मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमरीका और फ्रांस की सफल यात्रा के बाद स्वदेश लौटे।
- विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने जर्मनी में म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के दौरान यूक्रेन के विदेश मंत्री से यूक्रेन संघर्ष और द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की।
- लोकसभा अध्यक्ष ने नए आयकर विधेयक की जांच के लिए 31 सदस्यीय प्रवर समिति का गठन किया।
- भाजपा सांसद बैजयंत पांडा समिति के सभापति होंगे।
- केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा आज से।
- काशी तमिल संगमम का तीसरा संस्करण आज से उत्तर प्रदेश के वाराणसी में।
- हांगकांग में एशियाई जूनियर स्क्वॉश चैंपियनशिप में भारतीय महिला और पुरुष टीमें, सेमीफाइनल में पहुंची।
- क्रिकेट में वड़ोदरा में महिला प्रीमियर लीग के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात जायंट्स को छह विकेट से हराया।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमरीका और फ्रांस की सफल यात्रा के बाद स्वदेश लौट आए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के निमंत्रण पर अमरीका गये थे। एक रिपोर्ट …
डोनाल्ड ट्रम्प के दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी की अमरीका की यह पहली यात्रा थी। इस दौरान प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति ट्रम्प के साथ वाशिंगटन में द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत बृहस्पतिवार की रात को शुरू हुई और तकरीबन चार घंटे तक चली। विचार विमर्श के दौरान सामरिक और सुरक्षा सहयोग, रक्षा, व्यापार, आर्थिक गतिविधि, प्रौद्योगिकी ऊर्जा सुरक्षा, जन संपर्क तथा आपसी हित के क्षेत्री और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से 21वीं शताब्दी के लिए अमरीका भारत कॉम्पेक्ट का शुभारंभ किया। श्री मोदी और ट्रम्प भूमि और वायु प्रणालियों के साथ–साथ सह–उत्पादन समझौतों सहित कई मंचों पर चल रही रक्षा खरीद वार्ता को आगे बढ़ने पर भी सहमत हुए। दो देशों की यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री मोदी 10 से 12 फरवरी तक फ्रांस की यात्रा पर थे। सुपर्णा की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से, शक्ति सिंह।
*******
विदेश मंत्री डॉ सुब्रमण्यम जयशंकर ने कल देर रात जर्मनी में म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन से अलग यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने यूक्रेन संघर्ष समाप्त करने की दिशा में जारी प्रयासों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने भारत यूक्रेन द्विपक्षीय सहयोग को आगे ले जाने पर भी बातचीत की।
डॉ. जयशंकर ने जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस से द्विपक्षीय सहयोग और यूक्रेन घटनाक्रम पर बात की। विदेश मंत्री म्यूनिख में जर्मनी के बावरिया राज्य के अध्यक्ष मार्कस सोडर से भी मिले। विदेश मंत्री ने मतदान के लिए एक और दिन : लोकतांत्रिक लचीलेपन की मजबूती’ विषय पर पैनल चर्चा में भी हिस्सा लिया।
*******
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नए आयकर विधेयक की जांच के लिए 31 सदस्यों की प्रवर समिति का गठन किया है। समिति के सभापति भारतीय जनता पार्टी के सांसद बैजयंत पांडा होंगे। समिति अगले सत्र के पहले दिन अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
आयकर विधेयक-2025 बृहस्पतिवार को लोकसभा में पेश किया गया था। इसका उद्देश्य आयकर से संबंधित कानून को मजबूत करना और उसमें सुधार लाना है। वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने विधेयक पेश करते हुए लोकसभा अध्यक्ष से विधेयक के प्रारूप को प्रवर समिति को भेजने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा था कि नए कानून में वर्तमान आयकर अधिनियम की तुलना में कम खण्ड और अध्याय होंगे। इस कानून को सरल बनाया गया है ताकि सामान्य लोग इसे समझ सके।
