Download
Mobile App

android apple
signal

January 20, 2025 9:47 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • डॉनल्ड ट्रम्प आज अमरीका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे। विदेश मंत्री सुब्रहमण्‍यम जयशंकर शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
  • विश्‍व आर्थिक मंच की 55वीं वार्षिक बैठक आज स्विट्जरलैंड के दावोस में शुरू होगी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव पांच दिन के कार्यक्रम में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।
  • ग़ज़ा युद्धविराम समझौते के अंतर्गत रिहा किये गये पहले तीन बंधक इसराइल पहुंचे।
  • लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आज पटना में अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
  • मौसम विभाग ने अगले पांच दिन तक उत्‍तर भारत के कई क्षेत्रों में वर्षा और बर्फबारी का अनुमान व्‍यक्‍त किया।
  • भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमों ने नई दिल्ली में पहले खो-खो विश्व कप में खिताब जीतकर इतिहास रचा।

*******

श्री डोनाल्‍ड ट्रंप आज अमरीका के 47वें राष्‍ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण वाशिंगटन डीसी में अमरीका के मुख्‍य न्‍यायाधीश जस्टिस जॉन रॉबर्ट्स की उपस्थिति में, भारतीय समयानुसार रात साढ़े आठ बजे होगा। एक रिपोर्ट-

श्री ट्रंप सत्‍ता की आधिकारिक हस्‍तांतरण के दौरान समारोह को संबोधित भी करेंगे। श्री जे. डी. वैंस को उपराष्‍ट्रपति के रूप में शपथ दिलाई जाएगी। अनेक विदेशी राजनेताओं के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की संभावना है। इनमें अर्जेंटीना के राष्‍ट्रपति जेवियर मिलेई, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, इक्‍वाडोर के राष्‍ट्रपति डैनियल नोबोआ, अल सल्‍वाडोर के राष्‍ट्रपति नईब बुकेले, ब्राजील के पूर्व राष्‍ट्रपति जायर बोल्‍सोनारो और पालैंड के पूर्व प्रधानमंत्री मातेज मोराविक शामिल हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर, भारत का प्रतिनिधित्‍व करेंगे। शपथ ग्रहण से पहले कल रात वाशिंगटन डीसी में विजय रैली में 78 वर्षीय ट्रंप ने अपने समर्थकों को संबोधित किया। उन्‍होंने अपने कार्यकाल के पहले दिन हस्‍ताक्षर किए जाने वाले कार्यकारी आदेशों का भी उल्‍लेख किया। समाचार कक्ष से वैष्‍णवी।

*******

विश्‍व आर्थिक मंच की 55वीं वार्षिक बैठक आज स्विट्जरलैंड के दावोस में शुरू हो रही है। पांच दिन के इस आयोजन में समावेशी विकास और डिजिटल क्रांति के भारतीय मॉडल का विशेष रूप से उल्लेख होगा। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव, जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू, खाद्य प्रसंस्‍करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान तथा कौशल विकास और उद्यमिता राज्‍यमंत्री जयंत चौधरी के साथ भारतीय शिष्‍टमंडल का नेतृत्‍व करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रमुख क्षेत्रों में उल्लेखनीय विकास सहित भारत की प्रभावी आर्थिक वृद्धि दर ने पूरे विश्‍व का ध्‍यान खीचा है और देश को विश्‍व मंच पर अग्रणी स्‍थान दिलाया है।

यह सालाना बैठक वैश्विक नेताओं के लिए प्रमुख वैश्विक और क्षेत्रि‍य चुनौतियों पर विचार करने का एक मंच है। इस बैठक में भारत की भागीदारी का उद्देश्‍य साझेदारी को मजबूत करना, निवेश आकर्षित करना और देश को सतत विकास और तकनीकी नवाचार में वैश्विक शक्ति के रूप में स्‍थापित करना है। भारत के छह राज्‍य आंध्र प्रदेश, महाराष्‍ट्र, तेलंगाना, तमिलनाडु, उत्‍तर प्रदेश और केरल के उच्‍चस्‍तरीय प्रतिनिधि मंडल भी भाग लेंगे, जो भारत में हो रहे आर्थिक विकास, क्षेत्र की औद्योगिकी प्रगति, निवेश के अवसरों और सफलता की कहानियों को प्रदर्शित करेंगे। इस पांच दिवसीय बैठक के दौरान समावेशी विकास, सामाजिक, भौतिक और डिजिटल बुनियादी सुविधाओं में निवेश जैसे मुद्दों पर व्‍यापक चर्चा होगी। दीपेन्‍द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

