मुख्य समाचार:-
- दिल्ली का नया मुख्यमंत्री चुनने के लिए भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की आज बैठक होगी।
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में अप्रैल तक नए आपराधिक कानूनों को पूरी तरह लागू करने को कहा।
- श्री ज्ञानेश कुमार आज निर्वाचन सदन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पदभार संभालेंगे।
- यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदीमिर ज़ेलेंस्की ने कहा- रूस के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए यूक्रेन की सलाह के बिना कोई फैसला नहीं लिया जा सकता।
- और, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट का नौवां संस्करण आज दोपहर पाकिस्तान के कराची में शुरू होगा। पहले मैच में पाकिस्तान का सामना न्यूजीलैंड से।
****
दिल्ली भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की बैठक आज नई दिल्ली में होगी। इस बैठक में भाजपा के सभी नवनिर्वाचित विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक बैठक के दौरान दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह कल दिल्ली के रामलीला मैदान में हो सकता है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 48 सीटें जीती हैं।
****
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर प्रशासन से कहा है कि वह इस साल अप्रैल तक केन्द्र शासित प्रदेश में तीन नए आपराधिक कानूनों का लागू करना सुनिश्चित करे। उन्होंने कल नई दिल्ली में जम्मू-कश्मीर में इन कानूनों के कार्यान्वयन पर एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला शामिल हुये। श्री शाह ने कहा कि तीन नए आपराधिक कानूनों के तहत त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रौद्योगिकी का अधिकतम उपयोग किया जाना चाहिए।
गृहमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों में कमी और सुरक्षा में सुधार के साथ अब पुलिस को नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि इन नए कानूनों के बारे में जम्मू-कश्मीर के लोगों में जागरूकता बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे।
ये नये कानून हैं और कानून को लागू करना, एक तरफ। कानून की जानकारी भी लोगों को होनी चाहिए। कानून की जानकारी लोगों को ज्यादा हो, उसके लिए इलेक्टेड गवर्मेंट को थोड़ी सी पेशरफ्त और करनी होगी। चाहे यूनिवर्सिटीज़ के लेवल पे, सोशल या पॉलिटिकली असेंबली में इस पर भी चर्चा हुई और जो हमें करना होगा, हम कर लेंगे।
****
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार आज नई दिल्ली में निर्वाचन आयोग कार्यालय में अपना पदभार ग्रहण करेंगे।
श्री राजीव कुमार का मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में कार्यकाल कल समाप्त होने के बाद, श्री ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति की गई है। वे 1988 बैच के केरल कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। उन्होंने संसदीय कार्य मंत्रालय में सचिव के पद पर भी काम किया है। इसके अतिरिक्त 1989 बैच के हरियाणा कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी, विवेक जोशी को नया निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया है। अमन यादव की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से, शक्ति सिंह।
****
भारत और कतर ने व्यापार, ऊर्जा, निवेश, नवाचार, प्रौद्योगिकी, खाद्य सुरक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में महत्वपूर्ण साझेदारी बढ़ाने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अ-सानी के बीच कल नई दिल्ली में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई।
****
राष्ट्रपति भवन में कल कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद–अ–सानी का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस बात पर जोर दिया कि दोनों देशों के बीच बहुपक्षीय कार्यक्रम और सहयोग सहजता और सदभावना की गहरी भावना से जुडे है। उन्होंने कहा कि दोनों देश व्यापार, निवेश, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति और ऊर्जा के क्षेत्र में विश्वसनीय भागीदार है।
