Download
Mobile App

android apple
signal

February 16, 2025 8:59 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- भारत न केवल भविष्‍य के बारे में वैश्विक विचार विमर्श का केन्‍द्र है बल्कि इन चर्चाओं का नेतृत्‍व भी कर रहा है।
  • नई दिल्‍ली रेलवे स्‍टेशन पर भगदड़ में 15 लोगों की मौत और कई घायल। प्रधानमंत्री ने कहा- घायलों को सभी प्रकार की सहायता दी जा रही है।
  • विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने जर्मनी में म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के मनोनीत अध्‍यक्ष के साथ वैश्विक सुरक्षा ढांचे पर विचार-विमर्श किया।
  • अमरीका ने कहा- यूक्रेन शांति वार्ता में यूरोप शामिल नहीं होगा।
  • महिला प्रीम‍ियर लीग क्रिकेट में वडोदरा में दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने मुंबई इंडियन्स को दो विकेट से हराया।  

*********

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि भारत न केवल भविष्‍य के बारे में वैश्विक विचार विमर्श का केन्‍द्र है बल्कि इन चर्चाओं का नेतृत्‍व भी कर रहा है। नई दिल्‍ली में कल एक मीडिया हाउस में आयोजित बैठक में श्री मोदी ने कहा कि भारत को विश्‍व में एक ऐसा स्‍थान मिला हुआ है जो पहले कभी नहीं था। उन्‍होंने कहा कि देश में और वैश्विक मंच पर लोगों में भारत का विश्‍वास पहले से कहीं अधिक मजबूत हुआ है।

आज दुनिया के बड़े देश हो, दुनिया के बड़े मंच हो भारत को लेकर जिस विश्वास से भरे हुए हैं, पहले कभी नहीं था। यह पेरिस में .आई एक्शन समिट के दौरान हुए डिस्कशन में भी रिफलेक्‍ट हुआ है। आज भारत ग्लोबल फ्यूचर से जुडे व्‍यूवर्स के सेंटर में है और कुछ चीजों में उसे लीड भी कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि भारत वर्ष 2014 से तेज विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्‍होंने कहा कि मात्र एक दशक में भारत विश्‍व की शीर्ष पांच अर्थव्‍यवस्‍थाओं में शामिल हो गया है।

विकसित भारत का स्‍पीड ऑफ डेवलपमेंट क्‍या होता है, ये भी आप देख रहे हैं। सिर्फ एक दशक में भारत टॉप फाइव इकोनॉमी में गया और साथियों में पूरी जिम्मेदारी से कह रहा हूं अब अगले कुछ सालों में ही आप भारत को दुनिया की थर्ड लार्जेस्ट इकोनामी बनते देखेंगे। एक युवा देश को यही स्पीड चाहिए और आज इसी स्पीड से भारत चल रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार ने व्‍यापार के भय को आसान व्‍यापार के रूप में परिवर्तित कर दिया है। श्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार विकसित भारत बनने की यात्रा में निजी क्षेत्र को महत्‍वपूर्ण भागीदार के रूप में देखती है।

*********

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में भारत मंडपम में भारत टेक्‍स-2025 में भाग लेंगे। श्री मोदी इस अवसर पर लोगों को संबोधित करेंगे। हमारी संवाददाता ने बताया कि भारत टेक्स एक बड़ा वैश्विक कार्यक्रम है और यह भारत मंडपम में 17 फरवरी तक जारी रहेगा।

भारत टैक्स मंच कपड़ा उद्योग का सबसे बड़ा और सबसे व्यापक आयोजन है। इसमें दो स्थानों पर आयोजित एक मेगा एक्सपो शामिल है, जिसमें कपड़ा तंत्र को प्रदर्शित किया गया है। इसमें 70 से अधिक सम्मेलन सत्र गोलमेज सम्मेलन और पैनल चर्चा वाला एक वैश्विक स्तर का सम्मेलन भी होगा। प्रदर्शनी में विशेष नवाचार और स्‍टार्टअप मंडप भी होंगे। इसमें हैकाथन आधारित स्टार्टअप पिच फिस्‍ट और इनोवेशन फेस टेक टैंक और डिजाइन जैसी प्रतिस्पर्धाएं भी शामिल होंगी। जो प्रमुख निवेशकों के माध्यम से स्टार्टअप्स को फंडिंग के अवसर प्रदान करेगी। इस एक्सपो में नीति निर्माताओं और विश्व के शीर्ष कारोबारियों सहित 5000 से अधिक प्रदर्शकों 120 से अधिक देशों के 6000 खरीदारों के अलावा बड़ी संख्या में आगंतुकों के शामिल होने की उम्मीद है। सुपर्णा के साथ पल्लवी परमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

*********

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कल शाम एक भगदड़ में 15 लोगों की मृत्‍यु हो गई और कई घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया है कि प्रयागराज जाने के लिए रेलगाडियों में सवार होने के लिए प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों की भारी भीड़ के कारण यह भगदड़ हुई।

