मुख्य समाचार:-
- संसद के बजट सत्र से पहले सरकार ने आज नई दिल्ली में सर्वदलीय बैठक बुलाई; बजट सत्र कल से शुरू होगा।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, राष्ट्रीय खनिज मिशन पर केंद्रीय कैबिनेट के फैसले से देश में उच्च तकनीकी, स्वच्छ ऊर्जा, रक्षा और अन्य प्रमुख उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा।
- उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक प्रयागराज महाकुंभ में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे।
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ग्वांतानामो बे में नौसेना बेस पर तीस हजार लोगों की क्षमता के प्रवासी हिरासत केंद्र बनाने की घोषणा की है।
- पुरुष हॉकी इंडिया लीग में तमिलनाडु ड्रैगन्स और सूरमा हॉकी क्लब ने सेमीफ़ाइनल में अपनी जगह पक्की की।
- टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट में भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश ने नीदरलैंड में डच के मैक्स वार्मरडैम को खेल के 10वें दौर में हराया।
*******
संसद के बजट सत्र से पहले सरकार ने आज नई दिल्ली में सर्वदलीय बैठक बुलाई है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस दौरान सरकार सभी दलों के प्रमुख नेताओं के साथ विचार-विमर्श करेगी और सत्र का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए दलों से सहयोग की अपेक्षा करेगी।
बजट सत्र की शुरूआत शुक्रवार को संसद की दोनों सदनों की एक साथ होने वाली बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण के साथ होगी। उसी दिन केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामण द्वारा आर्थिक सर्वेक्षण भी प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं शनिवार को वित्त मंत्री वर्ष 2025-26 का केन्द्रीय बजट पेश करेंगी, जबकि सोमवार को लोकसभा और राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी। 31 जनवरी से शुरू होने वाले बजट सत्र का पहला चरण 13 फरवरी तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 10 मार्च से शुरू होगा जो 4 अप्रैल तक चलेगा। आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*******
सरकार ने 34 हजार करोड़ रुपये से अधिक के परिव्यय के साथ राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन को मंजूरी दे दी है।
हरित प्रौद्योगिकियों को प्रोत्साहन देने के लिए आवश्यक महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों के लिए एक सुदृढ़ मूल्य श्रृंखला बनाने का निर्णय लिया गया है। कल नई दिल्ली में पत्रकारों को संबोधित करते हुए सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अर्थव्यवस्था के विकास के लिए महत्वपूर्ण खनिजों के महत्व पर प्रकाश डाला।
सबके अनुभवों को लेने के बाद में यह मिशन डिक्लेयर हुआ है और अपरूव हुआ है और यह इम्मीडिएटली काम में लग जाएगा इसका इंप्लीमेंटेशन मेकैनिज्म भी पूरा क्लियर हो गया है। कैबिनेट सेक्रेटरी चेयरमैनशिप में एक मिशन की स्टीयरिंग कमेटी बनेगी। वह स्टीयरिंग कमेटी में सारे स्टेक होल्डर को शामिल किया गया है और जो मेजर पीएसयू है उनको भी इसमें शामिल किया गया है
सरकार ने गन्ना फीडस्टॉक से इथेनॉल खरीद के मूल्य की भी मंजूरी दी है। गन्ना फीडस्टॉक में सी-हैवी शीरा, बी-हैवी शीरा और गन्ने का रस, चीनी और चीनी सीरप शामिल हैं। श्री वैष्णव ने कहा कि इथेनॉल मिश्रण से देश की अर्थव्यवस्था में भी मदद मिली है और एक लाख तेरह हजार करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा की बचत हुई है।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महत्वूपर्ण खनिजों के बारे में केन्द्रीय मंत्रिमंडल के फैसले को आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन से संबंधित मंत्रिमंडल के फैसले से भारत की उच्च प्रौद्योगिकी, स्वच्छ ऊर्जा, रक्षा और अन्य महत्वपूर्ण उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि एथनॉल खरीद की संशोधित दर से जुड़े फैसले से एथनॉल उत्पादन बढ़ाने और ब्लेडिंग लक्ष्यों को हासिल करने में भी मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे कच्चे तेल के आयात में कमी आएगी, किसान सशक्त होंगे और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
*******
वक्फ-संशोधन-विधेयक, 2024 पर संसद की संयुक्त समिति ने मसौदा रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया है। नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में 31 सदस्यीय पैनल के अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने कहा कि समिति ने विधेयक से संबंधित 14 खंडों पर संशोधन को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि समिति की रिपोर्ट आज लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों में विधेयक पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ है। वक्फ संशोधन विधेयक, 2024 का उद्देश्य देश भर में वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन और विनियमन में सुधार करना है।
*******
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अगले महीने की पांच तारीख को मतदान होगा। आकाशवाणी समाचार दिल्ली के 70 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों पर विशेष श्रृंखला प्रसारित कर रहा है। आज हम बात करेंगे राजौरी गार्डन निर्वाचन क्षेत्र की…..
