के लिए तैयार।
• महिला शांति सैनिकों के लिए पहला सम्मेलन आज से नई दिल्ली में शुरू होगा। सम्मेलन में 35 देशों की महिला सैनिक भाग लेंगी।
• आई.सी.सी. क्रिकेट चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने दुबई में पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया। विराट कोहली एक दिवसीय क्रिकेट में सबसे तेज 14 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज बने।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज बिहार के भागलपुर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त जारी करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और दोपहर में भागलपुर के हवाई अड्डा मैदान में एक जनसभा को सम्बोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की सहायता राशि जारी करने के अलावा वे 720 करोड रुपए की लागत से विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री बरौनी में लगभग 113 करोड़ की लागत से बने दूध प्रोसेसिंग यूनिट का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा श्री मोदी मोतिहारी में राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत नव निर्मित स्वदेशी नस्ल के पशुओं के किस्म को विकसित करने के लिए एक सेंटर फॉर एक्सीलेंस का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री नव दोहरीकृत नवादा वारिसलीगंज तिलैया रेलखंड को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। धर्मेंद्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, भागलपुर।
इस योजना के माध्यम से भूमिधारक किसानों को तीन समान किस्तों में सालाना छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। देश भर के 7 सौ 31 कृषि विज्ञान केंद्रों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें लगभग ढाई करोड़ किसान कार्यक्रम से जुड़ेंगे। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए इस दिन को किसान सम्मान समारोह के रूप में मनाया जाएगा।
नौ करोड़ अस्सी लाख किसानों के खाते में 22 हजार सात सौ करोड़ से ज्यादा की धनराशि भागलपुर की इस पवित्र धरा से प्रधानमंत्री जी देश भर के किसानों के खातों में डालेंगे और बिहार को विकास की कई सौगाते देंगे।
कृषि मंत्री ने कहा कि पीएम-किसान योजना के तहत देश के 11 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को अब तक 3 दशमलव 46 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज मध्य प्रदेश के भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-जीआईएस का उद्घाटन करेंगे। दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में फार्मा और चिकित्सा उपकरणों, परिवहन, उद्योग, कौशल विकास, पर्यटन और एम.एस.एम.ई. सहित विभिन्न विषयों पर विभागीय सम्मेलन और विशेष सत्र आयोजित किए जायेंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री देश-विदेश के निवेशकों, उद्योगपतियों, एनआरआई और स्टार्ट-अप को संबोधित करेंगे और मध्य प्रदेश की औद्योगिक नीतियों का शुभारंभ करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बड़े तालाब की आकर्षक पृष्ठभूमि और राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के अनूठे परिदृश्य में दुनिया भर के निवेशकों को संबोधित करने के अलावा मध्यप्रदेश की 18 से अधिक नई नीतियों को जारी करेंगे। यह मध्यप्रदेश में आठवां और भोपाल में आयोजित होने वाला पहला वैश्विक निवेशक सम्मेलन है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में सहभागिता के लिए 25 हजार से अधिक पंजीकरण हुए हैं। 50 से अधिक देशों के 100 से अधिक विदेशी प्रतिनिधि भी भोपाल आ रहे है। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
*******
प्रधानमंत्री आज दोपहर से असम के दो दिवसीय दौरे पर होंगे। इस दौरान वे आज गुवाहाटी में झुमोर बिनंदिनी कार्यक्रम में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री कल एडवांटेज असम 2.0 निवेश और बुनियादी ढांचा शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