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस घटना पर दुख व्‍यक्‍त किया है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में राष्‍ट्रपति ने कहा है कि उन्‍हें भगदड़ में कई लोगों के मारे जाने पर बहुत दुख हुआ है। उन्‍होंने इस घटना में मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त की और घायलों के शीघ्र स्‍वस्‍थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इस घटना पर दुख व्‍यक्‍त किया है। उन्‍होंने कहा है कि उनकी संवेदनाएं इस घटना में मारे गए लोगों के प्रियजनों के साथ हैं। श्री मोदी ने कहा है कि अधिकारी भगदड़ से प्रभावित लोगों को सभी तरह की सहायता प्रदान कर रहे हैं।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि रेलवे स्‍टेशन पर स्थिति अब नियंत्रण में है। उन्‍होंने कहा कि प्रयागराज में महाकुम्‍भ में जाने वाले यात्रियों के लिए चार विशेष रेलगाडियां तत्‍काल चलाई गई हैं।
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि उन्‍होंने इस घटना को लेकर रेलमंत्री अश्विनी वैष्‍णव, दिल्‍ली के उपराज्‍यपाल वी.के. सक्‍सेना और अन्‍य संबंधित अधिकारियों से बात की है। उन्‍होंने कहा कि सभी लोगों को हर संभव मदद करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी भगदड़ में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त की है। उन्‍होंने कहा कि उन्‍हें इस घटना पर बहुत दुख है और वे घायलों के शीघ्र स्‍वस्‍थ होने की कामना करते हैं।

*********

उत्‍तर रेलवे के मुख्‍य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्‍याय ने आकाशवाणी के साथ विशेष बातचीत में बताया कि रेलवे ने मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है।

रेलवे द्वारा मृतकों के परिजनों को दस लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल लोगों को ढाई लाख रुपये और मामूली रूप से घायल लोगों को एक लाख रुपये के मुआवजे का एलान किया है और मुआवजा वितरित भी किया जा रहा है और जो मृतक दूर के रहने वाले हैं, दूर क्षेत्रों के रहने वाले हैं उनको डेड बॉडी भेजने के लिए रेलवे का एक स्‍टॉफ भी उनको अकं‍पनी कर रहा है।

*********

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*********

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने म्यूनिख में नॉर्वे के वित्त मंत्री और म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के मनोनीत अध्यक्ष जेन्स स्टोलटेनबर्ग से मुलाकात की। डॉ जयशंकर ने श्री स्टोलटेनबर्ग के साथ वैश्विक सुरक्षा ढांचे पर महत्‍वपूर्ण बातचीत की।

सम्मेलन के दौरान डॉ. जयशंकर ने अर्जेंटीना के विदेश और व्यापार मंत्री गेरार्डो वर्थीन से भी मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में विदेश मंत्री ने कहा कि उन्होंने भारत-अर्जेंटीना के बीच व्यापार और निवेश का विस्तार करने पर चर्चा की। उन्होंने वैश्विक मामलों पर भी अपने विचार साझा किए।

*********

अमरीका ने घोषणा की है कि यूक्रेन शांति वार्ता में यूरोप शामिल नहीं होगा। अमरीकी राष्ट्रपति के सहायक तथा रूस और यूक्रेन के विशेष दूत कीथ केलॉग ने जर्मनी के म्यूनिख में वैश्विक सुरक्षा सम्मेलन के दौरान यह बात कही। श्री केलॉग इस क्षेत्र में शांति सुनिश्चित करने के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के प्रयासों को तेज करने के लिए 22 फरवरी तक यूरोपीय देशों के दौरे पर हैं।

*********

भारत के एक सौ सोलह अवैध अप्रवासियों को लेकर अमरीका से एक विशेष विमान कल देर रात अमृतसर के श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्‍ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा। इनमें से 65 पंजाब से, 33 हरियाणा से और अन्य गुजरात, उत्तर प्रदेश, गोवा, महाराष्ट्र, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से हैं।

*********

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्‍ली के मेजर ध्‍यानचन्‍द स्‍टेडियम में आदि महोत्‍सव-2025 का उद्घाटन करेंगी। यह महोत्‍सव जनजातीय समुदायों की उद्यमिता, हस्‍तशिल्‍प, संस्‍कृति और खान-पान तथा वाणिज्यिक जनजीवन को लोगों से परिचित कराता है। नौ दिन का यह आयोजन इस महीने की 24 तारीख तक चलेगा।

*********

ख़बरें महाकुम्‍भ से

उत्‍तर प्रदेश के प्रयागराज में संगम तट पर महाकुम्‍भ में आज प्रकृति और पक्षी महोत्‍सव-2025 का उद्घाटन किया जाएगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि भारतीय स्किमर को महोत्‍सव के शुभंकर के रूप में चुना गया है, यह आस्‍था और संरक्षण के संगम का प्रतीक है।