भाजपा ने इस विधानसभा सीट पर मनजिन्दर सिंह सिरसा को चुनावी मैदान में उतारा है वहीं कांग्रेस के धर्मपाल चंदेला इस सीट पर सियासी मुकाबले में है। आम आदमी पार्टी ने इस सीट पर मौजूदा विधायक धनवती चंदेला पर एक बार फिर भरोसा जताया है। इस सीट पर प्रमुख दल भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। समस्याओं की बात करें तो अतिक्रमण जल भराव, पीने का पानी, सफाई व्यवस्था, ट्रैफिक जाम और पार्किंग प्रमुख समस्याएं हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 78 हजार से ज्यादा मतदाता हैं, जो 5 फरवरी को ईवीएम का बटन दबाकर प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। रहीसुद्दीन रिहान के साथ सकलेन अख्तर आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*******
प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने आम आदमी पार्टी पर झूठ फैलाने और दिल्ली के निवासियों से झूठे वादे करने का आरोप लगाया। कल उत्तर-पूर्वी दिल्ली के यमुना खादर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि दिल्ली के लोगों को ऐसी सरकार चाहिए, जो गरीबों के लिए घर बनाने, दिल्ली को आधुनिक बनाने और हर घर में नल से पानी पहुंचाने जैसी उनकी आकांक्षाओं को पूरा करे। उधर, दिल्ली के बवाना में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी आप और भाजपा पर झूठे वादे करने का आरोप लगाया। वहीं, दिल्ली की बादली विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपनी सरकार द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी दी।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
खबरें महाकुंभ से…
उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव और पुलिस महानिदेशक कल प्रयागराज में संगम पर हुई भगदड़ की घटना के बाद आज महाकुम्भ में सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए प्रयागराज जाएंगे। इस दुर्घटना में कल तीस श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई थी और साठ घायल हो गए थे घायलों का स्थानीय अस्पतालों में इलाज चल रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को घटनास्थल का दौरा कर जांच करने के निर्देश दिए हैं। वे हालात का जायजा लेंगे और मुख्यमंत्री को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। यह घटना कल संगम के पास, अखाड़ा मार्ग पर हुई जहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु, मौनी अमावस्या पर स्नान करने के लिए आए थे। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने घटना की गहराई से जांच करने के लिए, तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग का भी गठन किया है। भविष्य में इस तरह की घटना ना हो, इसके लिए भी समिति अपना सुझाव देगी। आयोग एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगा। पुलिस भी, मामले की अलग से जांच करेगी और हादसे के कारणों की, पड़ताल करेगी। सरकार ने कहा है कि महाकुंभ के दौरान भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधन को और मजबूत किया जाएगा। दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज
*******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज महाकुंभ में संगम घाट पर हुई घटना पर शोक व्यक्त किया है।
*******
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने क्यूबा के ग्वांतानामो बे में अमेरिकी नौसेना बेस पर तीस हजार लोगों की क्षमता के प्रवासी हिरासत केंद्र बनाने की घोषणा की है। यह नया केंद्र मौजूदा उच्च सुरक्षा जेल से अलग होगा और इसमें अवैध रूप से गम्भीर अपराध वाले प्रवासियों को रखा जाएगा। आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन केन्द्र मौजूदा स्थल का विस्तार करेगा और इसमें समुद्र में पकड़े गए अप्रवासियों को रखा जाएगा।
*******
अमरीका में डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद रो खन्ना ने कहा है कि रिपब्लिकन पार्टी के सांसद रिच मैककॉर्मिक अमेरिकी संसद में उनके साथ ‘इंडिया कॉकस’ की सह-अध्यक्षता करेंगे। इससे पहले, माइक वाल्ज़ इंडिया कॉकस के अध्यक्ष थे, जिन्हें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अब अपना राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त कर लिया है।
*******
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आज 77वीं पुण्यतिथि है। इस अवसर पर राष्ट्र आज महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। यह दिन शहीद दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। नई दिल्ली में राजघाट स्थित गांधीजी की समाधि पर आज सुबह सर्वधर्म प्रार्थना आयोजित की जाएगी। राष्ट्र प्रतिवर्ष तीस जनवरी को महात्मा गांधी के जीवन और विरासत का स्मरण करता है। गांधी जी आजादी के लिए भारतीय संघर्ष के प्रेरणास्रोत थे।
*******
अब खेलों में हॉकी इंडिया लीग में कल तमिलनाडु ड्रैगन्स और सूरमा हॉकी क्लब ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। एक रिपोर्ट….
