मुख्य समाचार:-
- संसद के दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा आज भी जारी रहेगी।
- दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कल मतदान होगा। सुचारू मतदान की सभी तैयारियां पूरी।
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में जम्मू–कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
- भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक आज प्रयागराज में त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान करेंगे।
- राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मेक्सिको और कनाडा पर लगने वाले टैरिफ को एक महीने के लिए रोका। चीन पर टैरिफ आज से लागू।
- टेबल टेनिस में, भारत के मानुष शाह और दीया चितले आज डब्ल्यूटीटी सिंगापुर स्मैश में मिक्सड डबल्स का प्री–क्वार्टर फाइनल खेलेंगे।
****
संसद के दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा आज भी जारी रहेगी। लोकसभा में कल भारतीय जनता पार्टी के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने धन्यवाद प्रस्ताव पेश करते हुए लोक-कल्याण की योजनाओं सहित नरेन्द्र मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने दिल्ली में आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार पर दिल्ली में आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं को लागू करने में कथित रूप से विफल रहने पर निशाना साधा। उन्होंने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर अपने सरकारी निवास पर ऐशो-आराम की सुविधाओं के लिए भारी खर्च करने का भी आरोप लगाया।
मुझे यह बताते हुए बहुत कष्ट हो रहा है कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास योजना को लागू नहीं होने दिया। यदि दिल्ली के अंदर प्रधानमंत्री आवास योजना दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार लागू हो जाने देती तो दिल्ली के लाखों लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान मिल जाता।
नेता विपक्ष और कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के संबोधन की आलोचना करते हुए कहा कि यह पिछले वर्षों का दोहराव ही था और इसमें केवल सरकार की उपलब्धियों का पुलिंदा पेश किया गया। राहुल गांधी ने बेरोजगारी के मुद्दे पर चिंता व्यक्त करते हुए इस बात पर जोर दिया कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। उन्होंने सकल घरेलू उत्पाद में विनिर्माण क्षेत्र की साझेदारी घटने पर भी सवाल उठाया। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार की प्रमुख मेक इन इंडिया पहल सैद्धांतिक तौर पर अच्छा कदम है, लेकिन इसे सफलतापूर्वक लागू नहीं किया जा सका है।
भारतीय जनता पार्टी के सांसद रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि जब भी महाकुंभ का उल्लेख होता है तो कांग्रेस खुश नहीं होती। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वो मानती है कि देश चलाने का अधिकार केवल उसी को है।
कुंभ में महान आयोजन चल रहा है। राष्ट्रपति जी ने उसकी भी चर्चा की है। दुख भी प्रकट किया जो एक हादसा हुआ उसकी भी जांच चल रही है और उस जांच में भी षड्यंत्र की बू आ रही है। जब पूरा जांच सामने आयेगी तो वो हादसा किसने करवाया उनको शर्म से झुकना पडेगा। कुंभ का नाम सुनते और सनातन का नाम सुनते उनको परेशनी क्यों हो जाती है और एक बात में साफ–साफ करना चाहता हूं। सनातन का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान।
अन्य सांसदों ने भी चर्चा के दौरान अपनी बात रखी। समाजवादी पार्टी के नरेश चंद्र उत्तम पटेल ने राष्ट्रपति के अभिभाषण में न्यूनतम समर्थन मूल्य- एमएसपी गारंटी का उल्लेख न होने की बात कही। तृणमूल कांग्रेस की डॉक्टर काकोली घोष दस्तीदार ने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति के अभिभाषण में खाद्य महंगाई और कृषि ऋण को माफ करने की कोई बात नहीं की गई। शिव सेना-यूबीटी के अरविंद गणपत सावंत ने किसानों को लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं का उल्लेख किया। लेकिन उन्होंने शिक्षा प्रणाली में असमानताओं के बारे में चिंता जताई। चर्चा में कई अन्य सांसदों ने भी भाग लिया।
****
दिल्ली में कल 70 सदस्यों वाली विधानसभा के चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी प्रबंध किए जा रहे हैं। मतदान कल सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। एक रिपोर्ट –