*******
नवगठित दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र आज से शुरू हो रहा है। तीन दिवसीय सत्र 27 फरवरी तक चलेगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि भाजपा विधायक अरविंदर सिंह लवली को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री और कालकाजी से आप विधायक आतिशी सदन में विपक्ष की नेता होंगी। दिल्ली सरकार ने बताया है कि पहले विधानसभा सत्र में सी.ए.जी. रिपोर्ट पेश होगी।
सत्र के पहले दिन प्रोटेम स्पीकर अरविन्दर सिंह लवली द्वारा नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह के बाद विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। विधानसभा सत्र के दूसरे दिन दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना सदन को संबोधित करेंगे। इसी दिन पिछली सरकार के कामगाज पर सीएजी रिपोर्ट को भी पेश किया जाएगा। सत्र के आखिरी दिन उपराज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी। अमन यादव आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*******
भारत-फ्रांस रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी फ्रांस की चार दिन की यात्रा पर हैं। थल सेनाध्यक्ष आज पेरिस के लेस इनवैलिड्स में फ्रांस के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों से मिलेंगे। दिन की शुरुआत गार्ड ऑफ ऑनर से होगी जिसके बाद उनकी फ्रांस के सेना प्रमुख जनरल पियरे शिल के साथ चर्चा होगी।
*******
महिला शांति सैनिकों के लिए ग्लोबल साउथ के परिपेक्ष्य में महिला शांति सैनिकों की भूमिका विषय पर अपनी तरह का पहला सम्मेलन आज नई दिल्ली में शुरू होगा। सम्मेलन में ग्लोबल साउथ से शांति सेना में योगदान करने वाले 35 देशों की महिला शांति सैनिकों के हिस्सा लेने की संभावना है। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर इस सम्मेलन में प्रमुख भाषण देंगे।
*******
जर्मनी के राष्ट्रीय चुनावों में विपक्षी रूढ़िवादी क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक यूनियन और क्रिश्चियन सोशल यूनियन पार्टियां जीत के लिए जरूरी बढत बना ली है। इससे फ्रेडरिक मेर्ज के जर्मनी के अगले चांसलर बनने का रास्ता साफ हो गया है। वहीं दूसरी ओर अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी पार्टी ने दूसरे स्थान पर रहते हुए अबतक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया। जर्मनी में कल राष्ट्रीय चुनाव संपन्न हुए।
*******
तेलंगाना में नगर कुरनूल जिले के दोमलापेंटा में श्री शैलम सुरंग नहर परियोजना के भीतर फंसे लोगों तक अब तक पहुंचा नहीं जा सका है। स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। राज्य के सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने संवाददाताओं को बताया कि फंसे हुए कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
*******
प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में दुनिया भर से लाखों श्रद्धालु हर रोज शामिल हो रहे हैं। अब तक 62 करोड़ 6 लाख से ज़्यादा श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में डुबकी लगा चुके हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि कल करीब एक करोड़ 32 लाख श्रद्धालुओं ने संगम में पवित्र डुबकी लगाई, जिनमें कई जानी-मानी हस्तियां शामिल थीं।
उत्तराखंड के राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने पवित्र संगम में स्नान किया। इस अवसर पर श्री सिंह ने कहा कि इस अनुभव को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
अपने आप में बिल्कुल अलग है, सब कुछ ऐसा वाला क्षण तो न जाने कितने सालों के पश्चात में आता है। – अंग्रेजी
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी त्रिवेणी संगम पहुंचे। स्नान के बाद मुख्यमंत्री ने ओडिशा के लोगों की ओर से इस अवसर पर श्रद्धा व्यक्त की।
मैं निश्चित रूप से गंगा मैया जी को प्रार्थना करता हॅूं, जमुना माता को प्रार्थन करता हॅूं और सरस्वती माता का प्रार्थना करता हूँ, इस संगम पर मेरा ओडिशा लोगों का कल्याण हो। इसके साथ ही गायक कैलाश खेर, फिल्म निर्माता बोनी कपूर और शंकराचार्य भारती तीर्थ महास्वामी ने भी पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाई। आदर्श के साथ अभिषेक कपिल, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
