मुख्य समाचार:-
- दिल्ली में सभी 70 निर्वाचन क्षेत्रों में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी।
- लोकसभा ने संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को स्वीकार किया। प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- संविधान के प्रति उनकी सरकार की प्रतिबद्धता उन्हें जनहितैषी निर्णय लेने के लिए प्रेरित करती है।
- केंद्र सरकार आज देश में जल और मृदा संरक्षण के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए वाटरशेड यात्रा शुरू करेगी।
- प्रधानमंत्री आज उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ मेले का दौरा करेंगे। वे त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान भी करेंगे।
- राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा अमेरिका गाजा पट्टी पर नियंत्रण करने और इस क्षेत्र का आर्थिक विकास करने की योजना बना रहा है।
- टेनिस में, रोसारियो चैलेंजर में भारत के सुमित नागल आज अर्जेंटीना में पुरुष एकल प्री-क्वार्टर फाइनल में खेलेंगे।
****
दिल्ली में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चलेगा। चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच दिल्ली के सभी 70 निर्वाचन क्षेत्रों में वोट डाले जा रहे हैं। लगभग एक करोड़ 56 लाख से अधिक मतदाता छह सौ 99 उम्मीदवारों के चयन के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
चुनाव के प्रमुख उम्मीदवारों में आम आदमी पार्टी संयोजक अरविन्द केजरीवाल, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी, दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय, भारतीय जनता पार्टी के विजेन्द्र गुप्ता, प्रवेश वर्मा, रमेश बिधूड़ी, कैलाश गहलोत और कांग्रेस की ओर से संदीप दीक्षित, हारून युसूफ और अलका लांबा चुनाव मैदान में हैं। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त प्रबंध किये गए हैं। विधानसभा के 70 निर्वाचन क्षेत्रों में 13 हजार सात सौ से अधिक मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, इनमें से 70 मतदान केन्द्रों को पूर्ण रूप से महिलाएं और 70 अन्य मतदान केन्द्रों का प्रबंधन दिव्यांगजन कर रहे हैं। निर्वाचन आयोग ने सुचारू रूप से मतदान के लिए एक लाख 80 हजार से अधिक मतदानकर्मी तैनात किये हैं। मतदान केन्द्रों पर आवश्यक सुविधाएं मिलें रैंप, व्हीलचेयर, चिकित्सा दल और क्रैच सुविधाएं शामिल हैं। कुल एक करोड़ 56 लाख मतदाताओं में 83 लाख पुरुष, लगभग 72 लाख महिलाएं और एक हजार दो सौ 67 ट्रांसजेंडर हैं। इनमें से सात सौ 83 मतदाता एक सौ वर्ष से अधिक की आयु के हैं। चुनाव को देखते हुए दिल्ली मेट्रो की सुविधाएं सुबह 4 बजे से शुरू हो गई हैं। मतगणना शनिवार 8 तारीख को होगी। सकलेन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।
****
भारतीय लोकतंत्र के इस उत्सव में आप भी हिस्सा जरूर लें।
****
इसके साथ ही उत्तरप्रदेश की मिल्कीपुर और तमिल नाडू की इरोड विधानसभा सीट के लिए भी मतदान जारी हैं।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मतदाताओं से आग्रह किया है वे बड़ी संख्या में मतदान में भाग लें। एक सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने मतदाताओं से लोकतंत्र के उत्सव में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने और अपना मूल्यवान वोट डालने की अपील की है।
****
दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने राजधानी के मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के महोत्सव में भाग लेने के लिए मतदान जरूर करें। एक संदेश में श्री सक्सेना ने कहा कि वोट उनकी वाणी है। उन्होंने कहा कि मतदान महोत्सव में लोगों की भागीदारी, लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाती है।
