Download
Mobile App

android apple
signal

January 22, 2025 10:03 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

 

  • विश्व बैंक द्वारा नियुक्त तटस्थ विशेषज्ञ ने सिंधु जल संधि के संबंध में भारत और पाकिस्तान के बीच विवाद पर भारत का समर्थन किया; भारत ने कहा- यह निर्णय विशेषज्ञ को भेजे गए सभी सात सवालों को सही ठहराता है।

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में भाजपा के बूथ स्तर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

  

  • केंद्र सरकार आज दिल्‍ली में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओअभियान की 10वीं वर्षगांठ मनाएगी।

 

  • उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रयागराज में मंत्रिमंडल की विशेष बैठक करेंगे।

  

  • अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने वाशिंगटन-डीसी में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों से मुलाकात की।

 

  • क्रिकेट में, भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की श्रृंखला का पहला ट्वेंटी-ट्वेंटी मैच आज शाम कोलकाता में खेला जाएगा।

 

 

******

 

 

विश्व बैंक द्वारा नियुक्त तटस्थ विशेषज्ञ ने किशनगंगा और रतले जलविद्युत परियोजनाओं पर भारत का समर्थन किया है। विशेषज्ञ ने जलविद्युत परियोजनाओं के बारे में पाकिस्‍तान द्वारा अपने मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के लिए मध्यस्थता न्यायालय की स्थापना करने पर पाकिस्तान की याचिका को खारिज कर दिया है। विशेषज्ञ ने कहा है कि उन्‍होंने सावधानीपूर्वक विचार करने के बाद यह पाया है कि उन्हें दोनों देशों के बीच मतभेद के सभी बिंदुओं के गुण और दोषों पर निर्णय देने के लिए आगे बढ़ना चाहिए। विदेश मंत्रालय ने कहा कि जम्मू और कश्मीर में किशनगंगा और रतले जलविद्युत संयंत्रों से संबंधित मतभेदों को तय करने की क्षमता केवल तटस्थ विशेषज्ञ के पास है और इस मुद्दे पर भारत ने हमेशा सैद्धांतिक रवैया अपनाया है। 1960 की सिंधु जल संधि को लेकर दोनों देशों के बीच असहमति और मतभेदों को देखते हुए वर्ष 2022 में विश्व बैंक ने किशनगंगा और रतले जलविद्युत संयंत्रों के संबंध में एक तटस्थ विशेषज्ञ और मध्यस्थता न्यायालय के अध्यक्ष की नियुक्ति की थी।

 

 

*******

 

 

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान के अंतर्गत आज नमो एप के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम मेरा बूथ सबसे मजबूत नारे के साथ शुरू होगा। दिल्ली में 5 फरवरी को मतदान होना है। श्री मोदी आज दोपहर एक बजे पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत करेंगे। बूथ कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद में वे दिल्ली में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए उन्हें प्रेरित करेंगे। मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम के अंतर्गत दिल्ली के सभी दो सौ 56 वार्डों के 13 हजार 33 बूथ के पार्टी कार्यकर्ता वीडियो कॉल माध्यम से श्री मोदी का संदेश सुनेंगे। उनमें से कुछ को श्री मोदी के साथ बातचीत करने का भी अवसर मिलेगा। इस बीच मतदान से पहले सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपना प्रचार तेज़ कर दिया है। पार्टी नेता प्रचार अभियान में सक्रिया रूप से भाग ले रहे हैं। बूथ स्‍तर के कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी के संसद सदस्‍य, विधायक, पार्षद और पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज इंद्रलोक क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे।

 

 

*******

 

 

दिल्‍ली विधानसभा चुनाव के लिए 5 फरवरी को मतदान होगा। आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली विधानसभा चुनाव पर विशेष श्रृंखला का प्रसारण कर रहा है। इस श्रृंखला में आज बात करेंगे कालकाजी निर्वाचन क्षेत्र की—-

 

