मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परीक्षा पे चर्चा के आठवें संस्करण में आज सुबह विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे।
- प्रधानमंत्री आज से फ्रांस और अमरीका के महत्वपूर्ण राजनयिक दौरे पर, पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के साथ एआई एक्शन सम्मेलन 2025 की सह-अध्यक्षता करेंगे।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज प्रयागराज में महाकुंभ जाएंगी।
- रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज बेंगलुरु में एशिया के सबसे बड़े एयरो इंडिया शो का उद्घाटन करेंगे।
- इस्रायली सैनिकों की गजा के नेत्ज़ारिम कॉरिडोर से पूरी तरह वापसी।
- क्रिकेट में, भारत ने कटक में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरा एकदिवसीय मैच जीतकर श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बनाई।
*******
परीक्षा पे चर्चा के पिछले वर्ष के संस्करण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विद्यार्थियों से कहा था कि वो परीक्षा के समय मानसिक तनाव पर काबू पाने के लिए अपने आपको तैयार रखें। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी परीक्षा पे चर्चा के 8वें संस्करण में आज सुबह 11 बजे विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री परीक्षा की तैयारियों, तनाव से निपटने और व्यक्तिगत विकास पर अपने विचार साझा करने के लिए विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के साथ बातचीत करेंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आकाशवाणी, दूरदर्शन, स्वयं, स्वयं प्रभा, प्रधानमंत्री कार्यालय के यूट्यूब चैनल, शिक्षा तथा सूचना और प्रसारण मंत्रालयों के सोशल मीडिया चैनलों पर किया जाएगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस कार्यक्रम के लिए सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों से 36 विद्यार्थियों का चयन किया गया है जो प्रधानमंत्री से सीधे बातचीत करेंगे।
पांच करोड़ से अधिक लोगों की भागीदारी का यह कार्यक्रम एक जनान्दोलन के रूप में उभरा है, जो सीखने की प्रक्रिया को प्रेरित करता है। परीक्षा-पे चर्चा 2025 में सात व्यवहारिक सत्र होंगे। इनमें विभिन्न क्षेत्रों की प्रबुद्ध विद्वान जीवन और सीखने की प्रक्रिया के आवश्यक पहलुओं पर छात्रों का मार्गदर्शन करेंगे। पिछले कुछ वर्षों में परीक्षा-पे चर्चा कार्यक्रम तनाव को सकारात्मक ऊर्जा में बदलने के उद्देश्य से एक अवसर के रूप में विकसित हुआ है। कार्यक्रम के दौरान परीक्षा से जुड़े प्रश्नों का उचित समाधान प्रस्तुत कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नीति और व्यवहार के बीच के अंतर को दूर किया है। इससे छात्रों को परीक्षा के दबाव में भी आगे बढ़ने का अवसर मिला है। आकाशवाणी समाचार के लिए दिल्ली से सुपर्णा सेठिया।
परीक्षा पे चर्चा के पिछले वर्ष के संस्करण में श्री मोदी ने कहा था कि परीक्षा के समय मानसिक तनाव पर काबू पाने के लिए अपने आपको तैयार रखना जीवनशैली का एक हिस्सा है। प्रधानमंत्री ने उन्हें यह भी सलाह दी कि वे तनाव की तीव्रता का आकलन करके आगे बढें ताकि किसी भी तरह उनकी क्षमता प्रभावित न हो।
हमने अपने आप को एक तो किसी भी प्रकार के प्रेशर को झेलने के लिए सामर्थ्यवान बनाना है। मान के चलना चाहिए कि जीवन में आता रहता है। दबाव को हमने अपने तरीके से, स्थिति से जीतना है ये एक तो संकल्प करना है।
*******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर फ्रांस और अमरीका की यात्रा पर रवाना होंगे। प्रधानमंत्री के इस दौरे का उद्देश्य दोनों देशों के साथ भारत की रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी साझेदारी को मजबूत करना है। श्री मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ कल शुरू हो रही ए.आई. एक्शन सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे। प्रधानमंत्री महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता के अलावा मार्सिले में भारत के नए महावाणिज्य दूतावास का उद्घाटन भी करेंगे। एक रिपोर्ट……….
