Download
Mobile App

android apple
signal

January 28, 2025 9:16 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह भुवनेश्वर में ‘उत्कर्ष ओडिशा, मेक-इन-ओडिशा कॉन्क्लेव’ का उद्घाटन करेंगे।
  • भारत और चीन ने द्विपक्षीय संबंधों की स्थिति की समीक्षा की, कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर से शुरू करने, दोनों देशों के बीच सीधी हवाई सेवाएं और सीमा पार नदियों पर डेटा साझा करने पर सहमति व्यक्त की।
  • भारतीय रेलवे ने 130 किलीमीटर प्रति घंटे की रेल गति हासिल करने के लिए 23 हजार किलोमीटर से अधिक रेल पटरियों के उन्‍नयन की महत्‍वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।
  • देहरादून के महाराणा प्रताप स्टेडियम में आज 38वें राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ होगा।
  • क्रिकेट में, भारत और इंग्‍लैंड के बीच तीसरा टी-20 मैच आज शाम राजकोट में।

*****

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह भुवनेश्वर के जनता मैदान में उत्कर्ष ओडिशा-मेक इन ओडिशा कॉन्क्लेव का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री इसी महीने में दूसरी बार ओडिशा दौरे पर जा रहे हैं। 9 जनवरी को प्रवासी भारतीय दिवस समारोह के दौरान वे राज्‍य के दौरे पर थे। ओडिशा सरकार की ओर से आयोजित उत्कर्ष ओडिशा प्रमुख वैश्विक निवेश शिखर सम्मेलन है। एक रिपोर्ट-

ओडिशा को उम्मीद है कि आज सुबह भुवनेश्वर में शुरू होने वाले दो दिवसीय ‘उत्कर्ष ओडिशा, मेक इन ओडिशा’ सम्मेलन के बाद राज्य में 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आएगा, साथ ही साढ़े तीन लाख रोजगार सृजन का अनुमान है। ओडिशा ने एक बड़ी औद्योगिक क्रांति के लिए कमर कस ली है क्योंकि यह दो दिवसीय मेगा बिजनेस कॉन्क्लेव में एक बड़ी छलांग लगाने के लिए तैयार है। सम्मेलन का उद्देश्य एक मजबूत औद्योगिक बुनियादी ढांचा तैयार करना और 2036 तक ओडिशा को देश के शीर्ष-5 आर्थिक राज्यों में स्थान दिलाना है। व्यापार सम्मेलन में राजनयिक दूतों, निवेशकों और उद्योगपतियों सहित बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है। इस कार्यक्रम में 100 से अधिक निवेश सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। प्रकाश दाश, आकाशवाणी समाचार, भुवनेश्वर।

*****

भारत और चीन ने द्विपक्षीय संबंधों में स्थिरता लाने और फिर से सक्रिय करने के उद्देश्‍य से विदेश सचिव और चीन के उप-मंत्री की बैठक के दौरान कई उपायों पर सहमति व्यक्त की। इनमें कैलाश मानसरोवर यात्रा को फिर से शुरू करना, दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानों की बहाली और अन्य बातों के अलावा सीमा पार नदी के आंकड़ों को साझा करना शामिल है। चीन की दो दिन की यात्रा पर गए विदेश सचिव विक्रम मिसरी इस बैठक में शामिल हुए। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि संबंधित पक्ष मौजूदा समझौतों के अनुसार कैलाश मानसरोवर यात्रा को फिर से शुरू करने के तौर-तरीकों पर चर्चा करेगी। दोनों पक्षों ने जल विज्ञान संबंधी आंकड़ों की प्रक्रिया फिर से शुरू करने और सीमा पार नदियों से संबंधित अन्य सहयोग पर चर्चा करने के लिए भारत-चीन के विशेषज्ञों की जल्द बैठक आयोजित करने पर भी सहमति व्यक्त की। दोनों पक्षों ने भारत-चीन के बीच सीधी हवाई सेवाएं फिर से शुरू करने पर भी सैद्धांतिक रूप से सहमति व्यक्त की। साथ ही यह भी माना कि 2025 में भारत और चीन के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ  का बेहतर उपयोग किया जाना चाहिए।

