Download
Mobile App

android apple
signal

January 19, 2025 9:25 AM

printer

समाचार प्रभात

 

मुख्‍य समाचार:-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज सुबह ग्‍यारह बजे आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।

  • सीबीआई की एक अदालत ने हिमाचल प्रदेश के शिमला में हुए कोटखाई दुष्‍कर्म और हत्‍या मामले में पुलिस महानिरीक्षक सहित नौ पुलिस कर्मियों को दोषी ठहराया।

  • पंजाब, हरियाणा, दिल्‍ली, उत्‍तर प्रदेश और राजस्‍थान में घने कोहरे का प्रकोप।

  • गूगल और बोस्‍टन कंसल्टिंग ग्रुप ने कहा है कि भारतीय मोबिलिटी बाजार वर्ष 2030 तक दोगुना हो जाएगा और छह सौ अरब अमरीकी डॉलर को पार कर जाएगा।

  • गज़ा में इस्रायल और हमास के बीच संघर्ष विराम समझौता भारतीय समयानुसार आज दोपहर 12 बजे से लागू होगा।

  • नई दिल्‍ली में भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने खो-खो विश्‍वकप के फाइनल में जगह बनाई।

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज सुबह ग्‍यारह बजे आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम की 118वीं कड़ी होगी। यह कार्यक्रम आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, ए.आई.आर. न्‍यूज वेबसाइट और न्‍यूज ऑन ए. आई. आर. मोबाईल ऐप पर भी प्रसारित किया जाएगा। यह कार्यक्रम ए आई आर न्‍यूज, डीडी न्‍यूज, पीएमओ और सूचना प्रसारण मंत्रालय के यू ट्यूब चैनलों पर उपलब्‍ध रहेगा। मन की बात कार्यक्रम के हिन्‍दी में प्रसारण के तुरंत बाद आकाशवाणी से क्षेत्रीय भाषाओं में इसका प्रसारण किया जाएगा।

 

 

****

 

 

चंडीगढ़ में केंद्रीय अन्‍वेषण ब्यूरो-सीबीआई की एक अदालत ने हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में 2017 के कोटखाई दुष्‍कर्म और हत्या मामले में नौ पुलिसकर्मियों को दोषी ठहराया है।

 

 

 

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के कोटखाई में 2017 में हुए दुष्कर्म व हत्याकांड मामले में गिरफ्तार सूरज की पुलिस हिरासत में हत्या के मामले में आईजी जहूर हैदर जैदी सहित आठ पुलिसकर्मियों को चंडीगढ़ सीबीआई कोर्ट ने दोषी करार दिया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर चंडीगढ़ सीबीआई कोर्ट में मुकदमा चल रहा था। इस मामले में सजा पर फैसला 27 जनवरी को होगा। दोषी करार देने के बाद पुलिस ने आईजी जहूद हैदर जैदी सहित 8 पुलिसकर्मियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, जबकि गवाहों के बयान व सुबूतों के अभाव में नामजद तत्कालीन पुलिस अधीक्षक डीडब्ल्यू नेगी को बरी कर दिया गया है। गौरतलब है कि आरोपी सूरज की गुड़िया हत्याकांड के 14 दिन बाद कोटखाई थाने के लॉकअप में हत्या कर दी गई थी। राजकुमारी चंदेल, आकाशवाणी समाचार, शिमला।

 

 

****

     

 

भारतीय मोबिलिटी उद्योग के वर्ष 2030 तक दोगुना होने और छह सौ अरब अमरीकी डॉलर को पार करने की संभावना है। थिंक टैंक गुगल और बोस्‍टन कंसल्टिंग ग्रुप की रिपोर्ट में कहा गया है कि इलेक्ट्रिक, शेयर्ड और कनेक्टेड मोबिलिटी जैसे उभरते राजस्व क्षेत्र इस उद्योग में वर्ष 2030 तक 100 अरब अमरीकी डॉलर का योगदान कर सकते हैं, जबकि अधिकांश राजस्व नए इंटरनल कम्‍बसन इंजन-आईसीई की बिक्री सहित वाहनों, वित्त और बीमा जैसे क्षेत्रों से आने की उम्‍मीद है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों ने इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग बुनियादी ढांचे की अनुपलब्धता, वाहन की अधिक लागत, बैटरी की लाइफ और मॉडल को लेकर भी चिंता व्यक्त की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में लगभग 80 प्रतिशत लोगों में इन्फोटेनमेंट, रियल-टाइम पार्किंग सहायता और चोरी रोकने जैसी सुविधाओं की भारी मांग है, जबकि रिमोट कंट्रोल जैसी विश्व स्तर पर लोकप्रिय सुविधाओं की मांग अपेक्षाकृत कम है।