राष्ट्रपति ने कहा है कि कतर के साथ भारत के संबंध सदियों पुराने है और वह भारत के साथ पश्चिम एशिया के वाणिज्यिक और सांस्कृतिक संबंधों का अभिन्न हिस्सा रहा है।
दोनों देशों के लोग सदियों से सांस्कृतिक आदान–प्रदान और परंपराओं से एक–दूसरे से जुड़े हैं। हमारे सदियों पुराना संबंधों की झलक हमारे लोगों के पसंदीदा कला, संगीत और खान–पान से भी देखी जा सकती है, चाहे वो बिरयानी हो, या कड़क चाय।
राष्ट्रपति ने यह भी सुझाव दिया कि भारत और कतर को नवाचार, प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप में सहयोग बढाने के लिए अपनी शक्तियों का लाभ उठाना चाहिए।
मैं दोनों देशों के बीच टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में साथ मिलकर काम करने की अपार संभावनाएं देखती हूँ, जिसमें हैल्थकेयर, ऊर्जा, पर्यटन एवं शिक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग शामिल है। हमारे स्टार्टअप्स, भारत और कतर, दोनों देशों में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठा सकते हैं।
दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि भारत और कतर के संबंधों को सामरिक भागीदारी के स्तर पर लाने से दोनों देशों के करीबी जुडा़व की कार्ययोजना तैयार होगी। राष्ट्रपति मुर्मु ने कतर के अमीर के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम में जोगीघोपा में ब्रह्मपुत्र नदी में राष्ट्रीय जल मार्ग-2 पर बने अंतरदेशीय जलमार्ग परिवहन टर्मिनल के उद्घाटन की सराहना की है।
सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने इस टर्मिनल को क्षेत्र की प्रगति और समृद्धि के लिए बुनियादी ढांचे में सुधार और अंतरदेशीय जलमार्गों को बढावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। केन्द्रीय पोत परिवहन, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानन्द सोनोवाल ने भूटान के वित्तमंत्री ल्योनपो नामग्याल दोरजी के साथ, इस टर्मिनल का उद्घाटन किया था। मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क से जुडा यह अत्याधुनिक टर्मिनल, भूटान और बांग्लादेश के लिए अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह के रूप में काम करेगा। यह टर्मिनल भूटान में गेलफू से 91 किलोमीटर, बांग्लादेश सीमा से 108 किलामीटर और गुवाहाटी से 147 किलोमीटर दूर स्थित है। इससे असम और पूर्वोत्तर में लॉजिस्टिक्स और मालवाहक जहाजों के आवागमन बढने की उम्मीद है। अनुपम मिश्र की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से, जया भारती।
****
इंग्लैंड के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कल नई दिल्ली में अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने श्री सुनक के साथ कई विषयों पर महत्वपूर्ण बातचीत की। उन्होंने यह भी कहा कि श्री सुनक भारत के अच्छे मित्र हैं और वे दोनों देशों के संबंध मजबूत करने के पक्षधर हैं।
****
गुजरात विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। सत्र का आरम्भ राज्यपाल के अभिभाषण से होगा। राज्य के वित्त मंत्री कनुभाई देसाई कल बजट पेश करेंगे। इस सत्र में चार विधेयक पेश किये जाने की संभावना है। यह सत्र 28 मार्च तक चलेगा।
****
वहीं, मिजोरम विधानसभा का बजट सत्र आज राज्यपाल जनरल (सेवानिवृत्त) विजय कुमार सिंह के पारंपरिक अभिभाषण के साथ शुरू होगा। इस सत्र के लिए विधानसभा अध्यक्ष लालबियाकज़मा ने राज्य विश्वविद्यालय विधेयक सहित चार सरकारी विधेयक को पेश करने की मंजूरी दी है।
****
अब खबरें महाकुंभ से..
उत्तर प्रदेश सरकार और महाकुंभ मेला प्राधिकरण ने ऐसी अफवाहों को खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया जा रहा है कि प्रयागराज में महाकुंभ मेले को 26 फरवरी से आगे बढ़ा दिया गया है। प्रयागराज के जिला मजिस्ट्रेट रवींद्र मांदड ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर ऐसी अफवाह पूरी तरह निराधार है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से.
