मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – भारत पर्यावरण संरक्षण और सशक्तिकरण के लिए फैशन की दिशा तय करने में अग्रणी भूमिका निभा सकता है।
- दिल्ली सहित उत्तर भारत में आज सुबह भूकंप के तेज झटके, रिक्टर पैमाने पर तीव्रता चार मापी गई।
- कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी आज से भारत के दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर।
- इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा- वो गाजा से लोगों हटाने और फिर से बसाने की ट्रम्प की योजना पर काम जारी।
- महिला प्रीमियर क्रिकेट लीग में गुजरात जायंट्स ने वडोदरा में यूपी वॉरियर्स को 6 विकेट से हराया।
***********
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत की सांस्कृतिक विविधता देश के विभिन्न भागों में बनने वाले वस्त्रों में झलकती है। उन्होंने कहा कि भारत इस क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और सशक्तिकरण के लिए फैशन की दिशा में अग्रणी भूमिका निभा सकता है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में कल भारत टेक्स 2025 को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने यह बात कही।
आज पूरी दुनिया सस्टेनेबल लाइफस्टाइल के महत्व को समझ रही है। फैशन वर्ल्ड भी इसके प्रभाव से अछूता नहीं है। आज दुनिया फैशन और एनवायरमेंट और फैशन फॉर एंपावरमेंट के लिए इस विजन को अपना रही है। इस संबंध में भारत दुनिया को रास्ता दिखा रहा है। सस्टेनेबिलिटी हमेशा से भारतीय टेक्सटाइल की परंपरा का अभिन्न हिस्सा रहा है। हमारी खादी, ट्राइबल टेक्सटाइल्स, नेचुरल डाइट का उपयोग यह सभी सस्टेनेबल लाइफस्टाइल के ही उदाहरण हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि फार्म, फाइबर, फैब्रिक, फैशन और फॉरेन का विजन एक मिशन बन गया है और यह भारत के विकास के विभिन्न क्षेत्रों का विस्तार कर रहा है। श्री मोदी ने कहा है कि कपड़ा क्षेत्र में भारत का निर्यात वर्तमान में तीन लाख करोड़ रुपये है जिसे 2030 तक नौ लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
आज हम दुनिया के छठे सबसे बड़े टेक्सटाइल और अपरल एक्सपोर्टर है। हमारा टेक्सटाइल निर्यात 3 लाख करोड रुपए तक पहुंच चुका है। अब हमारा लक्ष्य है 2030 तक हम इसे 9 लाख करोड रुपए तक लेकर जाएंगे। लेकिन आज जो मैंने वहां जो मिजाज देखा है, तो मुझे लगता है कि शायद आप मेरा आंकड़ा गलत सिद्ध कर देंगे और 2030 के पहले ही काम पूरा कर देंगे।
***********
नई दिल्ली और उत्तर भारत के कई हिस्सों में आज सुबह चार दशमलव शून्य तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय सीस्मोलॉजी केंद्र के अनुसार, भूकंप सुबह पांच बजकर 36 मिनट पर आया जिसका केंद्र दिल्ली के पास पांच किलोमीटर की गहराई में था। अभी तक संपत्ति या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।
***********
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भूकंप के झटकों के बाद सभी से सुरक्षा सावधानियों का पालन करने का आग्रह किया है। श्री मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में नागरिकों को संभावित झटकों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी और कहा कि संबंधित अधिकारी स्थिति पर कड़ी नज़र रख रहे हैं।
***********
आज सुबह दिल्ली-एनसीआर में आए भीषण भूकंप के बाद, दिल्ली पुलिस ने आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, दिल्ली पुलिस ने नागरिकों को किसी भी आपातकालीन सहायता के लिए 112 डायल करने की जानकारी दी।
***********
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल नई दिल्ली में आदि महोत्सव का उद्घाटन करते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों के दौरान आदिवासी लोगों के समग्र विकास के लिए कई प्रभावी कदम उठाए गए हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि जनजातीय समुदाय की परंपराएं और जीवन-शैली देश की संस्कृति को समृद्ध करती है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज का उत्थान होगा तभी देश विकसित होगा। जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित यह महोत्सव राजधानी दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में 24 फरवरी तक चलेगा।