*****

विदेश मंत्री डॉक्‍टर सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर आज अबू धाबी में रायसीना मध्‍य पूर्व के उद्घाटन सत्र में मुख्य भाषण देंगे। संयुक्‍त अरब अमीरात की तीन दिन की यात्रा के दौरान उन्‍होंने अबू धाबी में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित 76वें गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लिया। एक रिपोर्ट…

भारत और यूएई तेजी से बदलती दुनिया में अपनी साझेदारी को मजबूत कर रहे हैं। यूएई में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित 76वें गणतंत्र दिवस समारोह में बोलते हुए, भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि यह समय जटिलता तथा अवसर दोनों का है। उन्‍होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के संयुक्त दृष्टिकोण से निर्देशित इस साझेदारी ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। (बाइट- डॉ. एस. जयशंकर) डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि 40 लाख से अधिक प्रवासी भारतीय दोनों देशों के आपसी संबंधों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्‍णवी।

*****

भारतीय रेल ने 23 हजार किलोमीटर से अधिक रेल पटरियों के उन्‍नयन की महत्‍वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इससे रेलगाडियों की गति बढाकर 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक करने में सहायता मिलेगी। इसके अतिरिक्‍त 54 हजार किलोमीटर से अधिक रेल पटरियों को रेलगाडियों की एक सौ दस किलोमीटर प्रति घंटे की गति के लिए उन्‍नत किया गया है। भारतीय रेल ने कहा है कि इससे विभिन्‍न क्षेत्रों में निर्बाध संपर्क सुनिश्चित किया जा सकेगा और रेलवे की परिचालन क्षमता भी बढेगी।

*****

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*****

दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए 5 फरवरी को मतदान होगा। इस संबंध में आकाशवाणी समाचार से विशेष श्रृंखला प्रसारित की रही है। आज प्रस्‍तुत है शकूरबस्‍ती निर्वाचन क्षेत्र का लेखा-जोखा।

उत्‍तरी दिल्‍ली जिले में स्थित शकूरबस्‍ती विधानसभा क्षेत्र, इस चुनाव की सबसे चर्चित सीटों में से एक है। दिल्‍ली के पूर्व मंत्री सत्‍येन्‍द्र जैन इस सीट से आम आदमी पार्टी के उम्‍मीदवार हैं। भाजपा ने इस सीट पर करनैल सिंह को टिकट दिया है। वहीं, कांग्रेस ने सतीश लूथरा पर दाव लगाकर इस चुनाव को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश की है। लगभग एक लाख 57 हजार मतदाताओं वाले इस क्षेत्र में खराब सड़कें, सीवर की समस्‍या, ट्रैफिक जाम और पार्किंग जैसे मुद्दे स्‍थानीय लोगों के बीच चर्चा का केन्‍द्र बने हुए हैं। 1993 से अब तक यहां पर दो बार भाजपा, दो बार कांग्रेस और तीन बार आम आदमी पार्टी ने अपना परचम लहराया है। इस बार मुकाबले में यह देखना दिलचस्‍प होगा कि क्‍या सत्‍येन्‍द्र जैन यहां से जीत का चौका लगाते हैं या फिर जनता इस बार कुछ उलट-फेर करने के मूड में है। सकलेन अख्‍़तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

*****

खबरे महाकुंभ से

प्रयागराज महाकुंभ में कल मौनी अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की व्‍यवस्‍था की गई है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि परेड ग्राउंड स्थित केंद्रीय अस्पताल, किसी भी स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है।

प्रयागराज मेला प्राधिकरण ने श्रद्धालुओं की स्‍वास्‍थ्‍य संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए महाकुंभ मेला क्षेत्र में सौ बिस्‍तरों वाला केन्‍द्रीय अस्‍पताल स्‍थापित किया है। इसके अलावा, किसी भी स्‍वास्‍थ्‍य संबंधी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए विशेष स्‍वास्‍थ्‍य कर्मियों को भी तैनात किया गया है। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए केन्‍द्रीय अस्‍पताल के नोडल अधिकारी डॉक्‍टर गौरव दुबे ने बताया कि मौनी अमावस्या को देखते हुए, अस्पतालों में डॉक्टरों और एंबुलेंस की संख्या को बढ़ा दिया गया है।

