Download
Mobile App

android apple
signal

February 7, 2025 9:02 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देश के विकास में मध्यम वर्ग की भूमिका की सराहना की; कहा उनकी आकांक्षाएं देश की प्रगति के लिए सबसे मजबूत आधार हैं।
  • रिजर्व बैंक आज वित्तीय वर्ष 2025 के अपने छठे और आखिरी द्विमासिक मौद्रिक नीति निर्णय की घोषणा करेगा।
  • सरकार ने कहाईपीएफओ ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में 5 करोड़ से अधिक दावों के निपटान में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।
  • भारत ने बांग्लादेश में शेख मुजीबुर्रहमान के आवास पर उपद्रवियों द्वारा किए गए हमले की कड़ी निंदा की।
  • अमरीकी राष्‍ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय पर अमेरिका और इज़राइल को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए प्रतिबंध लगाया।
  • नौवें एशियाई शीतकालीन खेल आज से चीन के हार्बिन शहर में शुरू होंगे।

*****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देश के विकास में मध्‍यम वर्ग की भूमिका की सराहना की है और कहा है कि उनकी आकांक्षाए राष्‍ट्र की प्रगति को गति दे रही हैं। कल राज्‍यसभा में राष्‍ट्रपति के धन्‍यवाद प्रस्‍ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने मध्‍यम वर्ग को अधिक धन देकर सशक्‍त बनाने के सरकार के फैसले का उल्‍लेख किया। श्री मोदी ने कहा कि देश में एक नया मध्‍यम वर्ग उभरा है और उनकी सरकार इस नए वर्ग के साथ मजबूत प्रतिबद्धताओं के साथ खडी है।

25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालना यह हमारे लिये गर्व का विषय है कि हमने एक बहुत बड़ा काम किया है और आज गरीबी से निकलकर वो एक न्‍यू मिडिल क्‍लास हमारे देश में अर्जित हुआ है। हमारे न्‍यू मिडिल क्‍लास और मिडिल क्‍लास की आकांक्षाएं, आज देश के लिए गति देने वाली शक्ति है, हमारे देश की एक नई ऊर्जा है, देश की प्रगति का सबसे बड़ा आधार है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा के नेतृव  में एनडीए सरकार के विकास का मॉडल राष्‍ट्र प्रथम है जो तुष्टिकरण की बजाए संतुष्टिकरण पर केंद्रित है। श्री मोदी ने कहा कि लोगों ने इस मॉडल की जांच की है, इसे समझा है तथा समर्थन दिया है और इसीलिए सरकार को तीसरी बार जनादेश प्रदान किया है।

नेशन फर्स्ट, इसी एक उम्‍दा भावना और समर्पित भाव से हमने लगातार अपनी नीतियों में, अपने कार्यक्रमों में, हमारी वाणी में, वर्तन में इसी एक बात को मानदण्‍ड मान करके देश की सेवा करने का प्रयास किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों की भलाई के लिए संसाधनों का पूरा उपयोग करना और वंचित समुदायों के अधिकरों को सुरक्षित रखना सरकार की प्रतिबद्धता है। श्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हितों को संरक्षण प्रदान करने के लिए उनसे संबंधित कानूनों को मजबूत किया है। श्री मोदी ने दिव्‍यांगजनों के कल्‍याण के लिए सरकार के प्रयासों के बारे में भी बात की।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सबका साथ सबका विकास का मॉडल कांग्रेस के समझ से परे है क्‍योंकि पूरी पार्टी ही केवल एक परिवार के लिए समर्पित है। उन्‍होंने कांग्रेस सरकार की आर्थिक नीतियों और लाइसेंस कोटा राज को लेकर भी कांग्रेस पर हमला किया और कहा कि इससे देश की आर्थिक प्रगति और विकास पर असर पडा है तथा भ्रष्‍टाचार को बढावा मिला है। उन्‍होंने देश में आपातकाल लागू करने के लिए कांग्रेस सरकार को निशाने पर लिया।

कांग्रेस ने राजनीति का एक ऐसा मॉडल तैयार किया था, जिसमें झूठ, फरेब, भ्रष्टाचार, परिवारवाद, तुष्टीकरण सबका घालमेल था। जहां सबका घालमेल हो वहां सबका साथ हो ही नहीं सकता।

प्रधानमंत्री ने अंत में कहा कि राष्‍ट्रपति का अभिभाषण देश की उपलब्धियों, भारत से विश्‍व की उम्‍मीदों, देश की आम जनता के आत्‍मविश्‍वास और विकसित भारत के संकल्‍प का विस्‍तृत ब्‍यौरा था।