 

 

****

     

 

गजा में इस्राइल और हमास के बीच संघर्ष विराम समझौता भारतीय समय के अनुसार आज दोपहर 12 बजे से लागू हो जाएगा। इससे पहले कल इस्राइली सुरक्षा कैबिनेट ने गजा संघर्ष विराम समझौते को मंजूरी दे दी। समझौते में इस्राइल की जेलों में बंद फलस्‍तीन के कैदियों के बदले में हमास के कब्‍जे में इस्राइल के दर्जनों बंधकों की रिहाई और 15 महीने से चल रहे संघर्ष का अस्‍थाई विराम शामिल है। लेकिन संघर्ष विराम लागू होने से कुछ घंटे पहले ही इस्राइल के प्रधानमंत्री बैंजामिन नेतन्‍याहू ने कहा कि गजा युद्ध विराम समझौता अस्‍थाई हो सकता है और इस्राइल के पास गजा संघर्ष फिर शुरू करने का अधिकार है।   उन्‍होंने हमास में आज पहले चरण में रिहा होने वाले 33 बंधकों की सूची देने को कहा है। इन बंधकों में   बच्‍चे, महिलाएं और 50 वर्ष से अधिक आयु के व्‍यक्ति शामिल हैं। इस्राइल हमास द्वारा रिहा किए गये    प्रत्‍येक महिला इस्राइली सैनिक के बदले में फलस्‍तीन के 50 कैदियों और अन्‍य महिला बंधकों के बदले में 30 कैदियों को रिहा करेगा।

 

 

****

     

 

प्रयागराज में महाकुंभ में बडी संख्‍या में श्रद्धालु और तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं। महाकुम्‍भ में अब तक सात करोड़ 72 लाख से अधिक श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगा चुके हैं। इसके अलावा, महाकुम्‍भ से समूचे उत्‍तर प्रदेश के पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है।

 

 

महाकुंभ की यात्रा के बाद देशविदेश से आए श्रद्धालु और पर्यटक उत्तर प्रदेश के अन्य तीर्थ स्थलों का भी भ्रमण कर रहे हैं। अयोध्या, वाराणसी, विंध्याचल, श्रींगरपुर और चित्रकूट जैसे पवित्र स्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि देखी जा रही है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में पश्चिम बंगाल के श्रद्धालु तपन रे महाकुंभ में की गई व्यवस्थाओं की सराहना की और कहा कि प्रयागराज से उन्होंने अयोध्या और वाराणसी सहित कुछ अन्‍य पवित्र स्थलों पर भी जाने की योजना बनाई है। 

जो व्‍यवस्‍था है पूरे कुंभ मेले का बहुत ही बढिया है मैं लोकल प्रशासन जो है उनको धन्यवाद देना चाहता हूं जितना सुव्‍यवस्‍था करने के लिए लोग आराम से दर्शन किए हैं।

श्रद्धालु और तीर्थ यात्रियों के इन स्थानों पर आने से स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिला है साथ ही यात्रा, आतिथ्‍य और परिवहन क्षेत्र के कारोबार में भी वृद्धि हुई है। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।

 

 

****

 

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारत की सहायता से निर्मित जाफना के प्रतिष्ठित सांस्‍कृतिक केन्‍द्र का नाम तिरूवल्‍लुवर सांस्‍कृतिक केन्‍द्र रखे जाने का स्‍वागत किया है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री मोदी ने कहा कि यह भारत तथा श्रीलंका के बीच लोगों के प्रगाढ़ सांस्‍कृतिक, भाषायी, ऐतिहासिक और सभ्‍यतागत संबंधों का परिचायक भी है।