इसके अलावा 80 आयुष डॉक्टरों की एक टीम, 20 ओपीडी केंद्रों पर, चौबीस घंटे चिकित्सा सेवा प्रदान कर रही है। इन अस्पतालों में दी जाने वाली सभी चिकित्सा सेवाएँ, निःशुल्क हैं। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।

*****

इस बीच, रेलवे ने मौनी अमावस्या के अवसर पर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए व्यापक उपाय किए हैं। प्रयागराज रेलवे डिवीजन ने प्रयागराज जंक्शन, नैनी, छिवकी और सूबेदारगंज सहित शहर के सभी स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास के लिए एक अनूठी योजना लागू की है।

*****

राष्ट्र, आज लाला लाजपत राय की 160वीं जयंती पर उनका स्‍मरण कर रहा है। एक रिपोर्ट-

मेरे शरीर पर पड़ी एक-एक लाठी की चोट, ब्रिटिश सरकार के ताबूत की कील बनेगी। यह कहना था स्‍वतंत्रता संग्राम के महान योद्धा लाला लाजपत राय का। स्वदेशी आंदोलन के ध्वजवाहक लाला लाजपत राय का जन्म आज ही के दिन 1865 में ब्रिटिश भारत के पंजाब प्रांत के तत्कालीन फरीदकोट जिले के ढुडीके में हुआ था। उनके पिता मुंशी राधा कृष्ण एक सरकारी स्कूल में शिक्षक थे और माता गुलाबी देवी थीं। पंजाब केसरी के रूप में प्रसिद्ध लाला लाजपत राय का अक्टूबर 1928 में पुलिस द्वारा लाठी चार्ज के दौरान सिर पर गंभीर चोट लगने से निधन हो गया। पुलिस ने तब लाठीचार्ज किया जब वे साइमन कमीशन के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध का नेतृत्व कर रहे थे। लाला लाजपत राय को हिन्‍दी समाचार कक्ष की तरफ से विनम्र श्रद्धांजलि। जलंधर से राजेश बाली की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।

*****

प्रधानमंत्री मोदी आज उत्तराखंड के देहरादून में 38वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करेंगे।

उत्तराखंड 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के लिए तैयार है। खेलों की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दौरे को देखते हुए, प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कल देर शाम महाराणा प्रताप स्टेडियम की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उत्तराखंड के 8 जिलों के 11 शहरों में 35 खेलों की कुल 47 स्पर्धाएं आयोजित की जानी हैं। इस बीच 38वें राष्ट्रीय खेलों के अंतर्गत प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर ट्रायथलॉन प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। 26 जनवरी से शुरू प्रतियोगिता 30 जनवरी तक आयोजित होगी। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।

*****

हॉकी इंडिया लीग में कल सूरमा हॉकी क्लब ने वेदांत कलिंगा लांसर्स को हरा दिया। ब्यौरा हमारे संवाददाता से…

सोमवार को पहला मैच हुआ, श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स और दिल्ली एस.जी. पाइपर्स के बीच में। इस मैच को बंगाल टाइगर्स ने किया अपने नाम दो-एक से और उसके साथ ही अपनी जगह हॉकी इंडिया लीग के सेमीफाइनल्‍स में भी ऑलमोस्‍ट तय कर ली। दूसरा मुकाबला हुआ जे.एस.डब्‍ल्‍यू. सूरमा हॉकी क्लब और वेदांता कलिंगा लांसर्स के बीच में। जीत आई, जे.एस.डब्‍ल्‍यू. सूरमा हॉकी क्‍लब के नाम। उन्‍होंने मैच पांच-तीन से अपने नाम कर लिया। इस मैच के बाद वेदांता कलिंगा लांसर्स का सफर हॉकी इंडिया लीग में यहीं पर समाप्‍त हो गया। आकाशवाणी के लिए साक्षी मांडवाल।