इस विधानसभा चुनावों में लोगों की सबसे ज्यादा नजर अगर कुछ सीटों पर है, तो उनमें कालकाजी विधानसभा सबसे प्रमुख है। जहां आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री आतिशी एक बार फिर चुनावी मैदान में हैं। इस सीट पर दक्षिणी दिल्ली से दो बार सांसद रहे रमेश बिधुडी को भाजपा ने चुनावी दंगल में उतारकर मुकाबले को रोचक बना दिया है। वहीं कांग्रेस की तरफ से अलका लांबा इस चुनाव को त्रिकोणी बनाने की कोशिश में हैं। 2020 में विधानसभा चुनाव में आतिशी ने इस सीट पर 52 फीसदी से ज्यादा वोट हासिल कर भाजपा के धर्मवीर सिंह को शिकस्‍त दी थी, लेकिन इस बार भाजपा ने पार्टी के वरिष्ठ नेता रमेश बिधूड़ी को मैदान में उतारा है। लगभग 2 लाख मतदाता वाले दक्षिणी दिल्ली की सीट पर पार्किंग, सड़कें और जाम की समस्या जैसे मुद्दे जनता के बीच एक बार काफी चर्चा में है कि देखना दिलचस्प होगा 2013 से लगातार दिल्ली में शासन कर रही आम आदमी पार्टी की मुख्यमंत्री आतिशी इस सीट पर जीत दर्ज कर पार्टी की हैट्रिक बनाती हैं, या फिर कालकाजी की जनता कुछ उलटफेर करने वाली है। सकलेन के साथ अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

 

*******

 

 

बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना की आज 10वीं वर्षगांठ है। महिला और बाल विकास मंत्रालय ने कहा है कि नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में सशस्त्र बलों, अर्धसैनिक बलों, दिल्ली पुलिस की महिला अधिकारी, विद्यार्थी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शामिल होंगी। इस योजना की 10वीं वर्षगांठ पर समारोह आज से 8 मार्च तक जारी रहेगा और अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर इसका समापन होगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य और जिला स्तर पर भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।

 

देश में लैंगिक संतुलन और घटते बाल लिंगानुपात के गंभीर मुद्दे पर प्रतिक्रिया के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 जनवरी 2015 को हरियाणा के पानीपत में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, योजना की शुरूआत की। इस योजना ने सरकारी एजेंसियों नागरिक समाज मीडिया और जनता को लैंगिक भेदभाव को दूर करने बालिकाओं के महत्व को समझने और उनके अधिकारों और अवसरों को सुनिश्चित करने की दिशा में सामाजिक और सांस्कृतिक बदलाव को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया है। जन्म के समय राष्ट्रीय लिंग अनुपात 2014-15 में नौ सौ 18 की तुलना में पिछले वित्तीय वर्ष में 930 हो गया है। माध्यमिक स्तर पर बालिकाओं का सकल नामांकन अनुपात भी 75.51% से बढ़कर 78 प्रतिशत हो गया है। कन्या शिक्षा प्रवेश उत्सव में एक लाख से अधिक लड़कियों का पुनः नामांकन कराया जिससे उन्हें अपना भविष्य दोबारा संवारने में मदद मिली। पल्लवी परमार के साथ सकलेन अख्तर आकाशवाणी समाचार, दिल्ली

 

इस अवसर पर आज से 8 मार्च तक मध्य प्रदेश के सभी जिलों में विभिन्न गतिविधियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

मध्य प्रदेश में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पहल पर हर सप्ताह अलग अलग विषय पर कार्यक्रम होंगेपहले सप्ताह में 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर-1098 पर जागरूकता, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन और सैनिटरी पैड का वितरण जैसे कार्यक्रम होंगे। दूसरे सप्ताह में वन विभाग के सहयोग से पौधा रोपण अभियान चलाया जाएगा। तीसरे सप्ताह में स्कूल में बालिकाओं को प्रवेश दिलाने के लिए नामांकन अभियान संचालित होगा। चौथे, पांचवें और छठे सप्ताह में शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, पंचायत राज और ग्रामीण विकास विभाग के साथ समन्वय से जागरूकता कार्यक्रम होंगे। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।

 

