Download
Mobile App

android apple
signal

February 18, 2025 9:07 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्‍ली में कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अलथानी के साथ वार्ता करेंगे, द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्‍न मुद्दों पर चर्चा होगी।
  • चुनाव आयुक्‍त ज्ञानेश कुमार को मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त नियुक्‍त किया गया।
  • केन्‍द्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्‍मू-कश्‍मीर में नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्‍वयन की समीक्षा करेंगे।
  • परीक्षा पे चर्चा 2025 का नया संस्‍करण आज जारी किया जाएगा।
  • हॉकी एफआईएच प्रो लीग में भारतीय पुरूष टीम का मुकाबला जर्मनी से और महिला टीम का मुकाबला स्‍पेन से आज शाम भुबनेश्‍वर में।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्‍ली में कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अलथानी के साथ वार्ता करेंगे। प्रधानमंत्री और अमीर के बीच भारत और कतर के द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। श्री अलथानी का आज राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया जाएगा। श्री अलथानी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ बातचीत करेंगे और उनके सम्मान में भोज का भी आयोजन होगा। कतर के अमीर भारत की दो दिन की राजकीय यात्रा पर कल नई दिल्‍ली पहुंचे। उनके साथ एक उच्‍च स्‍तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है जिसमें मंत्री, वरिष्‍ठ अधिकारी और व्‍यापारिक प्रतिनिधि भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने हवाई अड्डे पर अमीर शेख तमीम बिन हमद अलथानी की अगवानी की। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

कतर के अमीर की यात्रा के दौरान व्यापार, निवेश, ऊर्जा और तकनीकी सहयोग शीर्ष एजेंडा होगा। भारत और कतर के बीच एक मजबूत आर्थिक साझेदारी है और दोनों देशों के बीच विपक्षी व्यापार में लगातार इजाफा हो रहा है। कतर की कंपनियों ने देश के तकनीकी, बुनियादी ढांचे और विनिर्माण उद्योगों में महत्वपूर्ण निवेश किया है जबकि भारतीय कंपनियों ने कतर में एक मजबूत उपस्थिति दर्ज की है। जैसे-जैसे भारत एक वैश्विक विनिर्माण और तकनीकी केंद्र के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। कई क्षेत्रों जैसे लॉजिस्टिक, बंदरगाह, हवाई अड्डे रेलवे और राजमार्ग सेमीकंडक्टर खाद्य सुरक्षा, इलेक्ट्रिक वाहन और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में द्विपक्षीय व्यापार के विस्तार की संभावनाएं काफी बढ़़ गई हैं। भूपेंद्र सिंह आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

*******

देश के निर्वाचन आयुक्‍त ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया है। वे राजीव कुमार का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल आज समाप्त हो रहा है। ज्ञानेश कुमार केरल कैडर के 1988-बैच के पूर्व आईएएस अधिकारी हैं। वे संसदीय कार्य मंत्रालय के सचिव भी रहे हैं। वहीं, डॉ. विवेक जोशी को नया चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया है। वे भारतीय प्रशासनिक सेवा-1989 बैच के हरियाणा कैडर के अधिकारी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दोनों चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति की है।

*******

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज जम्मू-कश्मीर में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की उपस्थिति में होने वाली बैठक में तीन नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन की समीक्षा करेंगे। बैठक में नए आपराधिक कानूनों – भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023, और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 में उल्लिखित पुलिस, जेल, अदालतों, अभियोजन और फोरेंसिक से संबंधित विभिन्न नए प्रावधानों की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की जाएगी। बैठक में केंद्रीय गृह सचिव, जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव, राज्य के पुलिस महानिदेशक, राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो-एनसीआरबी के महानिदेशक और केंद्रीय गृह मंत्रालय तथा केन्द्र शासित प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे।

*******

परीक्षा पे चर्चा 2025 का नया संस्‍करण आज जारी किया जाएगा। इस संस्‍करण में, स्कूली छात्रों में परीक्षा के तनाव, चिंता को दूर करने और दबाव में शांत रहने के बारे में विभिन्न बोर्ड और परीक्षाओं के कई टॉपर के विचार और सुझाव साझा किए जाएंगे। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो साझा करते हुए, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि ‘परीक्षा पे चर्चा’ के इस संस्‍करण में, परीक्षा योद्धा अपने अनुभव साझा करेंगे और बताएंगे कि कैसे उन्होंने परीक्षा के तनाव और चिंता को सफलतापूर्वक दूर किया है।