*****

अन्‍य खेल खबरों के साथ चन्‍द्रशेखर शर्मा –

क्रिकेट में, वर्तमान श्रृंखला के तीसरे टी-ट्वेंटी अंतरराष्ट्रीय मैच में आज भारत का सामना इंग्लैंड से होगा। यह मैच गुजरात में राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। महिला क्रिकेट में, अंडर-19 महिला विश्व कप क्रिकेट प्रतियोगिता के सुपर सिक्स चरण के अंतिम मैच में आज पिछले विजेता भारतीय टीम का सामना स्कॉटलैंड से होगा। यह मैच मलेशिया में क्वालालंपुर के बायुएमास ओवल मैदान में भारतीय समय के अनुसार दोपहर 12 बजे से खेला जाएगा। टेनिस में भारत के यूकी भांबरी और क्रोएशिया के उनके जोडीदार इवान डोडिग कल शाम फ्रांस के मॉंटपेलीयर में ओपन ऑकीटेनी प्रतियोगिता के क्‍वार्टर फाइनल में पहुंच गये। और फुटबॉल में, इंडियन सुपर लीग में, मोहन बागान सुपर जायंट ने कल कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में बेंगलुरु एफसी को एक-शून्‍य से हरा दिया। आज, पंजाब एफसी का सामना दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में जमशेदपुर एफसी से होगा। यह मैच शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा।

*****

मौसम विभाग ने आज हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर शीत लहर  का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। अगले दो-तीन दिन में रात और सुबह के समय उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, ओडिशा, बिहार और गांगेय पश्चिम बंगाल में घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं।

*****

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*****

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- मनोज।

  • उत्तराखण्‍ड में समान नागरिक सं‍हिता लागू करने की खबर आज सभी समाचार पत्रों की पहली सुर्खी बनी है। हिन्‍दुस्‍तान लिखता है- स्‍वतंत्र भारत में यूसीसी लागू करने वाला पहला राज्‍य बना उत्तराखण्‍ड। दैनिक भास्‍कर की सुर्खी है- उत्तराखण्‍ड में यूसीसी, सभी धर्म की बेटी को संपत्ति में बेटों जैसा हक। राजस्‍थान पत्रिका के शब्‍द हैं- बहुविवाह पर रोक शादी का रजिस्‍ट्रेशन जरूरी।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने की अमरीकी राष्‍ट्रपति ट्रंप से फोन पर बातचीत, शांति, समृद्धि और सुरक्षा के लिए मिलकर करेंगे काम जनसत्ता की खबर है।
  • मानसरोवर यात्रा फिर शुरू होगी, भारत-चीन सीधी उड़ानों पर राजी नवभारत टाइम्‍स सहित कई अखबारों की सुर्खी है।
  • फिलिस्तीनियों को उत्तरी गजा लौटने की अनु‍मति राष्‍ट्रीय स‍हारा सहित कई अखबारों की सुर्खी है- पत्र लिखता है- एक साल से आश्रय और तंबूओं में शरण लिये हुए फिलिस्‍तीनी घर लौटने को बेताब।
  • वक्‍फ संशोधन बिल को जेपीसी की हरी झंडी, 14 बदलाव मंजूर, विपक्ष के 44 सुझाव खारिज राजस्‍थान पत्रिका में है।
  • विजय चौक पर बीटिंग रिट्रीट समारोह कल, यातायात पुलिस ने किये व्‍यापक इंतजाम, डीटीसी सहित अन्‍य बसें होंगी डायवर्ट दैनिक जागरण की खबर है ।

*****

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह भुवनेश्वर में ‘उत्कर्ष ओडिशा, मेक-इन-ओडिशा कॉन्क्लेव’ का उद्घाटन करेंगे।
  • भारत और चीन ने द्विपक्षीय संबंधों की स्थिति की समीक्षा की, कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर से शुरू करने, दोनों देशों के बीच सीधी हवाई सेवाएं और सीमा पार नदियों पर डेटा साझा करने पर सहमति व्यक्त की।
  • भारतीय रेलवे ने 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रेल गति हासिल करने के लिए 23 हजार किलोमीटर से अधिक रेल पटरियों के उन्‍नयन की महत्‍वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।
  • प्रधानमंत्री आज उत्‍तराखंड के देहरादून 38वें राष्ट्रीय खेलों का उद्धाटन करेंगे।
  • क्रिकेट में, भारत और इंग्‍लैंड के बीच तीसरा टी-20 मैच आज शाम राजकोट में।

*****