*******
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, हिन्दी और अंग्रेजी में अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, आज रात साढे नौ बजे रीसाइकलिंग एण्ड वेस्ट मैनेजमेंट यानि “पुनर्चक्रण और अपशिष्ट प्रबंधन” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इसमें अपशिष्ट प्रबंधन विशेषज्ञ डॉक्टर सुनील पांडे तथा पर्यावरणविद् मुकुल सनवाल के साथ चर्चा प्रसारित की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान, श्रोता टेलीफोन नंबर 0 1 1 – 2 3 4 2 1 0 5 0 पर प्रश्न पूछ सकते हैं।
*******
अब समाचार खेल जगत से…. दुबई में चैंपियंस ट्रॉफी एकदिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता में ग्रुप ए के एक अहम मुकाबले में कल रात भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से हरा दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम 50वें ओवर में 241 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान के लिए सऊद शकील ने सर्वाधिक 62 रन बनाए। भारत के लिए, कुलदीप यादव ने 3 विकेट हासिल किए। बल्लेबाजी में भारत के लिए विराट कोहली ने शानदार शतक जमाया, जबकि श्रेयस अय्यर ने 56 और शुभमन गिल ने 46 रन की पारी खेली। विराट कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनका यह 51वां एक दिवसीय शतक था। इसके साथ ही वह एक दिवसीय क्रिकेट में सबसे तेज 14 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।
*******
धन्यवाद सिद्धार्थ, आज के सभी समाचार पत्रों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बागेश्वर धाम यात्रा और मन की बात के संबोधन को सचित्र प्रकाशित किया है। हिन्दुस्तान ने सुर्खी दी है- प्रधानमंत्री ने कहा- देश के हर जिले में कैंसर केयर केंद्र खुलेंगे। नवभारत टाइम्स ने प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम में मोटापे की समस्या पर चर्चा को सुर्खी बनाते हुए लिखा है- मोटापा समस्या, 10 प्रतिशत तेल कम इस्तेमाल करें। राजस्थान पत्रिका ने फिट और हेल्दी नेशन के साथ लिखा है- मोटापे से निपटना पर्सनल चॉइस नहीं है, बल्कि परिवार के प्रति जिम्मेदारी भी है। दिल्ली विधानसभा के आज से शुरू हो रहे सत्र की खबर सभी अखबारों ने विस्तार से दी है। जनसत्ता लिखता है- विधानसभा में आज पेश की जाएगी कैग रिपोर्ट, जिन घोटालों का खुलासा होगा, उनकी जांच के लिए गठित की जाएगी एसआइटी। आइसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में कल पाकिस्तान पर भारत की शानदार जीत को अखबारों ने अपने पहले पन्ने पर सचित्र प्रकाशित किया है। दैनिक जागरण लिखता है- पाकिस्तान पर भारत की ये जीत विराट है। नवभारत टाइम्स की सुर्खी है- विराट धमाल के आगे पाकिस्तान चित। राजस्थान पत्रिका के शब्द है विराट बेमिसाल …चैंपियंस ट्रॉफी से मेजबान पाकिस्तान आउट, 60 करोड़ लोगों ने देखी लाइव स्ट्रीमिंग।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः-
• प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज बिहार के भागलपुर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त जारी करेंगे।
• वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन आज सुबह भोपाल में शुरू होगा। प्रधानमंत्री मध्य प्रदेश की औद्योगिक नीतियों का शुभारंभ करेंगे।
• नवनिर्वाचित दिल्ली सरकार ने कहा आज शुरू हो रहे पहले विधानसभा सत्र में सी.ए.जी. रिपोर्ट पेश होगी।
• सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी भारत-फ्रांस रक्षा सहयोग को मजबूत करने के प्रयासों के अंतर्गत फ्रांस की आधिकारिक यात्रा पर।
• जर्मनी राष्ट्रीय चुनावों में अजेय बढ़त हासिल करने के बाद फ्रेडरिक मर्ज़ के नेतृत्व में कंजर्वेटिव गठबंधन सरकार बनाने के लिए तैयार।
• महिला शांति सैनिकों के लिए पहला सम्मेलन आज से नई दिल्ली में शुरू होगा। सम्मेलन में 35 देशों की महिला सैनिक भाग लेंगी।
• आई.सी.सी. क्रिकेट चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने दुबई में पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया। विराट कोहली एक दिवसीय क्रिकेट में सबसे तेज 14 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज बने।
*******