मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के करिअप्पा परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय कैडेट कोर की वार्षिक रैली को संबोधित करेंगे।
समान नागरिक संहिता आज से उत्तराखंड में लागू होगी। - उत्तर प्रदेश सरकार ने मौनी अमावस्या अमृत स्नान से पहले प्रयागराज में पूरे महाकुंभ मेला क्षेत्र को आज से वाहन रहित क्षेत्र घोषित किया।
- अमरीकी की राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा शुल्क और प्रतिबंध लगाये जाने के बाद कोलंबिया ने निर्वासित नागरिकों को लाने के लिए अपने विमान भेजने का फैसला किया।
- रांची में ओडिशा वारियर्स ने जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब को 2-1 से हराकर महिला हॉकी इंडिया लीग का खिताब जीता।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय कैडेट कोर की वार्षिक रैली को संबोधित करेंगे। राजधानी के करियप्पा परेड ग्राउंड में आयोजित रैली का विषय है- युवा शक्ति, विकसित भारत। आयोजन के दौरान एनसीसी के आठ सौ से अधिक कैडेट सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत करेंगे, जिसमें राष्ट्र निर्माण के प्रति एनसीसी की प्रतिबद्धता की झलक होगी। रैली में 18 मित्र देशों के 144 युवा कैडेट भी कदम ताल करेंगे।
इसके अलावा, मेरा युवा भारत तथा शिक्षा मंत्रालय और जनजातीय कार्य मंत्रालय के अंतर्गत 650 से अधिक स्वयंसेवक भी रैली में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
****
केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि केंद्र सरकार किसानों के सशक्तिकरण और समृद्धि के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। श्री चौहान ने नई दिल्ली में 76वें गणतंत्र दिवस पर विशेष रूप से आमंत्रित किसानों से बातचीत की और आधुनिक कृषि तकनीकों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया जा रहा है। श्री चौहान ने खेत से उपभोक्ता तक मॉडल के क्रियान्वयन पर जोर दिया। इस मॉडल का उद्देश्य किसानों को अपनी उपज सीधे तौर पर उपभोक्ताओं को बेचने में सक्षम बनाना, बिचौलियों की भूमिका कम करना और किसानों के लिए अधिकतम लाभ सुनिश्चित करना है।
****
केन्द्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल आज ओमान मस्कट में संयुक्त आयोग की 11वीं बैठक में भाग लेने के लिए आज दो दिन की यात्रा पर ओमान जाएंगे। इस दौरान वे ओमान के वाणिज्य उद्योग और निवेश प्रोत्साहन मंत्री कैस बिन मोहम्मद बिन मूसा अल युसूफ के साथ बातचीत करेंगे। दोनों मंत्री व्यापार, निवेश और वैश्विक आर्थिक स्थिति पर विस्तृत रूप से विचार-विमर्श करेंगे।
केन्द्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अनुसार श्री गोयल की इस यात्रा से ओमान के साथ व्यापार और निवेश संबंधों में तेजी आयेगी और दोनों देशों के बीच आपसी रिश्ते प्रगाढ होंगे।
****
विदेश सचिव विक्रम मिसरी दो दिन की चीन यात्रा पर कल पेइचिंग पहुंच गए हैं। विदेश मंत्रालय ने बताया कि वे भारत और चीन के बीच विदेश सचिव-उप मंत्री तंत्र की बैठक में भाग लेंगे।
****
समान नागरिक संहिता-यूसीसी आज से उत्तराखंड में लागू हो रही है। उत्तराखंड देश में यह अधिनियम लागू करने वाला पहला राज्य होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि विनियमों की मंजूरी और संबंधित कर्मियों के प्रशिक्षण सहित अधिनियम को लागू करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यूसीसी का उद्देश्य सभी नागरिकों के लिये समान अधिकार सुनिश्चित करना है।
तमाम औपचारिकताएं पूरी होने के बाद एक्ट बनकर तैयार हो गया। मंत्रिमंडल से मंजूरी मिल गई, प्रशिक्षण की जो कार्रवाई है वह भी लगभग हमारी पूरी हो गई है। उत्तराखंड देश की आजादी के बाद पहला राज्य होने का गौरव देवभूमि उत्तराखंड को मिल गया है। हम सभी के लिए यानी किसी के लिंग का भेद नहीं होगा, किसी जाति का नहीं होगा, पंथ का नहीं होगा, किसी समुदाय का नहीं होगा और हम सबके लिए एक समान कानून जो भारत संविधान के अनुच्छेद-44 में जिसका प्रावधान है। उसकों हमने 27 जनवरी 2025 में लागू करने जा रहे हैं।
यूसीसी लागू करना उत्तराखंड में 2022 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रमुख प्रतिबद्धता थी। इस अधिनियम के लागू हो जाने से अनुसूचित जनजातियों के अलावा राज्य के सभी नागरिकों के लिए विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और संपत्ति अधिकार सहित व्यक्तिगत मामलों के लिए समान नियम और अधिकार सुनिश्चित होंगे।