*******
केन्द्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के नेतृत्व में केन्द्र के एक दल ने कल चंड़ीगढ़ में किसानों की मांगों पर विचार-विमर्श के लिए उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। दोनों पक्ष 22 फरवरी को अगले दौर की बात करने पर सहमत हुए। कल शाम बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में श्री जोशी ने कहा कि बातचीत सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में हुई। श्री जोशी ने कहा कि कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान अगली बैठक में शामिल होंगे।
किसान प्रतिनिधियों के दो संगठन-यूनाइटेड किसान मोर्चा -गैर राजनीतिक और किसान मजदूर मोर्चा- इस बैठक में शामिल हुए। किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवान और सरवन सिंह पंधेर सहित 28 किसानों ने बातचीत में हिस्सा लिया।
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड- सी.बी.एस.ई. की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं आज से शुरू हो रही हैं। इस परीक्षा में देश और विदेश में 42 लाख से अधिक विद्यार्थियों के शामिल होने की उम्मीद है और इसके लिये सात हज़ार आठ सौ 42 केंद्र बनाये गये हैं। एक रिपोर्ट…
ये परीक्षाएं एक ही सत्र में सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक आयोजित की जाएंगी। कक्षा 10वीं की परीक्षा 18 मार्च को और 12वीं की परीक्षा 4 अप्रैल को समाप्त होगी। परीक्षार्थियों को केन्द्रों पर प्रवेश के लिये प्रवेश पत्र लाना अनिवार्य है। विद्यार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 से 45 मिनट पहले परीक्षा केन्द्र पहुंचने की सलाह दी गई है। इस बीच, दिल्ली मेट्रो ने परीक्षार्थियों क सुविधा के लिए कई उपाय किए हैं। मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा जांच के दौरान सीबीएसई प्रवेश पत्र ले जाने वाले छात्रों को प्राथमिकता दी जाएगी। टिकट खरीदते समय भी उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। सुपर्णा की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से, मृगनयनी पांडे।
*******
तमिलनाडु और काशी के बीच सांस्कृतिक और बौद्धिक संबंधों को प्रोत्साहित करने की पहल- काशी तमिल संगमम का तीसरा संस्करण आज से उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शुरू हो रहा है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ एल. मुरूगन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस प्रतिष्ठित सांस्कृतिक समारोह का उद्धाटन करेंगे। एक रिपोर्ट-
काशी तमिल संगमम का उद्देश्य दोनों क्षेत्रों के विद्वानों, छात्रों, दार्शनिकों, व्यापारियों, कलाकारों को साथ लाने और एक–दूसरे के अनुभव से सीखने का अवसर प्रदान करना है। इस वर्ष के आयोजन का मुख्य विषय स्वास्थ्य, दर्शन, विज्ञान, शास्त्रीय तमिल साहित्य और राष्ट्र की सांस्कृतिक एकता में ऋषि अगस्त्य के महत्वपूर्ण योगदान को उजागर करना है। यह आयोजन एक दिव्य अनुभव प्रदान करेगा। 10 दिनों तक चलने वाला यह आयोजन 24 फरवरी को समाप्त होगा। ओम अवस्थी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
*******
ख़बरें महाकुम्भ से…
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले में करीब पंद्रह हजार सफाई कर्मचारी आज एक साथ सबसे बडे सफाई अभियान में भाग लेकर विश्व रिकॉर्ड बनाएंगे। इससे पहले कल महाकुंभ में दो शानदार विश्व रिकॉर्ड बने। पहले रिकॉर्ड में कुंभ विश्व का सबसे बडा पर्व बन गया जिसमें पचास करोड से अधिक श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। वहीं, नदी सफाई का सबसे बडा अभियान चला कर दूसरा विश्व रिकार्ड भी बना। एक रिपोर्ट…
