मुख्य समाचार:-
- डोनाल्ड ट्रम्प ने दूसरी बार अमरीका के राष्ट्रपति का पदभार संभाला। उन्होंने कहा- अमरीका का स्वर्णिम युग शुरू।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित वैश्विक नेताओं ने राष्ट्रपति ट्रम्प को दी बधाई।
- इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में भारत की सांस्कृतिक विविधता और सैन्य शक्ति का प्रदर्शन किया जाएगा। संविधान लागू होने के 75 वर्ष और जन-भागीदारी पर होगा विशेष ध्यान।
- दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नाम वापस लेने के बाद छह सौ 99 उम्मीदवार मैदान में।
- नीदरलैंड में टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट में, आर. प्रज्ञानंदा भारत के नंबर एक अर्जुन एरिगैसी को हराकर शीर्ष स्थान पर। डी. गुकेश को ड्रॉ पर संतोष करना पड़ा।
****
डॉनल्ड ट्रंप ने दूसरी बार अमरीका के राष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। वॉशिंगटन डीसी के कैपिटॉल रोटुंडा में अमरीका के मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स ने उन्हें कल रात पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान उपराष्ट्रपति पद के लिए जे. डी. वेन्स को न्यायमूर्ति ब्रेट केवनॉ ने शपथ दिलाई।
राष्ट्रपति ट्रंप ने शपथ लेने के बाद अपने संबोधन में राष्ट्रीय ऊर्जा आपातकाल लगाने की घोषणा की ताकि इंधन की कीमतें घटाई जा सकें, इस तरह उन्होंने अपना एक प्रमुख चुनावी वादा पूरा किया। उन्होंने कहा कि देश में एक नये अध्याय का शुभारंभ हो रहा है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने स्वच्छ ऊर्जा संबंधी पहलों को वापस लेने सहित अपनी कुछ योजना का उल्लेख करते हुए नए हरित समझौते और विद्युत चालित वाहनों की अनिवार्यता समाप्त करने का संकल्प लिया।उन्होंने मैक्सिको की खाड़ी का नाम बदलकर अमरीका की खाड़ी करने की योजना की भी घोषणा की। भारत के विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर ने डॉनल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इस समारोह में कई राजनेताओं सहित उद्योगपतियों ने भी भाग लिया। समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विश्व के कई नेताओं ने अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप को दूसरे कार्यकाल के लिए पदभार संभालने पर बधाई दी है। एक रिपोर्ट-
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि वे एक बार फिर उनके साथ मिलकर काम करना चाहते हैं जिससे दोनों देशों को लाभ हो और विश्व के बेहतर भविष्य का निर्माण हो सके। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा कि उन्हें दृढ़ विश्वास है दोनों देशों के बीच मित्रता और वैश्विक चुनौतियों को मिलकर सामना करने में सहयोग बढेगा। इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि अमरीका–इस्राइल के संबंधों को नई बुलंदियों तक पहुंचाएंगे। जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज ने कहा कि अमरीका जर्मनी का सबसे करीबी सहयोगी है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा कि ब्रिटेन और अमरीका के बीच संबंध और प्रगाढ़ होंगे। ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लुला दा सिल्वा ने कहा कि ब्राजील और अमरीका के बीच सहयोग ऐतिहासिक है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप हमेशा निर्णायक रहे हैं और उन्होंने शक्ति के माध्यम से शांति की जिस नीति की घोषणा की है वह अमरीकी नेतृत्व को मजबूती और न्यायपूर्ण तरीके से दीर्घकालिक शांति हासिल करने का अवसर प्रदान करती है। समाचार कक्ष से वैष्णवी।
****
इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में भारत की सांस्कृतिक विविधता और सैन्य शक्ति का शानदार प्रदर्शन होगा। इसमें संविधान लागू होने के 75 वर्षों और जन भागीदारी पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित रहेगा। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियान्तो इस बार गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने बताया कि कर्तव्य पथ पर परेड में भारतीय सशस्त्र बलों के साथ-साथ इंडोनेशिया का एक सौ 60 सदस्यों का मार्चिंग दस्ता और एक सौ 90 सदस्यों का बैंड दस्ता भी भाग लेगा। इस अवसर पर 34 श्रेणियों के लगभग दस हजार विशेष अतिथियों को राष्ट्र और समाज के निर्माण में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
****
केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में प्रधानमंत्री जनमन पर जिलाधिकारियों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित कर रहा है। जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम और जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके सम्मेलन में भाग लेंगे। जनजातीय कार्य मंत्रालय ने बताया है कि 18 राज्यों के कुल 88 जिले चर्चा में शामिल होंगे।