 

 

****

 

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी दिल्‍ली विधानसभा चुनाव के लिए मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम में 22 जनवरी को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में पार्टी कार्यकर्ताओं से इस कार्यक्रम के लिए अपने विचार साझा करने का आग्रह किया है।

 

 

****

     

 

गृहमंत्री अमित शाह आज आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल – एनडीआरएफ के 20वें स्‍थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। एनडीआरएफ विश्‍व में सबसे बड़ा बल है जो आपदा सेवा सदैव सर्वत्र के सिद्धांत के साथ अपनी आपदाओं से निपटने के लिए प्रतिबद्ध है। गृहमंत्री दो सौ बीस करोड़ रूपये की लागत की कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और आधारशिला रखेंगे।

 

 

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल एनडीआरएफ के 20वें स्थापना दिवस के अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के कोंडापवुलुरू में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान के दक्षिणी परिसर का उद्घाटन करेंगे। इस नये परिसर में शिक्षा और आपदा से निपटने के प्रशिक्षण सुविधा होगी और इससे आपदा के दौरान किसी की जान न जाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्‍पना को साकार करने में मदद मिलेगी। गृह मंत्री विजयवाड़ा में एनडीआरएफ की 10वीं बटालियन परिसर और बिहार के सुपौल में 9वीं बटालियन के क्षेत्रीय आपदा केंद्र का वर्चुअल माध्‍यम से उद्घाटन करेंगे। श्री शाह हैदराबाद में वर्चुअल माध्‍यम से राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में एक नए अत्याधुनिक एकीकृत इनडोर शूटिंग रेंजकी आधारशिला भी रखेंगे। श्री साईं की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मनोज।

 

 

****

 

 

गृहमंत्री अमित शाह ने जम्‍मू-कश्‍मीर में राजौरी जिले के बुडहल तहसील में रहस्‍यमय बीमारी से प्रभावित बधाल गांव का दौरा करने के लिए एक अंतर-मंत्रालयी दल के गठन का आदेश दिया है। इस गांव में पिछले छह हफ्तों में 16 लोगों की मृत्‍यु हुई है।

 

 

****

     

 

अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारियों का पचासीवां सम्‍मेलन-.आई.पी..सी. कल पटना में शुरू होगा।

 

19,20,21 जनवरी को देशभर के पीठासीन अधिकारियों का सम्‍मेलन अपने राज्‍य से। यह सम्‍मेलन 43 साल के बाद बिहार में हो रहा है और इसमें विभिन्न राज्यों के विधानसभा के अध्यक्ष, उपाध्‍यक्ष, सचिव और विधान परिषद के सभापति उपसभापति सचिव भाग लेंगे और पूरी बैठक की अध्‍यक्षता लोकसभा के माननीय अध्‍यक्ष ओम बिरला जी करेंगे और साथ में राज्यसभा के सभापति माननीय हरिवंश जी उपस्थित हमेशा रहेंगे। कार्यक्रम का समापन बिहार के माननीय राज्‍यपाल महोदय द्वारा होगा और इस पूरे सम्‍मेलन की तैयारी के लिए व्‍यापक रूप से योजना बनाई गई है और योजना अब पूरी हो रही है लगभग।

 

इस अवसर पर लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला संसदीय कार्य व्‍यवहार और प्रक्रिया पुस्‍तक के आठवें संस्‍करण का लोकार्पण करेंगे।

 

 

****

 

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्‍ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्‍पीक में कल रात साढे नौ बजे “सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इस चर्चा में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय में अपर सचिव महमूद अहमद और परिवहन विशेषज्ञ अनिल छिकारा शामिल होंगे।

 

आमंत्रित विशेषज्ञ से कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा तथा हितधारकों, नागरिकों और सरकार का सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में उनके योगदान से जुड़े प्रश्न पूछे जा सकते हैं।

