Download
Mobile App

android apple
signal

February 6, 2025 9:01 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

.दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 60 से अधिक प्रतिशत मतदान। मतगणना शनिवार को।
.गृह मंत्री अमित शाह ने कहा-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सम्‍पूर्ण पूर्वोत्तर अब विकास के पथ पर अग्रसर।
.जनजातीय सांस्कृतिक समागम-2025 आज से प्रयागराज के महाकुंभ में शुरू होगा।
.फ्रांस सरकार के खिलाफ संसद में अविश्वास प्रस्ताव गिरा, इससे बजट 2025 को अपनाने का रास्ता साफ।
.क्रिकेट में, भारत और इंग्लैंड के बीच आज नागपुर में तीन मैचों की श्रृंखला का पहला मैच खेला जाएगा।
.विश्व टेबल टेनिस सिंगापुर स्मैश में, भारत की पुरुष युगल जोड़ी मानव ठक्कर और मानुष शाह का क्वार्टर फाइनल में फ्लोरियन बौरासौड और एस्टेबन डोर की फ्रांसीसी जोड़ी से सामना।

**************

दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए कल शाम मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। लगभग 60 दशमलव चार दो प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे अधिक 66 दशमलव दो पांच प्रतिशत मतदान उत्तर पूर्वी दिल्ली जिले और सबसे कम 56 दशमलव एक छह प्रतिशत मतदान दक्षिण पूर्वी दिल्ली जिले में दर्ज किया गया। शाहदरा जिले में मतदान का प्रतिशत 63 दशमलव नौ चार प्रतिशत रहा। तो वहीं, उत्तरी दिल्ली जिले में 59 दशमलव पांच-पांच प्रतिशत और उत्तर पश्चिमी जिले में 60 दशमलव सात शून्‍य प्रतिशत मतदान हुआ।

कल जिन प्रमुख नेताओं की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई, उनमें आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल, आतिशी, मनीष सिसोदिया और भारतीय जनता पार्टी के प्रवेश वर्मा, विजेंद्र गुप्ता, अरविंदर सिंह लवली और रमेश बिधूड़ी शामिल हैं। कांग्रेस की ओर से देवेंद्र यादव, संदीप दीक्षित और अलका लांबा की भी किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। चुनाव मैदान कुल छह सौ 99 उम्मीदवार थे। निर्वाचन आयोग ने राजधानी में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए थे। चुनाव में धनबल के इस्तेमाल पर कडा रूख अपनाया गया था। 7 जनवरी को दिल्ली चुनाव की घोषणा के बाद से प्रवर्तन एजेंसियों ने लगभग दो सौ 36 करोड़ रुपये जब्त किए हैं।

तमिलनाडु की इरोड-ईस्ट और उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर भी कल उपचुनाव हुआ। इरोड-ईस्ट में लगभग 67 दशमलव नौ सात प्रतिशत और मिल्कीपुर में करीब 65 दशमलव तीन पांच प्रतिशत मतदान हुआ। इन दोनों सीटों और दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों पर वोटों की गिनती शनिवार को होगी।

**************

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समस्‍त पूर्वोत्तर विकास के पथ पर अग्रसर है। वे कल वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्‍यम से त्रिपुरा सरकार के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान दो हजार आठ सौ से अधिक नियुक्ति पत्र दिए गए। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा सरकार बिना किसी भेदभाव, सिफारिश या भ्रष्टाचार के पूरी पारदर्शिता के साथ नौकरियां दे रही है। गृह मंत्री ने बताया कि पिछले 10 वर्षों में नरेन्‍द्र मोदी सरकार ने शांति बहाली के लिए त्रिपुरा में तीन समझौते किए हैं।

हमने इस दस साल में तीन समझौते कर-कर त्रिपुरा की शान्ति को आगे बढ़ाने का काम किया है और सबसे बड़ी बात त्रिपुरा में ब्रु और रियांग जाति के भाईयों-बहनों को परमानेन्‍ट निवास की जगह देकर, शिक्षा की व्‍यवस्‍था, स्‍वास्‍थ्‍य की व्‍यवस्‍था और रोजगारी देकर उनके जीवन में नया बदलाव हम लाये हैं।