उत्तर प्रदेश में स्कीमर पक्षी गंगा, यमुना और चंबल नदियों के किनारे पाए जाते हैं। भारतीय स्‍कीमर अपनी आकर्षक नारंगी चोंच और काले सफेद पंखों के लिए जाने जाते हैं। यह पक्षी नदी के स्वास्थ्य के संकेतक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। महाकुंभ में यह कार्यक्रम आयोजित कर आस्था और प्रकृति संरक्षण का अनूठा संगम प्रस्तुत किया जा रहा है। बर्ड फेस्टिवल के नोडल अधिकारी ललित वर्मा ने कहा है कि भारतीय स्कीमर को इसके संरक्षण के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए चुना गया है। महाकुंभ में आज कुंभ की आस्था और जलवायु परिवर्तन विषय पर एक जलवायु सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे और इसमें धार्मिक नेता पर्यावरण, विद् सामाजिक संगठन, उद्योग प्रतिनिधि, व्यापार जगत के नेता और अन्‍य गणमान्‍य भाग लेंगे। आदर्श के साथ अभिषेक कपिल आकाशवाणी समाचार प्रयागराज।

*********

गुजरात में विभिन्न स्थानीय निकायों के चुनाव के लिए आज मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और यह शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। वोटों की गिनती मंगलवार को की जाएगी।

*********

क्रिकेट की महिला प्रीम‍ियर लीग में वडोदरा में कल रात दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने एक रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियन्स को दो विकेट से हरा दिया। गुजरात जायंट्स का मुकाबला आज शाम यूपी वॉरियर्स से होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा।

*********

एफआईएच हॉकी प्रो लीग में कल शाम भुवनेश्‍वर के कलिंगा स्‍टेडियम में भारतीय महिला टीम ने इंग्‍लैंड को 3-2 से हरा दिया।
भारत की पुरूष टीम ने निराशाजनक शुरूआत की। वहीं भारत को अपने पहले मैच में स्‍पेन ने 1-3 से हरा दिया। भारतीय टीम आज डबल हेडर दूसरे मैच में स्‍पेन के साथ फिर खेलेगी।

*********

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in औरहमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*********

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंमनोज।

  • नई दिल्‍ली रेलवे स्‍टेशन पर भगदड़ की ख़बर आज सभी समाचार पत्रों में है।  दैनिक भास्‍कर लिखता है- कुम्‍भ की भीड़, दिल्‍ली स्‍टेशन पर 15 की मौतें।
  • राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा- ए.आई. से भविष्‍य में होंगे बड़े बदलाव-राष्‍ट्रीय सहारा ने यह ख़बर प्रथम पृष्‍ठ पर प्रकाशित की है। दैनिक भास्‍कर की सुर्खी है- ए.आई. टैलेंट ग्रोथ में भारत नम्‍बर वन, रिसर्च में अमरीका, तो पेटेंट में चीन।
  • हिन्‍दुस्‍तान ने सूरजकुण्‍ड मेले की ख़बर सचित्र प्रकाशित की है। पत्र लिखता है- सूरजकुण्‍ड हस्‍तशिल्‍प मेला दर्शकों से गुलजार, पहली बार कल पैंसठ हजार से अधिक लोग पहुंचे।
  • उत्‍तर-पश्चिम से पूर्वोत्‍तर तक हिमालय की ऊंची चोटियों पर बारिश और बर्फबारी, उत्‍तराखण्‍ड और जम्‍मू-कश्‍मीर में बढ़ी ठंड, कई जगह पारा शून्‍य पर- अमर उजाला की सुर्खी है।
  • विदेश  मंत्री  डॉक्‍टर  सुब्रह्ण्‍यम  जयशंकर का म्‍युनिख सुरक्षा सम्‍मेलन में सम्‍बोधन को हरिभूमि ने अपनी सुर्खी बनाया है। पत्र लिखता है- जयशंकर की जुबानी, पुरी दुनिया से सुनी सफल भारतीय लोकतंत्र की कहानी।
  • जीवों की सात नई प्रजातियां मिली, एक की खोज़ भारत में की गई- जनसत्‍ता की सुर्खी है। पत्र लिखता है- देश के पश्चिमी घाट क्षेत्र से मिली रंगीन सितारों वाली छिपकली।

*********

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- भारत न केवल भविष्‍य के बारे में वैश्विक विचार विमर्श का केन्‍द्र है बल्कि इन चर्चाओं का नेतृत्‍व भी कर रहा है।
  • नई दिल्‍ली रेलवे स्‍टेशन पर भगदड़ में 15 लोगों की मौत और कई घायल। प्रधानमंत्री ने कहा- घायलों को सभी प्रकार की सहायता दी जा रही है।
  • विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने जर्मनी में म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के मनोनीत अध्‍यक्ष के साथ वैश्विक सुरक्षा ढांचे पर विचार-विमर्श किया।
  • अमरीका ने कहा- यूक्रेन शांति वार्ता में यूरोप शामिल नहीं होगा।
  • महिला प्रीम‍ियर लीग क्रिकेट में वडोदरा में दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने मुंबई इंडियन्स को दो विकेट से हराया।

*********