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा भारत की वैश्विक पहुंच और सहयोग को बढ़ाने में एक बड़ा कदम है। श्री मोदी कल फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ एआई एक्शन समिट की सह-अध्यक्षता करेंगे। इस सम्मेलन में एआई के लिए नैतिक और जिम्मेदार दिशा-निर्देश स्थापित करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, साथ ही फ्रांस में भारतीयों के रोजगार विस्थापन, सुरक्षा, गोपनीयता और मौलिक अधिकारों जैसे प्रमुख मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। फ्रांस में भारत के राजदूत संजीव कुमार सिंगला ने कहा कि एआई को खुला, सुरक्षित, समावेशी और भरोसेमंद रहना चाहिए।
भारत और फ्रांस के पुराने संबंध हैं और पिछले 25 सालों से हमारी के स्ट्रेजिक पार्टनरशिप है। इसी स्ट्रेजिक पार्टनरशिप का हिस्सा है कि हमने आने वाले 25 सालों के लिए एक रोडमैप तैयार किया है। यहां पे जो एआई समिट है जिसको भारत को चेयर कर रहा है फ्रांस के साथ में। उसमें हमारा उद्देश्य है कि हमारे जो कंसर्न हैं एक ग्लोबल साउथ के नाते उनको हम टेबल पर रखें।
राजदूत सिंगला ने मार्सिले में भारत के नए महावाणिज्य दूतावास के उद्घाटन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह दूतावास भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे-आईएमईसी के अंतर्गत एक मील का पत्थर है।
मार्सिले में हमारा एक कॉनसिलेट हो। ये काफी अरसे से डिमांड रही है। ये कॉनसिलेट जो है दक्षिण फ्रांस को सर्व करेगा। वहां तकरीबन हमारे 12 हजार लोग हैं और काफी मेजर इंड्रटिज हैं वहां पे, जैसे एयरो स्पेस है, केमिकल्स हैं, हेल्थ और बायोटेक्नॉलाजी के एरियाज हैं। मार्सिले फ्रांस का दूसरा सबसे बड़ा शहर है। और मेरिट्रेनियम का बड़ा मेजर पोर्ट है। ये जो हमारा विजन है जो की जी-20 जब हमने मेजबानी की थी। उस पे बायोमेक का हमने विजन दिया था। उसका एक मेजर हब बन सकता है।
प्रधानमंत्री मोदी शिखर सम्मेलन में भाग लेने और वाणिज्य दूतावास के उद्घाटन के अलावा फ्रांस में कई द्विपक्षीय बैठकें, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ गोलमेज बैठकें और अंतरराष्ट्रीय तापनाभिकीय प्रायोगिक संयंत्र-आई.टी.ई.आर. का दौरा भी करेंगे।
यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी 12 फरवरी को व्यापार, रणनीतिक सहयोग और प्रौद्योगिकी साझेदारी पर केंद्रित दो दिन की यात्रा पर अमरीका भी जाएंगे। फ्रांस में अभूतपूर्व पहलों को अंतिम रूप देने तथा अमरीका की रणनीतिक यात्रा के साथ ही भारत एक समावेशी, सुरक्षित और अभिनव भविष्य को आकार दे रहा है। पेरिस से राजादुरई की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से चन्द्रशेखर शर्मा।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
अंतर्राष्ट्रीय प्रशासनिक विज्ञान संस्थान-आई.आई.ए.एस और प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग-डी.ए.आर.पी.जी. का इंडिया सम्मेलन-2025 आज से नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू होगा। इस महीने की 14 तारीख तक चलने वाले इस सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह करेंगे। सम्मेलन का विषय है-अगली पीढ़ी के प्रशासनिक सुधार- अंतिम लक्ष्य तक पहुंचना।
*******
खबरें महाकुंभ से…..
