Download
Mobile App

android apple
signal

February 13, 2025 10:12 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय वार्ता करने के लिए वाशिंगटन डीसी पहुंचे; भारत-अमरीका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी एजेंडे में शीर्ष पर। 
  • अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध पर चर्चा के लिए रूस और यूक्रेन के राष्‍ट्रपति के साथ फोन पर बातचीत की। 
  • आयकर विधेयक, 2025 आज लोकसभा में पेश किया जाएगा। 
  • आज विश्व रेडियो दिवस है। विषय है- रेडियो और जलवायु परिवर्तन।
  • और, राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश के सचिन यादव ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा; गुजरात के कोसंबिया ने एरोबिक जिम्नास्टिक में स्वर्ण पदक जीता।

 

****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी फ्रांस की सफल यात्रा सम्‍पन्‍न करने के बाद आज तड़के वॉशिंगटन पहुंच गए। श्री मोदी, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। अमरीका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा और अन्य अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। कड़ाके की ठंड के बीच भारतीय समुदाय श्री मोदी के स्वागत के लिए ब्लेयर हाउस के बाहर उपस्थित था। श्री डॉनल्‍ड ट्रम्‍प के अमरीका के राष्‍ट्रपति का पदभार ग्रहण करने के बाद श्री मोदी अमरीका की यात्रा करने वाले पहले प्रमुख विश्व नेताओं में शामिल हैं।

 

प्रधानमंत्री ने आज सवेरे वाशिंगटन पहुंचने के बाद सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वह राष्ट्रपति ट्रम्प से मिलने और भारत-अमरीका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश अपने देशवासियों के लाभ और पृथ्‍वी के उज्‍ज्‍वल भविष्य के लिए मिलकर काम करते रहेंगे। प्रधानमंत्री ने आज सुबह अमरीका की राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गैब्‍बार्ड से भेंट की।

 

वाशिंगटन में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप द्विपक्षीय और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। श्री मोदी का अमरीकी प्रशासन के वरिष्ठ नेताओं, व्यापार जगत के दिग्‍गजों और भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत करने का भी कार्यक्रम है। अमरीका में नये प्रशासन के कार्यभार संभालने के महज तीन सप्ताह के भीतर श्री मोदी को इस दौरे के लिए आमंत्रित किया गया है। जो भारत और अमरीका के मजबूत संबंधों को दर्शाता है। श्री ट्रंप के पहले कार्यकाल से ही प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच घनिष्‍ठ संबंध रहे हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, रक्षा-सहयोग, आतंकवाद का मुकाबला, भारत-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा और भारत और अमरीका के लोगों के संबंधों को लेकर आपसी सहयोग मजबूत रहा है और श्री मोदी की इस यात्रा से यह संबंध और प्रगाढ़ होने की उम्‍मीद है। दिवाकर के साथ अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

प्रधानमंत्री ने इससे पहले, पेरिस में द्विपक्षीय वार्ता में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉ के साथ भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी के लिए मजबूत प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की। दोनों नेताओं ने रक्षा, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष के महत्‍वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की। अमरीका में ट्रंप प्रशासन ने तुलसी गैब्‍बार्ड को वहां की नई राष्ट्रीय खुफिया निदेशक के रूप में पुष्टि की है। अमरीका की विभिन्न खुफिया एजेंसियों के कामकाज की देखरेख और समन्वय के लिए गैब्‍बार्ड के नामांकन पर कल बहुप्रतीक्षित अंतिम सीनेट वोट मिला।

****

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोद्यिमिर ज़ेलेंस्की के साथ फोन पर रूस-यूक्रेन संघर्ष पर चर्चा की है। श्री ट्रम्प और श्री पुतिन ने इस संबंध में तुरंत बातचीत शुरू करने पर सहमति व्‍यक्‍त की। श्री ट्रम्‍प ने कहा कि वे यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की को इस बातचीत की जानकारी देंगे। यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि श्री ट्रम्प और श्री ज़ेलेंस्की ने लगभग एक घंटे तक फोन पर बातचीत की। इस बीच, रूस ने कहा है कि श्री पुतिन और श्री ट्रम्प मुलाकात के लिए सहमत हो गए हैं। राष्ट्रपति पुतिन ने श्री ट्रम्प को मॉस्को आने का निमंत्रण भी दिया।

****

आयकर विधेयक, 2025 आज लोकसभा में पेश किया जाना है। आयकर से संबंधित कानून को समेकित और संशोधित करने के उद्देश्य से लाया गया यह विधेयक सदन की कार्यवाही में सूचीबद्ध किया गया है। अपने बजट भाषण में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने नया आयकर विधेयक लाने की घोषणा की थी। उन्होंने यह भी घोषणा की थी कि सालाना 12 लाख रुपये तक की आय वाले लोगों को कोई आयकर नहीं देना होगा। वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 पर संयुक्त समिति की रिपोर्ट भी आज लोकसभा और राज्यसभा में पेश की जाएगी। संसद के बजट सत्र के पहले भाग का आज अंतिम दिन है।

