Download
Mobile App

android apple
signal

January 29, 2025 9:21 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

 

  • भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो ने श्रीहरिकोटा से नई पीढ़ी के नेविगेशन सैटेलाइट एनवीएस-02 का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया।

     

  • बीटिंग रिट्रीट समारोह आज नई दिल्ली के विजय चौक पर आयोजित होगा।

     

  • चुनाव आयोग ने आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल से यमुना जल में जहर मिलाने के आरोपों का प्रमाण मांगा।

     

  • मौनी अमावस्या पर प्रयागराज में महाकुंभ का दूसरा अमृत स्नान जारी।

     

  • भारत ने कनाडा के संघीय चुनावों में हस्तक्षेप के आरोपों की कनाडाई आयोग की रिपोर्ट खारिज की।

     

  • जसप्रीत बुमराह को वर्ष 2024 का आईसीसी क्रिकेटर चुना गया।

*******

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो ने आज आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से दूसरी पीढ़ी के नेविगेशन सेटैलाइट एन.वी.एस.-02 का सफल प्रक्षेपण किया। इसे सुबह छह बजकर 23 मिनट पर जी.एस.एल.वी.-एफ-15 प्रक्षेपण यान से छोड़ा गया। सतीश धवन अंतरिक्ष केन्‍द्र से यह इसरो का सौंवा ऐतिहासिक प्रक्षेपण है।

इसरो के प्रमुख रॉकेट जीएसएलवी एफ15 ने एनवीएस ज़ीरो-टू उपग्रह को सटीक भूस्‍थैतिक स्‍थानांतरण कक्षा में स्‍थापित किया। मिशन के सफल प्रक्षेपण के बाद इसरो के अध्‍यक्ष डॉ. वी नारायणन ने कहा (बाइट-डॉ; वी नारायणन, इसरो) इसे दूसरी पीढ़ी के नाविक उपग्रहों को सेवाओं की निरंतरता देने के लिए उन्नत सुविधाओं के साथ नाविक बेस लेयर तारामंडल को बढ़ाने के लिए परिकल्पित किया गया है। विजयवाड़ा से श्रीसाई की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।

 

*******

गणतंत्र दिवस समारोहों का समापन आयोजन बीटिंग रिट्रीट आज नई दिल्‍ली में संपन्‍न होगा। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्‍य केंद्रीय मंत्री इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।

 

 

इस वर्ष बीटींग रीट्रीट समारोह में सेना, नौसेना, वायु सेना और केन्‍द्रीय सशस्‍त्र पुलिस बलों के बैण्‍डों की कुल 30 धुन बजाई जाएंगी। भारतीय वायु सेना का बैण्‍ड, गैलेक्‍सी राईडर, स्‍ट्राइड रू-ब-रू और मिलेनियम फ्लाईट फैन्‍टसी जैसी धुनों का प्रदर्शन करेगी। वहीं, भारतीय नौसेना बैण्‍ड द्वारा राष्‍ट्र प्रथम, निश्‍शंक निष्‍पद, आत्‍मनिर्भर भारत, स्‍वतंत्रता का प्रकाश फैलाओ, रिद्म ऑफ द रीफ और जय भारती धुन बजाएगा। इसके बाद भारतीय सेना के बैण्‍ड में वीर सपूत, ताकत वतन, मेरा युवा भारत, ध्रुव और फौलाद का जिगर जैसी धुन होंगी। रहीसुद्दीन के साथ, अक्षित वैद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

 

*******

दिल्‍ली पुलिस ने बीटिंग रिट्रीट समारोह को देखते हुए यातायात प्रबंध किए हैं। विजय चौक आज सामान्‍य यातायात के लिए दिन के 2 बजे से लेकर रात साढे नौ बजे तक बंद रहेगा। रायसीना रोड पर कृषि भवन गोलचक्‍कर और सुनहरी मस्जिद गोल चक्‍कर से विजय चौक के लिए यातायात की अनुमति नहीं होगी। रफी मार्ग पर भी सुनहरी मस्जिद गोल चक्‍कर और कृषि भवन गोल चक्‍कर से भी यातायात बंद रहेगा। परामर्श के अनुसार विजय चौक और सी-हेक्‍सागन के बीच कर्तव्‍यपथ पर भी यातायात- पाबंदी रहेगी। लोगों को रिंग रोड, रिज रोड, अरबिंदो मार्ग, मदरसा टी- पॉइंट, रानी झांसी रोड और मिंटो रोड जैसे वैकल्पिक मार्गों का इस्‍तेमाल करने की सलाह दी गयी है।

*******

सरकार ने संसद के बजट अधिवेशन से पहले कल सर्वदलीय बैठक बुलाई है।

 

*******

संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा। सत्र के पहले दिन राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु लोकसभा और राज्‍य सभा की संयुक्‍त बैठक को संबोधित करेंगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन पहली फरवरी को केंद्रीय बजट पेश करेंगी। बजट सत्र का पहला चरण 13 फरवरी तक चलेगा जबकि दूसरा चरण 10 मार्च से 4 अप्रैल तक होगा।

