Download
Mobile App

android apple
signal

January 26, 2025 9:31 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • राष्ट्र आज 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है, कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड में भारत की सैन्य शक्ति और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया जाएगा।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा, एक राष्ट्र, एक चुनाव शासन में निरंतरता को बढ़ावा देगा, नीतिगत अवरोध रोकेगा और वित्तीय बोझ को कम करेगा।
  • इस वर्ष के पद्म पुरस्कारों के लिए 139 प्रतिष्ठित विभूतियों का चयन किया गया; इनमें सुशील मोदी, शारदा सिन्हा, न्यायमूर्ति जेएस खेहर, एल सुब्रमण्यम, ओसामु सुजुकी और पीआर श्रीजेश प्रमुख हैं।
  • केंद्र ने सरकारी कर्मचारियों के लिए एकीकृत पेंशन योजना को अधिसूचित की।
  • भारत ने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में इंग्लैंड को 2 विकेट से हराकर पांच मैचों की क्रिकेट श्रृंखला में 2-0 की बढ़त बना ली।

*******

राष्ट्र आज 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित समारोह में परेड की सलामी लेंगी। गणतंत्र दिवस परेड सुबह साढे दस बजे शुरू होगी। गणतंत्र दिवस परेड में भारत की सांस्कृतिक विविधता और सैन्य कौशल का एक अनूठा मिश्रण देखने को मिलेगा।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने गणतंत्र दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में उन्‍होंने कहा कि गौरवशाली गणतंत्र के 75 वर्ष पूरे हुए हैं। वे उन सभी महान महिलाओं और पुरूषों के प्रति सम्‍मान व्‍यक्‍त करते हैं जिन्‍होंने संविधान की संरचना में महान भूमिका निभाई।

*******

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल राष्ट्रपति भवन में इंडोनेशिया के राष्‍ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो का स्वागत किया। राष्‍ट्रपति मुर्मु ने उनके सम्मान में भोज का भी आयोजन किया। भारत की पहली राजकीय यात्रा पर आए राष्ट्रपति सुबियांतो का स्वागत करते हुए श्रीमती मुर्मु ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया के बीच हजारों साल पुराने संबंध हैं। राष्ट्रपति ने गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण स्वीकार करने के लिए श्री सुबियांतो का आभार व्‍यक्‍त किया।

*******

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर भारतीय तटरक्षक कर्मियों को राष्ट्रपति तटरक्षक पदक और तटरक्षक पदक की स्‍वीकृत किये हैं। ये पुरस्कार तटरक्षकों के अदम्‍य साहस, कर्तव्य परायणता, समर्पण और उनकी सराहनीय सेवा को मान्यता देते हैं।

*******

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 93 वीरता पुरस्कारों की घोषणा की है। इसमें सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कर्मी हैं, जिनमें 11 कर्मियों को मरणोपरांत इस पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया जा रहा है। राष्ट्रपति ने सशस्त्र बलों और अन्य कर्मियों को 305 रक्षा अलंकरण से सम्‍मानित करने को भी स्‍वीकृति‍ दी।

*******

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इस अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। श्री बिरला ने अपने संदेश में कहा कि 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा में भारत और अधिक सशक्त तथा समृद्ध हुआ है।

*******

दिल्‍ली मैट्रो ने समारोह को देखते हुए कर्तव्‍य पथ पर पहुंचने वाले लोगों की सुविधा के लिए मेट्रो सेवाएं सुबह तीन बजे से शुरू कर दी हैं।

*******

गणतंत्र दिवस के अवसर पर महाकुंभ के गंगा पवेलियन में विशेष रूप से भारत की अनुपम सांस्‍कृतिक छटा को दर्शाने वाली प्रस्‍तुतियां दी जाएंगी। यह श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अनूठा अनुभव प्रदान करेंगी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यह कार्यक्रम अध्‍यात्मिकता, भारतीय संस्‍कृति और देश प्रेम की भावना से ओत-प्रोत रहेंगे।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर महाकुंभ के सभी चार मंडपों गंगा, यमुना, सरस्‍वती और त्रिवेणी पर विभिन्‍न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उत्‍तर प्रदेश संस्‍कृति विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शास्‍त्रीय संगीत और लोककला का प्रदर्शन किया जाएगा जो दर्शकों को अध्‍यात्म का अनुभव कराएगा। एक तरफ जहां फरूवाही, बीरहा, आला के जरिए उत्‍तर प्रदेश के ग्रामीण संस्‍कृति से देशविदेश के श्रद्धालूओं को रूबरू कराया जाएगा तो वहीं, कुचीपुडी, भरतनाट्यम और कथक के साथसाथ अन्‍य शास्‍त्रीय संगीत का भी आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा शाम के समय श्रद्धालु आकर्षक द्रोण शो के द्वारा भारतीय संस्‍कृति और इसकी समृद्ध विरासत का भी अनुभव कर सकेंगे। प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में अब तक लगभग 11 करोड श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगा चुके हैं। दीपेन्‍द्र कुमार आकाशवाणी समाचार प्रयागराज।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