 

*******

 

केन्‍द्र सरकार ने कहा है कि देश में सुकन्‍या समृद्धि योजना में चार करोड से अधिक खाते खोले गए हैं। यह योजना बेटी बचाओ, बेटी पढाओ अभियान के अंतर्गत 22 जनवरी 2015 को शुरू की गई थी। इस योजना पर वर्तमान में आठ दशमलव दो प्रतिशत की दर से ब्‍याज दिया जा रहा है। आज सुकन्‍या समृद्धि योजना के भी दस वर्ष पूरे हो रहे हैं।

 

 

*******

 

 

अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कल रात वाशिंगटन डीसी में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों से मुलाकात की। इनमें विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर, जापान के ताकेशी इवाया और ऑस्ट्रेलिया की पेनी वोंग शामिल हैं। क्वाड भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमरीका के बीच एक कूटनीतिक साझेदारी है। क्वाड विदेश मंत्री राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रम्प के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए इस समय वाशिंगटन में हैं।

 

 

*******

 

 

छत्‍तीसगढ के गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारे गये 14 नक्‍सलियों में छह महिला नक्‍सली भी शामिल हैं। रायपुर के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने बताया कि मारे गये नक्‍‍सलियों में माओवादी केंद्रीय समिति का एक सदस्‍य, सबंद्ध सुरक्षा बल और ओडिशा राज्‍य समिति के सदस्‍य शामिल हैं और मारे गये नक्‍सलियों की पहचान कर ली गई है।

 

अभी तक जो सर्चिंग हो पाई कुल चौदह शव बरामद हुए हैं। कुल 15 हथियार बरामद हुए हैं, काफी सारे लिटरेचर और दैनिक उपयोग की जो सामग्री होती है वो बरामद हुई है। यह बहुत सक्‍सेसफुल ऑपरेशन था। पिन्पॉइटेड इंटेलिजेंस था अपने पास। फोसर्स ने काफी बहादुरी के साथ काम किया। टरेन की चुनौतियां थी। काफी घना वेजिटेशन है वहां पर साथ ही साथ दो दिनों तक नक्‍सलियों को घेरे में बनाए रखना अपने आप में चुनौतियों थी। इसको हमारे बहादुर जवानों ने गंभारिता और बाखूबी से अंजाम दिया है सर्चिंग अभी भी जारी है।

 

 

*******

 

 

अब खबरे महाकुंभ से –

 

उत्तर प्रदेश सरकार के राज्‍य मंत्रिमंडल की विशेष बैठक आज प्रयागराज में होगी। इसमें राज्‍य मंत्रिमंडल के सभी 54 मंत्रियों को आमंत्रित किया गया है। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि पहले यह बैठक मेला प्राधिकरण के सभागार में होनी थी, लेकिन संगम आने वाले श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों की असुविधा को ध्‍यान में रखते हुए आयोजन स्थल बदल दिया गया।

 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में होने वाली राज्‍य मंत्रि‍मंडल की बैठक दोपहर में अरैल क्षेत्र के त्रिवेणी संकुल में होगी। बैठक के दौरान मंत्रिमंडल द्वारा राज्‍य के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों और योजनाओं को मंजूरी दिए जाने की उम्मीद है। बैठक के बाद सभी मंत्री अरैल वीआईपी घाट से मोटरबोट द्वारा संगम तक जाएंगे। इसके बाद योगी आदित्यनाथ और मंत्रिमंडल के सदस्य त्रिवेणी संगम में आस्था के लिए डुबकी लाएंगे। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।

 

 

*******

 

 

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच ट्वेंटी-ट्वेंटी मैचों की श्रृंखला का पहला मैच आज शाम सात बजे कोलकाता के ईडन गार्डन में खेला जाएगा। भारत, इंग्‍लैंड के खिलाफ तीन एक दिवसीय मैच की श्रृंखला खेलेगा।

 

 

*******

 

 