****
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
****
दिल्ली में 70 सीटों पर होने वाले विधानसभा चुनाव में नाम वापसी के बाद कुल छह सौ 99 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। नामांकन वापस लेने का कल अंतिम दिन था। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार एक हजार पांच सौ 22 में से चार सौ 87 नामांकन खारिज कर दिए गए। दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 5 फरवरी को और मतगणना 8 फरवरी को होगी।
****
दिल्ली विधानसभा चुनाव पर हमारी विशेष श्रृंखला में आज बात जंगपुरा निर्वाचन क्षेत्र की –
जंगपुरा उन सीटों में से एक है जिसके बारे में लोग काफी चर्चा कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को यहां से टिकट दिया है। इस सीट पर भाजपा ने इस बार रविंद्र सिंह मरवा को चुनावी दंगल में उतारा है। वहीं कांग्रेस ने यहां से दिल्ली नगर निगम के मेयर रह चुके फरहाद सूरी को टिकट दिया है। इस सीट पर जनता 2013 से लगातार आम आदमी पार्टी को नेतृत्व करने का मौका देती आई है। लगभग डेढ़ लाख मतदाताओं वाली इस विधानसभा सीट पर पंजाबी मतदाताओं की अच्छी खासी संख्या है अक्षित वैदयान आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
****
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज छत्तीसगढ़ में रायपुर के एक दिन दौरे पर रहेंगे। उपराष्ट्रपति राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, एनआईटी रायपुर, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान भिलाई, भारतीय प्रबंधन संस्थान रायपुर के छात्रों के साथ “बेहतर भारत के निर्माण के लिए विचार” विषय पर एक संवाद सत्र की अध्यक्षता करेंगे।
****
आकाशवाणी मध्य प्रदेश में वन्यजीवों और मनुष्यों के बीच संघर्ष को टालने में अहम भूमिका निभा रही है। आकाशवाणी शहडोल हाथी, बाघ और तेंदुओं सहित वन्यजीवों की आवाजाही के बारे में लोगों को सचेत करके एक नई भूमिका निभा रही है। इससे मानव-पशु संघर्ष और उससे जुड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकेगा।
आकाशवाणी शहडोल ने शहडोल, उमरिया और अनूपपुर जिलों के ग्रामीणों को न केवल हाथी, बाघ और तेंदुए के आने के बारे में सूचित करना और शिक्षित करना शुरू कर दिया है। आकाशवाणी शहडोल के कार्यक्रम प्रमुख अविनाश दिवाकर ने बताया कि इस तरह के अलर्ट और ऑडियो क्लिप को लोकप्रिय कार्यक्रमों खासकर संगीत और किसानों से जुड़े कार्यक्रमों के साथ प्रसारित किया जा रहा है।
मुख्य वन संरक्षक, शहडोल अजय पांडे ने बताया कि जमीनी स्तर पर इसके नतीजे आने लगे हैं।
मध्य प्रदेश में आकाशवाणी स्टेशनों के इन नवाचारों ने आम लोगों की बेहतरी के लिए आकाशवाणी की भूमिका को नए सिरे से रेखांकित किया है। शहडोल से अरविंद पांडे के साथ, संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल
****
खबरे महाकुंभ से..
विदेश मंत्रालय और उत्तर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने महाकुंभ 2025 के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करने के लिए विदेशी पत्रकारों के साथ कल नई दिल्ली में संवाद सत्र का आयोजन किया। अधिकारियों ने इस महाकुंभ के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक महत्व के बारे में जानकारी दी।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि ब्राजील के रियो कार्निवल में 70 लाख, हज यात्रा में 25 लाख और जर्मनी के अक्टूबरफेस्ट में लगभग 72 लाख लोग पहुंचते हैं, लेकिन महाकुंभ 2025 में इससे अधिक लोगों के पहुंचने की आशा है।
सरकार ने इस महाकुंभ में 45 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान जताया है जिसमें करीब 15 लाख विदेशी पर्यटकों के शामिल होने की संभावना है। एकता और समानता के इस वृहद कार्यक्रम में विभिन्न संस्कृतियों और परंपराओं के लोग एक साथ आ रहे हैं। महाकुंभ 2025 के जरिए भारतीय अर्थव्यवस्था में दो लाख करोड़ रुपए के योगदान की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश के जीडीपी में भी एक प्रतिशत से अधिक की वृद्धि होने की संभावना है। आनंद कुमार आकशवाणी समाचार प्रयागराज।
****
मौसम विभाग ने आज पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में छिटपुट वर्षा और बर्फबारी का अनुमान व्यक्त किया है। अगले दो से तीन दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज के साथ वर्षा की संभावना है।
****
खेल खबरों के साथ मुकेश कुमार बल-