****
सत्तर सदस्यों की दिल्ली विधानसभा के लिए 5 फरवरी को मतदान होगा। आकाशवाणी समाचार दिल्ली विधानसभा चुनाव के संदर्भ में विधानसभा क्षेत्रों की विशेष श्रृंखला प्रसारित कर रहा है। आज, हम बात करेंगे ग्रेटर कैलाश निर्वाचन क्षेत्र की।
ग्रेटर कैलाश विधानसभा इस चुनाव में उन सीटों में से एक है जिन पर सब की नजर बनी हुई है। दक्षिणी दिल्ली की यह सीट इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री सौरव भारद्वाज फिर एक बार मैदान में हैं। लगातार 2013 से आम आदमी पार्टी के कब्जे में रही इस सीट पर भाजपा ने शिखा राय को उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने के लिए द्रविड सिन्धी राजनीति का आखाड़े में उतारा है। लगभग 1 लाख 87 हजार से ज्यादा मतदाता वाली सीट पर जल भराव पार्किंग की समस्या कूड़े के ढेर, पुरानी पानी की पाइपलाइन ओर बढे हुए बिजली के बिल जैसे मुद्दे स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का केन्द्र बने हुए हैं। इस विधानसभा में ग्रेटर कैलाश एक और दो शाहपुर जाट, ईस्ट ऑफ कैलाश, कैलाश कॉलोनी, सीआर पार्क, पंचशील पार्क जैसे इलाके शामिल हैं। अक्षित वैद्ययान आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
****
तेलंगाना सरकार ने किसानों, कृषि मजदूरों और गरीबी रेखा से नीचे के परिवारों के लिए चार कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। राज्य के प्रत्येक ब्लॉक के एक गांव में कल मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने इन योजनाओं की औपचारिक शुरूआत की।
****
खबरे महाकुंभ से –
उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रयागराज के महाकुम्भ क्षेत्र को आज से वाहन रहित क्षेत्र घोषित किया है। यह फैसला 29 जनवरी को आगामी अमृत स्थान मौनी अमावस्या के अवसर पर संभावित भीड़ के सुचारू प्रबंधन के लिए लिया गया है। एकीकृत नियंत्रण और कमान केंद्र को भीड़ पर नजर रखने तथा संगम पर अत्यधिक श्रद्धालुओं के जुटने पर नियंत्रण के लिए सक्रिय किया गया है। किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए अधिक भीड-भाड वाले क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई दल तैनात किए गए हैं।
****
प्रयागराज में महाकुंभ विभिन्न पहल और कार्यक्रमों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच बन गया है। हमारे संवाददाता ने बताया कि कई संगठनों ने महिलाओं को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान किया है।
महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भारी संख्या न केवल आस्था का उत्सव है। बल्कि यह सामाजिक परिवर्तन का मंच भी है। महिला सशकितकरण को बढ़ावा देने के लिए मेला क्षेत्र में कई मंडप स्थापित किए गए हैं जो महिलाओं के अधिकारों की बात कर रहे हैं। राष्ट्रीय महिला आयोग ने एक मंडप स्थापित किया है जहां महिलाओं के अधिकारों की रक्षा से संबंधित कानूनों के बारे में बताया जा रहा है। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग की शिवांगी शुक्ला ने बताया कि आयोग महिलाओं को उनके अधिकारों के साथ–साथ कानून सलाह भी दे रहा है।
जम्मू–कश्मीर के एक शिल्पकार आसीया खान ने बताया कि कि महाकुंभ मेला उन्हें अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान कर रहा है।
इसके अलावा महाकुंभ में स्थानीय और ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं ने पारंपरिक हस्तशिल्प वस्त्र और जैविक उत्पाद के लिए स्टॉल लगाया है। दीपेन्द्र कुमार आकशवाणी समाचार प्रयागराज।
****
महाकुंभ में भाग लेने के लिए गृह मंत्री अमित शाह आज प्रयागराज जाएंगे। वे गंगा, यमुना और सरस्वती के पवित्र संगम में डुबकी भी लगाएंगे। गृह मंत्री का पुरी और द्वारका के शंकराचार्य सहित कई संतों से मिलने का भी कार्यक्रम है।
****
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
****
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा शुल्क और प्रतिबंध लगाये जाने के बाद कोलंबिया ने निर्वासित नागरिकों को लाने के लिए अपना विमान भेजने का फैसला किया है।
कोलंबिया ने अपने नागरिकों को वापस लाने के लिए विशेष विमान होंडुरास भेजेगा। कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेत्रो ने कहा कि वे अपने नागरिकों की ससम्मान वापसी के लिए विशेष विमान उपलब्ध करायेंगे।
****
श्रीलंका की नौसेना ने दो अलग-अलग घटनाओं में 34 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है। श्रीलंकाई नौसेना ने तीन मछली पकड़ने वाली नौकाएं भी ज़ब्त की हैं। इन मछुआरों को शनिवार और रविवार को गैर-कानूनी ढंग से मछली पकड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