दिल्ली निर्वाचन कार्यालय ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए एक लाख 80 हजार से अधिक कर्मियों को तैनात किया है। चुनाव के दौरान प्रलोभनों पर सख्त रोक लगाते हुए 220 करोड रुपए से अधिक की नगदी, शराब, मादक पदार्थ और कीमती धातुओं को जप्त किया गया है। इनमें 88 करोड रुपए की मादक पदार्थ और 81 करोड रुपए से अधिक की कीमती धातुएं शामिल है। यह 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव की तुलना में लगभग चार गुना अधिक है। आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से सी विजिल ऐप के माध्यम से 7499 शिकायत से प्राप्त हुई हैं। इनमें से केवल 32 मामले ही प्रक्रियाधीन है और बाकी का सफलतापूर्वक समाधान कर दिया गया है। अक्षित वैद्यान आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
****
दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान और मतगणना के दिन दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सभी लाइनों पर प्रातः 4 बजे से शुरु हो जाएंगी। सभी लाइनों पर सुबह 6 बजे तक ट्रेनें 30 मिनट के अंतराल पर मिलेंगी।
****
चुनाव आयोग ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के दिन सुबह 7 बजे से शाम 6:30 बजे तक एग्जिट पोल पर प्रतिबंध लगा दिया है।
****
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
****
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में अन्य वरिष्ठ अधिकारियों सहित जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, गृह सचिव गोविंद मोहन और खुफिया ब्यूरो तथा रॉ जैसी एजेंसियों के प्रमुख भी भाग लेंगे।
****
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि कश्मीर के लिए ट्रेनों का वाणिज्यिक परिचालन जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जम्मू और कश्मीर में सभी रेल पटरियों का विद्युतीकरण कर दिया गया है। कल नई दिल्ली के रेल भवन में विडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए रेल मंत्री ने बताया कि कटरा-श्रीनगर रेलवे लाइन की बहुप्रतिक्षित परीक्षण प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और इस पर रेलगाडियों का वाणिज्यिक परिचालन जल्द ही शुरू हो जाएगा।
****
भारतीय पुलिस सेवा के हरियाणा कैडर के अधिकारी शशांक आनंद को जम्मू फ्रंटियर के लिए सीमा सुरक्षाबल का नया महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।
****
अब खबरे महाकुंभ की
भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक आज प्रयागराज पहुंचेंगे। वे त्रिवेणी संगम पर पवित्र डुबकी लगाएंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि भूटान नरेश कल उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचे।
महाकुंभ आस्था, एकता और सांस्कृतिक भव्यता का प्रतीक बन गया है। भारत और विदेशों से करोड़ों श्रद्धालु, गंगा, यमुना और सरस्वती नदी के, इस पवित्र त्रिवेणी संगम, में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। अपनी यात्रा के दौरान, भूटान नरेश, प्रयागराज में अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर का दर्शन करेंगे। इसके बाद डिजिटल महाकुंभ अनुभूति केंद्र के माध्यम से आधुनिक तकनीक के जरिए, महाकुंभ की गहराई को भी जानेंगे। भूटान नरेश के साथ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। पिछले सप्ताह 71 देशों के मिशन प्रमुख और राजनायिक सहित 110 लोगों ने संगम में पवित्र स्नान किया था। 13 जनवरी से शुरू हुआ महाकुंभ का मेला 26 फरवरी तक चलेगा। वहीं अब तक 37 करोड़ से अधिक श्रद्धालु, त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान कर चुके हैं। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी, समाचार प्रयागराज
****
कनाडा और मेक्सिको के साथ सीमा सुरक्षा को मजबूत करने पर सहमति बनने के बाद अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दोनों देशों पर लगने वाले टैरिफ को एक महीने के लिए रोक दिया है। हालांकि, चीन पर लगने वाले टैरिफ आज से लागू होंगे।
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने सोशल मीडिया पर कहा कि ट्रम्प से बातचीत के दौरान उन्होंने सीमा सुरक्षा पर अतिरिक्त सहयोग का वादा किया है। ट्रूडो ने कहा कि कनाडा एक अरब तीस करोड अमरीकी डॉलर की सीमा सुरक्षा योजना को लागू कर रहा है। इस योजना का उद्देश्य नए हेलीकॉप्टर, तकनीक और सैनिकों के साथ सीमा को मजबूत करना और अमरीका के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
****
श्रीलंका आज अपना 77वां राष्ट्रीय दिवस मना रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि आधिकारिक समारोह कोलंबो के स्वतंत्रता चौक पर मनाया जाएगा।