प्रधानमंत्री के जवाब के बाद राज्‍यसभा में राष्‍ट्रपति के अभिभाषण पर धन्‍यवाद प्रस्‍ताव पारित हो गया और कई विपक्षी सांसदों के संशोधनों को ध्‍वनिमत से खारिज कर दिया गया।

*****

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि अवैध नागरिकों को वापस स्‍वदेश भेजने की प्रक्रिया अंतर्राष्‍ट्रीय संबंधों के सामान्‍य सिद्धांत पर आधारित है और यह कोई नई बात नहीं है। यह देशों के सामूहिक हित में है कि वे वैधानिक आवागमन बढाएं और अवैध आवाजाही को रोकें।

अमरीका से भारतीय नागरिकों को वापस भेजने के बारे में कल राज्‍यसभा में उन्‍होंने बताया कि भारत सरकार अमरीकी अधिकारियों के साथ मिलकर यह सुनिश्चित कर रही है कि वापस भेजे जा रहे भारतीयों के साथ कोई दुर्व्यवहार न हो। उन्‍होंने अवैध रूप से बाहर भेजने वाले उद्योगों पर शिंकजा कसने और देशों के बीच अवैध आवागमन को रोकने की जरूरत पर जोर दिया।     

*****

रिजर्व बैंक अपनी मौद्रिक नीति समिति की बैठक में लिए गए निर्णय की आज घोषणा करेगा। लगभग पांच वर्षों के अंतराल के बाद ब्याज दर में 25 आधार अंकों की कटौती की उम्मीद की जा रही है। रिजर्व बैंक के नये गवर्नर संजय मल्होत्रा ने अपनी मौद्रिक नीति समिति की तीन दिवसीय बैठक की अध्यक्षता की। वे आज छह सदस्यीय पैनल के निर्णय की घोषणा करेंगे।

रिजर्व बैंक ने पिछली बार मई 2020 में रेपो दर में 40 आधार अंकों की कटौती कर उसे 4 प्रतिशत कर दिया था, ताकि कोविड महामारी और उसके बाद लॉकडाउन से प्रभावित अर्थव्यवस्था को संकट से उबारा जा सके।

*****

श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कल घोषणा करते हुए कहा कि कर्मचारी भविष्‍य निधि संगठन-ईपीएफओ ने वित्‍तीय वर्ष 2024-25 में पांच करोड से अधिक दावों का निपटारा कर एक कीर्तिमान स्‍थापित किया है। पिछले वर्ष संगठन ने चार करोड 45 लाख दावों का निपटारा किया था। डॉ. मांडविया ने कहा कि दावों के समाधान की प्रक्रिया को सरल बनाकर और शिकायतों की संख्‍या कम करके कर्मचारी भविष्‍य निधि संगठन ने ये सफलता प्राप्‍त की है।

पिछले एक साल में पांच करोड़ से अधिक क्‍लेम सेटल करके ईपीएफओ ने एक नया इतिहास रचा है। ईपीएफओ के सभी ऑफिशियल्स, कर्मचारी उसको मैं अभिनंदन करता हूं और ईपीएफओ प्लेटफार्म को रिफॉर्म करने के लिए जनता की ओर से हमें कई सुझाव मिला था कि सब सुझाव देने वाले सभी लाभार्थियों को भी मैं अभिनंदन करता हूं।

*****

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*****

दिल्‍ली विधानसभा चुनाव की कल होने वाली मतगणना की सभी तैयारी पूरी हो गई है। दिल्‍ली की मुख्‍य चुनाव अधिकारी आर एलिस वाज ने बताया कि 70 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के फॉर्म 17 सी सहित चुनावी दस्‍तावेजों की जांच की जा रही है। उन्‍होंने कहा कि जांच के दौरान चुनाव आयोग के केंद्रीय प्रेक्षक, उम्‍मीदवार और उनके एजें‍ट तथा चुनाव अधिकारी उपस्थित थे। सीईओ वाज ने कहा कि जांच प्रक्रिया के दौरान किसी भी उम्‍मीदवार ने कोई शिकायत नहीं की है। इलेक्‍ट्रोनिक वोटिंग मशीनों-ईवीएम को आयोग और पुलिस अधिकारियों की कडी निगरानी में स्‍ट्रांग रूम में रखा गया है। मतगणना के लिए दिल्‍ली के 11 जिलों में 19 केंद्र बनाए गए हैं।

सुश्री वाज ने कहा कि मतगणना पर्यवेक्षकों, मतगणना सहायकों, माइक्रो प्रेक्षकों, डाटा कार्मचारियों और अन्‍य कर्मियों सहित करीब 12 हजार कर्मचारियों को मतगणना कार्य में लगाया गया है और मतगणना प्रक्रिया के लिए प्रशिक्षित किया गया है।