लोकतंत्र के इस महापर्व का हिस्सा बनकर दिल्ली के विकास में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें हरेक वोट बहुत महत्वपूर्ण है और 5 फरवरी का दिन छुट्टी का नही बल्कि ड्यूटी का दिन है।
****
लोकसभा ने संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जवाब के बाद कल ध्वनिमत से प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया। धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने संविधान में निहित मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए अपनी सरकार की अटूट प्रतिबद्धता व्यक्त की। राष्ट्रपति के अभिभाषण का उल्लेख करते हुए, संविधान के 75 वर्ष पूरे होने पर विस्तार से चर्चा की गई।
****
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज हाइब्रिड मोड में वाटरशेड यात्रा का शुभारंभ करेंगे, जिसका विषय जल लाए धन–धान्य होगा। कल नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए श्री चौहान ने कहा कि जन संपर्क अभियान का उद्देश्य वाटरशेड विकास गतिविधियों के बारे में जागरूकता पैदा करना है।
इस यात्रा का उद्देश्य जल के संरक्षण के लिए और मिट्टी के क्षरण को रोकने के लिए जन–जागरण पैदा करना है। मेरा सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वाटरशेड यात्रा से जुडें और संकल्प लें हम जल भी बचाएंगे, हम मिट्टी भी बचाएंगे और इसका मतलब ये है कि हम हमारा भी और आने वाली पीढियों का कल भी बचाएंगे।
खबरें महाकुंभ से:-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ जाएंगे। इस दौरान वे त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहेंगे।
महाकुभ देश–विदेश से श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी त्रिवेणी घाट जायेंगे और पूजा अर्चना करेंगे वहीं, साधु–संतों से भी मुलाकात कर सकते है। प्रधानमंत्री ने पिछले महीने की 19 तारीख के मन की बात कार्यक्रम में कहा था, कि, संगम की रेती पर पूरे भारत के साथ–साथ विश्व के लोग जुटते हैं और यह उत्सव विविधता में एकता का प्रतीक है।
हजारों वर्षों से चली आ रही इस परंपरा में कहीं भी कोई भेदभाव नहीं, जातिवाद नहीं इसमें भारत के दक्षिण से लोग आते हैं, भारत के पूर्व–पश्चिम से लोग आते हैं। कुंभ में गरीब, अमीर सब एक हो जाते हैं। सब लोग संगम में डुबकी लगाते हैं। एक साथ भंडारों में भोजन करते हैं, प्रसाद लेते हैं। तब ही तो कुंभ एकता का महाकुंभ है। 38 करोड़ से अधिक श्रद्धालु, अब तक, त्रिवेणी संगम में स्नान कर चुके हैं। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी, समाचार प्रयागराज।
****
भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति-एमपीसी की बैठक आज मुम्बई में शुरू हो रही है। यह बैठक शुक्रवार तक चलेगी। भारतीय रिज़र्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा शुक्रवार सुबह ब्याज दरों पर इस समिति के फैसलों की घोषणा करेंगे। नवनियुक्त रिज़र्व बैंक गवर्नर की अध्यक्षता में यह पहली बैठक होगी। रिज़र्व बैंक ने फरवरी 2023 से रेपो दर को 6 दशमलव 5 प्रतिशत पर यथावत रखा है।
****
आकाशवाणी के वयोवृद्ध समाचार वाचक, वेंकटरामन का कल रात चेन्नई में निधन हो गया। 102 वर्षीय वेंकटरामन ने 15 अगस्त 1947 की सुबह आकाशवाणी दिल्ली से भारत की स्वतंत्रता के समाचार को प्रसारित किया था। यह खबर सबसे पहले सुबह 5 बजकर 45 मिनट पर रेडियो सीलोन के लिए तमिल में प्रसारित की गई थी। वे 64 वर्षों तक आकाशवाणी के साथ जुड़े रहे।
****
अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अमरीका, युद्धग्रस्त गजा पट्टी पर कब्ज़ा करने और इसे आर्थिक रूप से विकसित करने की योजना बना रहा है। व्हाइट हाउस में आज इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में, श्री ट्रम्प ने कहा कि गजा में सभी खतरनाक बम और अन्य हथियारों को नष्ट करने की जिम्मेदारी अमरीका की होगी। उन्होंने क्षेत्र में आर्थिक विकास का दावा किया, जिससे यहां के लोगों को असीमित नौकरियां और आवास सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
