Download
Mobile App

android apple
signal

February 1, 2025 9:57 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन आज लोकसभा में वित्त वर्ष 2025-26 का बजट पेश करेंगी।
  • राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज भारत मंडपम में नई दिल्‍ली विश्‍व पुस्‍तक मेले का उद्घाटन करेंगी।
  • देश में चार और नए स्‍थल रामसर सूची में शामिल।
  • अमरीका में राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प सरकार आज से चीन, कनाडा और मैक्सिको पर नए व्‍यापार शुल्‍क लगाएगी।
  • हॉकी इंडिया लीग में हैदराबाद तूफान्‍स ने जे. एस. डब्‍ल्‍यू. सूरमा हॉकी क्‍लब को हराकर फाइनल में जगह बनाई।
  • चौथे टी-20 क्रिकेट मैच में भारत ने इंग्‍लैंड को 15 रन से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला में तीनएक की अजेय बढ़त बनाई।

—–

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन आज लोकसभा में वित्त वर्ष 2025-26 का बजट पेश करेंगी। यह   नरेन्द्र मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का दूसरा बजट होगा। ब्‍योरा हमारे संवाददाता से

2019 में पदभार संभालने के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन का यह लगातार आठवां बजट होगा। लोकसभा में बजट पेश किए जाने के बाद बजट की प्रति राज्यसभा में पेश की जाएगी। अपने बजट पूर्व परामर्श के दौरान वित्त मंत्री ने किसान संघों, कृषि अर्थशास्त्रियों, श्रमिक संघों, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम, व्यापार और सेवा उद्योग, अर्थशास्त्रियों, वित्तीय क्षेत्र और पूंजी बाजार के विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों सहित कई हित धारकों के साथ बैठकें की। एक फरवरी 2021 को वित्त मंत्री सीतारामन ने पहला पेपर लेस बजट पेश किया था और तब से डिजिटल बजट पेश किया जा रहा है। बजट सत्र का पहला भाग 13 फरवरी तक चलेगा, जबकि सत्र का दूसरा चरण 10 मार्च से 4 अप्रैल तक चलेगा। सुपर्णा सैकिया के साथ अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

कल दोनों सदनों में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया गया था। आर्थिक सर्वेक्षण में देश की आर्थिक स्थिति की झलक प्रस्‍तुत की जाती है।

—–

आज पेश होने वाले केंद्रीय बजट को लेकर बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज और नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज कारोबार के लिए खुले रहेंगे। यह तीसरा मौका है, जब बजट के कारण शनिवार को शेयर बाजार खोला गया है। इससे पहले, एक फरवरी 2020 और 28 फरवरी 2015 को बजट पेश किए जाने के कारण शनिवार को शेयर बाजार खुले रहे थे। आज सामान्‍य दिनों की तरह ही शेयर बाजार सुबह सवा नौ बजे से दोपहर साढे तीन बजे तक खुले रहेंगे। कमोडिटी डेरिवेटिव बाजार में शाम साढे पांच बजे तक कारोबार हो सकेगा। आज मल्‍टी कमोडिटी एक्‍सचेंज में भी लाइव ट्रेडिंग सेशन होगा।

—–

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 24 जनवरी को समाप्‍त सप्‍ताह में पांच अरब 57 करोड डॉलर बढ़कर छह सौ 29 अरब 55 करोड डॉलर हो गया। रिजर्व बैंक के आंकडे के अनुसार 17 जनवरी को समाप्‍त सप्‍ताह में विदेशी मुद्रा भंडार एक अरब 80 करोड़ डॉलर घटकर छह सौ 23 अरब 98 करोड़ डॉलर रह गया था। देश का स्वर्ण मुद्रा भंडार 70 करोड़ 40 लाख बढ़कर 69 अरब 65 करोड़़ डॉलर हो गया है।

—–

विश्व पुस्तक मेला आज से दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू होगा। इस वर्ष मेले का विषय है- ‘हम भारत के लोग’। यह भारत गणराज्य के 75 वर्ष पूरे होने के उत्सव को विशेष रूप से दर्शाएगा। नौ दिन के इस मेले का उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी।

आकाशवाणी समाचार से बातचीत में राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के निदेशक युवराज मलिक ने बताया कि  पुस्तक मेले में रूसी साहित्य आकर्षण का केंद्र होगा। इसमें फ्रांस, अर्जेंटीना, स्पेन, कोलम्बिया, अबूधाबी और कतर सहित लगभग 50 देश शामिल होंगे।

विशेष रूप से रसिया हमारे गेस्‍ट कंट्री है, जिनका एक बहुत बड़ा डेलिगेशन इसमें हिस्सा ले रहा है। लगभग छह सौ से ज्‍यादा साहित्यिक कार्यक्रम एक हजार से ज्‍यादा लेखक आपको वहां रूबरू होने का मौका मिलेगा और बच्चों के लिए हमने पवेलियन तैयार किया है। जहां अलगअलग चिल्‍ड्रेन एक्टिविटीज और कंपटीशन को हमने आयोजित किया है और हर शाम एक कल्चरल इवनिंग भी रखी गई है जिसे एम्‍फी थियेटर में आयोजित किया जाएगा।

