Download
Mobile App

android apple
signal

February 22, 2025 10:35 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • गृहमंत्री अमित शाह ने कहाआदिवासी समुदाय का उत्थान और सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता।
  • उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहासतत विकास का कोई विकल्प नहीं, बल्कि यही एकमात्र समाधान है।
  • कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज नई दिल्ली में पूसा कृषि विज्ञान मेले का उद्घाटन करेंगे।
  • अमरीका में संघीय न्यायाधीश ने राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप के विविधता, समानता और समावेशी कार्यक्रमों के लिए सरकारी सहायता में कटौती के आदेश पर रोक लगाई।
  • मौसम विभाग ने कल तक देश के पूर्वी हिस्सों में आंधी, बिजली और ओलावृष्टि के साथ छिटपुट बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया। 
  • हॉकी पुरुष एफ.आई.एच. प्रो लीग में भारत ने आयरलैंड को तीनएक से हराया।

*******

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह आज पुणे में गृह मंत्रालय की पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। सम्मेलन में महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा राज्यों के मुख्यमंत्री, वरिष्ठ मंत्री, केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव के प्रशासक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भाग लेंगे। गृहमंत्री जनता सहकारी बैंक के प्लैटिनम जुबली वर्ष के समापन समारोह में शामिल होंगे और जनपद पुणे में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के दूसरे चरण के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के 10 लाख लाभार्थियों को इस योजना की पहली किस्त भी दी जाएगी।

*******

गृहमंत्री अमित ने कहा है कि जनजातीय समुदाय का उत्‍थान और सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है। एक रिपोर्ट-

श्री शाह ने कल नई दिल्ली में गुजरात भवन में, गुजरात के डांग जिले के संतोकबा ढोलकिया विद्या मंदिर के ग्रामीण और जनजातीय समुदाय के छात्रों के साथ पढ़ाईलिखाई से संबंधित विषयों पर बातचीत की। इस दौरान श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के बाद जनजातीय समुदाय को सही पहचान दिलाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि छात्र, देश की प्रगति की आधारशिला हैं, यह पहल गृहमंत्री की युवाओं से सीधे बातचीत करने और उन्हें प्रेरित करने की प्रतिबद्धता का हिस्सा है। सुपर्णा की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से, प्रशांत कुमार।

*******

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर की एक दिन की यात्रा पर जाएंगे। वे छत्रपति संभाजीनगर में बाबासाहेब डॉक्‍टर भीमराव अम्बेडकर मराठवाड़ा विश्वविद्यालय के 65वें दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करेंगे। एक रिपोर्ट

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज छत्रपति संभाजी नगर के एकदिवसीय दौरे पर रहे हैं। यात्रा के दौरान उपराष्ट्रपति डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मराठवाडा विश्वविद्यालय के 65वें दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में अध्यक्षता करेंगे और सरस्वती भवन कॉलेज में संविधान जागरुकता वर्ष और अमृत महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। उपराष्ट्रपति विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री उच्च स्तर शिक्षा अभियान के तहत चार नए भवनों की आधारशिला भी रखेंगे। अपनी यात्रा के दौरान उपराष्ट्रपति धनखड एलोरा की गृश्‍नेश्‍वर मंदिर में पूजा करेंगे और एलोरा गुफाओं का दौरा करेंगे। समरजीत ठाकुर, आकाशवाणी समाचार, छत्रपतिसंभाजी नगर।

*******

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि सतत विकास अब केवल विकल्प नहीं बल्कि यही एकमात्र रास्ता है। श्री धनखड़ कल नई दिल्ली में 21वें अफ्रीकी-एशियाई ग्रामीण विकास संगठन सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की सहायता से सतत विकास की नींव रखी जा सकती है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि आर्टिफिशियल इं‍टेलिजेंस, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, मशीन लर्निंग और ब्लॉकचेन जैसी प्रमुख प्रौद्योगिकियों के उभरने से कठिन चुनौतियां जरूर आ रही हैं, लेकिन आगे बढ़ने के बेहतरीन अवसर भी मिल रहे हैं।

*******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भाषा सिर्फ संवाद का ही माध्यम नहीं, बल्कि संस्कृति की वाहक भी है। उन्होंने कहा कि भाषाएं समाज में जन्म लेती हैं, और समाज को आकार देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। श्री मोदी ने नई दिल्ली में 98वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन का उद्घाटन किया। उन्‍होंने कहा कि महाराष्ट्र के कई संतों ने मराठी भाषा में भक्ति आंदोलन के माध्यम से समाज को नई दिशा दी। प्रधानमंत्री मोदी ने मराठी भाषा और मराठी साहित्य की सराहना की।