बुधवार को बिरसा मुडा हॉकी स्टेडियम राउरकेला में पुरूष हॉकी इंडिया लीग 2024-25 की अपने आखिरी पूल मैच में सूरमा हॉकी क्लब ने स्ट्रेचर बंगाल टाइगर्स को तीन–शून्य पेनल्टी शूटआउट से जीत हासिल की और सेमीफाइनल में भी प्रवेश किया। दिन का दूसरा मैच खेला गया यूपी रूद्रास और तमिलनाडु ड्रैगन्स के बीच में, तमिलनाडु ड्रैगन्स ने दो गोल से पिछडने के बाद वापसी करते हुए यूपी रूद्रास के खिलाफ ड्रॉ हासिल किया और सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई। 31 जनवरी को पहले सेमीफाइनल में श्राची राढ बंगाल टाइगर्स और तमिलनाडु आमने–सामने भिडेंगे शाम 6 बजे से। दूसरे सेमीफाइनल में जे एस डब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब का मुकाबला होगा हैदराबाद तूफान से। आकाशवाणी के लिए मैं मनोज यादव
*******
भारत के डोम्मराजू गुकेश ने नीदरलैंड्स में 2025 टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट में जीत का जलवा जारी रखा है। उन्होंने मास्टर्स कैटेगरी में अपनी बढ़त बनाए रखते हुए कल रात नीदरलैंड्स के ग्रैंड मास्टर मैक्स वारमेरडम को खेल के दसवें दौर में हरा दिया।
*******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– रवि कपूर।
- प्रयागराज महाकुम्भ में कल भगदड़ से श्रद्धालुओं की मौत की ख़बर आज सभी समाचार पत्रों ने अपने पहले पन्ने पर दी है। दैनिक भास्कर लिखता है- मौन अमावस्या, संगम किनारे बैरिकेड टूटे, सोए लोगों को कुचलती गई भीड़, तीस की मौत। अमर उजाला की सुर्खी है- मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश, पच्चीस-पच्चीस लाख मुआवजा।
ट्रम्प का सुनीता की मार्च तक वापसी का फरमान, मस्क से की बात- दैनिक जागरण की ख़बर है। भारतीय मूल की सुनीता विलियम्स ने छात्रों से चर्चा करने के दौरान अंतरिक्ष में रहने के अनुभव साझा किए। कहा- याद करने की कोशिश कर रही हूं कैसे चलते हैं, 237 दिनों से अंतरिक्ष में फंसी हुई है सुनीता विलियम्स- हिन्दुस्तान की ख़बर है। - इसरो का सौंवा सफल लॉन्च, नेविगेशन सिस्टम पुख्ता होगा, इसरो प्रमुख ने कहा अगले पांच साल में सौ और मिशन करने का लक्ष्य- सभी अख़बारों की सुर्खी है।
- गणतंत्र दिवस समारोह में उत्तर प्रदेश की झांकी को पहला पुरस्कार, जम्मू-कश्मीर राइफल्स सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दल- जनसत्ता की ख़बर है।
- बिटिंग द रिट्रिट के साथ सम्पन्न हुआ गणतंत्र दिवस समारोह, विजय चौक पर आयोजित कार्यक्रम में सैन्य बैंड ने भारतीय धुनों के साथ दी मनमोहक प्रस्तुति-हरिभूमि की सुर्खी है
- दैनिक भास्कर ने अजमेर में आना सागर झील में बैठे गल और व्हाइट पैलिकन पक्षी की तस्वीर प्रकाशित की है। पत्र लिखता है-आना सागर झील में परिंदों की चादर।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- संसद के बजट सत्र से पहले सरकार ने आज नई दिल्ली में सर्वदलीय बैठक बुलाई; बजट सत्र कल से शुरू होगा।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन पर केंद्रीय कैबिनेट के फैसले से देश में उच्च तकनीकी, स्वच्छ ऊर्जा, रक्षा और अन्य प्रमुख उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा।
- उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक प्रयागराज महाकुंभ में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे।
- अमरीकी के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ग्वांतानामो बे में नौसेना बेस पर तीस हजार लोगों की क्षमता के प्रवासी हिरासत केंद्र बनाने की घोषणा की है।
- पुरुष हॉकी इंडिया लीग में तमिलनाडु ड्रैगन्स और सूरमा हॉकी क्लब ने सेमीफ़ाइनल में अपनी जगह पक्की की।
- टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट में भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश ने नीदरलैंड में डच के मैक्स वार्मरडैम को खेल के 10वें दौर में हराया।
*******