नीदरलैंड के टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट में, भारत के गुकेश डोमाराजू और फैबियानो कारूआना के बीच तीसरे राउंड का मैच ड्रॉ रहा। अन्य मैचों में, रमेशबाबू प्रज्ञानंदा ने हमवतन अर्जुन एरिगैसी को हराया, और उज्बेकिस्तान के नोडिरबेक अब्दुसत्तोरोव के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गए। दोनों खिलाड़़ी फिलहाल दो दशमलवव पांच अंकों के साथ बराबरी पर हैं। चैलेंजर्स सेक्शन में, दोनों भारतीय खिलाड़ी, वैशाली रमेशबाबू और दिव्या देशमुख को हार का सामना करना पड़ा। आज राउंड 4 मुकाबलों में गुकेश का सामना रूस के एलेक्सी सरना से, प्रज्ञानंदा का सामना हमवतन मेंडोंका से और अर्जुन एरिगैसी रूस के व्लादिमीर फेडोसेव से होगा। उधर, मेलबर्न में आज ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल की मिक्स्ड डबल्स स्पर्धा में, रोहन बोपन्ना और चांग शुआई का सामना ऑस्ट्रेलिया की जॉन पीयर्स और ओलिविया गैडेकी की जोड़ी से होगा।पुरुष सिंगल्स में, आज सर्बिया के नोवाक जोकोविच का सामना स्पेन के कार्लोस अल्काराज़ से होगा। एक अन्य क्वार्टरफाइनल में, जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव का मुकाबला अमेरिका के टॉमी पॉल से होगा। महिला सिंगल्स के क्वार्टरफाइनल में, बेलारूस की आर्यना सबालेंका का सामना रूस की अनास्तासिया पाव्लुचेनकोवा से और अमरीका की कोको गॉफ़ का सामना स्पेन की पाउला बडोसा से होगा। इसके अलावा आईसीसी अंडर-19 महिला क्रिकेट ट्वेंटी–ट्वेंटी विश्वकप में आज ग्रुप ए के मुकाबले में भारत का सामना मेजबान मलेशिया से होगा। ये मैच कुआलालांपुर में दोपहर 12 बजे से शुरू होगा। भारत फिलहाल ग्रुप ए में दो अंकों के साथ शीर्ष पर है।
****
हॉकी इंडिया लीग में कल पुरूष वर्ग में जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब ने श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स को 2-1 से हराया। ब्यौरा हमारी संवाददाता से-
रांची में हुए महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग के मुकाबले में जेएसडब्ल्यू सुरमा हॉकी क्ल्ब ने दिल्ली एस जी पाईपर्स को पांच एक से हराया, वहीं राउरकेला में बिरसा मुंडा स्टेडियम में हुए पुरूष वर्ग के मैच में जेएसडब्ल्यू सुरमा हॉकी क्लब ने श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स को दो एक से मात दी। हॉकी इंडिया लीग में आज शाम छह बजे महिला वर्ग में ओडिशा वॉरियर्स और सुरमा हॉकी क्लब, वहीं पुरूष वर्ग में यूपी रूद्राज और टीम गोनासिका मुकाबला रात सवा आठ बजे राउरकेला में होगा। आकाशवाणी के लिए मैं सोनाली पराशर।
****
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– मनोज।
डोनाल्ड ट्रंप के दूसरी बार अमरीका के राष्ट्रपति पद की शपथ लेने को आज के सभी अखबारों ने सचित्र प्रकाशित किया है। अमर उजाला की सुर्खी है- अमरीका में फिर ट्रंप। राजस्थान पत्रिका के शब्द हैं- 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने के बाद ट्रंप की अमरीका में स्वर्ण युग की घोषणा। कोलकाता के आरजी कर मडिकल कॉलेज और अस्पताल में महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या मामले में दोषी संजय रॉय को उम्रकैद की सजा अखबारों के मुखपृष्ठ पर है। राष्ट्रीय सहारा के अनुसार अदालत ने दोषी पर लगाया 50 हजार रूपये का जुर्माना, पीड़ित परिवार को 17 लाख देने का भी आदेश। गंभीर मामलों में आरोपितों के चुनाव लड़ने पर लगनी चाहिये रोक। सर्वोच्च न्यायालय की इस टिप्पणी को दैनिक जागरण ने प्रमुखता दी है। शीर्ष अदालत ने दिल्ली दंगों में आरोपित ताहिर हुसैन की चुनाव प्रचार के लिए अंतरिम जमानत की मांग पर की कड़ी टिप्पणी। तय पार्किंग के बिना इमारत बनाने की मंजूरी नहीं। हिंदुस्तान लिखता है- वाहनों के प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट का कड़ा रूख, कहा राजधानी दिल्ली में तय पार्किंग स्थल के बिना किसी इमारत के निर्माण की अनुमति नहीं दी जायेगी। एनसीसी कैडेट विकसित भारत के सपने को करें साकार – रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के इन शब्दों को लोकसत्य ने दिया है।
****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- डोनाल्ड ट्रम्प ने दूसरी बार अमरीका के राष्ट्रपति का पदभार संभाला। उन्होंने कहा- अमरीका का स्वर्णिम युग शुरू।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित वैश्विक नेताओं ने राष्ट्रपति ट्रम्प को दी बधाई।
- इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में भारत की सांस्कृतिक विविधता और सैन्य शक्ति का प्रदर्शन किया जाएगा। संविधान लागू होने के 75 वर्ष और जन-भागीदारी पर होगा विशेष ध्यान।
- दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नाम वापस लेने के बाद छह सौ 99 उम्मीदवार मैदान में।
- नीदरलैंड में टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट में, आर. प्रज्ञानंदा भारत के नंबर एक अर्जुन एरिगैसी को हराकर शीर्ष स्थान पर। डी. गुकेश को ड्रॉ पर संतोष करना पड़ा।
****