—–

देश में चार और नए स्‍थल रामसर सूची में शामिल किए जाएंगे। केंद्र ने चार नए रामसर स्थलों को जोड़ने की घोषणा की है। इससे कुल रामसर स्थलों की संख्या 89 हो गई है। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि विश्व आर्द्रभूमि दिवस से पहले सरकार ने तमिलनाडु में सक्करकोट्टई पक्षी अभयारण्य और थेर्थंगल पक्षी अभयारण्य, सिक्किम में खेचोपलरी आर्द्रभूमि और झारखंड में उधवा झील को देश के रामसर स्थलों की सूची में शामिल किया है। रामसर स्थल, आर्द्रभूमियों के संरक्षण के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त स्थल होते हैं। पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि भारत अभी भी एशिया में सबसे अधिक रामसर स्थलों वाला देश है और दुनिया में तीसरे स्थान पर है।

—–

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

—–

अमरीका में राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प सरकार आज से चीन, कनाडा और मैक्सिको पर नए व्‍यापार शुल्‍क लगाएगी। डॉनल्‍ड ट्रम्‍प प्रशासन ने इस बात की पुष्टि की है कि चीन, कनाडा और मैक्सिको सहित अमरीका के कई प्रमुख व्‍यापार भागीदारों पर अत्‍यधिक शुल्‍क लगाया जाएगा। व्‍हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने बताया कि मैक्सिको और कनाडा पर 25 प्रतिशत, जबकि चीन पर 10 प्रतिशत शुल्‍क लगाया जाएगा। यह शुल्‍क अमरीका में गैर-कानूनी तरीके से फेंटानिल के वितरण के आरोप में लगाया गया है। अमरीका में फेंटानिल से कई हजार लोग मारे गए हैं। डॉनल्‍ड ट्रम्‍प पहले ही कह चुके हैं कि कनाडा और मैक्सिको को बिना दस्‍तावेज के अमरीका में आ रहे प्रवासियों और अवैध दवाओं पर रोक लगानी होगी।

—–

श्रीलंका ने कारों के आयात पर प्रतिबंधों में ढील देने के लिए एक राजपत्र- गजट जारी किया है। इससे संकेत मिलता है कि श्रीलंका गंभीर आर्थिक संकट के बाद धीरे-धीरे सामान्य स्थिति की ओर लौट रहा है। अधिसूचना में पहली फरवरी से निजी वाहनों के लिए सीमा-आयात शुल्क पर 50 प्रतिशत अधिभार लगाने की बात कही गयी है।

—–

70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा के लिए 5 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। आकाशवाणी समाचार दिल्ली विधानसभा चुनाव को देखते हुए आपके लिए विशेष श्रृंखला लेकर आया है। आज, हम नजर डालते हैं बाबरपुर निर्वाचन क्षेत्र पर …..

उत्तर पूर्वी दिल्ली के शाहदरा जिले की बाबरपुर सीट पर बीते 10 वर्षों से सत्‍तारूढ़ दल आम आदमी पार्टी का कब्जा है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने इस सीट से लगातार दो बार अपनी जीत का परचम लहराया है। श्री राय के अपने विधानसभा क्षेत्र में अच्छे प्रदर्शन के चलते पार्टी ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है। वहीं, भाजपा ने नए चेहरे अनिल वशिष्ठ को इस सीट पर अपनी किस्मत आजमाने का मौका दिया है। उधर, कांग्रेस ने सीलमपुर के पूर्व विधायक हाजी इशराक खान को मैदान में उतारा है। बाबरपुर में 2 लाख से अधिक मतदाता हैं, जिनमें करीब एक लाख 14 हजार से अधिक पुरुष और एक लाख से अधिक महिला वोटर हैं। इस सीट पर सफाई व्यवस्था, ट्रैफिक जाम और पार्किंग की कमी, लोगों की सबसे प्रमुख समस्याएं हैं। अक्षित वैद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

—–

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज राष्‍ट्रपति भवन में वार्षिक उद्यानोत्‍सव का उद्घाटन करेंगी। इसके साथ ही राष्‍ट्रपति भवन का अमृत उद्यान कल से आम जनता के लिए खुल जाएगा। राष्‍ट्रपति की प्रैस उप-सचिव नाविका गुप्‍ता ने बताया कि अमृत उद्यान तीस मार्च तक खुला रहेगा।

जो लोग अमृत उद्यान देखने रहे हैं, वह सब लोग विविधता का अमृत महोत्‍सव में भी जा सकते हैं। एक हमारा फ्लूम एरिया ट्रीज का गार्डेन एक नया डेवलप किया गया है। वह भी कुछ दिन बाद लोगों के लिए खुल जाएगा, उसमें अलगअलग रंगों के फ्लूम एरिया ट्रीज हैं, जो की बहुत ही देखने में खूबसूरत लगते हैं। उसके अलावा कुछ फ्लोरल आर्ट्स हैं, जो डिस्प्ले किए गए हैं। एक फ्लोरल क्लॉक है, जो की फंक्शनल है। ट्यूलिप्‍स और उसके अलावा रोजेस की बहुत सारी वैरायटीज हैं, 140 से ज्यादा प्रकार के रोजेज हैं।

—–

ख़बरें महाकुम्‍भ से ….