***********
कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी आज से भारत की दो दिन की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। अपनी यात्रा के दौरान वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बातचीत करेंगे। उनके साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आएगा, जिसमें मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि कतर के अमीर की यात्रा बढ़ती बहुमुखी साझेदारी को और गति प्रदान करती है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि हाल के वर्षों में व्यापार, निवेश, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, संस्कृति और लोगों के बीच आपसी संबंधों के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच संबंध लगातार मजबूत हुए हैं।
***********
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने ओमान की राजधानी मस्कट में हिंद महासागर सम्मेलन से अलग कल मॉरीशस, मालदीव, नेपाल, भूटान और श्रीलंका के विदेश मंत्रियों के साथ बैठकें की। डॉ. जयशंकर ने मॉरीशस के अपने समकक्ष धनंजय रितेश रामफुल से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच दोस्ती को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला खलील के साथ भी बैठक की। दोनों नेताओं ने भारत-मालदीव सहयोग के कई पहलुओं पर चर्चा की। डॉ. जयशंकर ने श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिथा हेराथ से भी मुलाकात में दोनों देशों के बीच व्यापक सहयोग पर चर्चा की।
अपनी ओमान यात्रा के दौरान डॉ. जयशंकर ने ओमान, ब्रुनेई और ईरान के अपने समकक्षों से भी मुलाकात की।
***********
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
***********
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि वह गजा की आबादी को हटाने और फिर से बसाने की अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की योजना पर काम कर रहे हैं। उन्होंने इस क्षेत्र के भविष्य को सुरक्षित करने का यह एकमात्र तरीका बताया। नेतन्याहू ने जेरुसलम में अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ इस योजना पर चर्चा की। बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि वहां के निवासियों का कहीं भी रहना स्वैच्छिक होगा, लेकिन आलोचकों का कहना है कि गजा में विनाश के कारण उनके पास बहुत कम विकल्प बचे हैं।
रूबियो सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात का भी दौरा करेंगे। इन देशों के नेताओं ने ट्रंप के उस प्रस्ताव का विरोध किया है, जिसमें अमरीका के नियंत्रण में गजा का पुनर्विकास शामिल है।
***********
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैंक्रो आज यूक्रेन संघर्ष पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री, कीर स्टारमर सहित यूरोपीय नेताओं के साथ एक आपातकालीन सम्मेलन की मेजबानी करेंगे। ऐसा अमरीकी अधिकारियों के उस सुझाव के बाद हो रहा है जिसमें उन्होंने संघर्ष समाप्त करने से संबंधित किसी भी वार्ता में यूरोप की कोई भूमिका नहीं होने की बात की थी।
***********
खबरे महाकुंभ से –
प्रयागराज महाकुंभ में 40 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में फैले स्वच्छ सुजल गांव विभिन्न सरकारी पहलों के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के ग्रामीण परिदृश्य में आए बदलाव को प्रदर्शित कर रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इनमें राज्य सरकार के ऐतिहासिक सुधारों से बदलते गांवों को दिखाया गया है।
यह आदर्श गांव दर्शाता है कि बुंदेलखंड क्षेत्र के बांदा, झांसी, चित्रकूट, ललितपुर और महोबा में पानी की कमी के मुद्दों को किस तरह संबोधित किया गया है। स्वच्छ सुजल गांव को पेयजल का समाधान मेरे गांव की नई पहचान की थीम पर बनाया गया है और यह अतिथि देवो भव की सदियों पुरानी परंपरा को दर्शाता है। इसमें आगंतुकों को जल प्रसाद दिया जाता है। गांव में प्रत्येक दिन विभिन्न कार्यक्रम और प्रदर्शनी का आयोजन किया जाता है और इसके साथ ही हर शाम गंगाजल आरती होती है। गांव में पांच भाषाओं – हिंदी, अंग्रेजी, बंगाली, तेलुगू और मराठी में जानकारी उपलब्ध कराई जाती है। जिससे अन्य राज्यों के लोग उत्तर प्रदेश में हो रहे परिवर्तन को जान सके। आदर्श के साथ अभिषेक कपिल आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
