Download
Mobile App

android apple
signal

February 11, 2025 9:50 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज पेरिस में फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ वार्ता करेंगे। प्रधानमंत्री ए. आई. शिखर सम्‍मेलन की सह-अध्‍यक्षता भी करेंगे।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्ली में यूनानी दिवस पर, दो दिन के अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगी।
  • भारत ने पहला स्‍वदेशी स्वचालित जैव अपशिष्ट कचरा निस्‍तारण संयंत्र का शुभारंभ किया।
  • भारत ऊर्जा सप्‍ताह-2025 आज से नई दिल्‍ली में शुरू होगा। इसमें अत्‍याधुनिक प्रौद्योगिकी के साथ सात सौ प्रदर्शक भाग लेंगे।
  • और, बैडमिंटन एशिया मिक्‍स्‍ड टीम चैंपियनशिप आज से चीन में। लक्ष्‍य सेन और मालविका बंसोड़ भारतीय चुनौती का नेतृत्‍व करेंगे।

****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ वार्ता करेंगे। इस वार्ता का उद्देश्य भारत और फ्रांस के संबंधों को और मजबूत करना है। वे कई प्रमुख द्विपक्षीय वार्ताओं में भी भाग लेंगे। इस दौरान भारत और फ्रांस के बीच कई महत्वपूर्ण द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर होने की भी संभावना है। प्रधानमंत्री मोदी आज वहां ए. आई. एक्शन शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले हैं। भारत इस सम्मेलन की सह-अध्यक्षता कर रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि सम्मेलन का उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में वैश्विक मानक स्थापित करना और उत्तरदायित्वपूर्ण ए. आई. के विकास को बढ़ावा देना है।

 

प्रधानमंत्री मोदी आज ए आई एक्शन शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करने वाले हैं। कृत्रिम बुद्धिमत्ता के कारण दुनिया तेजी से बदल रही है और लोगों की निजता, पूर्वाग्रह तथा रोजगार पर खतरे जैसी समस्याओं को लेकर चिंता पैदा हो रही है। ऐसे में प्रधानमंत्री विश्व के अन्य नेताओं के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में वैश्विक मानक स्थापित करने और उत्तरदायित्वपूर्ण कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विकास को बढ़ावा देने के मुद्दों पर बातचीत करेंगे। शिखर सम्मेलन में एक घोषणापत्र और ए आई फाउंडेशन पर महत्वपूर्ण घोषणा भी जारी होने की संभावना है। प्रधानमंत्री राष्ट्रपति मैक्रों के साथ बातचीत सहित कई प्रमुख द्विपक्षीय वार्ताओं में भी भाग लेंगे जिनका लक्ष्य भारत और फ्रांस के संबंधों को मजबूत करना है। दोनों नेता भारत-फ्रांस सीईओ फोरम की भी सह-अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की रूपरेखा के अनुसार भारत और फ्रांस के बीच रक्षा समझौतों सहित कई महत्वपूर्ण द्विपक्षीय संधियों पर हस्ताक्षर होने की भी संभावना है। इन बैठकों के बाद शाम को प्रधानमंत्री फ्रांस के ऐतिहासिक शहर मार्सिले भी जाएंगे। वे वहां पर राष्ट्रपति मैक्रों के साथ कई कार्यक्रमों में भाग लेने वाले हैं। प्रधानमंत्री का आज का व्यस्त एजेंडा भारत की गतिशील और दूरदर्शी कूटनीति को दर्शाता है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता के लिए वैश्विक मानक स्थापित करने से लेकर रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने तक प्रधानमंत्री की गतिविधियां सुरक्षित, नवोन्मेषी और परस्पर जुड़ी दुनिया को बढ़ावा देने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती हैं। पेरिस से राजादुरई की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से चिराग झा।

 

पेरिस पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का भव्य स्वागत किया गया। पेरिस में बेहद सर्द मौसम के बावजूद भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का गर्मजोशी के साथ अभिनंदन किया।

 

प्रधानमंत्री ने बाद में सोशल मीडिया पर प्रवासी भारतीयों के प्रति आभार व्‍यक्‍त किया और उनकी भावना पर गर्व जताया। इसके बाद वे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों की ओर से ए. आई. शिखर सम्मेलन में भाग ले रहे नेताओं के लिए दिए गए रात्रिभोज में शामिल हुए। फ्रांस यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के निमंत्रण पर दो दिनों के लिए अमरीका जाएंगे।

****

नई दिल्‍ली में कल हुई चौथी भारत-ब्रिटेन ऊर्जा वार्ता की सह-अध्यक्षता केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल और ब्रिटेन के ऊर्जा सुरक्षा मंत्री एड मिलिबैंड ने की। इस दौरान हुई बातचीत ऊर्जा और नवीकरणीय ऊर्जा सहित दोनों देशों के ऊर्जा क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा पर केंद्रित रही। मंत्रियों ने यह सुनिश्चित करने के महत्व को रेखांकित किया कि ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक विकास एक साथ आगे बढ़ें, जबकि सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा तक सबकी पहुंच बनी रहे।

