मुख्य समाचार:-
- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए 19 केन्द्रों पर वोटों की गिनती शुरू।
- भारत ने एक सौ गीगा वाट सौर ऊर्जा उत्पादन करके नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
- कैबिनेट ने राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग का कार्यकाल तीन वर्ष बढ़ाने की स्वीकृति दी।
- सिएटल में अमरीकी संघीय अदालत ने जन्म के आधार पर नागरिकता से संबंधित राष्ट्रपति ट्रम्प के कार्यकारी आदेश पर रोक लगाई इससे भारतीय वीजा़ धारकों को काफी राहत मिली।
- डब्ल्यू. टी. ए. मुंबई ओपन टेनिस में माया राजेश्वरन महिला सिंगल्स सेमीफाइनल में पहुंचीं।
- इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में मुंबई सिटी एफ.सी. ने शिलॉन्ग में नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड एफ.सी. को हराया।
*******
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए वोटों की गिनती लगभग इसी समय शुरू हो रही है। मतगणना 19 केंद्रों पर हो रही है। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की जा रही है। प्रारंभिक रूझान करीब एक घंटे बाद मिलने की संभावना है। दिल्ली में मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी तथा कांग्रेस के बीच है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि अधिकारियों ने मतों की गिनती को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
19 मतगणना केंद्रों पर केंद्रीय सशक्त पुलिस बलों की 38 कंपनियां तैनात की गई हैं। सुचारू और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय पुलिस उम्मीदवारों और जिला चुनाव अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही है। चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों के रूप केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल सुरक्षा प्रदान कर रहा है जबकि स्थानीय पुलिस परिषद और पहले प्रवेश बिंदु की सुरक्षा कर रही है। प्रत्येक मतगणना केंद्र से 100 मीटर की दूरी पर बैरिकेट्स लगाए गए हैं। जिससे केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति मिल रही है। अक्षित वैद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
उत्तर प्रदेश में मिल्कीपुर और तमिलनाडु में इरोड विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव के मतों की गिनती भी शुरू हो गई है।
*******
भारत ने एक सौ गीगा वाट से अधिक सौर ऊर्जा उत्पादन करके एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है। इससे अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर भारत की स्थिति सुदृढ़ हुई है। नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने एक वक्तव्य में कहा कि यह उपलब्धि स्वच्छ, हरित भविष्य के प्रति देश की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2030 तक पांच सौ गीगावॉट गैर-जीवाश्म ईंधन-आधारित ऊर्जा क्षमता के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि पिछले दस वर्षों में भारत की ऊर्जा यात्रा ऐतिहासिक और प्रेरणादायक रही है। उन्होंने कहा कि सौर पैनल, सौर पार्क और रूफटॉप सौर जैसी परियोजनाएं क्रांतिकारी बदलाव लेकर आई हैं। उन्होंने कहा कि भारत न केवल आत्मनिर्भर बन रहा है बल्कि दुनिया को हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नई राह भी दिखा रहा है। भारत ने सौर विनिर्माण में भी महत्वपूर्ण प्रगति की है। सुपर्णा सेठिया के साथ, समाचार कक्ष से, अलका सिंह।
*******
“सरकार ने सफाई कर्मचारियों के राष्ट्रीय आयोग का कार्यकाल 31 मार्च 2028 तक तीन वर्ष के लिए बढ़ाने को स्वीकृति दे दी है। कल नई दिल्ली में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं को जानकारी देते हुए सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि इससे सफाई कर्मचारियों का सामाजिक और आर्थिक उत्थान होगा, स्वच्छता के क्षेत्र में कार्य परिस्थितियों में सुधार होगा और खतरनाक स्थानों पर सफाई करते समय किसी प्रकार की दुर्घटना से बचने का लक्ष्य हासिल होगा। केन्द्र ने वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक की अवधि के लिए स्किल इंडिया कार्यक्रम में आठ हजार आठ सौ करोड़ रुपये की भी मंजूरी दी है। श्री वैष्णव ने कहा कि यह देश भर में मांग-संचालित, प्रौद्योगिकी-सक्षम और औद्योगिक प्रशिक्षण को एकीकृत करके एक कुशल भविष्य के लिए तैयार कार्यबल बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।”
स्किल इंडिया प्रोग्राम को आठ हजार आठ सौ करोड़ रुपये नया अप्रूवल मिला है और इसमें बड़ा फोकस लाया गया है कि कन्वर्जन्स पर बहुत ध्यान हो, क्वालिटी पर बहुत ध्यान हो और इस तरह से हो कि जिससे कार्डिनेशन बने विभिन्न सेक्टर्स में।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार से फ्रांस और अमरीका की यात्रा पर जाएंगे। उनकी यह यात्रा आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, रक्षा व्यापार और सामरिक भागीदारी पर विशेष रूप से केन्द्रित होगी। श्री मोदी पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैंक्रा के साथ ए.आई. एक्शन शिखर बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी फ्रांस से वाशिंगटन के लिए रवाना होंगे, जहां वे अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प से मुलाकात करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि दोनों नेताओं की द्विपक्षीय बातचीत में व्यापार, रक्षा सहयोग और आव्रजन मुद्दे शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी की फ्रांस और अमेरिका की यात्रा एआई, रक्षा, व्यापार और लोगों से लोगों के संबंधों में भारत के बढ़ते वैश्विक नेतृत्व को दर्शाती है। पेरिस में एआई शिखर सम्मेलन एक ऐतिहासिक कार्यक्रम है, जो नैतिक एआई के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को उजागर करेगा। मार्सिले में एक नए वाणिज्य दूतावास के खुलने से भारत की राजनयिक उपस्थिति को बढ़ावा मिलेगा, जिससे दक्षिणी फ्रांस में भारतीय व्यवसायों और प्रवासी भारतीयों का समर्थन करना आसान हो जाएगा। वाशिंगटन में, ट्रम्प के दूसरे कार्यकाल में भारत-अमेरिका संबंधों के लिए एक स्पष्ट दिशा तय करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