राष्ट्रपति मुर्मु ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्‍या पर राष्‍ट्र को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्‍होंने कहा कि संसद में पेश ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ विधेयक में सुशासन की शर्तों को फिर से परिभाषित किया गया है। ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ योजना शासन में निरंतरता को बढ़ावा दे सकती है।

एक राष्‍ट्र एक चुनाव की व्‍यवस्‍था से शासन में निरंतरता को बढ़ावा मिल सकता है। नीति निर्धारण से जुडी निष्क्रियता समाप्‍त की जा सकती है। संसाधनों की अन्‍यत्र खर्च हो जाने की संभावना कम हो सकती है तथा वित्तीय बोझ को कम किया जा सकता है। इनके अलावा जन हित में अनेक अन्‍य लाभ भी हो सकते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत इस वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती मना रहा है। उन्‍होंने  इस बात पर जोर दिया कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारा हमेशा से भारत की सभ्यतागत विरासत का हिस्सा रहे हैं। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि हाल के वर्षों में भारत की आर्थिक विकास दर में लगातार वृद्धि हुई।

*******

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वर्ष 2025 के लिए 139 पद्म पुरस्कार प्रदान करने को स्वीकृति दी है। इस सूची में सात पद्म विभूषण, 19 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। पुरस्कार पाने वालों में 23 महिलाएँ हैं। इस सूची में विदेशी, अप्रवासी भारतीय, भारतीय मूल के लोग और भारत के विदेशी नागरिक श्रेणी की 10 विभूतियां और 13 अन्‍य को मरणोपरांत पुरस्कार से सम्‍मानित किया गया है।

भारतीय लेखक एमटी वासुदेवन नायर, सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन के पूर्व अध्यक्ष ओसामु सुजुकी और गायिका शारदा सिन्हा को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है। वहीं गायक पंकज उधास और अर्थशास्त्री बिबेक देबरॉय को मरणोपरांत पद्म भूषण दिया गया है। न्यायमूर्ति (सेवानिवृत) जगदीश सिंह खेहर और एल. सुब्रमण्यम को पद्म विभूषण, हॉकी खिलाड़ी पीआर श्रीजेश को पद्म भूषण और क्रिकेट खिलाडी रविचंद्रन अश्विन तथा फुटबॉल खिलाड़ी आईएम विजयन को पद्मश्री से सम्मानित किया गया है।

*******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी पद्म पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मोदी ने कहा कि, भारत को इन विजेताओं की  असाधारण उपलब्धियों का सम्मान करने पर गर्व है। उन्होंने कहा कि उनका समर्पण और दृढ़ता वास्तव में प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पुरस्कार विजेता कड़ी मेहनत, जुनून और नवाचार के पर्याय है, जिन्‍होंने अनगिनत लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डाला है।

*******

70 सदस्‍यीय दिल्‍ली विधानसभा के लिए अगले महीने की पांच तारीख को मतदान होगा। आकाशवाणी समाचार मतदान पर विशेष श्रृंखला का प्रसारण कर रहा है। आज प्रस्‍तुत है मालवीय नगर निर्वाचन क्षेत्र का लेखा-जोखा।

इस सीट पर आम आदमी पार्टी के वरिष्‍ठ नेता सोमनाथ भारती जो लगातार 2013 से चुनाव जीतते रहे हैं, फिर एक बार राजनीतिक अखाड़ें में हैं। इस बार सोमनाथ भारती के लिए मालवीय नगर की राह आसान नहीं है क्‍योंकि भाजपा ने इस सीट पर पूर्व प्रदेश अध्‍यक्ष सतीश उपाध्‍याय को मैदान में उतारा है। वहीं चुनाव को त्रिकोणीय बनाने के लिए कांग्रेस ने जीतेंद्र कुमार कोचर पर दांव लगाया है। दक्षिणी दिल्‍ली क्षेत्र की इस सीट पर 2020 में हुए विधानसभा चुनाव में सोमनाथ भारती ने भाजपा के शैलेन्‍द्र सिंह को 18 हजार से ज्‍यादा वोटों से शिकस्‍त दी थी। डेढ लाख से ज्‍यादा मतदाताओं वाली इस सीट पर मिश्रित आबादी की वह वहज से यहां किसी एक जाति या समाज का वर्चस्‍व नहीं है। मालवीय नगर के लोगों के बीच पानी की निकासी, पार्किंग की समस्‍या और साफसफाई जैसे मुद्दें प्रमुखता से अपनी जगह बना रहे हैं। सकलेन अख्‍तर, आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