महाकुंभ का समापन निर्धारित तिथि 26 फरवरी को होगा। शेष बचे दिनों में पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाने तथा श्रद्धालुओं के सुचारू आवागमन के लिए व्यवस्था की जा रही है। जिलाधिकारी रवींद्र मांदड ने बताया कि महाकुंभ मेले का कार्यक्रम शुभ मुहुर्त के अनुसार जारी किया जाता है और यह पहले से तय होता है। श्री मांदड ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। राज्य सरकार या जिला प्रशासन की ओर से मेले की अवधि बढ़ाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। जिलाधिकारी ने कहा कि अधिक भीड़ के इकट्ठा होने से बचने के लिए प्रयाग संगम रेलवे स्टेशन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है, क्योंकि ये स्टेशन मेले से सटा हुआ है। इस बीच प्रयागराज के अन्य सभी स्टेशनों पर रेलों की आवाजाही जारी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि बिना पूर्व सूचना के किसी भी रेलवे स्टेशन को बंद नहीं किया गया है। आदर्श के साथ अभिषेक कपिल, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
****
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने एक नई मांग करते हुये कहा है कि रूस के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए किसी भी वार्ता में यूक्रेन को शामिल किया जाए। रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के लिए अमरीका और रूस के बीच एक टीम बनाने पर सहमति के बाद श्री जेलेंस्की का यह बयान आया है। सऊदी अरब की राजधानी रियाद में कल अमरीकी और रूसी अधिकारियों के बीच हुई बातचीत में यूक्रेन का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं था।
****
और अब खेल ख़बरों के साथ
आईसीसी चैंपियन्स ट्राफी क्रिकेट टूर्नामेंट आज से शुरू हो रहा है। पहले मैच में आज कराची में पाकिस्तान का मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा। ये मैच भारतीय समय के अनुसार दिन में ढाई बजे से खेला जाएगा। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम कल दुबई में बांग्लादेश के साथ अपना अभियान शुरू करेगी। महिला प्रीमियर लीग में, कल रात वडोदरा में मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को पांच विकेट से हरा दिया। आज शाम साढे सात बजे वडोदरा में यूपी वॉरियर्स का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से होगा। हॉकी में, पुरुष एफआईएच प्रो हॉकी लीग में कल रात भुवनेश्वर में मौजूदा विश्व चैंपियन जर्मनी ने भारत को 4-1 से हरा दिया। अगले मुकाबले में, भारत और जर्मनी आज शाम सवा पांच बजे एक बार फिर कलिंगा हॉकी स्टेडियम में आमने–सामने होंगे। भारतीय महिला टीम को भी भुवनेश्वर के कलिंगा हॉकी स्टेडियम में एक करीबी और रोमांचक मुकाबले में स्पेन से 3-4 से हार का सामना करना पडा। कलिंगा हॉकी स्टेडियम में आज शाम साढे़ सात बजे भारतीय महिला टीम स्पेन के खिलाफ निर्णायक मुकाबला खेलने के लिए उतरेगी। उधर टेबल टेनिस में, आईटीटीएफ–एटीटीयू एशियाई कप टेबल टेनिस टूर्नामेंट का 34वां संस्करण आज सुबह चीन के शेन–झेन में शुरू हो रहा है। टूर्नामेंट में भारत का छह सदस्यीय दल हिस्सा ले रहा है।
****
मौसम विभाग ने आज पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों और सिक्किम के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान व्यक्त किया है। अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश या बर्फबारी की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में तेज़ हवाओं और गरज के साथ बारिश हो सकती है।
****
प्रधानमंत्री मोदी और कतर के अमीर की मुलाकात की खबर आज के सभी अखबारों की सुर्खी बनी है। राष्ट्रीय सहारा लिखता है- दोनों देश रणनीतिक साझेदारी को राजी। जनसत्ता की सुर्खी है- भारत और कतर ने व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य तय किया।
सर्वोच्च अदालत ने रणवीर इलाहाबादिया की अभद्रता पर दिये निर्देश, अश्लीलता पर नकेल के लिए नियम बनाए केंद्र। हिन्दुस्तान की खबर है।
अमरीका में ट्रंप की नीतियों के खिलाफ कई राज्यों में सडकों पर उतरे लोग हिन्दुस्तान की सुर्खी है। पत्र लिखता है- एलन मस्क और राष्ट्रपति के खिलाफ जमकर नारेबाजी, विरोध को दिया नो किंग्स डे नाम।
राजस्थान पत्रिका ने हल्दीघाटी मिलिट्री एरिया में नो योर आर्मी कार्यक्रम के तहत सेना की ताकत को दर्शाते विद्यार्थियों का चित्र प्रकाशित किया है। पत्र लिखता है- भारत की बढती सामारिक ताकत से करवाया रूबरू।
****
मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- दिल्ली का नया मुख्यमंत्री चुनने के लिए भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की आज बैठक होगी।
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में अप्रैल तक नए आपराधिक कानूनों को पूरी तरह लागू करने को कहा।
- श्री ज्ञानेश कुमार आज निर्वाचन सदन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पदभार संभालेंगे।
- यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदीमिर ज़ेलेंस्की ने कहा- रूस के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए यूक्रेन की सलाह के बिना कोई फैसला नहीं लिया जा सकता।
- और, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट का नौवां संस्करण आज दोपहर पाकिस्तान के कराची में शुरू होगा। पहले मैच में गत विजेता पाकिस्तान का सामना न्यूजीलैंड से।
****