हॉकी इंडिया लीग में कल पुरुष और महिला वर्ग में एक-एक मुकाबला खेला गया।

रांची में मंगलवार को महिला हॉकी इंडिया लीग के टेबल टॉपर्स उड़ीसा वॉरियर्स और जेएसडब्ल्यू सुरमा हॉकी क्लब के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। नियमित समय में स्‍कोर शून्‍य-शून्‍य रहा और मैच का फैसला सूटआउट में हुआ। ओडिसा वॉरियर्स ने शूटआउट में दो शून्‍य से जीत दर्ज की। जिसमें सोनिका और कैथिन नॉब्‍स ने अपने मौके भुनाए। राउरकेला में पुरूष वर्ग में यूपी रूद्रास ने तीन गोनसिका को दो शून्‍य से हराकर अंक तालिका में पहला स्थान हासिल किया। हॉकी इंडिया लीग में आज शाम 6:00 बजे महिला वर्ग में श्राची रार बंगाल टाइगर्स और दिल्‍ली एसटी पाइपर्स रांची में आमने-सामने होंगे। वहीं, पुरुष वर्ग में दिल्ली एसजी पाइपर्स और जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब के बीच मुकाबला रांची में रात सवा आठ बजे होगा। आकाशवाणी के लिए मैं सोनालि‍का।

 

 

*******

 

समाचार पत्रों की सुर्खियों से-

 

छत्तीसगढ में मुठभेड में 14 नक्‍सलियों के मारे जाने की खबर आज सभी समाचार पत्रों ने प्रकाशित की है। राजस्‍थान पत्रिका की सुर्खी है- कई हमलों के सूत्रधार और एक करोड़ के इनामी चलपति का खेल खत्‍म, 48 घंटे की मुठभेड में 14 नक्‍सली ढेर। दैनिक जागरण के अनुसार पेरिस जलवायु संधि के साथ डब्‍लूएचओ से भी अलग हुआ अमरीका। नवभारत टाइम्‍स लिखता है- जन्‍म से नागरिकता और नहीं, अवैध प्रवासियों पर भी ऐक्‍शन। हिन्‍दुस्‍तान की सुर्खी है- चौतरफा बिकवाली से सेंसेक्‍स सात महीने के निचले स्‍तर पर। पत्र लिखता है, शेयर बाजार में बढ़ी चिंता, एक दिन में निवेशकों के सात करोड़ 52 लाख रुपये डूबे। दैनिक भास्‍कर ने खूबसूरत गुलमर्ग शीर्षक से वहां हो रहे हिमपात का चित्र प्रकाशित किया है। पत्र लिखता है- हिमाचल में अगले दो दिन बर्फबारी और पंजाब के छह जिलों में वर्षा। अमर उजाला की सुर्खी है- छह साल में 21 जनवरी का दिन रहा सबसे गर्म, नौ साल में सर्वाधिक रहा औसत न्‍यूनतम तापमान, चार दिन से गर्मी दिखा रही तेवर। दैनिक जागरण के अनुसार- तुर्किये के एक होटल में आग लगने से 76 लोगों की मौत, कई खिड़की से कूदे। और पत्र ने दिल्‍ली में चल रहे ऑटो एक्‍सपो की खबर सचित्र प्रकाशित की है।

 

*******

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

 

  • विश्व बैंक द्वारा नियुक्त तटस्थ विशेषज्ञ ने सिंधु जल संधि के संबंध में भारत और पाकिस्तान के बीच विवाद पर भारत का समर्थन किया; भारत ने कहा कि यह निर्णय विशेषज्ञ को भेजे गए सभी सात सवालों को सही ठहराता है।

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में भाजपा के बूथ स्तर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

 

  • केंद्र सरकार आज दिल्‍ली में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओअभियान की 10वीं वर्षगांठ मनाएगी।

 

  • उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रयागराज में मंत्रिमंडल की विशेष बैठक करेंगे।

 

  • अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने वाशिंगटन-डीसी में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों से मुलाकात की।

 

  • और क्रिकेट में, भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की श्रृंखला का पहला ट्वेंटी-ट्वेंटी मैच आज शाम कोलकाता में खेला जाएगा।

 

*******