राष्ट्रीय पुनरुत्थान की दिशा में एक नई दृष्टिकोण के साथ श्रीलंका आज अपना 77 वां राष्ट्रीय दिवस मना रहा है। पुलिस मीडिया प्रवक्ता बुद्धिका मनतुंगा ने कहा है की सुरक्षा के लिए 1000 से अधिक पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है। कोलंबो में स्थित इंडिपेंडेंस स्क्वायर पर आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में सैन्य परेड, संस्कृतिक प्रदर्शन और राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानाईके का विशेष संबोधन शामिल है। जिसके बाद श्रीलंका नौसेना द्वारा कोल्फेज ग्रीन में बंदूक की सलामी दी जाएगी। हालांकि पिछले साल 76वें स्वतंत्रता दिवस समारोह पर लगभग 200 मिलियन श्रीलंका रुपए खर्च किए गए थे। इस वर्ष केवल 87 मिलियन श्रीलंका रुपए ही खर्च किए जा रहे हैं। अहमद माइन फारूक की आकाशवाणी समाचार कोलंबो।
****
शंघाई सहयोग संगठन के महासचिव नूरलान येरमेकबायेव आज चार दिनों की भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि उनकी यात्रा क्षेत्रीय सहयोग, सुरक्षा और व्यापार तथा आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।
****
सिंगापुर में आज सिंगापुर स्मैश विश्व टेबल टेनिस प्रतियोगिता के मिकस्ड डबल्स प्री-क्वार्टरफाइनल में भारत के मानुष शाह और दिया चिताले का सामना मैक्सिको के मार्कोस मैड्रिड और अरांत्क्सा कोसियो की जोड़ी से होगा। यह मुकाबला भारतीय समय के अनुसार दिन में तीन बजकर तीस मिनट पर शुरु होगा।
महिलाओं की युगल स्पर्धा में भारत की अहिका मुखर्जी और सुतीर्था मुखर्जी का सामना थाईलैंड की सुथासिनी सावेट्टाबट और ओरावान परानांग से होगा। भारतीय खिलाड़ी यशस्विनी घोड़पड़े और ऑस्ट्रेलिया की उनकी जोड़ीदार मिन्ह्युंग जी का सामना आज सुबह स्वीडन की लिंडा बर्गस्ट्रोम और क्रिस्टिना कालबर्ग की जोड़़ी से होगा।
****
इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में ओडिशा फुटबॉल क्लब और नॉर्थ-ईस्ट यूनाइटेड फुटबॉल क्लब के बीच ओडिशा के कलिंगा स्टेडियम में कल खेला गया मुकाबला 2-2 गोल की बराबरी के साथ ड्रॉ रहा। फुटबॉल क्लब मोहन बागान का मुकाबला कल कोलकाता में पंजाब फुटबॉल क्लब से होगा। मैच शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा।
****
हरियाणा के फरीदाबाद में 38वां सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेले का आयोजन 7 फरवरी से होगा। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में हरियाणा पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक सुनील कुमार ने बताया है कि इस बार मेले में कला, हस्तशिल्प और भारतीय संस्कृति के साथ-साथ स्वेदशी उत्पादों को प्रोत्साहन दिया जाएगा।
****
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
****
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– मनोज।
अमरीका और चीन पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर तकरार की खबरें आज समाचार पत्रों की सुर्खियां बनी हुई हैं। हरिभूमि का शीर्षक है- राहुल गांधी के बयान पर जयशंकर का कड़ा पलटवार, दुनिया में धूमिल हुई भारत की छवि। इस खबर पर वीर अर्जुन का शीर्षक है- संसद में राहुल पर भड़के किरेन रिजीजु, कहा- नेता प्रतिपक्ष का अमरीका को लेकर दिया गया बयान तथ्यहीन। जबकि राष्ट्रपति पर विवादित टिप्पणी मामले में नवभारत टाइम्स और लोकसत्य का शीर्षक है- सोनिया और पप्पू यादव के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस। दिल्ली में चुनावी प्रचार थमने को लेकर भी समाचार पत्रों के प्रथम पृष्ठ सुर्खियों से भरे पड़े हैं। दैनिक भास्कर का शीर्षक है- प्रचार थमा, अंतिम दिन पार्टियों ने पूरी ताकत झोंकी, मतदान कल। जबकि हिन्दुस्तान की सुर्खी है- प्रचार के अंतिम दिन भाजपा की 25, आप की 12 और कांग्रेस की 10 रैलियां और रोड़ शो। अब तक 35 करोड़ शीर्षक से राष्ट्रीय सहारा ने लिखा है- सरकार को महाकुंभ संपन्न होने तक श्रद्धालुओं की संख्या 50 करोड़ पार होने की उम्मीद।
****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- संसद के दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा आज भी जारी रहेगी।
- दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कल मतदान होगा। सुचारू मतदान की सभी तैयारियां पूरी।
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
- भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक आज प्रयागराज में त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान करेंगे।
- राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मेक्सिको और कनाडा पर लगने वाले टैरिफ को एक महीने के लिए रोका। चीन पर टैरिफ आज से लागू।
- टेबल टेनिस में, भारत के मानुष शाह और दीया चितले आज डब्ल्यूटीटी सिंगापुर स्मैश में मिक्सड डबल्स का प्री-क्वार्टर फाइनल खेलेंगे।
****