***********
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, हिन्दी और अंग्रेजी में अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, आज रात साढे नौ बजे “स्ट्रोक की रोकथाम और उपचार” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इसमें न्यूरोसर्जरी विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. पी शरत चंद्र और न्यूरोलॉजी विभाग, एम्स की अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ. दीप्ति विभा के साथ संवाद किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान, श्रोता हमारे विशेषज्ञों से स्ट्रोक से संबंधित प्रश्न पूछ सकते हैं। हमारा टेलीफोन नंबर है 011 23421050 और 011 – 23314444
***********
खेल खबरों के साथ हैं – विरेन्द्र कौशिक-
महिला प्रीमियर क्रिकेट लीग में गुजरात जायंट्स ने यूपी वारियर्स को कल 6 विकेट से हरा दिया। 144 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात जायंट्स ने 18 ओवर में छह विकेट रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। आज दिल्ली कैपिटल्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। मैच शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा। वहीं, इंडियन प्रीमियर लीग– आईपीएल 2025 की शुरूआत 22 मार्च से होगी। यह आईपीएल का 18वां संस्करण है। पहला मुकाबला ईडन गार्डन्स में मौजूदा चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच होगा। उधर, एफ आई एच प्रो–हॉकी लीग में भारतीय पुरुष टीम ने स्पेन को 2-0 से हरा दिया। भारतीय पुरुष हॉकी टीम अगला मैच कल जर्मनी से खेलेगी। महिला टीम का अगला मुकाबला कल ही स्पेन से होगा। इंडियन सुपर लीग फुटबॉल की बात करें तो कोलकाता में ईस्ट बंगाल ने कल मोहम्मडेन स्पोर्टिंग को हरा दिया है।
***********
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
***********
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– अलका सिंह-
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ से जुड़ी खबरें अधिकांश अखबारों के पहले पन्ने पर हैं। जनसत्ता की सुर्खी है – भगदड़ के बाद अपनों की तलाश में भटकने की नौबत, मरने वाले 18 हुए। अमर उजाला ने लिखा है – पुलिस का दावा, एक नाम वाली दो ट्रेनों पर भ्रम से मची भगदड़। राजस्थान पत्रिका का अरोप है – प्रशासन की लापरवाही और भीड़ प्रबंधन की चूक से मची भगदड़। हिन्दुस्तान की सुर्खी है – हादसे के बाद भी नहीं बदले हालात, नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और आनंद विहार स्टेशन पर यात्रियों का हुजूम। दैनिक जागरण लिखता है – स्टेशन पर भगदड़ की जांच शुरू, साजिश की आशंका। पंजाब केसरी ने सूचित किया है – महाकुंभ जाने वाली ट्रेनें प्लेटफॉर्म 16 से चलेंगी।
दिल्ली में मुख्यमंत्री के नाम पर कल लग सकती है मुहर, हिन्दुस्तान ने पहले पन्ने पर दिया है। देशबन्धु की खबर है – भाजपा विधायक दल की बैठक टली, अब 20 फरवरी को हो सकती है। दैनिक भास्कर ने लिखा है – यमुना की सफाई का अभियान शुरू, खरपतवार व कचरा हटाने के लिए नदी में उतारी गई कई मशीनें।
प्रयागराज महाकुंभ मेला क्षेत्र में आयोजित कुंभ की आस्था और जलवायु परिवर्तन सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी के भाषण को भी कई अखबारों ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है। हिन्दुस्तान ने लिखा है – सीएम ने कहा ”प्रदूषण से सूख रही धरती की धमनियां, जलवायु परिवर्तन का निराकरण हो।”
***********
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – भारत पर्यावरण संरक्षण और सशक्तिकरण के लिए फैशन की दिशा तय करने में अग्रणी भूमिका निभा सकता है।
- दिल्ली सहित उत्तर भारत में आज सुबह भूकंप के तेज झटके, रिक्टर पैमाने पर तीव्रता चार मापी गई।
- कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी आज से भारत की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर रहेंगे।
- इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा- वह गाजा से लोगों हटाने और फिर से बसाने की ट्रम्प की योजना पर काम कर रहे।
- महिला प्रीमियर क्रिकेट लीग में गुजरात जायंट्स ने वडोदरा में यूपी वॉरियर्स को 6 विकेट से हराया।
***********