*******

गजा में हमास द्वारा रिहा किये गये तीन इस्राइली बंधक 471 दिनों के बाद स्‍वदेश लौट आए हैं।  संघर्ष विराम शुरू होने के बाद हमास ने गजा में इन बंधकों को रेड क्रॉस को सौंपा। इसके बाद इन्‍हें इस्राइली सेना को सौंप दिया गया।
हमास ने कहा है कि प्रत्‍येक रिहा बंधक के बदले 30 फलीस्‍तीनी बंदियों को इस्राइल की जेलों से रिहा किया जायेगा। समझौते के त‍हत इस्राइल ने 90 फलीस्‍तीनी बंदियों को रिहा कर दिया है।

इस्राइल के प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्‍याहू ने इसे महत्‍वपूर्ण क्षण बताया है। उन्‍होंने समझौते के लिए अमरीका के जो. बाइडन प्रशासन और नव निर्वाचित राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप को श्रेय दिया।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्‍मेलन आज पटना में शुरू होगा। लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिड़ला दो दिन के सम्‍मेलन का उद्घाटन करेंगे। 43 वर्ष के अंतराल के बाद यह सम्मेलन बिहार में हो रहा है। देश के विभिन्‍न विधायी निकायों, लोकसभा और राज्‍यसभा के पीठासीन अधिकारी बैठक में भाग लेंगे। सम्‍मेलन की थीम है – संविधान की 75वीं वर्षगांठ: संवैधानिक मूल्‍य सुदृढ़ करने में संसद और राज्‍य विधानसभाओं का योगदान। हमारे संवाददाता की रिपोर्ट-
बिहार अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारियों के इस प्रतिष्ठित सम्‍मेलन की तीसरी बार मेजबानी कर रहा है। बिहार विधानसभा अध्‍यक्ष नन्‍द किशोर यादव ने कहा कि बिहार विधानमण्‍डल के लिये यह बड़ा आयोजन करना गौरव की बात है। लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिड़ला विधानसभा के सेंट्रल हॉल में उद्घाटन सत्र की मेजबानी करेंगे। वहीं, पूर्ण सत्र दोपहर में विधानसभा के वैस्‍ट में आयोजित होगा। लगभग तीन सौ प्रतिनिधि, पीठासीन अधिकारियों के इस सम्‍मेलन में भाग लेने पहुंचे हैं। धर्मेन्‍द्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, पटना।

*******

कर्मचारी भविष्‍य निधि संगठन ने सदस्‍यों का प्रोफाइल अद्यतन करने की ऑनलाइन प्रक्रिया आसान कर दी है। आधार से अभिप्रमाणित खाता संख्‍या वाले सदस्य अपनी संबंधित जानकारी अपडेट कर सकते हैं। इसके लिए अब दस्‍तावेज अपलोड करने की आवश्‍यकता नहीं होगी। एक रिपोर्ट…

श्रम और रोजगार मंत्रालय ने बताया है कि इस संशोधन से तात्‍कालिक रूप से तीन लाख 90 हजार ऐसे सदस्‍यों को फायदा होगा, जिनके अनुरोध विभिन्‍न चरणों में संशोधन के लिए लंबित हैं। मंत्रालय ने बताया है कि संगठन के डेटाबेस में सदस्‍यों की व्‍यक्तिगत जानकारी की प्रमाणिकता अत्‍यधिक महत्‍वपूर्ण है। इससे उन्‍हें निर्बाध सेवा उपलब्‍ध कराना सुनिश्चित होगा। एक अक्‍तूबर 2017 से पहले दिये गए खाता संख्‍या के मामले में डेटा अद्यतन के लिए नियोक्‍ता के प्रमाणन की ज़रूरत होगी। दीपेन्द्र की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से, मृगनयनी पांडे।