महाकुंभ मेला प्राधिकरण आज मेला क्षेत्र में एक साथ समन्वित सफाई अभियान में 15 हजार प्रतिभागियों को शामिल कर विश्व रिकॉर्ड हासिल करने का प्रयास करेगा। इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देकर महाकुंभ के मूल मूल्यों को उजागर करना है, साथ ही प्रमुख स्थलों की पवित्रता को बनाए रखने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी के संदेश को मजबूत करना है। महाकुंभ दुनिया का पहला ऐसा आयोजन है, जिसमें 50 करोड़ से अधिक लोग प्रत्यक्ष भागीदार रहें। त्रिवेणी संगम पर अब तक 50 करोड़ 11 लाख से ज़्यादा श्रद्धालु पवित्र डुबकी लगा चुके हैं। इसे मानव इतिहास में किसी भी धार्मिक, सांस्कृतिक या सामाजिक आयोजन के लिए सबसे बड़ा समागम माना जा रहा है। आदर्श के साथ अभिषेक कपिल, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
*******
खेल ख़बरों के साथ है मुकेश कुमार बल …
हांगकांग में भारत की महिला और पुरूष टीम एशियाई जूनियर टीम स्कवॉश चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। सेमीफाइनल में महिला टीम का मुकाबला आज हांगकांग से होगा। वहीं पुरूष टीम सेमीफाइनल में मलेशिया के साथ खेलेगी। इधर, क्रिकेट में महिला प्रीमियर लीग के पहले मैच में कल रात वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात जायंट्स को 6 विकेट से हरा दिया। आज शाम साढे़ सात बजे बडोदरा में ही मुंबई इंडियंस का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से होगा। उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों का कल समापन हो गया। पदक तालिका में तीनों सेनाओं की संयुक्त टीम 68 स्वर्ण सहित कुल 121 पदक जीतकर शीर्ष स्थान पर रही। महाराष्ट्र 54 स्वर्ण सहित 201 पदक लेकर दूसरे और हरियाणा 48 स्वर्ण सहित 153 पदक जीतकर तीसरे स्थान पर रहा।
*******
मौसम विभाग के अनुसार आज देश के उत्तर पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। सुबह के समय पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों और सिक्किम के कुछ भागों में घना कोहरा छाये रहने की संभावना है।
*******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
समाचार पत्रों की सुर्खियों से-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अमरीका यात्रा और इस दौरान 2030 तक भारत – अमरीका के बीच व्यापार को दोगुने से अधिक बनाने के लक्ष्य की घोषणा सहित अनेक क्षेत्र में सहयोग आज के अखबारों की सुर्खी हैं। अमेरिका में चला मोदी का ट्रम्प कार्ड राष्ट्रीय सहारा की प्रमुख खबर है। पत्र लिखता है – तहव्वुर राणा को भारत भेजने पर मंजूरी। अत्याधुनिक लडाकू विमान एफ-35 की डील पक्की। दैनिक ट्रिब्यून लिखता है – पांच साल में दोगुना होगा भारत – अमरीका व्यापार। ट्रम्प ने दोहराया जवाबी शुल्क से छूट नहीं। वीर अर्जुन लिखता है – भारत को मिलेंगे एफ-35 लडाकू विमान। व्यापार, रक्षा-सुरक्षा और आतंकवाद से लड़ाई पर बनी बात जनसत्ता की पहली खबर है।
पंजाब केसरी ने दिल्ली में सरकार गठन पर लिखा है – 19 या 20 को हो सकता है दिल्ली में शपथ ग्रहण। राष्ट्रीय सहारा ने लिखा है – आरोग्य मंदिर बनेंगे मोहल्ला क्लीनिक, 51 लाख लोगों को जारी होंगे आयुष्मान भारत कार्ड। नये मुख्य निर्वाचन आयुक्त के नाम पर फैसला सोमवार तक लिये जाने की संभावना जनसत्ता के पहले पन्ने पर है।
दैनिक ट्रिब्यून ने एमबीबीएस परीक्षा घोटाला शीर्षक से लिखा है – 24 छात्रों समेत 41 के खिलाफ एफआईआर की सिफारिश।
हिन्दुस्तान ने पूर्व अधिकारी की पत्नी को एक महीने तक डिजिटल अरेस्ट कर डेढ करोड ठगने की खबर देते हुए लिखा है – ड्रग्स चीन भेजने के आरोप पर 80 वर्षीय महिला को फंसाया।
******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमरीका और फ्रांस की सफल यात्रा के बाद स्वदेश लौटे।
- विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने जर्मनी में म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के दौरान यूक्रेन के विदेश मंत्री से यूक्रेन संघर्ष और द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की।
- लोकसभा अध्यक्ष ने नए आयकर विधेयक की जांच के लिए 31 सदस्यीय प्रवर समिति का गठन किया।
- केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा आज से।
- काशी तमिल संगमम का तीसरा संस्करण आज से उत्तर प्रदेश के वाराणसी में।
- क्रिकेट में वड़ोदरा में महिला प्रीमियर लीग के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात जायंट्स को छह विकेट से हराया।
******