     

 

****

     

 

फिल्‍म अभिनेता सैफ अली खान पर मुंबई में हुए हमले के सिलसिले में मुंबई पुलिस ने मुख्‍य अभियुक्‍त विजय दास को मुंबई के पास ठाणे से गिरफ्तार किया है। सैफ अली खान के बांद्रा स्थित आवास पर चोरी की कोशिश में एक व्‍यक्ति ने उन पर चाकू से हमला किया था।

 

 

****

     

 

खो-खो विश्‍वकप में भारतीय पुरुष औऱ महिला टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। फाइनल में आज उनका मुकाबला नेपाल से होगा।

 

     

भारत के गौतम एम.के. को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और सचिन भार्गो को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्र-रक्षक घोषित किया गया। गौतम एम.के. ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनके प्लान-बी ने जीत दिलाने में मदद की।

 

 

उधर, भारतीय महिला टीम ने भी सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर जीत दर्ज की। इस जीत के बाद महिला टीम की कोच सुमित भाटिया ने कहा कि भारतीय टीम फाइनल खेलने के लिये पूरी तरह आत्‍मविश्‍वास से भरी हुई है।

 

 

तीन इंजर्ड हुए है उनके प्‍लेयर और वो रफ एंड टफ खेल रहे थे। इसलिए हमने अपनी स्‍ट्रेटेजी चेंज करी और सेफ एंड पर चले गए। उनके वजीर को भी इंजर्ड हुआ, उनका एटेक्‍र भी इंजर्ड हुआ, डिफेंडर भी इंजर्ड हुआ तो हमने अपने आप को सेफ कर लिया कि हमें फाइनल में जाना है। लीड आ चुकी थी हमारे पास तो हम रिलेक्‍स हो गए और हमने थोड़ा गेम को स्‍लो कर दिया।

 

 

****

     

 

समूचे उत्तर भारत सहित देश के कई हिस्सों में सर्दी का प्रकोप जारी है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अधिकांश इलाकों में धुंध औऱ घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग ने कहा है कि मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्र, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 21 जनवरी तक यथावत मौसम बना रहेगा।

 

 

****

 

प्रधानमंत्री ने बांटे 65 लाख स्‍वामित्‍व संपत्ति कार्ड राष्‍ट्रीय सहारा की पहली खबर है-पत्र के अनुसार योजना से लोगों को ऋण और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में होगी मदद। जनसत्‍ता ने विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मणयम जयशंकर के इस कथन को प्राथमिकता दी है कि आतंकवाद का कैंसर पाकिस्‍तान में अपनी ही राजनीतिक संरचना को खा रहा। राजस्‍थान पत्रिका ने बदलाव शीर्षक से लिखा है- भारत में 30 प्रतिशत नियोक्‍ता बदलना चाहते हैं भर्ती प्रक्रिया। पत्र के अनुसार खत्‍म हो रहा डिग्री का महत्‍व, कौशल से ही मिलेगी नौकरी। प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ पर नवभारत टाइम्‍स का सुर्खी है अब वर्षों का इंतेजार नहीं, कुंभ में बिछड़ों को मिनटों में ही मिलवा रहा है एआई। पत्र लिखता है कि कुंभ आयोजन में एआई का इस्‍तेमाल, अपराध प्रबंधन, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के काम में भी हो रहा है।

 

 

****

 

 

मुख्य समाचार एक बार फिरः

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज सुबह ग्‍यारह बजे आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।

  • सीबीआई की एक अदालत ने हिमाचल प्रदेश के शिमला में हुए कोटखाई दुष्‍कर्म और हत्‍या मामले में पुलिस महानिरीक्षक सहित नौ पुलिस कर्मियों को दोषी ठहराया।

  • पंजाब, हरियाणा, दिल्‍ली, उत्‍तर प्रदेश और राजस्‍थान में घने कोहरे का प्रकोप।

  • गज़ा में इस्रायल और हमास के बीच संघर्ष विराम समझौता भारतीय समयानुसार आज दोपहर 12 बजे से लागू होगा।

****