श्री अमित शाह ने कहा कि या तो राज्‍य में सशस्त्र गुटों का सफाया कर दिया गया है, या फिर उन्होंने आत्मसमर्पण कर दिया है और मुख्यधारा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने ब्रू-रियांग लोगों को स्थायी निवास, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और रोजगार के अवसर प्रदान करके उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन किया है। श्री शाह ने कहा कि अशांति और भ्रष्टाचार में फंसा यह राज्य अब भागीदारी और कल्‍याण के साथ विकास के मार्ग पर अग्रसर है।

एक जमाने में लैंड लॉक स्‍टेट के नाम से त्रिपुरा को जाना जाता था। आज लैंड लिंक स्‍टेट के रूप में जाना जाता है और त्रिपुरा के सर्वांगीण विकास के लिए एयरपोर्ट से लेकर, रोड से लेकर, जल संचय और इमिगेशन से लेकर कई सारे इनिशिएटिव भारत सरकार और त्रिपुरा सरकार ने दिए हैं और सबसे बड़ा काम हुआ है भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने के बाद त्रिपुरा से भ्रष्‍टाचार और अशांति दोनों को मुक्‍त करने का काम हुआ है।

**************

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ओपन ए आई के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी सैम ऑल्टमैन के साथ मुलाकात में संपूर्ण एआई स्टैक- जीपीयू, मॉडल और ऐप बनाने की कार्यनीति पर चर्चा की। श्री वैष्‍णव ने बताया कि श्री अल्‍टमैन ने प्रौद्योगिकी को जनवादी बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दृष्टिकोण की सराहना की है।

श्री अल्‍टमैन ने भारत को आर्टिफिशिल इंटेलिजेंस के लिए महत्‍वपूर्ण बाजार बताया।

**************

ग्रीस के विदेश मंत्री जॉर्ज गेरापेट्राइटिस भारत की चार दिन की यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुंच गए। इस यात्रा के दौरान वे विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर के साथ बैठक करेंगे। उनके दौरे से भारत और ग्रीस के बीच संबंध मजबूत होंगे और नीतिगत साझेदारी को बढ़ावा मिलेगा।

**************

पुर्तगाल में प्रिंस रहीम अल-हुसैनी को उनके पिता की मृत्यु के बाद इस्माइली मुसलमानों के आध्यात्मिक नेता आगा खान के रूप में नामित किया गया है। 53 वर्षीय प्रिंस रहीम दुनिया के इस्माइली मुसलमानों के 50वें वंशानुगत इमाम बन गए हैं। पिता और आध्यात्मिक धर्मगुरू करीम आगा खान चतुर्थ ने अपनी वसीयत में प्रिंस रहीम को आगा खान पंचम के रूप में नामित किया था। उनका निधन पुर्तगाल में 88 वर्ष की आयु में हो गया। उनके परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं।

**************

प्रयागराज महाकुंभ में आज जनजातीय संस्‍कृतिक समागम-2025 का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश भर से 15 हजार से अधिक आदिवासी भाग लेगें। इस छह दिवसीय उत्‍सव के दौरान सभी प्रतिभागी जनजातीय संस्‍कृति और परम्‍पराओं के संरक्षण का संकल्‍प लेंगे। बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्‍य में वर्ष 2025 को जनजातीय गौरव वर्ष घोषित किया गया है।

जनजातीय सांस्‍कृतिक समागम के तहत आज महाकुंभ में युवा कुंभ का आयोजन किया जाएगा। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए अखिल भारतीय वनवासी कल्‍याण आश्रम के संगठन मंत्री अतुल जोग ने बताया कि इस कार्यक्रम की शुरुआत केन्‍द्रीय राज्‍य जनजातीय कार्य मंत्री दुर्गादास उइके करेंगे। (बाइट-दुर्गादास उइके) इस युवा कुंभ के दौरान अलग-अलग प्रदेशों के 25 युवाओं को सम्‍मानित किया जाएगा, जो जानजातीय समाज के लोगों के लिए उत्‍कृष्‍ट कार्य कर रहे हैं। इस जनजातीय सांस्‍कृतिक समागम के दौरान देशभर के 120 सांस्‍कृतिक नृत्‍य दल अपनी प्रस्‍तुति देंगे। इसके अलावा सभी लोग त्रिवेणी संगम में आस्‍था की डुबकी लगाएंगे। दीपेन्‍द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।