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज महाकुंभ में त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगी और पूजा-अर्चना करेंगी। वे प्रयागराज में अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर के भी दर्शन करेंगी। श्रीमती मुर्मु डिजिटल महाकुंभ अनुभव केंद्र में आधुनिक तकनीक के ज़रिए महाकुंभ के बारे में गहन जानकारी प्राप्त करेंगी। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।
हमारे संवाददाता ने बताया कि महाकुंभ मेले में भारी संख्या में श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है।
महाकुंभ मेला में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी है। देश के विभिन्न राज्यों और दुनियाभर के देशों से श्रद्धालु, पवित्र संगम के आध्यात्मिक वातावरण में डुबकी लगा रहे हैं। अब तक 43 करोड़ से अधिक श्रद्धालु, त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान कर चुके हैं। महाकुम्भ में तीनों अमृत स्नान- मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या और बसंत पंचमी के बाद भी, श्रद्धालुओं के जोश और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दे रही है। मौनी अमावस्या के दिन सबसे अधिक आठ करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया, वहीं मकर संक्रांति पर साढ़े तीन करोड़ और बसंत पंचमी पर ढाई करोड़ लोगों ने, आस्था की डुबकी लगाई। राज्य सरकार का अनुमान है कि इस महाकुंभ में 50 करोड़ से ज्यादा लोग प्रयागराज आएंगे। 13 जनवरी से शुरू हुआ यह महाकुंभ का मेला 26 फरवरी तक चलेगा। दीपेन्द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
*******
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज बेंगलुरु में एशिया के सबसे बड़े एयरो इंडिया शो का उद्घाटन करेंगे। रनवे टू ए बिलियन अपॉच्र्युनिटीज की थीम पर आयोजित हो रहे इस पांच दिवसीय कार्यक्रम में भारत की रक्षा क्षमताओं और स्वदेशी नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस शो के माध्यम से भारतीय एमएसएमई और स्टार्ट अप को वैश्विक निर्माताओं के साथ संयुक्त उद्यम या सहयोग स्थापित करने और एक लचीली आपूर्ति श्रृंखला प्रदान करने का अवसर प्राप्त होगा। येलहंका वायु सेना केंद्र में अब कुछ ही देर में एयरो इंडिया शो आरंभ होने वाला है। आत्मनिर्भर भारत, मेक-इन-इंडिया और मेक-फॉर-द-वर्ल्ड उद्देश्य हेतु एयरो इंडिया शो की परिकल्पना की गई है। 42 हजार स्क्वायर मीटर में फैले इस विशाल भू-प्रदेश में 900 प्रदर्शक रक्षा क्षेत्र से जुड़े अपने उपकरण और यंत्र का परिचय दे रहे हैं। तीस राष्ट्रों से रक्षा मंत्री या उनके प्रतिनिधि यहां पहुंचे हैं। भारत में ही बने लाइट कोमबैट एयरक्राफ्ट, लाइट कोमबैट हेलीकॉप्टर प्रचंड, एडवांस लाइट हेलीकॉप्टर को यहां देखा जा सकता है। एडीए द्वारा डिजाइन किए गए फिफ्थ जनरेशन एडवांस मीडियम कोमबैट एयरक्राप्ट एमका को भी यहां रखा गया है। डीआरडीओ द्वारा विकसित मिसाइल्स भी यहां देखे जा सकते हैं। सुधींद्र, आकाशवाणी समाचार, बेंगलुरु।
*******
आकाशवाणी अपने द्विभाषी लाइव फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, आज सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ाने पर चर्चा करेगा। कार्यक्रम में नवीन तथा नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के अपर सचिव सुदीप जैन और राष्ट्रीय सौर ऊर्जा संस्थान के महानिदेशक प्रोफेसर मोहम्मद रेहान अतिथि होंगे, जो सौर ऊर्जा, इसके लाभों और इससे संबंधित सरकारी योजनाओं के बारे में श्रोताओं के प्रश्नों का उत्तर देंगे। कार्यक्रम का प्रसारण रात साढे नौ बजे किया जाएगा।