****

आज विश्व रेडियो दिवस है। लोगों में रेडियो के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने और रेडियो के जरिए सूचना पाने को प्रोत्‍साहन देने के लिए हर साल 13 फरवरी को विश्व रेडियो दिवस मनाया जाता है। यह रेडियो की विशिष्‍ट उपयोगिता को याद करने का भी दिन है जो दुनिया के हर हिस्‍से में लोगों तक पहुंचता है और उन्‍हें एकजुट करता है। इस वर्ष विश्व रेडियो दिवस का विषय है – रेडियो और जलवायु परिवर्तन। इस अवसर पर अपने संदेश में यूनेस्को की महानिदेशक ऑड्रे अज़ोले ने कहा कि विश्व रेडियो दिवस संचार के इस स्थायी, बहुमुखी और व्यापक रूप से सुलभ माध्यम का जश्न मनाने का अवसर है। विश्व रेडियो दिवस पर अपने संदेश में प्रसार भारती के अध्यक्ष नवनीत कुमार सहगल ने कहा कि समाचार और सूचना का प्रसार करते हुए रेडियो राष्ट्र के सांस्कृतिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

 

आज विश्‍व रेडियो दिवस की हमारे सभी श्रोताओं को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। संवाद के लिए और सूचनाओं के आदान-प्रदान के माध्‍यम से राष्‍ट्र के सांस्‍कृतिक और आर्थिक विकास में रेडियो की एक बहुत महत्‍वपूर्ण भूमिका है और रेडियो एक बहुत सशक्‍त माध्‍यम है पूरे जन-जागरण तक पहुंचने का। बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय के ध्येय वाक्‍य को ध्‍यान में रखते हुए, दुनिया का सबसे बड़ा रेडियो नेटवर्क-ऑल इंडिया रेडियो, आकाशवाणी जन-जन तक मनोरंजन, शिक्षा और सूचना, उसका प्रसार करता है, प्रचार करता है।

 

वहीं, श्रोताओं का अभिवादन करते हुए प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी ने कहा कि आकाशवाणी जहां भारत की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का वाहक रहा है, वहीं इसने भारत में वैज्ञानिक प्रगति की यात्रा से भी लोगों को जोड़ा है। उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन का शायद ही कोई ऐसा पहलू हो जो आकाशवाणी से अछूता रह गया हो।

इस अवसर पर अपनी शुभकामनाएं देते हुए आकाशवाणी की महानिदेशक डॉ. प्रज्ञा पालीवाल गौड़ ने कहा कि लगभग नौ दशकों से आकाशवाणी श्रोताओं तक सूचना, शिक्षा और मनोरंजन पहुंचा रहा है।

रेडियो की भूमिका के बारे में आप सब जानते ही हैं। पूरे देश में बल्कि पूरे विश्‍व में आकाशवाणी की अपनी एक आवाज़ है और उसके जरिये लोगों तक सूचना, मनोरंजन पहुंचाने का आकाशवाणी ने हमेशा से काम किया है। जन-सरोकारों से जुड़ा रहा है आकाशवाणी, हम लोग दोबारा उसी की प्रतिबद्धता दोहराते हैं।  

****

हमारे संवाददाता ने बताया है कि उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के गजरौला के राम सिंह बौद्ध को रेडियो मैन के नाम से भी जाना जाता है। उन्‍होंने मन की बात रेडियो संग्रहालय तैयार किया है। इस संग्रहालय का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी भी अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उनका उल्‍लेख कर चुके हैं।

अमरोहा के गजरौला में राम सिंह बौद्ध के मन की बात रेडियो संग्रहालय में एक हज़ार दो सौ सत्तावन यूनीक रेडियो सेट संरक्षित हैं, जबकि कुल रेडियो सेट की संख्या चौदह सौ से अधिक है। संग्रहालय में सबसे छोटा तीन इंच और सबसे बड़ा डेढ़ मीटर का रेडियो मौजूद है। राम सिंह बौद्ध बताते हैं कि उन्हें एंटीक रेडियो और अन्य सामान को एकत्र करने का शौक वर्षों से था, लेकिन प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम से प्रेरणा लेकर, उन्होंने रेडियो सेट का यह संग्रहालय बनाया। उनका मानना है कि अपनी बात आम लोगों तक पहुंचाने का रेडियो सशक्त माध्यम है।