 

*******

निर्वाचन आयोग ने भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस की शिकायत पर आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल को नोटिस जारी किया है। अरविंद केजरीवाल ने एक साक्षात्‍कार में हरियाणा सरकार द्वारा यमुना नदी को जहरीला बनाने का आरोप लगाया था। आयोग ने श्री केजरीवाल को आज रात आठ बजे तक पुख्‍ता प्रमाणों के साथ अपना जवाब दाखिल करने का कहा है। आयोग ने कहा कि दिल्‍ली जल बोर्ड की रिपोर्ट में यमुना जल को जहरीला बनाने का कोई उल्‍लेख नहीं है। आयोग ने ये भी कहा कि पानी में जहर मिलाने के आरोपों का तथ्‍यात्‍मक आधार होना चाहिए। आयोग ने कहा है कि पानी की कमी की आशंका से कानून व्‍यवस्‍था की स्थिति को भी नुकसान पहुंच सकता है।

*******

दिल्‍ली विधानसभा चुनाव के लिए अगले म‍हीने की पांच तारीख को मतदान होगा। आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली के 70 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों पर विशेष श्रृंखला प्रसारित कर रहा है। आज हम बात करेंगे बल्‍लीमारान निर्वाचन क्षेत्र की।

 

मशहूर शायर मिर्जा़ गालिब की हवेली के लिए प्रसिद्ध बल्लिमारान, पुरानी दिल्ली का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। आम आदमी पार्टी ने इमरान हुसैन को एक बार फिर इस सीट पर चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं मुकाबले के लिए कांग्रेस हरून युसुफ इस सीट पर चुनावी दंगल में हैं। भाजपा ने कमल बागड़ी को इस सीट पर अपना चेहरा बनाया है। तंग गलियां, अतिक्रमण, जल-भराव, पीने का पानी, सफाई व्यवस्था, ट्रैफिक जाम और पार्किंग यहां की प्रमुख समस्याएं हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में ढे़ड लाख से अधिक मतदाता हैं, जो प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला 5 फरवरी को करेंगे। सकलेन अखतर, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

*******

दिल्‍ली में विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के प्रमुख नेता रैलियां और रोड-शो से लेकर घर-घर जाकर भी प्रचार कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज शाहदरा विधानसभा क्षेत्र के करतार नगर में रैली कर सकते हैं। दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी के राष्‍ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज शाम बादली और तिमारपुर विधानसभा क्षेत्र में जन-सभाएं करेंगे।

 

इस बीच, कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता जयराम रमेश और देवेन्‍द्र यादव का आज पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र जारी करने का भी कार्यक्रम है।

*******

खबरें महाकुंभ से:-

प्रयागराज में मौनी अमावस्‍या पर महाकुंभ का दूसरा अमृत स्‍नान जारी है। मौनी अमावस्‍या का धार्मिक दृष्टि से विशिष्ट महत्‍व है और इस दिवस पर अमृत स्‍नान अत्‍यंत पावन माना जाता है।

देश विदेश से बड़ी संख्‍या में श्रद्धालु इस अवसर पर त्रिवेणी में डुबकी लगा रहे हैं। उत्‍तर प्रदेश के जालौन से आये राम कृपाल ने इस पावन स्‍नान के दिव्‍य लाभ का उल्‍लेख किया। (बाइट-राम कृपाल, जालौन यूपी) मौनी अमावस्‍या स्‍नान के लिये आज बड़ी सुख्‍या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। उत्‍तर प्रदेश सरकार ने सात स्‍तरीय पुख्‍ता सुरक्षा प्रबंध किये हैं और मेला क्षेत्र को वाहन रहित और वीआईपी रहित क्षेत्र घोषित किया है। झारखंड से आये लोचन वर्मा ने सुरक्षा प्रबंधों को चाक चौबंद बताया। (बाइट- लोचन वर्मा, झारखंड) मेला क्षेत्र में राज्य और केन्‍द्रीय पुलिस बल, यातायात पुलिस और विशेषज्ञ चिकित्‍सकों की टीम श्रद्धालुओं की मदद के लिए चौबीसों घंटे तैनात है। बहराईच से आये निरंकार वर्मा ने भी मेला क्षेत्र में किये गये प्रबंधों की सराहना की।

*******

अंतरराष्‍ट्रीय सरस्‍वती महोत्‍सव आज से हरियाणा में कुरुक्षेत्र जिले के पेहोवा सरस्‍वती तीर्थ में शुरू होगा। राज्‍य के मुख्‍यमंत्री नायब सिंह सैनी महोत्‍सव का उद्घाटन करेंगे। सात दिन के महोत्‍सव के दौरान मुख्‍य सांस्‍कृतिक कार्यक्रम दो फरवरी तक चलेंगे।