****
खेल:-
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भारत और इंग्लैंड के बीच कल से शुरू हो रही तीन मैचों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए वरुण चक्रवर्ती को भारतीय टीम में शामिल किया है। टेनिस में, भारतीय खिलाड़ी सुमित नागल आज अर्जेंटीना में रोसारियो चैलेंजर टेनिस के पुरुष सिंगल्स के प्री–क्वार्टर फाइनल में खेलेंगे। उनका सामना चीनी ताइपे के त्सेंग चुन–ह्सिन और बोलिविया के ह्यूगो डेलियन के बीच खेले गये मैच के विजेता से होगा। मुंबई ओपन में, भारत की अंकिता रैना आज महिला डबल्स के प्री–क्वार्टर फाइनल में स्लोवेनिया की दलिला जाकुपोविक के साथ जापान की नाओ हिबिनो और जॉर्जिया की ओक्साना कलाश्निकोवा की जोडी के साथ खेलेंगी। मुंबई में होने वाले 16वें दौर के एक अन्य मुक़ाबले में भारत की प्रार्थना थोम्बरे और डच खिलाड़ी एरियन हार्टोनो की जोडी का सामना थाईलैंड की पींगटार्न प्लिप्यूच और जापान की नाहो सातो की जोडी के साथ होगा। रिया भाटिया और श्रीवल्ली रश्मिका भामिदीपती की भारतीय जोड़ी आज दोपहर अपना मुकाबला खेलेगी। और फुटबॉल में, इंडियन सुपर लीग में आज कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में मोहन बागान सुपर जायंट का सामना पंजाब एफसी से होगा। यह मैच आज शाम साढे सात बजे शुरू होगा।
****
और एक अन्य खेल खबर में रोसारियो चैलेंजर टेनिस के पुरुष सिंगल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में आज भारतीय खिलाड़ी सुमित नागल का सामना बोलिविया के ह्यूगो डेलियन से होगा।
समाचार पत्रों की सुर्खियों से:-
दिल्लीवासी आज चुनेगें अपनी सरकार, 70 विधानसभा सीटों के लिए हो रहा मतदान अमर उजाला की सुर्खी है। हिन्दुस्तान लिखता है- दिल्ली आज करो वोट की चोट, विधानसभा चुनाव में ताल ठोक रहे छह सौ 99 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में होगी कैद। पंजाब केसरी की खबर है- पिंक बूथ पर महिलाएं, दिव्यांग बूथ पर रहेंगे दिव्यांग कर्मी, मॉडल बूथ बनेंगी आकर्षण का केंद्र। ट्रंप के टैरिफ में देरी से दो प्रतिशत तक बढे बाजार दैनिक जागरण की सुर्खी है। राष्ट्रीय सहारा की खबर है- शेयर बाजार हुए गुलजार, सेंसेक्स में एक हजार तीन सौ 97 अंक की बढत। वहीं जनसत्ता ने भारतीय नागारिकों को निर्वासित करने की खबर प्रकाशित की है। पत्र लिखता है अवैध प्रवासी भारतीयों को अमेरिका ने वापस भेजा, दो सौ पांच नागारिक सैन्य विमान से रवाना हुए। सोशल मीडिया और रील्स की लत…. मोबाइल और लैपटॉप के लंबे इस्तेमाल से झुक रही गर्दन राजस्थान पत्रिका की सुर्खी है। भारतीय वैज्ञानिकों ने खोजा बर्ड फ्लू का टीका, इन्सान भी होंगे सुरक्षित अमर उजाला की खबर है।
****
मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- दिल्ली में सभी 70 निर्वाचन क्षेत्रों में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी।
- लोकसभा ने संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को स्वीकार किया। प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- संविधान के प्रति उनकी सरकार की प्रतिबद्धता उन्हें जनहितैषी निर्णय लेने के लिए प्रेरित करती है।
- केंद्र सरकार आज देश में जल और मृदा संरक्षण के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए वाटरशेड यात्रा शुरू करेगी।
- प्रधानमंत्री आज उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ मेले का दौरा करेंगे। वे त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान भी करेंगे।
- राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका गाजा पट्टी पर नियंत्रण करने और इस क्षेत्र का आर्थिक विकास करने की योजना बना रहा है।
- टेनिस में, रोसारियो चैलेंजर भारत के सुमित नागल आज अर्जेंटीना में पुरुष एकल प्री-क्वार्टर फाइनल में खेलेंगे।
****