मराठी भाषा और मराठी साहित्य ने समाज के शोषित वंचित वर्ग के लिए सामाजिक मुक्ति के द्वार खोलने का भी अद्भुत काम किया है।

*******

पूसा कृषि विज्ञान मेला आज से नई दिल्ली में शुरू हो रहा है। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इसका उद्घाटन करेंगे। यह मेला तीन दिन चलेगा। इसकी थीम है- उन्नत कृषिविकसित भारत है। मेले में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान द्वारा विकसित नई प्रौद्योगिकी और नई किस्में प्रदर्शित की जाएंगी। इसके अलावा भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, कृषि विज्ञान केंद्रों, किसान उत्पादक संगठनों, उद्यमियों और स्टार्ट-अप की आशाजनक प्रौद्योगिकियों, उत्पादों और सेवाओं पर भी प्रदर्शनी  आयोजित की जाएगी।

*******

दिल्ली विकास प्राधिकरण आज से दो दिवसीय वार्षिक पुष्प महोत्सव पलाश का आयोजन कर रहा है। द्वारका के सेक्टर-16डी में आयोजित होने वाले इस पुष्प महोत्सव में पर्यटक देशी और विदेशी फूलों की विभिन्न किस्मों को देख सकते हैं। इस महोत्सव का उद्धघाटन दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना करेंगे।

*******

ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

दिल्ली विधानसभा का तीन दिन का सत्र सोमवार से शुरू होगा। मीडिया से बातचीत करते हुए भारतीय जनता पार्टी नेता विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि दिल्ली कैबिनेट ने 24, 25 और 27 फरवरी को तीन दिन विधानसभा सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के बाद सत्र का पहला एजेंडा सी.ए.जी. रिपोर्ट पेश करना है।

*******

भारतीय रिजर्व बैंक ने ऋण सूचना कंपनियों को ऋण सूचना प्रस्तुत करने से संबंधित कुछ निर्देशों का अनुपालन न करने के लिए सिटी बैंक पर उनतीस लाख रुपये का मौद्रिक जुर्माना लगाया है। जेएम फाइनेंशियल होम लोन लिमिटेड पर एक लाख पचास हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। रिजर्व बैंक ने कहा है कि यह कार्रवाई विनियामक अनुपालन में कमियों के आधार पर की गई है।

*******

खबरें महाकुंभ से

प्रयागराज में महाकुंभ में त्रिवेणी संगम पर अब तक उनसठ करोड़ 31 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र स्‍नान कर चुके हैं। दुनियाभर से लाखों श्रद्धालु हर दिन इस दिव्‍य और भव्‍य उत्‍सव में पहुंचकर आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि देश के जाने-माने लोगों सहित लगभग एक करोड़ 28 लाख श्रद्धालुओं ने कल संगम में पवित्र डुबकी लगाई।

महाकुंभ में देश के विभिन्न राज्यों से संत और श्रद्धालु रहे हैं। इसी कड़ी में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी पवित्र स्नान किया। श्री सरमा ने संवाददाताओं से कहा कि पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाना एक सौभाग्य है। (बाइटहिमंत बिस्वा सरमा) बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी पवित्र संगम में स्नान किया। इस बीच, पवित्र स्नान करने के बाद केंद्रीय मंत्री सी. आर. पाटिल ने महाकुंभ के अंतरराष्ट्रीय महत्व पर बल दिया और कहा कि विदेश से आए लोगों ने भी यहां डुबकी लगाकर अपनी आस्था प्रकट की है। (बाइटसी आर पाटिल) महाकुंभ में आज प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों में केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा पवित्र संगम में डुबकी लगाएंगे। उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी होंगे। आदर्श के साथ अभिषेक कपिल, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।

*******

महाकुंभ में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आने के कारण उत्‍तर प्रदेश माध्‍यमिक शिक्षा परिषद ने प्रयागराज में 24 फरवरी की हाई स्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा स्थगित कर दी है। हमारे संवाददाता ने माध्यमिक शिक्षा अनुभाग के संयुक्त सचिव अशोक कुमार के हवाले से बताया कि ये परीक्षा अब 9 मार्च को होगी।