*******

ग्रामीण विकास मंत्रालय के अंतर्गत भूमि संसाधन विभाग आज से 26 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों के 152 शहरी स्थानीय निकायों में शहरी बस्तियों के राष्ट्रीय भू-स्थानिक ज्ञान-आधारित भूमि सर्वेक्षण-नक्शा के पायलट कार्यक्रम की शुरूआत कर रहा है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज मध्य प्रदेश के रायसेन में इस कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

नक्शा कार्यक्रम का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में भूमि रिकॉर्ड बनाना है। ताकि भूमि स्वामित्व का सटीक और विश्वसनीय दस्तावेज़ीकरण सुनिश्चित किया जा सके। सर्वे ऑफ इंडिया नक्शा कार्यक्रम के लिए तकनीकी भागीदार है। यह पहल नागरिकों को सशक्त बनाएगी, जीवन को आसान बनाएगी, शहरी नियोजन को बढ़ाएगी और भूमि संबंधी विवादों को कम करेगी। नक्शा पायलट कार्यक्रम की लागत करीब 194 करोड़ रुपये है जिसे पूरी तरह से भारत सरकार द्वारा वित्त पोषित किया जाएगा। इस अवसर पर वाटर शेड यात्रा को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।

*******

ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र आज से देहरादून में शुरू होगा। इस सम्‍बंध में कल विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण की अध्यक्षता में देहरादून में कार्य मंत्रणा समिति के साथ सर्वदलीय बैठक हुई। बैठक में बजट सत्र के बारे में चर्चा की गई। अध्यक्ष ने बताया कि आज राज्यपाल का अभिभाषण होगा और 20 फरवरी को बजट पेश किया जाएगा।

*******

जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने 74वें संविधान संशोधन अधिनियम के अनुसार, केंद्र शासित प्रदेश में शहरी स्थानीय निकायों में किये जाने वाले कार्य, पदाधिकारियों और धनराशि के हस्तांतरण से सम्‍बंधित चुनौतियों का समाधान करने के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। समिति की अध्यक्षता मुख्य सचिव करेंगे।

*******

खबरें महाकुंभ से-

काशी तमिल संगमम के तीसरे चरण में दो सौ प्रतिनिधियों ने प्रयागराज के महाकुंभ में संगम पर पवित्र डुबकी लगाई। वाराणसी से प्रयागराज पहुंचा यह समूह उस कार्यक्रम का हिस्‍सा था, जिसका उद्देश्‍य तमिलनाडु और काशी के बीच प्राचीन सभ्‍यतागत संपर्क का प्रचार करना और इसको मजबूत बनाना है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

महाकुंभ उत्तर और दक्षिण भारत की संस्कृतियों का संगम भी बन गया है। दक्षिण भारत से काशी तमिल संगमम का पहला दल कल महाकुंभ पहुंचा। काशी तमिल संगमम के लोगों ने महाकुंभ में भ्रमण के बाद अपने अनुभव साझा किए। तमिलनाडु के पनरुति शहर से आए श्रीधर राधाकृष्णन ने कहा कि ये आयोजन अपने आप में अद्भुत और दिव्य है। तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई से आए छात्र नारायणमूर्ति ने कहा कि महाकुंभ न केवल उत्तर और दक्षिण के बीच सांस्कृतिक संगम है। बल्कि वैश्विक संस्कृति और भाईचारे का मिलन स्थल भी है। प्राचीन भारत में शिक्षा और संस्कृति के दो महत्वपूर्ण केंद्रों वाराणसी और तमिलनाडु के बीच जीवंत संबंधों को पुनर्जीवित करने के लिए संगमम का आयोजन किया जा रहा है। आदर्श के साथ अभिषेक कपिल, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।

*******

प्रयागराज महाकुंभ में अग्निशमन सेवा दल ने श्री कपि मानस मंडल शिविर के दो टेंटों में लगी आग को तुरंत बुझा दिया। इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

*******

सऊदी अरब के रियाद में आज अमरीका और रूस के शीर्ष अधिकारियों की बैठक होगी जिसमें रूस-यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने पर चर्चा होगी। इस बैठक के लिए रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और विदेश मामलों के सलाहकार यूरी उशाकोव कल रियाद पहुंचे। दूसरी ओर, अमरीकी विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने कहा है कि अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वाल्ट्ज और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ वहां रूसी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करेंगे।

*******

भारत की प्रसिद्ध निशानेबाज मनु भाकर को बीबीसी इंडियन स्‍पोर्टस वूमन ऑफ द इयर घोषित किया गया है। पेरिस ओलंपिक में असाधारण प्रदर्शन के लिए उन्‍हें यह सम्‍मान दिया गया है।