गांवों, कस्‍बों में आज भी रेडियो सुना जाता है, जो सबसे सस्‍ता और सुलभ सुविधाजनक है। जिनके पास अक्षर ज्ञान नहीं है, जो अखबार नहीं पढ़ सकते, लेकिन रेडियो सुन सकते हैं। जो लोग अपनी दृष्टिहीनता के कारण खबर नहीं देख सकते, टेलीविज़न नहीं देख सकते, रेडियो उनका भी साथी है। इसी उपयोगिता को देखते हुए मैंने अपने यहां रेडियो संग्रहालय स्‍थापित किया है।

 

राम सिंह बौद्ध कहते हैं कि उन्होंने यह रेडियो देशभर में घूम-घूम कर एकत्रित किए हैं और इस रेडियो संग्राहलय को बनाने का उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को रेडियो के अनूठे इतिहास से परिचित कराना है। ओम अवस्थी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।

****

और अब खबरें महाकुंभ से-

प्रयागराज महाकुंभ में श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए अब ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा के साथ शटल बसें भी उपलब्ध होंगी, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के संगम तक पहुंच सकें। यह निर्णय पुलिस कमिश्नर द्वारा पुलिस अधिकारियों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ की गई बैठक में लिया गया।

 

महाकुंभ में नई व्यवस्था से श्रद्धालुओं के पास संगम तक पहुंचने के लिए अधिक सुविधाजनक विकल्प मौजूद होंगे और लोगों को अधिक पैदल नहीं चलना पड़ेगा। श्री मादंड ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब पार्किंग स्थलों से संगम तक शटल बसों के साथ ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा भी चलाए जाएंगे। ये वाहन जीटी जवाहर तक श्रद्धालुओं को सुगमता से पहुंचाएंगे। उन्होंने बताया कि आज से शहर में सभी कार्यालय और प्रतिष्ठान खुल जाएंगे। वहीं, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की 14 फरवरी से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षाओं पर जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ट्रैफिक व्यवस्था को विशेष रूप से मॉनिटर करेगा। आदर्श के साथ अभिषेक कपिल, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।

****

भारतीय रिजर्व बैंक ने सरकारी कामकाज के लिए सभी बैंकों को इस वर्ष 31 मार्च को अपनी सभी शाखाएं खुले रखने का परामर्श जारी किया है। केन्‍द्रीय बैंक ने कहा कि सरकारी प्राप्तियों और भुगतान से जुडी सेवाएं देने वाले बैंकों की सभी शाखाएं 31 मार्च को खुली रहे ताकि वित्‍तीय वर्ष 2024-25 के भुगतानों और प्राप्तियों का निपटारा किया जा सके।

****

उत्‍तराखंड में चल रहे 38वें राष्ट्रीय खेलों में, कोसंबिया ने एरोबिक जिमनास्टिक स्पर्धा में स्वर्ण पदक, ग्रुप एरोबिक जिमनास्टिक श्रेणी में रजत पदक और ट्रायो जिमनास्टिक स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। कोसंबिया उन 59 पुरुष और महिला खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें हाल ही में गुजरात के आयकर विभाग ने मेरिटोरियस स्पोर्ट्स कोटा भर्ती नीति के तहत भर्ती किया है।

****

और अब आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ

धन्‍यवाद फरहत, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की ऐतिहासिक फांस यात्रा को आज सभी अख़बारों ने अपनी सुर्खी बनाया है। अमर उजाला लिखता है- मोदी ने फ्रांस से की भारतीय पिनाका रॉकेट लॉन्‍चर खरीदने की पेशकश- राजस्‍थान पत्रिका की सुर्खी है। संगम की बूंदों में अनंत विश्‍वास का जन-सागर, दो करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने माघी पूर्णिमा पर लगाई डूबकी- अमर उजाला ने महाकुम्‍भ शीर्षक से ये ख़बर सचित्र प्रकाशित की है। पांच महीने के निचले स्‍तर पर खुदरा मंहगाई, खाद्य वस्‍तुओं की कीमतों में नरमी से मंहगाई बढ़ने की रफ्तार हुई सुस्‍त- राजस्‍थान पत्रिका की ख़बर है। सर्द हवाओं की दस्‍तक से पारा लुढका, 48 घंटे में फिर बढ़कर होगा तीस पार- नवभारत टाइम्‍स में है।

****

मुख्य समाचार एक बार फिरः-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय वार्ता करने के लिए वाशिंगटन डीसी पहुंचे; भारत-अमरीका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी एजेंडे में शीर्ष पर। 
  • अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध पर चर्चा के लिए रूस और यूक्रेन के राष्‍ट्रपति के साथ फोन पर बातचीत की। 
  • आयकर विधेयक, 2025 आज लोकसभा में पेश किया जाएगा। 
  • आज विश्व रेडियो दिवस है। विषय है -रेडियो और जलवायु परिवर्तन।
  • और, राष्ट्रीय खेलों में, उत्तर प्रदेश के सचिन यादव ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा; गुजरात के कोसंबिया ने एरोबिक जिम्नास्टिक में स्वर्ण पदक जीता।