*****

भारत ने बांगलादेश में उपद्रवियों द्वारा शेख मुजीबउररहमान के आवास को ध्‍वस्‍त किए जाने की निन्‍दा की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया को बताया कि बांगलादेश मुक्ति संग्राम के महानायक के आवास को ध्‍वस्‍त किया जाना अफसोसजनक है। प्रवक्‍ता ने यह भी कहा कि बांगला पहचान के लिए लड़े गए मुक्ति संग्राम को मूल्‍य देने वाले जानते हैं कि यह आवास बांगलादेश की राष्‍ट्रीय चेतना के लिए कितना महत्‍वपूर्ण रहा है। श्री जायसवाल ने कहा कि इस कार्रवाई की निन्‍दा की जानी चाहिए।  

*****

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने अंतर्राष्ट्रीय अपराध न्यायालय-आईसीसी पर प्रतिबंध लगाने से संबंधित कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर दिये हैं। आदेश में अंतर्राष्ट्रीय अपराध न्यायालय पर अमरीका और उसके निकट सहयोगी देश इस्राइल को निशाना बनाकर अवैध और निराधार कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। आदेश में कहा गया है कि उन लोगों और उनके परिवारों पर वित्तीय और वीजा प्रतिबंध लगाया जायेगा जो अमरीका और उसके सहयोगी देशों के नागरिकों की आईसीसी जांच में मदद करते हैं। ट्रम्प के आदेश में कहा गया है कि अमरीका या इस्राइल आईसीसी के अधिकार क्षेत्र में नहीं आते हैं। आदेश में यह भी कहा गया है कि आईसीसी ने दोनों देशों के खिलाफ अपनी कार्रवाई से बडी मिसाल कायम की है। अमरीका और इस्राइल न तो आईसीसी के सदस्य हैं और न ही दोनों देश आईसीसी को मान्यता देते हैं।

अंतर्राष्ट्रीय अपराध न्यायालय ने पिछले साल नवंबर में गजा में कथित युद्ध अपराधों को लेकर नेतन्याहू के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। न्यायालय ने हमास कमांडर के खिलाफ भी वारंट जारी किया था। अक्टूबर 2023 में हमास के हमले के बाद इस्राइली सेना की कार्रवाई में हजारों फलीस्तीनी मारे गए थे।

*****

खबरें महाकुंभ से

उत्‍तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ मेले में देश के तीन नए आपराधिक कानूनों के बारे में लोगों को शिक्षित करने के लिए एक डिजिटल प्रदर्शनी लगाई गई है। ये कानून हैं- भारतीय न्‍याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्‍य अधिनियम। ये नए कानून पिछले वर्ष पहली जुलाई से देश में लागू किए गए थे और यह भारतीय न्‍याय व्‍यवस्‍था में एक ऐतिहासिक बदलाव था। साइबर अपराध और संगठित अपराध जैसी वर्तमान चुनौतियों से निपटने के लिए नए कानून शुरू किए गए थे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इन नए कानूनों ने भारतीय दण्‍ड संहिता-आईपीसी, आपराधिक प्रक्रिया स‍ंहिता-सीआरपीसी और भारतीय साक्ष्‍य अधिनियम का स्‍थान ले लिया है। एक रिपोर्ट –

महाकुंभ मेला सिर्फ आस्था का ही केन्द्र नहीं है, बल्कि श्रद्धालुओं को, उनसे जुड़े कानूनी अधिकारों और न्याय के संबंध में, जानकारी पहुंचाने का माध्यम भी बन गया है। केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार ने, तीन नए कानूनों के बारे में जागरुकता बढ़ाने के लिए, मेला क्षेत्र में अलगअलग स्टॉल लगाए हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस के हेड ऑपरेटर, ओम कुमार गुप्ता ने आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए कहा कि, वे जनता को बहुत ही सरल भाषा में, नए कानूनों के बारे में जानकारी दे रहे हैं।

पुराने जो कानून थे वो काफी जटिल थे, लेकिन जो नए कानून आए हैं, इसमें काफी जनता को सहूलियत है, उसकी एफ.आई.आर. जल्‍दी लिखी जाती है, अगर एफ.आई.आर. नहीं हुई तो, कानून पर धाराएं लगा करके और उसके बाद निस्‍तारण जल्‍दी से हो और उसकी चार्जशीट जल्‍दी से फाइल की जाए। एक कलाकार, मुन्ना लाल यादव ने आकाशवाणी को बताया कि वे नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को उनके अधिकारों और तीन नये कानूनों के संबंध में जागरुक कर रहे हैं।

हम कलाकार अपने गीत के माध्‍यम से, अपने नाटक के माध्‍यम से इस कुंभ मेले में यह दिखा रहे हैं कि आप जगिये और एक कुशल व्‍यक्तित्‍व का परिचय देते हुए आप स्‍नान करिये, भीड़भाड़ से थोड़ा बचिये और आप स्नान करते हुए निकलते रहिये।