****

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज शाम नई दिल्ली में यूनानी दिवस पर दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगी। इस अवसर पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी उपस्थित रहेंगे।

 

प्रसिद्ध यूनानी चिकित्सक, शिक्षक और स्वतंत्रता सेनानी हकीम अजमल खान की जयंती के उपलक्ष्य में हर साल 11 फरवरी को यूनानी दिवस मनाया जाता है। आयुष मंत्रालय में केंद्रीय यूनानी चिकित्सा अनुसंधान परिषद इस सम्‍मेलन की मेजबानी कर रहा है। सम्‍मेलन का विषय “स‍मेकित स्वास्थ्य समाधान के लिए यूनानी चिकित्सा में नवाचार – आगे की राह” है। यह सम्मेलन संवाद, सहयोग और ज्ञान के आदान-प्रदान का काम करेगा, जिसका उद्देश्य वैश्विक स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने में यूनानी चिकित्सा की महत्वपूर्ण भूमिका को उजागर करना है।

****

केन्द्रीय मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कल नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थान में देश के पहले स्वदेशी स्वचालित जैव अपशिष्ट कचरा निस्‍तारण संयंत्र – सृजनम का शुभारंभ किया। तिरुवनंतपुरम में वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय अंतर-अनुशासनात्‍मक विज्ञान और प्रौद्योगिकी संस्थान, की ओर से विकसित यह देश में अपनी तरह का पहला संयंत्र है।

 

इस अवसर पर डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कचरे से कंचन की ओर बदलाव का आह्वान किया और स्थिरता तथा पर्यावरण संबंधी चिंताओं के महत्व पर बल दिया।

 

सृजनम संयंत्र को रोगजनक बायोमेडिकल अपशिष्ट को कीटाणुरहित करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।

****

भारत ऊर्जा सप्ताह 2025 आज से नई दिल्ली के यशोभूमि में शुरू होगा। चार दिन के इस विशाल सम्मेलन में 700 से अधिक प्रदर्शक और दुनिया भर के 70 हजार ऊर्जा पेशेवर भाग लेंगे। इसका उद्देश्य ऊर्जा क्षेत्र में नवाचारों का शामिल करना, साझेदारी बनाना और ऊर्जा के भविष्य को आकार देना है।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कल नई दिल्‍ली में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी इस चार दिवसीय सम्मेलन का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन मंत्रिस्तरीय और सीईओ की भागीदारी, प्रदर्शनी स्थल और सत्रों की संख्या के मामले में दुनिया भर में दूसरा सबसे बड़ा ऊर्जा सम्मेलन होगा।

****

नीति आयोग के उपाध्‍यक्ष सुमन बेरी, मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी बी. वी. आर. सुब्रह्मण्‍यम और सदस्‍य डॉ. विनोद कुमार पॉल ने कल नई दिल्‍ली में राज्‍यों और वहां के सरकारी विश्‍वविद्यालयों के माध्‍यम से गुणवत्तापूर्ण उच्‍चशिक्षा के विस्‍तार पर आयोग की रिपोर्ट जारी की। इस अवसर पर श्री बेरी ने उम्‍मीद जताई कि रिपोर्ट की सिफारिशों को केंद्रीय और राज्‍य सरकारों के मंत्रालयों की ओर से उत्‍साहपूर्वक लागू किया जाएगा।

****

और, अब खबरें महाकुंभ से…..

 

प्रयागराज महाकुंभ में कल माघी पूर्णिमा के अवसर पर होने वाले स्‍नान से पहले रेलवे ने तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किये हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने कल प्रयागराज रेलवे स्‍टेशन पर की गई व्‍यवस्‍था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्‍होंने भीड के कारण पैदा हुई स्थिति की समीक्षा की और रेलवे की तैयारियों के बारे में वरिष्‍ठ अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया।

 

श्री वैष्णव ने बताया कि केंद्र सरकार श्रद्धालुओं के लिए रेलवे स्टेशन पर सर्वोत्तम संभव व्यवस्था बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है।

 

अश्विनी वैष्णव

आठ स्‍टेशन्स पर बहुत अच्‍छे से रेलवे का व्‍यवस्‍थ‍ित तरीके से काम चल रहा है। राज्‍य प्रशासन के साथ, मेला प्रशासन के साथ मिलकर एकदम कॉडीनेटि‍व वे में चल रहा है। कही पर कोई दिक्‍कत नहीं है।

रेलवे बोर्ड के चेयरमैन और सीईओ सतीश कुमार ने बताया कि केवल एक स्टेशन प्रयागराज संगम शुक्रवार तक यात्रियों की आवाजाही के लिए बंद रहेगा। प्रयागराज जंक्शन सहित शहर के सभी आठ स्टेशन पूरी तरह चालू है। रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने कहा कि संगम क्षेत्र के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर 13 हजार से अधिक रेलकर्मि‍यों को तैनात किया गया है।

 