*******

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड-बीसीसीआई ने आगामी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए भारतीय पुरुष टीम की जर्सी का अनावरण किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में बीसीसीआई ने भारतीय खिलाड़ियों की जर्सी दिखाते हुए तस्वीरें साझा की हैं। रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम अपनी सिग्नेचर ब्लू जर्सी में नज़र आएगी, जिसके दोनों कंधों पर तिरंगा और दाईं ओर चैंपियंस ट्रॉफी का लोगो होगा।

*******

खेल खबरों के साथ हैं वीरेन्‍द्र कौशिक-

हॉकी एफआईएच प्रो लीग में, हरमनप्रीत सिंह की कप्‍तानी वाली भारतीय पुरुष टीम का मुकाबला आज शाम ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित कलिंगा हॉकी स्टेडियम में जर्मनी से होगा। मैच शाम साढे सात बजे शुरू होगा। भारत ने दो मैच खेले हैं और वो तीन अंक लेकर फिलहाल आठवें स्थान पर है। दूसरी ओर, भारतीय महिला टीम का मुकाबला स्पेन से होगा। पहला मैच आज शाम सवा पांच बजे खेला जाएगा और अगला मैच कल शाम साढे सात बजे खेला जाएगा। दोनों मैच ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित कलिंगा हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। वहीं, वूमेन प्रीमियर लीग क्रिकेट में, वड़ोदरा के कोटांबी स्टेडियम में कल रात खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने डेल्ही कैपिटल्स को आठ विकेट से हरा दिया। आज शाम वडोदरा में ही गुजरात जाएंट्स का सामना मुंबई इंडियंस से होगा। य़े मैच शाम साढे सात बजे से कोटांबी स्टेडियम में खेला जाएगा। अब आगे बढ़ते हुए, भारी बर्फबारी के कारण इंडिया विंटर गेम्‍स 2025 का दूसरा और अंतिम चरण स्‍थगित कर दिया गया है। यह शनिवार को जम्‍मू-कश्‍मीर के गुलमर्ग में होने वाला था। मौसम की स्थिति अनुकूल होते ही नए कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी।

*******

मौसम विभाग ने आज उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग इलाकों में घने कोहरे की स्थिति का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड और मणिपुर के कुछ हिस्सों में आज गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- मनोज

दिल्‍ली में नई सरकार के गठन होने का समाचार आज सभी समाचार पत्रों ने प्रकाशित किया है। हिन्‍दुस्‍तान की सुर्खी है – रामलीला मैदान में सीएम के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां तेज – भाजपा विधायक दल की कल होने वाली बैठक में मुख्‍यमंत्री के नाम का ऐलान होगा, बीस को नई सरकार का गठन। ज्ञानेश कुमार होंगे मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त, नए कानून से हुई पहली नियुक्ति, अमर उजाला सहित सभी अखबारों की सुर्खी है। भू-गर्भ में प्राकृतिक बदलाव से दिल्‍ली में आया चार दशमलव शून्‍य तीव्रता का भूकंप, धौलाकुआं के झील पार्क में पांच किलोमीटर गहराई में केंद्र, जनसत्‍ता सहित सभी अखबारों की सुर्खी है। राष्‍ट्रीय सहारा लिखता है भूकंप के झटकों से थर्राया दिल्‍ली-एन सी आर, प्रधानमंत्री ने लोगों से किया सुरक्षा उपायों का पालन करने का आग्रह। नई दिल्‍ली रेलवे स्‍टेशन पर हुई भगदड के बाद रेल मंत्रालय ने लिया बडा सबक, साठ बडे स्‍टेशनों पर बनेंगे होल्डिंग एरिया – दैनिक जागरण की खबर है। देश के हर जिले में तैनात होगी वर्टिकल टेक ऑफ एम्‍बुलेंस, मेडिकल एमरजेंसी से दूर होगी ट्रैफिक की समस्‍या – राजस्‍थान पत्रिका की सुर्खी है। विश्‍व की उन्‍नयासी शिक्षा प्रणालियों ने स्‍कूलों में स्‍मार्ट फोन पर रोक लगाई, कई देशों में बच्‍चों की शिक्षा और निजता पर बहस जारी – जनसत्‍ता की खबर है।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्‍ली में कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अलथानी के साथ वार्ता करेंगे, द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्‍न मुद्दों पर चर्चा होगी।
  • चुनाव आयुक्‍त ज्ञानेश कुमार को मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त नियुक्‍त किया गया।
  • केन्‍द्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्‍मू-कश्‍मीर में नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्‍वयन की समीक्षा करेंगे।
  • परीक्षा पे चर्चा 2025 का नया संस्‍करण आज जारी किया जाएगा।
  • हॉकी एफआईएच प्रो लीग में भारतीय पुरूष टीम का मुकाबला जर्मनी से और महिला टीम का मुकाबला स्‍पेन से आज शाम भुबनेश्‍वर में।

*******