*******

केंद्र ने एकीकृत पेंशन योजना, यूपीएस के कार्यान्वयन को आधिकारिक तौर पर अधिसूचित कर दिया है। कल जारी अधिसूचना में कहा गया है कि यूपीएस उन केंद्र सरकार के कर्मचारियों पर लागू होगा जो राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली के अंतर्गत आते हैं और जो एनपीएस के तहत इस विकल्प को चुनते हैं। केंद्र सरकार के मौजूदा और भविष्य में सेवा में आने वाले कर्मचारी या तो राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली के तहत यूपीएस विकल्प चुन सकते हैं या राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली विकल्प के बिना एनपीएस जारी रख सकते हैं।

*******

खेलों में पुरुषों की हॉकी इंडिया लीग में, अर्शदीप सिंह के शानदार दो गोल की बदौलत हैदराबाद तूफान ने कल रात राउरकेला के बिरसा मुंडा स्टेडियम में यूपी रुद्रास को तीन-एक से हरा दिया। वहीं महिला हॉकी इंडिया लीग में जे.एस.डब्‍ल्‍यू. सोरमा हॉकी क्लब का खिताबी मुकाबला ओडिशा वारियर्स से होगा। एक रिपोर्ट….

टीम गोनासिका ने 25 जनवरी शनिवार को राउरकेला में खेले गए पुरूष हॉकी इं‍डिया लीग के पूल बी मैच में तमिलनाडु ड्रैगन्‍स को 4-2 से हराकर शानदार प्रदर्शन किया। दिन के दूसरे मुकाबले में अर्शदीप सिंह हैदराबाद तूफान के लिए मैच विजेता साबित हुए। क्योंकि उनके दो गोलों की बदौलत टीम ने शनिवार को पुरुष हॉकी इंडिया लीग के मैच में यूपी रुद्रास को 3-1 से हराया। उड़ीसा वॉरियर्स और जेएसडब्ल्यू सुरमा हॉकी क्लब पहली महिला हॉकी इंडिया लीग 2025 के फाइनल में आमनेसामने होने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह ऐतिहासिक मुकाबला आज 26 जनवरी को रांची में 6:00 बजे से होगा ।आकाशवाणी के लिए मैं ऋतिक कपूर।

*******

पुरुष क्रिकेट में, भारत ने कल रात दूसरे टी20 क्रिकेट मैच में इंग्लैंड पर दो विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की।  चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में 166 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 19 ओवर और 2 गेंदों में आठ विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ, भारत पांच मैचों की श्रृंखला में 2-0 से आगे है।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंमनोज।

  • आज सभी समाचार पत्रों ने 76वें गणतंत्र दिवस पर भारत की बहुरंगी छठा को प्रदर्शित करते हुए समाचार प्रकाशित किए हैं। दैनिक भास्‍कर लिखता है- परमवीर चक्र सम्‍मान की स्‍थापना के 75 साल आज पूरे, सर्वोच्‍च शौर्य पुरस्‍कार से सम्‍मानित सभी 21 जाबांजों को नमन।
  • गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्‍या पर राष्‍ट्रपति का सम्‍बोधन सभी समाचार पत्रों में है। जनसत्‍ता लिखता है- राष्‍ट्रपति ने कहा एक देश एक चुनाव पहल से नीतिगत निष्क्रियता खत्‍म होगी।
  • राजस्‍थान पत्रिका ने कूपवाड़ा में शून्‍य से नीचे तापमान के बीच एल.ओ.सी. पर राष्‍ट्रीय ध्‍वज के साथ प्रसन्‍न मुद्रा में भारतीय सेना के जवानों की तस्‍वीर प्रकाशित की है।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • राष्ट्र आज 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है; कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड में भारत की सैन्य शक्ति और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया जाएगा।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा, एक राष्ट्र, एक चुनाव शासन में निरंतरता को बढ़ावा देगा, नीतिगत अवरोध रोकेगा और वित्तीय बोझ कम करेगा।
  • इस वर्ष के पद्म पुरस्कारों के लिए 139 प्रतिष्ठित विभूतियों का चयन किया गया; इनमें सुशील मोदी, शारदा सिन्हा, न्यायमूर्ति जेएस खेहर, एल सुब्रमण्यम, ओसामु सुजुकी और पीआर श्रीजेश प्रमुख हैं।
  • केंद्र ने सरकारी कर्मचारियों के लिए एकीकृत पेंशन योजना अधिसूचित की।
  • भारत ने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में इंग्लैंड को 2 विकेट से हराकर पांच मैचों की क्रिकेट श्रृंखला में 2-0 की बढ़त बना ली।

*******