*******
अमरीका के सिएटल में एक संघीय अदालत ने जन्म के आधार पर नागरिकता हासिल करने के अधिकार को समाप्त करने वाले राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के कार्यकारी आदेश पर अनिश्चित काल के लिए रोक लगा दी है। यह अमरीका में वीजा पर रहने वाले और ग्रीन कार्ड की प्रतीक्षा कर रहे भारतीय छात्रों और पेशेवरों के लिए राहत भरी खबर है।
*******
दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम के रुझान आने लगे हैं। अभी तक 16 सीटों के रुझान प्राप्त हुए हैं। भारतीय जनता पार्टी 9 और आम आदमी पार्टी 7 सीटों पर आगे है।
*******
खबरें महाकुंभ से–
ग्रामीण विकास और पंचायती राज विकास मंत्रालय ने प्रयागराज में महाकुम्भ में एक पैवेलियन लगाया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इसमें सरकारी योजनाओं और सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त आदर्श गांव का मॉडल प्रदर्शित किया गया है।
“ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा लगाया गया मंडप में आदर्श गांव को दर्शाया गया है। इसमें विद्यालय, पंचायत घर, आंगनबाड़ी और महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत दिए जा रहे रोजगार के अवसरों सहित विभिन्न सुविधाओं को दर्शाया गया है। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए मंडप की प्रतिनिधि रिया सिंह ने बताया कि इस मंडप में ग्रामीण क्षेत्रों में लागू की जाने वाली सभी सरकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया है।“
मंडप में आए एक आगंतुक संदीप ने बताया कि यह प्रदर्शनी गांव की वास्तविक संस्कृति को दर्शाती है।
आदर्श गांव का यह मॉडल आर्थिक और सामाजिक रूप के शिक्षा कौशल प्रशिक्षण और बुनियादी ढांचे के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत गांव में हो रहे विकास को प्रदर्शित कर रहा है। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
*******
मुम्बई में एल.एण्ड.टी. मुम्बई ओपन टेनिस टूर्नामेंट में माया राजेश्वरन महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। माया ने क्वार्टर फाइनल में जापान की मेई यामागूची को पराजित किया।
*******
इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में आज हैदराबाद में हैदराबाद एफसी का मुकाबला मोहम्मडन एफसी से होगा। यह मैच शाम 7 बजे से खेला जायेगा। एक अन्य मैच में कोलकाता में शाम 7 बजे ईस्ट बंगाल और चेन्नईयन एफसी आमने सामने होंगे।
*******
मौसम :-
मौसम विभाग ने आज ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में घने कोहरे अनुमान व्यक्त किया है। अरुणाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर असम में अगले दो-तीन दिन में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ :-
- दिल्ली विधानसभा के लिए हुए चुनावों के नतीजे आज सभी अखबारों की सुर्खियां हैं। दैनिक भास्कर की सुर्खी है- दिल्ली का फैसला, आज पता चलेगा आप का चौका या भाजपा चौकाएगी। राजस्थान पत्रिका की खबर है कि दिल्ली के दिल का राज खुलेगा तो धडकनें दूर तक महसूस होंगी।
- रिजर्व बैंक द्वारा कल घोषित मौद्रिक नीति को प्रमुखता से देते हुए अमर उजाला कहता है – पांच साल में पहली बार रेपो दर में कटौती आय कर में राहत के बाद अब कर्ज भी सस्ता।
- फरीदाबाद में शुरू हुए सूरज कुंड मेले को नवभारत टाइम्स ने सचित्र देते हुए लिखा है- किसी मेले में जाए.. चलो कहीं घूम के आयें हम।
- अमरीका द्वारा भेजे गए एक सौ से अधिक अवैध प्रवासी भारतीयों के बाद ट्रैवल एजेंटों पर केस और एसआईटी बनाने को हिंदुस्तान ने प्रमुखता से दिया है।
*******
मुख्य समाचार एक बार फिरः-
- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए 19 केन्द्रों पर वोटों की गिनती शुरू हो गई है, ताजा स्थिति के अनुसार 21 सीटों के रुझान आए हैं, इनमें भारतीय जनता पाटी 12 और आम आदमी पार्टी 9 सीटों पर आगे है।
- भारत ने एक सौ गीगा वाट सौर ऊर्जा उत्पादन करके नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।
- कैबिनेट ने राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग का कार्यकाल तीन वर्ष बढ़ाने की स्वीकृति दी है।
- सिएटल में अमरीकी संघीय अदालत ने जन्म के आधार पर नागरिकता से संबंधित राष्ट्रपति ट्रम्प के कार्यकारी आदेश पर रोक लगाई, इससे भारतीय वीजा़ धारकों को काफी राहत मिली।
- डब्ल्यू. टी. ए. मुंबई ओपन टेनिस में माया राजेश्वरन महिला सिंगल्स सेमीफाइनल में पहुंचीं।
- इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में मुंबई सिटी एफ. सी. ने शिलांग में नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड एफ. सी. को हराया।
*******