*******

भारत ने कनाडा में कथित ह‍स्‍तक्षेप का आरोप लगाने वाली कनाडाई आयोग की रिपोर्ट का खंडन किया है। विदेश मंत्रालय ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वास्‍तविकता यह है कि कनाडा, भारत के आंतरिक मामलों में लगातार हस्‍तक्षेप करता रहा है। ऐसे हस्‍तक्षेपों से ही कनाडा में अवैध प्रवासन और भारत के खिलाफ संगठित आपराधिक गतिविधियों का माहौल बना है।

 

*******

मौसम विभाग ने आज उत्‍तराखण्‍ड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिम बंगाल के पर्वतीय क्षेत्र और सिक्किम में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अगले दो दिन गरज के साथ सामान्‍य बारिश हो सकती है।

*******

भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को प्रतिष्ठित सर गारफील्‍ड सोबर्स ट्रॉफी से सम्‍मानित किया जाएगा। बुमराह को क्रिकेट के सभी प्रारूप में असाधारण प्रदर्शन के लिए वर्ष 2024 के लिए आई.सी.सी. का श्रेष्‍ठ पुरुष क्रिकेट खिलाड़ी चुना गया है।

*******

हॉकी इंडिया लीग में कल खेले गये मुकाबले में गोनासिका ने शूटआउट में हैदराबाद तूफांस को तीन-एक से हरा दिया।

 

28 जनवरी को राउरकेला में हैदराबाद तूफान्स और टीम गोनासिका के बीच शूटआउट में हैदराबाद तूफान्स को एक-तीन से हार का सामना करना पड़ा। इस नतीजे के बाद प्वाइंट्स टेबल में अब हैदराबाद तूफान्स दूसरे स्थान पर मौजूद है और उन्हें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने का निर्णय बुधवार के मैचों पर निर्भर करेगा। बुधवार को राउरकेला में दो मुकाबले होंगे। पहला मैच शाम छह बजे जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब और श्राची राढ़ बंगाल के बीच में होगा और दूसरा मैच सवा आठ बजे यूपी रूद्राज और तमिलनाडु ड्रैगन्स के बीच होगा। आकाशवाणी के लिए मैं ऋतिक कपूर।

 

*******

प्रयागराज में आज मौनी अमावस्‍या पर दूसरे अमृत स्‍नान की खबर सभी अ‍खबारों ने प्रकाशित की है। अमर उजाला लिखता है- श्रद्धा का सैलाब, सर्वसिद्धियों की प्रदाता बनेगी मौन डुबकी। राजस्‍थान पत्रिका की खबर है- महाकुंभ में गंगा, यमुना और सरस्‍वती के संगम पर आस्‍था की डुबकी के लिए उमड़े श्रद्धालु। वहीं हिन्‍दुस्‍तान ने संगम तट पर श्रद्धालुओं की तस्‍वीर साझा की है। पत्र लिखता है- अमृत स्‍नान को संगमनगरी में समाया संसार।

 

श्रीलंकाई नौसेना की गोलीबारी में भारतीय मछुआरों के घायल होने की खबर भी दैनिक जागरण सहित सभी अखबारों की सुर्खी बनी है।

 

इस्राइल और हमास के संघर्ष विराम के बाद हजारों विस्‍थापित फलीस्‍तीनियों की घर वापसी की तस्‍वीरें दैनिक भास्‍कर ने सचित्र प्रकाशित की है।

 

जनसत्ता की खबर है-सरकारी स्‍कूलों में कोविड काल के बाद बच्‍चों के पढ़ने और सीखने में हुआ सुधार, वार्षिक शिक्षा स्थिति रपट में दी गई जानकारी।

श्रीनगर को देश के बाकी हिस्‍सों से जोड़ने वाली पहली रेल सेवा के अगले महीने शुरू होने की खबर हिन्‍दुस्‍तान ने सचित्र प्रकाशित की है। पत्र लिखता है – दशकों इंतज़ार के बाद दिल्‍ली से श्रीनगर की और घटेगी दूरी। न बर्फबारी का आतंक होगा, न सड़क जाम की समस्‍या और न फल सब्जियों के खराब होने का खतरा।

 

*******

मुख्य समाचार एक बार फिरः

 

  • भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो ने श्रीहरिकोटा से नई पीढ़ी के नेविगेशन सैटेलाइट एनवीएस-02 का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया।

     

  • बीटिंग रिट्रीट समारोह आज नई दिल्ली के विजय चौक पर आयोजित होगा।

     

  • चुनाव आयोग ने आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल से यमुना जल में जहर मिलाने के आरोपों का प्रमाण मांगा।

     

  • मौनी अमावस्या पर प्रयागराज में महाकुंभ का दूसरा अमृत स्नान जारी।

     

  • भारत ने कनाडा के संघीय चुनावों में हस्तक्षेप के आरोपों की कनाडाई आयोग की रिपोर्ट खारिज की।

     

  • जसप्रीत बुमराह को वर्ष 2024 का आईसीसी क्रिकेटर चुना गया।

*******