**************

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने लोगों के अनुकूल बजट पेश करने की अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया है कि बजट निर्माण प्रक्रिया में जन प्रतिनिधियों को भागीदारी से लोगों की आकांक्षाएं और आवश्यकताएं दिखाई देती है। जम्मू में सिविल सचिवालय में आयोजित बजट-पूर्व परामर्श बैठकों की एक श्रृंखला में मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अनंतनाग, बडगाम, कठुआ और सांबा जिलों के विधायकों के साथ-साथ जिला विकास परिषद, डीडीसी अध्यक्षों से बात की।
मुख्यमंत्री श्री अब्दुल्ला ने जोर दिया कि केंद्र शासित प्रदेश सरकार चाहती है कि यह बजट सिर्फ सरकार द्वारा नहीं, बल्कि लोगों द्वारा, लोगों के लिए हो।

**************

जम्मू-कश्मीर सरकार में मंत्री जावेद अहमद डार ने कठुआ के हीरानगर से ‘वॉटरशेड यात्रा’ को रवाना किया। यह दो हजार चार सौ किलोमीटर की दूरी तय करेगा। हीरानगर में आयोजित कार्यक्रम में वॉटर शेड यात्रा को हरी झंडी दिखाने के लिए आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्री डार ने पर्यावरण संरक्षण और जल प्रबंधन की आवश्यकता पर बल दिया और शहरीकरण, औद्योगिक विस्तार के कारण पर्यावरण को हो रहे नुकसान पर चिंता जाहिर की। अगले महीने की पहली तारीख तक चलने वाला यह अभियान जम्मू में समाप्त होगा। जावेद अहमद डार ने जीडीसी हीरानगर में एक पौधा भी लगाया और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के दूसरे चरण के वाटरशेड विकास घटक के तहत कई पहलों का ई-उद्घाटन किया।

**************

फ्रांस की सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव संसद में पारित नहीं हो पाया है। 128 सांसदों ने ही प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया, जबकि प्रस्ताव पारित होने के लिए कम-से-कम 289 सांसदों का समर्थन आवश्यक होता है। इसके बाद, अब फ्रांस सरकार के बजट-2025 को अपनाने का रास्ता साफ हो गया है। इससे पहले प्रधानमंत्री फ्रांस्वा बायरू ने बजट विधेयक को मंजूरी दिलाने के लिए विशेष संवैधानिक शक्तियों का इस्तेमाल किया था, जिसके कारण विपक्ष की ओर से अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। समाजवादी और धुर दक्षिणपंथी नेशनल रैली पार्टी ने अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन नहीं किया।

**************

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में बंगबंधु स्मारक संग्रहालय को पुलिस की मौजूदगी में कल रात उग्र भीड़ ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह संग्रहालय बांग्लादेश के संस्थापक राष्ट्रपति और पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के पिता शेख मुजीबुर रहमान का निजी आवास था। प्रदर्शनकारी भीड़ ने कल रात साढ़े आठ बजे सबसे पहले संग्रहालय में तोड़फोड़ की और फिर आग लगा दी। तोड़फोड़ और आगजनी घंटों तक जारी रही। एक समाचार पत्र के अनुसार, यह तोड़फोड़ सोशल मीडिया पर धानमंडी 32 की ओर बुलडोजर जुलूस के आह्वान के बाद की गई।

**************

श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में आज से भारत रंग महोत्‍सव की शुरूआत हो रही है, जो रविवार तक चलेगा। भारतीय अंतर्राष्ट्रीय रंगमंच महोत्सव के रजत जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय इस महोत्‍सव को पहली बार आयोजित कर रहा है। भारत रंग महोत्सव को भारंगम भी कहा जाता है। ये इस वर्ष 28 जनवरी से शुरू है जो भारत, श्रीलंका और नेपाल के 13 शहरों में 16 फरवरी तक चलेगा। “एक अभिव्यक्ति, सर्वोच्च सृजन” विषय पर आधारित इस महोत्सव में रूस, इटली और स्पेन सहित नौ देशों की 200 से अधिक प्रस्तुतियाँ होंगी।

**************

मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर असम में बिजली कड़कने के साथ-साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। अरुणाचल प्रदेश में कल भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के कारण 8 से 11 फरवरी के बीच हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