*******

दिल्‍ली विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन वापसी का आज अंतिम दिन है। 70 सीटों की विधानसभा के लिए 719 उम्‍मीदवार चुनाव मैदान में हैं। चुनाव के लिए अगले महीने की 5 तारीख को मतदान होगा। वोटों की गिनती 8 फरवरी को होगी।

*******

खबरें महाकुंभ से

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने गणतंत्र दिवस तथा मौनी अमावस्‍या और वसंत पंचमी अमृत स्‍नान को देखते हुए प्रयागराज महाकुंभ मेला क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन और संचार व्‍यवस्‍था  सुदृढ करने का निर्देश दिया है। ब्‍यौरा हमारे संवादाता से।

महाकुंभ के दौरान विशेष दिनों पर मुख्‍यमंत्री ने बेहतर भीड़ प्रबंधन के लिए पॉटून पूलों पर आवाजाही एक ही ओर से रखने का निर्देश दिया। उन्‍होंने कहा कि मौनी अमावस्‍या और बसंत पंचमी पर पूरे मेला क्षेत्र को नो व्‍हीकल जोन घोषित किया जाए। आने वाले दिनों में प्रयागराज में राष्‍ट्रपति, उपराष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री सहित कई गणमान्‍य लोगों के आने की संभावना के मद्देनज़र योगी आदित्‍यनाथ ने निर्देश दिया कि सभी आवश्‍यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। उन्‍होंने अधिकारियों को निर्बाध बिजली और पानी की आपूर्ति, शौचालयों के उचित रखरखाव और साफसफाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। दूसरी ओर रेलवे अधिकारियों को 25 जनवरी से अगले महीने की पांच तारीख तक विशेष व्‍यवस्‍था करने का निर्देश दिया। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।

*******

कुछ खबरें संक्षेप में-

केन्‍द्रीय श्रम और रोजगार मंत्री डॉक्‍टर मनसुख मांडविया आज नई दिल्‍ली में अनौपचारिक क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने से संबंधित, दो दिवसीय अंतरराष्‍ट्रीय सम्‍मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस सम्‍मेलन का प्राथमिक उद्देश्‍य अनौपचारिक क्षेत्र से जुडें कामगरों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्‍ध कराने वाले सभी संबंधित हितधारकों की क्षमता में वृद्धि करना है। डाक विभाग आज नई दिल्‍ली में भारत के संविधान को अंगीकार करने के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्‍य में तीन दिन का समारोह आयोजित करेगा। वहीं जम्‍मू-कश्‍मीर में ऊधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक का कटरा-बडगाम रेलमार्ग पर अंतिम परीक्षण संचालन का कार्य पूरा हो गया है। इस महत्वकांक्षी परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में रेल सम्पर्क को बढ़ाना और आम जनता के लिए कश्‍मीर यात्रा को आसान और किफायती बनाना है।

*******

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग साप्‍ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्‍पीक में आज रात साढे नौ बजे सड़क सुरक्षा सुनिश्चित किये जाने पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अपर सचिव महमूद अहमद और परिवहन विशेषज्ञ अनिल छिकारा परिचर्चा के लिये हमारे स्‍टूडियो में मौजूद रहेंगे।
श्रोता टेलीफोन नंबर 011-23 42 10 50 पर अपने प्रश्‍न पूछ सकते हैं।

*******

मौसम विभाग ने पश्चिमी हिमालय क्षेत्र, जम्‍मू-कश्‍मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले पांच दिन तक बर्फबारी का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉक्‍टर नरेश कुमार ने आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्‍थान, राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार और बृहस्‍पतिवार को वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया है।

*******

भारत की पुरुष और महिला टीमों ने पहला खो-खो विश्‍वकप खिताब जीत लिया है। कल नई दिल्‍ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्‍टेडियम में भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने उत्‍कृष्‍ट रणनीति और शानदार खेल का प्रदर्शन किया। एक रिपोर्ट-