श्रोता टेलीफोन नंबर 011 – 23421050 और 011 – 23314444 पर अपने प्रश्न पूछ सकते हैं। व्हाट्सएप नंबर 9289094044 पर या हैशटैग आस्क एआईआर के साथ एक्स पर भी प्रश्न पोस्ट किये जा सकते हैं।
*******
इस्राइली सेना मध्य गजा में नेत्जारिम कॉरिडोर से वापस आ गई है। इस्राइल और हमास के बीच युद्धविराम समझौते के अंतर्गत इस्राइली सेना की वापसी हुई है। हमास ने इस्राइल के इस कदम की पुष्टि की है। फलस्तीन के पुलिस बल ने अब इस इलाके को अपने अधिकार में ले लिया है और वह फलस्तीनी नागरिकों की आवाजाही का प्रबंध देख रही हैं।
*******
क्रिकेट में भारत ने तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के दूसरे मैच में कल कटक में इंग्लैंड को 4 विकेट से हरा दिया।
इस जीत के साथ मेजबान टीम ने श्रृंखला में दो-शून्य की अजेय बढ़त बना ली। यह इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर भारत की एकदिवसीय श्रृंखला में लगातार सातवीं जीत है।
*******
नामीबिया के संस्थापक और पहले राष्ट्रपति सैम नुजोमा का 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। देश के वर्तमान राष्ट्रपति नांगोलो म्बुम्बा ने कल इसकी घोषणा की थी।
*******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- मुकेश कुमार।
- बीजापुर मुठभेड में 31 नक्सली मार गिराए गए, दो सुरक्षाकर्मी शहीद, जनसत्ता समेत लगभग सभी अखबारों के मुख पृष्ठ पर है। लोकसत्य ने इस सिलसिले में अमित शाह का वक्तव्य दिया है- नक्सलवाद को जड़ से समाप्त कर दिया जाएगा।
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे की खबर भी सभी अखबारों के पहले पन्ने पर है। दैनिक भास्कर लिखता है- मणिपुर… अविश्वास से एक दिन पहले सीएम का इस्तीफा। - दिल्ली में मुख्यमंत्री के नाम पर भाजपा में मंथन शुरू, अमित शाह से मिले नड्डा, हरिभूमि सहित कई अखबारों में है।
- वहीं वीर अर्जुन में है- आतिशी ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा।
- पंजाब केसरी और अन्य अखबारों ने लिखा है- पीएम मोदी आज छात्रों से करेंगे परीक्षा पे चर्चा।
- दैनिक ट्रिब्यून ने आज से बेंगलुरु में शुरू हो रहे एयरो इंडिया-2025 की खबर के हवाले से लिखा है- एयर चीफ मार्शल के साथ सेना प्रमुख ने तेजस में भरी उड़ान।
- भारत मंडपम में कल समाप्त हुए विश्व पुस्तक मेंले के बारे में अमर उजाला ने खबर दी है- विश्व पुस्तक मेला: हैरी पॉटर से लौटा युवाओं का बचपन, जमकर हुई खरीदारी।
- विज्ञान के क्षेत्र से राजस्थान पत्रिका ने लिखा है- आकाशगंगा से 13 हजार गुना लंबा…. ब्रह्मांड में सुपर स्ट्रक्चर।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परीक्षा पे चर्चा के आठवें संस्करण में आज सुबह विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे।
- प्रधानमंत्री आज से फ्रांस और अमरीका के महत्वपूर्ण राजनयिक दौरे पर, पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के साथ एआई एक्शन सम्मेलन 2025 की सह-अध्यक्षता करेंगे।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज प्रयागराज में महाकुंभ जाएंगी।
- रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज बेंगलुरु में एशिया के सबसे बड़े एयरो इंडिया शो का उद्घाटन करेंगे।
- इस्रायली सैनिकों की गजा के नेत्ज़ारिम कॉरिडोर से पूरी तरह वापसी।
- क्रिकेट में, भारत ने कटक में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरा एकदिवसीय मैच जीतकर श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बनाई।
*******