भारत की न्याय प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, कुशल और आधुनिक समाज की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इन तीन नए कानूनों को लागू किया गया हैं। दीपेन्द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।

*****

पाकिस्‍तान के सिंध प्रांत के 68 हिन्‍दू श्रद्धालुओं का एक दल कल प्रयागराज पहुंचा और संगम में पवित्र डुबकी लगाई। उत्‍तर प्रदेश के सूचना विभाग ने बताया है कि श्रद्धालुओं ने गंगा, यमुना और सरस्‍वती के पवित्र संगम पर धार्मिक अनुष्‍ठान किया और पूजा-अर्जना की। दल के साथ आये महंत रामनाथ ने कहा कि ये श्रद्धालु पहले हरिद्वार गए और महाकुंभ आने से पहले अपने पूर्वजों की अस्थियां विसर्जित कीं।

*****

खेलों में, नौवें एशियाई शीतकालीन खेल 2025 आज शाम चीन के हार्बिन में शुरू होंगे और इस महीने की 14 तारीख तक चलेंगे। खेलों की आयोजन समिति के उप-महासचिव और मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि इस साल के खेलों में एशियाई देशों और क्षेत्रों के इतिहास का सबसे बड़ा प्रतिनिधित्व होगा। उद्घाटन समारोह में एशिया के 34 देशों और क्षेत्रों के प्रतिनिधि परेड करेंगे। उन्होंने कहा कि उद्घाटन समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

*****

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*****

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंमुकेश कुमार।

  • अमरीका से निर्वासित अवैध भारतीय प्रवासियों के साथ हुए व्‍यवहार को लेकर विपक्ष द्वारा संसद के दोनों सदनों में हंगामा होने की खबर आज सभी अखबारों की सुर्खी बनी है। राष्‍ट्रीय सहारा लिखता है- अमरीका में दुर्व्‍यवहार पर संसद में हंगामा, निर्वासित भारतीय प्रवासियों के साथ हुए अपमानजनक बर्ताव के मुद्दे पर नहीं चली संसद। हर‍िभूमि ने विदेश मंत्री जयशंकर के बयान को प्रमुखता दी है। विदेश मंत्री ने कहा- अमरीका से भेजे जा रहे भारतीयों संग उडा़न में दुर्व्‍यवहार रोकने को बातचीत जारी।
  • अमर उजाला की सुर्खी है- पि‍नाक से बढ़ेगी सेना की मारक क्षमता, दस हजार 47 करोड़ का करार, दुश्‍मन पर घातक प्रहार करने में सक्षम है स्‍वदेशी रॉकेट प्रणाली।
  • जनसत्‍ता के अनुसार- ट्रंप की नीतियों के खिलाफ अमरीका के शहरों में प्रदर्शन, मैक्सिको ने सीमा पार दस हजार सैनिकों को किया तैनात। अमर उजाला की सुर्खी है- इस्राइल की फ‍लस्‍तीन‍ियों को हटाने की तैयारी, ट्रंप बोले अमरीका को सौंप दिया जाएगा गज़ा।
  • दैनिक भास्‍कर की खबर है- अरावली की खूबसूरत वादियों में हस्‍तशिल्‍प का महाकुंभ, कला संस्‍कृति के संगम का लें आनंद। अंतरराष्‍ट्रीय सुरजकुंड मेले का आगाज आज से।
  • दैनिक जागरण सहित सभी अखबारों की सुर्खी है- ईपीएफओ पेंशन के दायरे में आएंगे गि‍ग वर्कर, श्रम मंत्रालय ने मसौदा तैयार किया, मंत्रिमंडल के लिए जल्‍द भेजा जाएगा। धन्‍यवाद मुकेश।     

*****

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देश के विकास में मध्यम वर्ग की भूमिका की सराहना की; कहा – उनकी आकांक्षाएं देश की प्रगति के लिए सबसे मजबूत आधार हैं।
  • रिजर्व बैंक आज वित्तीय वर्ष 2025 के अपने छठे और आखिरी द्विमासिक मौद्रिक नीति निर्णय की घोषणा करेगा।
  • सरकार ने कहा- ईपीएफओ ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में 5 करोड़ से अधिक दावों के निपटान में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
  • भारत ने बांग्लादेश में शेख मुजीबउररहमान के आवास पर उपद्रवियों द्वारा किए गए हमले की कड़ी निंदा की।
  • अमरीकी राष्‍ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय पर अमेरिका और इज़राइल को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए प्रतिबंध लगाया।
  • नौवें एशियाई शीतकालीन खेल आज से चीन के हार्बिन शहर में शुरू होंगे। 

*****