****
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग अपने साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक में आज रात साढे नौ बजे “विद्यार्थियों में परीक्षा संबंधी तनाव से निपटना” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की संयुक्त सचिव डॉक्टर श्वेता अरोड़ा और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स में मनो चिकित्सा विभाग के प्रोफेसर डॉक्टर राजेश सागर श्रोताओं के प्रश्नों का उत्तर देने स्टूडियो में उपस्थित रहेंगे।
विशेषज्ञों से तनाव के कारणों, उबरने के तरीकों और परीक्षा के दौरान मानसिक स्वास्थ्य बनाये रखने से संबंधित प्रश्न पूछे जा सकते हैं।
श्रोता टेलीफोन नंबर 011-23 42 10 50 और 011-23 31 44 44 पर विशेषज्ञों से बात कर सकते हैं।
वाट्सऐप नंबर 92-89-09-40-44 पर तथा हैशटैग आस्क ए.आई.आर. के साथ सोशल मीडिया साइट एक्स पर भी सवाल पोस्ट किये जा सकते हैं।
****
महिला हॉकी इंडिया लीग का पहला खिताब ओडिशा वॉरियर्स ने जीत लिया है। कल रांची में ओडिशा वॉरियर्स ने फाइनल में जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब को 2-1 से पराजित किया। एक रिपोर्ट –
पहला क्वार्टर गोल रहित समाप्त हुआ दूसरे क्वार्टर में विक्टोरिया सोजे के पास ऋतुजा के पास आया और उसने 20 मिनट में सविता के ऊपर से गोल करके वॉरियर्स को बढत दिलाई सूरमा ने बराबरी की कोशिश की और 28 मिनट में पेनिस को पेनाल्टी कार्नर पर गोल कर बराबरी कर दी। हाफ टाइम तक स्कोर एक–एक से बराबर रहा तीसरे क्वार्टर का अंत बिना गोल के हुआ। आखिरी क्वार्टर में वॉरियर्स ने खेल के 56 में मिनट में ऋतुजा के एक शानदार गोल के साथ बढ़त ले ली। सूरमा ने वापसी करने की कोशिश की लेकिन वॉरियर्स ने मजबूती से अपना रक्षा की। हॉकी इंडिया लीग में 27 जनवरी को पहला मुकाबला शाम 6 बजे पुरूष वर्ग मेष राशि रात बांगल टाइगर और दिल्ली एग बाईपास के बीच होगा। वही दूसरा मुकबला भी पुरूष वर्ग में ही जेएसडब्ल्यू सुरमा हॉकी क्लब और वेदांत कालिंगा लांसेज के बीच में होगा दोनों मुकाबले राउरकेला में ही खेले जाएंगे आकाशवाणी के लिए मैं ऋतिक कपूर।
****
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और पंजाब में आज शीतलहर का अनुमान व्यक्त किया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में अगले दो दिन तक सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
****
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
****
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– मनोज।
76वें गणतंत्र दिवस पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित भव्य परेड की झांकियों और सैन्य प्रदर्शन को अधिकांश अखबारों ने पहले पन्ने पर सचित्र प्रकाशित किया है। दैनिक जागरण ने हेडलाईन दी है– दुनिया ने देखा भारत की सैन्य शक्ति का भव्य प्रदर्शन। जनसत्ता का शीर्षक है – कर्तव्य पथ पर दिखा सेना का शौर्य व पराक्रम, पहली बार सामरिक मिसाइल प्रलय का परेड में प्रदर्शन। भीतर के पन्नों पर पत्र ने चित्र सहित दिया है – चार वर्ष बाद कर्तव्य पथ पर दिखी राजधानी की झांकी। नवभारत टाइम्स ने शीर्षक दिया है – कर्तव्य पथ पर विरासत और विकास की झलक, बग्घी में पहुंचे चीफ गेस्ट, लोगों के बीच पहुंचे पीएम। पहली बार एक साथ पांच हजार कलाकार परेड में। दिल्ली विधानसभा चुनाव पर भी अखबारों की नजर है। हिन्दुस्तान ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह का बयान दिया है – दस वर्षो में बदतर हुई दिल्ली, आप सरकार जल्द जाएगी।
****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के करिअप्पा परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय कैडेट कोर की वार्षिक रैली को संबोधित करेंगे।
समान नागरिक संहिता आज से उत्तराखंड में लागू होगी। - उत्तर प्रदेश सरकार ने मौनी अमावस्या अमृत स्नान से पहले प्रयागराज में पूरे महाकुंभ मेला क्षेत्र को आज से वाहन रहित क्षेत्र घोषित किया।
- अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा शुल्क और प्रतिबंध लगाये जाने के बाद कोलंबिया ने निर्वासित नागरिकों को वापस लाने के लिए अपने विमान भेजने का फैसला किया।
- रांची में ओडिशा वारियर्स ने जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब को 2-1 से हराकर महिला हॉकी इंडिया लीग का खिताब जीता।
****