कक्षा 10 के विधार्थियों को प्राथमिक हिन्दी विषय की परीक्षा पहली पाली में सवेरे साढ़े आठ बजे से पौने बारह बजे तक निर्धारित की गई थी और स्वास्थ्य सेवा विषय की परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर बाद दो बजे से शाम पांच बजकर पन्‍द्रह मिनट तक होनी थी। इसी तरह इंटरमीडिएट के विधार्थियों के लिए पहली पाली में सैन्य विज्ञान और दूसरी पाली में हिन्दी की परीक्षा होनी थी। अब प्रयागराज के विद्यार्थियों के लिए 24 फरवरी की परीक्षा 9 मार्च को आयोजित की जाएगी। परिषद के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि परीक्षा कार्यक्रम केवल जनपद प्रयागराज के विधार्थियों के लिए संशोधित किया गया है। शेष जिलों में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी। लखनऊ से ओम अवस्‍थी की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।

*******

मध्य प्रदेश अधिकतम गिद्धों वाला राज्य बन गया है। वन विभाग की राज्यस्तरीय गणना में गिद्धों की संख्या बढ़कर 12 हजार 981 हो गई है। एक रिपोर्ट-

मध्य प्रदेश में वन विभाग के 16 वृत 64 डिवीजन और नौ संरक्षित क्षेत्रों में यह गिद्ध गणना की गई। मध्य प्रदेश में गिद्धों की आबादी लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2019 की गणना में गिद्धों की संख्या आठ हजार तीन सौ 97 थी जो 2024 में बढ़कर दस हजार आठ सौ 45 हो गई थी। मध्य प्रदेश में गिद्धों की कुल सात प्रजातियां पाई जाती है इनमें चार स्थानीय और तीन प्रजातियां प्रवासी है। गिद्धों की गणना करने के लिए शीत ऋतु का अंतिम समय सही रहता है। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।

*******

अमरीका में, एक संघीय न्‍यायालय ने राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के विविधता, समानता और समावेशन कार्यक्रमों के लिए सरकारी सहायता में कटौती करने वाले आदेश पर रोक लगा दी है। बाल्टीमोर में न्यायाधीश एडम एबेलसन ने अपने फैसले में कहा कि यह आदेश अभिव्‍यक्ति की स्‍वतंत्रता का उल्लंघन है और मुकदमा जारी रहने तक इस पर रोक रहेगी।

*******

मौसम विभाग ने देश के पूर्वी हिस्‍सों में कल तक आंधी, बिजली और ओलावृष्टि के साथ छिटपुट बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। आज पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, झारखंड और ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित- बालतिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में गरज के साथ हल्की बारिश या बर्फबारी होने के आसार है।

*******

खेल जगत की ख़बरों के साथ हैं मुकेश कुमार बल ….

एफआईएच प्रो लीग हॉकी टूर्नामेंट में भारतीय पुरुष टीम ने कल रात भुवनेश्वर में आयरलैंड को 3-1 से हरा दिया। भुवनेश्वर में दोनों टीम आज फिर आमनेसामने होंगी। मैच शाम साढे सात बजे शुरू होगा। भारतीय टीम पांच मैचों में नौ अंक के साथ तालिका में पांचवें स्थान पर है। इससे पहले महिला वर्ग में भारत को जर्मनी से शून्‍यचार से हार का सामना पड़ा। दोनों टीमों के बीच आज फिर मुकाबला होगा।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंफरहत नाज़।

चुनावों में कथित अमरीकी फंडिंग को सरकार द्वारा गंभीरता से लिए जाने को आज के सभी अखबारों ने पहली खबर बनाया है। दिल्‍ली में नई सरकार राजनीतिक प्रतिशोध से काम नहीं करेगी – मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता का यह बयान नवभारत टाइम्‍स के मुख पृष्‍ठ पर है। दुनिया से प्रतिस्‍पर्धा और तेज विकास के लिए भारतीय सोच वाले नेतृत्‍व की जरूरत – पीएम मोदी के शब्‍द अमर उजाला में हैं।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • गृहमंत्री अमित शाह ने कहा- आदिवासी समुदाय का उत्थान और सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता।
  • उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा- सतत विकास का कोई विकल्प नहीं, बल्कि यही एकमात्र समाधान है।
  • कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज नई दिल्ली में पूसा कृषि विज्ञान मेले का उद्घाटन करेंगे।
  • अमरीका में संघीय न्यायाधीश ने राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप के विविधता, समानता और समावेशी कार्यक्रमों के लिए सरकारी सहायता में कटौती के आदेश पर रोक लगाई।
  • मौसम विभाग ने कल तक देश के पूर्वी हिस्सों में आंधी, बिजली और ओलावृष्टि के साथ छिटपुट बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया।
  • हॉकी पुरुष एफ.आई.एच. प्रो लीग में भारत ने आयरलैंड को तीन-एक से हराया।

*******