खोखो विश्‍वकप में भारत की महिला और पुरुष टीमों ने विश्‍व कप खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। भारतीय पुरुष टीम ने नेपाल के खिलाफ फाइनल मैच 54-36 के स्‍कोर से जीता और भारतीय महिला टीम ने फाइनल में नेपाल को 78-40 से पराजित किया। भारतीय पुरुष टीम के कप्‍तान प्रतीक वायकर ने कहा कि एक कप्‍तान के तौर पर यह गौरवपूर्ण और अविस्‍मरणीय क्षण है। (बाइटप्रतीक वायकर) भारतीय पुरुष टीम के कोच अश्विनी कुमार शर्मा ने इस जीत को ऐतिहासिक क्षण बताया। (बाइटअश्वनी कुमार शर्मा) भारतीय महिला टीम के कोच सुमित भाटिया ने कहा कि नेपाल ने हमें कड़ी टक्कर दी, लेकिन बेहतर रणनीति से हमारी टीम को जीत हासिल हुई। (बाइटसुमित भाटिया) महिला टीम की कप्तान प्रियंका इंगले ने कहा कि यह जीत खिलाड़ियों और कोच दोनों की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। (बाइटप्रियंका इंगले) प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पहला खोखो विश्‍वकप जीतने वाली भारत की पुरुष और महिला टीमों को बधाई दी है। अभिषेक कपिल की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से मुकेश कुमार बल।

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंमुकेश कुमार-

  • डोनाल्‍ड ट्रंप के दूसरी बार अमरीका के राष्‍ट्रपति बनने और गजा में युद्ध विराम की खबर लगभग सभी अखबारों में हैं। दैनिक जागरण लिखता है- डोनाल्‍ड ट्रंप आज संभालेंगे अमरीका की कमान। हिन्‍दुस्तान की खबर है- गजा में तोपों की गरज थमी।
  • दावोस में डब्‍ल्‍यूईएफ बैठक में दिखेगी भारत की विविधता में एकता की झलक वीर अर्जुन की सुर्खी है।
  • हरिभूमि में दिल्‍ली विधानसभा चुनाव की खबर है-मतदान और चुनावी भागीदारी के प्रति बढ़ाई जागरूकता, वॉकथॉन का आयोजन।
  • सैफ अली खान के हमलावर की गिरफ्तारी की सभी अखबारों की मुख्‍य खबर है। राजस्‍थान पत्रिका ने लिखा है- आरोपी की ठाणे से गिरफ्तारी, हमलावर निकला बांग्‍लादेशी।
  • देशबन्‍धु ने रेलवे की बड़ी उपलब्धि बताते हुए लिखा है- कटरा-बडगाम ट्रैक पर ट्रायल रन पूरा। वहीं राष्‍ट्रीय सहारा ने कटरा-श्रीनगर के बीच 22 कोच वाली रेलगाडी के सफल परीक्षण को खबर बनाया है।
  • जनसत्ता ने व्‍यापार पन्ने पर कल आकाशवाणी से प्रसारित मन की बात कार्यक्रम के हवाले से लिखा है- मन की बात में बोले प्रधानमंत्री, स्‍टार्ट-अप इंडिया केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं।
  • लोकसत्‍य के कारोबारी पन्‍ने पर विश्‍व बैंक की रिपोर्ट है- कर राजस्‍व में वृद्धि के कारण भारत का राजकोषीय घाटा कम होने की सम्‍भावना।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • डॉनल्ड ट्रम्प आज अमरीका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे। विदेश मंत्री सुब्रहमण्‍यम जयशंकर शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
  • विश्‍व आर्थिक मंच की 55वीं वार्षिक बैठक आज स्विट्जरलैंड के दावोस में शुरू होगी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव पांच दिन के कार्यक्रम में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।
  • ग़ज़ा युद्धविराम समझौते के अंतर्गत रिहा किये गये पहले तीन बंधक इजराइल पहुंचे।
  • लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आज पटना में अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
  • मौसम विभाग ने अगले पांच दिन तक उत्‍तर भारत के कई क्षेत्रों में वर्षा और बर्फबारी का अनुमान व्‍यक्‍त किया।
  • भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमों ने नई दिल्ली में पहले खो-खो विश्व कप में खिताब जीतकर इतिहास रचा।

               *******