**************

भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय अंतरराष्‍ट्रीय क्रिेकेट श्रृंखला का पहला मैच आज दोपहर डेढ बजे से नागपुर में खेला जाएगा। वहीं, विश्व टेबल टेनिस सिंगापुर स्मैश के क्वार्टर फाइनल में आज भारत की शीर्ष वरीयता प्राप्‍त पुरुष डबल्‍स जोड़ी मानव ठक्कर और मानुष शाह का सामना चौथी वरीयता प्राप्त फ्रांसीसी जोड़ी फ्लोरियन बौरासौड और एस्टेबन डॉर से होगा। यह मैच भारतीय समय के अनुसार दोपहर साढ़े तीन बजे शुरू होगा। टेनिस में, मुंबई ओपन के महिला डबल्स क्वार्टर फाइनल में आज भारत की प्रार्थना थोम्बरे और नीदरलैंड्स की एरियन हार्टोनो की जोड़ी का सामना जापान की नाओ हिबिनो और जॉर्जिया की ओक्साना कलाश्निकोवा की जोड़ी के साथ होगा। महिला सिंगल्‍स के 16वें दौर में, आज अंकिता रैना का सामना कनाडा की रेबेका मैरिनो से और श्रीवल्ली रश्मिका भामिदिपति का सामना सर्बिया की एलेक्जेंड्रा क्रुनिक से होगा। माया राजेश्वरन रेवती कजाकिस्तान की जरीना दियास के साथ खेलेंगी। और फुटबॉल में, इंडियन सुपर लीग में, आज शाम साढ़े सात बजे गोवा में एफसी गोवा का सामना ओडिशा एफसी से होगा।

**************

धन्‍यवाद फरहत, दिल्‍ली में सरकार पर सस्‍पेंस- देशबंधु की खबर है। लोकसत्‍य लिखता है कि 60 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। हिन्‍दुस्‍तान ने दिल्‍ली दंगल शीर्षक से चुनाव शांतिपूर्वक सम्‍पन्‍न होने की खबर प्रकाशित की है। पत्र लिखता है- आम और खास ने खूब दिखाया दम। कई परिवारों की तीन पीढियों ने एक साथ निभाई जिम्‍मेदारी। पीएम मोदी ने मंत्रोच्‍चार के बीच त्रिवेणी में लगाई आस्‍था की डुबकी-अमर उजाला की सुर्खी है। जनसत्‍ता ने भी प्रयागराज महाकुंभ में संगम में स्‍नान करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी की अर्घ्‍य देते हुए तसवीर प्रकाशित की है। अमरीका से एक सौ चार भारतीय पहुंचे देश- दैनिक जागरण की खबर है। पत्र लिखता है कि अवैध प्रवासन का दोषी मानते हुए सैन्‍य विमान से भेजे गए, पुलिस सुरक्षा में घर रवाना। गजा और यूक्रेन युद्ध में सौदेबाजी पर उतरे ट्रंप, मदद के बदले मांगा कब्‍जा, अरब जगत में हडकंप, ट्रंप के खिलाफ एकजूट- राजस्‍थान पत्रिका की सुर्खी है। सोना 84 हजार पार, एक दिन में 16 सौ 47 रूपये बढकर 84 हजार छह सौ 57 पर पहुंचा। तीन साल की सबसे बड़ी उछाल। दैनिक भास्‍कर ने आंकड़ों सहित इस खबर को प्रकाशित किया है। धन्‍यवाद देवेन्‍द्र।

**************

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः-
.दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 60 से अधिक प्रतिशत मतदान। मतगणना शनिवार को।
.गृह मंत्री अमित शाह ने कहा-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संपूर्ण पूर्वोत्तर अब विकास के पथ पर अग्रसर।
.जनजातीय सांस्कृतिक समागम-2025 आज से प्रयागराज के महाकुंभ में शुरू होगा।
.फ्रांस सरकार के खिलाफ संसद में अविश्वास प्रस्ताव गिरा, इससे बजट 2025 को अपनाने का रास्ता साफ।
.क्रिकेट में, भारत और इंग्लैंड के बीच आज नागपुर में तीन मैचों की श्रृंखला का पहला मैच खेला जाएगा.
.विश्व टेबल टेनिस सिंगापुर स्मैश में, भारत की पुरुष युगल जोड़ी मानव ठक्कर और मानुष शाह का क्वार्टर फाइनल में फ्लोरियन बौरासौड और एस्टेबन डोर की फ्रांसीसी जोड़ी से सामना।