पूरी व्‍यवस्‍था की मॉनि‍टरिंग के लिए हम लोगों ने करीब बारह सौ सीसीटीवी कैमरें लगाए हैं जो उससे प्राप्‍त फीड को हम एनालिस करें और यहां पर एक सीनियर ऑफिसर हरदम तैयार रहते हैं। माननीय रेलमंत्री जी, चेयरमैन रेलवे बोर्ड और बाकी अधिकारी भी नियमित तौर पर यहां आते रहते हैं। साथ ही कुछ सीसीटीवी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर भी काम कर रहें हैं।

 

वहीं मध्य रेलवे के मुख्‍य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि कुंभ मेले स्वप्निल नीला ने बताया कि कुंभ मेले में भाग लेने वाले यात्रियों के लिए मध्य रेलवे कई विशेष ट्रेनें चला रहा है।

 

काफी सारी ट्रेनें स्‍पेशन चलाई जा रही हैं। आज चेन्‍नई से बनारस जाने वाली एक ट्रेन मध्‍य रेलवे होते हुए जाएगी इसी के साथ में मध्‍य रेलवे द्वारा सोलह गाडि‍यां जो की प्रयागराज उस क्षेत्र में जा रही है उन गाडियों को चलाया जा रहा है। 

 

रेल मंत्रालय ने यात्रियों को नई जानकारी के लिए आधिकारिक रेलवे स्रोतों और सोशल मीडिया हैंडल का उपयोग करने की सलाह दी है ताकि‍ वह सूचित रहें और अफवाहों से बचे। आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज के लिए आदर्श।    

****

बैडमिंटन एशिया मिक्स्ड टीम चैंपियनशिप 2025 आज से चीन के चिन-ताओ में शुरू होगी। लक्ष्य सेन और मालविका बंसोड़ प्रतियोगिता में भारतीय चुनौती का नेतृत्‍व करेंगे। लक्ष्‍य सेन, एचएस प्रणय के साथ पुरुष सिंगल्‍स में भारत का प्रतिनिधित्‍व करेंगे, जबकि मालविका बंसोड़ महिला सिंगल्‍स में चुनौती पेश करेंगी।

 

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोडी पुरुष डबल्‍स में खेलेगी। महिला डबल्‍स में तृषा जॉली और गायत्री गोपीचंद, ओलंपियन अश्विनी पोनप्पा और तनिषा क्रैस्टो के साथ भारत का प्रतिनि‍धित्‍व करेंगे।

****

इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में पंजाब एफसी और ओडिसा एफसी के बीच कल शाम भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में खेला गया मैच 1-1 गोल से ड्रॉ रहा।

****

धन्‍यवाद विशाल, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की फ्रांस यात्रा आज के सभी अखबारों के पहले पन्‍ने पर है। अमर उजाला की सुर्खी है- भारत और फ्रांस की रणनीतिक साझेदारी का रोडमैप होगा तैयार। वहीं, दैनिक जागरण ने लिखा है- फ्रांस यात्रा के बाद वाशिंगटन पहुंचेंगे प्रधानमंत्री। मोदी-ट्रंप वार्ता से निकलेगा ट्रेड वार का रास्‍ता। दिल्‍ली विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद आम आदमी पार्टी के पंजाब विधायकों को दिल्‍ली बुलाए जाने पर भी अखबारों की नजर है। दैनिक भास्‍कर ने लिखा है- केजरीवाल ने पंजाब के मुख्‍यमंत्री और विधायकों की आज बुलाई बैठक। परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री मोदी का मंत्र राष्‍ट्रीय सहारा ने बॉक्‍स में दिया है- चुनौतियों का सामना करने से मिलती है सफलता। बेंगलुरू में एयरो इंडिया शो 2025 को अखबारों ने सचित्र दिया है। शक्ति का महाकुंभ शीर्षक से राजस्‍थान पत्रिका लिखता है- 5वीं पीढ़ी के लड़ाकू विमानों रूसी सुखोई-57 और अमरीकी एफ-35 ने भारतीय आकाश में दिखाया दम। गड़बड़ कर रहीं लोन कंपनियों पर सख्‍ती- वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन का यह बयान हिन्‍दुस्‍तान के बिजनेस पन्‍ने पर है। वित्तमंत्री ने लोकसभा में कहा सोने की नीलामी में वित्तीय संस्‍थानों द्वारा निर्धारित प्रक्रियाओं के उल्‍लंघन पर होगी कार्रवाई। धन्‍यवाद नईम

****

मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज पेरिस में फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ वार्ता करेंगे। प्रधानमंत्री ए.आई. शिखर सम्‍मेलन की सह-अध्‍यक्षता भी करेंगे।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्ली में यूनानी दिवस पर, दो दिन के अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगी।
  • भारत ने पहला स्‍वदेशी स्वचालित जैव अपशिष्ट कचरा निस्‍तारण संयंत्र का शुभारंभ किया।
  • भारत ऊर्जा सप्‍ताह-2025 आज से नई दिल्‍ली में शुरू होगा। इसमें अत्‍याधुनिक प्रौद्योगिकी के साथ सात सौ प्रदर्शक भाग लेंगे।
  • और, बैडमिंटन एशिया मिक्‍स्‍ड टीम चैंपियनशिप आज से चीन में। लक्ष्‍य सेन और मालविका बंसोड़ भारतीय चुनौती पेश करेंगे।

****