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगायेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि भव्य और दिव्य महाकुंभ विश्व भर से लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। विभिन्न देशों के राजनयिक भी महाकुंभ जायेंगे।

महाकुंभ 2025, केवल भारत का सबसे बड़ा आध्यात्मिक आयोजन बन गया है, बल्कि यह वैश्विक सांस्कृतिक आयोजन के रूप में भी, अपनी पहचान बना चुका है। 73 देशों के राजनयिक, आज प्रयागराज आएंगे और गंगा, यमुना और सरस्वती नदियों के संगम में, पवित्र स्नान करेंगे। वे अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर का भी दर्शन करेंगे। इसके बाद डिजिटल महाकुंभ अनुभूति केंद्र के माध्यम से, राजनयिक आधुनिक तकनीक के जरिए महाकुंभ की गहराई को समझेंगे। वे अखाड़ों की परंपराओं और आध्यात्मिक संस्कृति से भी रूबरू होंगे। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।

—–

हॉकी इंडिया लीग में आज दो मैच खेले जायेंगे। खिताबी मुकाबला हैदराबाद तूफान्‍स और श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स के बीच होगा। कल खेले गए दोनों मैच पर हमारे संवाददाता की यह रिपोर्ट …

पहले सेमीफाइनल मैच में श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स ने तमिलनाडु ड्रैगन्स को पेनाल्टी शूटआउट में 6-5 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। ड्रैगन्स के लिए नाथन एफ्रांस और कार्ती सेल्वन ने गोल किए, जबकि टाइगर के लिए प्रदीप सिंह संधू और सैम लेन ने गोल किए। टाइगर के गोलकीपर जेम्स कैर को प्लेयर ऑफ मैच चुना गया। दिन का दूसरा मैच खेला गया, जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्‍लब और हैदराबाद तूफान के बीच बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में, दोनों टीमों के बीच गोल का अंतर रहा 3-1, हैदराबाद तूफान्‍स अब खिताब के लिए आज शाम 8 बजकर 15 मिनट पर श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स का सामना करेंगे, जबकि जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब शाम 5:45 से, तीसरे स्थान के लिए तमिलनाडु के साथ भिड़ेंगे। आकाशवाणी के लिए मैं मनोज यादव।

—–

भारत ने इंग्‍लैंड को चौथे टी-20 मैच में हरा कर पांच मैचों की श्रृंखला में 3-1 की अजेय बढत ले ली है। श्रृंखला का पांचवां और अन्तिम मैच कल मुंबई में खेला जाएगा।

—–

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

—–

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंनईम अखतर।

  • बजट सत्र से पहले संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को राष्ट्रपति द्वारा संबोधित करने, उम्मीदों का बजट आज पेश होने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जल्द ही अमरीका की यात्रा करने जैसी खबरें आज के समाचार पत्रों की सुर्खियां बनी हुईं हैं।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संसद के दोनों सदनों को किया संबोधित, इस खबर पर देशबंधु का शीर्षक है- तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर भारत। जबकि जनसत्ता ने शीर्षक दिया है- मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में तीन गुणा गति से हो रहा काम।
  • वित्त मंत्री द्वारा आर्थिक सर्वेक्षण पेश करने पर हरिभूमि का शीर्षक है- वित्त वर्ष 2025 में वास्तविक जीडीपी के 6 दशमलव 4 प्रतिशत रहने का अनुमान, जबकि अमर उजाला ने शीर्षक दिया है- 2025-26 में 6 दशमलव 8 फीसदी तक रहेगी विकास दर, आठ फीसदी से पूरा होगा विकसित भारत का लक्ष्य।
  • आज पेश होने वाले उम्मीदों के बजट पर दैनिक भास्कर की सुर्खी है- मिडिल क्लास पर आज लक्ष्मी की कृपा, आज सुबह 11 बजे पेश होने वाले बजट पर पीएम मोदी ने गरीब और मध्यम वर्ग को बड़ी राहत देने के संकेत दिये।

—–

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन आज लोकसभा में वित्त वर्ष 2025-26 का बजट पेश करेंगी।
  • राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज भारत मंडपम में नई दिल्‍ली विश्‍व पुस्‍तक मेले का उद्घाटन करेंगी।
  • देश में चार और नए स्‍थल रामसर सूची में शामिल।
  • अमरीका में राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प सरकार आज से चीन, कनाडा और मैक्सिको पर नए व्‍यापार शुल्‍क लगाएगी।
  • हॉकी इंडिया लीग में हैदराबाद तूफान्‍स ने जे. एस. डब्‍ल्‍यू. सूरमा हॉकी क्‍लब को हराकर फाइनल में जगह बनाई।
  • चौथे टी-20 क्रिकेट मैच में भारत ने इंग्‍लैंड को 15 रन से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला में तीन-एक की अजेय बढत बनाई।

—–