मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शणमुगरत्नम से मुलाकात करेंगे।
- गृहमंत्री अमित शाह आज सात हवाई अड्डों पर फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन – ट्रस्टेड ट्रैवलर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।
- वायु गुणवत्ता खराब होने के कारण दिल्ली-एन.सी.आर. में ग्रैप-4 के अंतर्गत सख्त प्रतिबंध फिर से लागू किए गए।
- इस्राइल और हमास के बीच गज़ा में युद्धविराम और बंधकों की रिहाई के समझौते पर सहमति बनी।
- अमरीका ने भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र समेत तीन भारतीय कंपनियों से प्रतिबंध हटाया।
- प्रयागराज कुंभ मेले में भव्य सांस्कृतिक आयोजन ‘संस्कृति का महाकुंभ’ आज से शुरू होगा।
- भारतीय पुरुष और महिला टीम खो खो विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंची।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शणमुगरत्नम से मिलेंगे। श्री शणमुगरत्नम आज राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति मुर्मु ने उनके सम्मान में भोज का आयोजन किया है।
कल विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सिंगापुर के राष्ट्रपति के साथ बैठक की। दोनों नेताओं ने सेमीकंडक्टर, औद्योगिक पार्क, कौशल विकास, डिजिटिकरण और व्यापार बढ़ाने में सहयोग पर विचार-विमर्श किया। डॉ. जयशंकर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत और सिंगापुर के द्विपक्षीय संबंधों के 60 वर्ष पूरे हो रहे हैं और इस अवसर पर वहां के राष्ट्रपति की भारत यात्रा से व्यापक साझेदारी को नई गति मिलेगी। दोनों देशों के बीच मैत्री और परस्पर सम्मान के आधार पर भरोसेमंद सहयोग संबंध रहा है। श्री शणमुगरत्नम की यात्रा से द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे। दिवाकर की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आशा निवेदी।
राष्ट्रपति शणमुगरत्नम भारत की पांच दिन की यात्रा पर हैं। उनके साथ मंत्रियों और सांसदों सहित एक उच्चस्तरीय शिष्टमंडल भी आया है। सिंगापुर के राष्ट्रपति के रूप में श्री शणमुगरत्नम की यह पहली भारत यात्रा है। वे कल और शनिवार को ओडिशा के दौरे पर रहेंगे।
******
गृहमंत्री अमित शाह आज मुम्बई, चेन्नई, कोलकाता, बैंगलोर, हैदराबाद, कोच्चि और अहमदाबाद हवाई अड्डों पर फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन – ट्रस्टेड ट्रैवलर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इससे यात्रियों को विश्वस्तरीय प्रवासन सुविधाएं उपलब्ध होंगी और अंतर्राष्ट्रीय यात्रा निर्बाध और सुरक्षित बनेगी।
गृह मंत्रालय के अनुसार आवेदकों को एफ टी आई टी टी पी डॉट एम एच ए डॉट जी ओ वी पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। पंजीकृत आवेदकों का बायोमेट्रिक डेटा विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय या हवाई अड्डे पर उपलब्ध रहेगा।
यह व्यवस्था देश के 21 प्रमुख हवाई अड्डों पर लागू की जाएगी।
*******
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता में गिरावट को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने चरणबद्ध कार्रवाई योजना – ग्रैप 3 और 4 के तहत सभी कार्रवाई लागू करने का फैसला किया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिल्ली में आज सुबह सात बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक तीन सौ 50 से ऊपर दर्ज किया गया। शहर के कुछ क्षेत्रों में सूचकांक गंभीर श्रेणी को पार करता हुआ चार सौ अंक से भी ऊपर पहुंच गया।
ग्रैप 3 के तहत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में गैर-जरूरी निर्माणकार्यों तथा सड़क निर्माण और खनन गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है। दिल्ली तथा गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर जिलों में बीएस-3 पेट्रोल वाहनों और बीएस-4 डीजल वाहनों पर भी पाबंदी रहेगी। इसके अलावा दिल्ली सरकार और एन.सी.आर. की राज्य सरकारें अनिवार्य रूप से कक्षा पांच तक के बच्चों के लिए ऑनलाइन कक्षाओं का भी आयोजन करेगी। चरणबद्ध कार्रवाई योजना-4 के तहत विद्यालयों को अनिवार्य रूप से कक्षा छह से नौ और ग्यारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन कक्षाओं का आयोजन करना होगा। पल्लवी परमार, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*******
अमरीका ने भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र सहित तीन भारतीय प्रतिष्ठानों पर लागू प्रतिबंध हटा दिया है। अन्य दो कंपनियां में इंडियन रेयर अर्थ्स और इंदिरा गांधी परमाणु अनुसंधान केंद्र शामिल हैं। अमरीकी उद्योग और सुरक्षा ब्यूरो ने बताया कि इस निर्णय से साझा ऊर्जा सुरक्षा जरूरतों में सहयोग बढेगा तथा विज्ञान और प्रौद्योगिकी में संयुक्त प्रयासों को बढावा मिलेगा। ब्यूरो ने कहा कि हाल के वर्षों में भारत और अमरीका ने शांतिपूर्ण परमाणु सहयोग तथा संबधित अनुसंधान गतिविधियों में सहयोग बढाया है।
*******
सरकार की प्रमुख पहल स्टार्टअप के आज नौ वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस योजना का उद्देश्य देश में स्टार्टअप उद्यमों को बढावा देना तथा नवाचार और उद्यमिता के लिए अनुकूल, सुदृढ़ और समावेशी माहौल बनाना है। हमारे संवाददाता ने बताया कि स्टार्टअप इंडिया पहल के तहत भारत को रोजगार तलाशने वाले देश की जगह रोजगार सृजित करने वाला देश बनाने के लिए अनेक प्रयास किये गए हैं।
देश के नागरिकों के बीच उद्यमशीलता की भावना को बढ़ावा देने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए स्टार्टअप इंडिया योजना की शुरुआत की गई थी। स्टार्टअप को सहायता प्रदान करने के लिए स्टार्टअप इंडिया के माध्यम से वित्तीय सहायता, क्रेडिट गारंटी और टैक्स छूट जैसी सुविधाएं दी जाती है। देश भर में 1 लाख 59000 से अधिक स्टार्टअप्स हैं और भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन गया है। इस योजना ने रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है और इसने अब तक 16 लाख से अधिक प्रत्यक्ष नौकरियां सृजित की है। इस योजना के माध्यम से देश में नवाचार और स्टार्टअप के पोषण के लिए एक मजबूत इकोसिस्टम का निर्माण किया जा रहा है। दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*******
प्रयागराज महाकुंभ में आज भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम संस्कृति का महाकुंभ आरंभ होगा। इसके तहत विख्यात कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों से भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा दर्शायी जाएगी। कार्यक्रम मुख्य मंच गंगा पंडाल में आयोजित होंगे। इसका शुभारंभ प्रख्यात गायक शंकर महादेवन की विशेष प्रस्तुति से होगा। यमुना और सरस्वती पंडालों में भी आज सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान स्वास्थ्य देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वास्थ्य देखभाल के इन प्रयासों में एक पहल है- नेत्र कुंभ। इसके माध्यम से दृष्टि बाधित लोगों के लिए विशेष प्रबंध किये गए हैं।
नेत्र कुंभ के दौरान 5 लाख ओपीडी सेवा 3 लाख चश्मे वितरित करना और प्रतिदिन 10000 चिकित्सा परामर्श का लक्ष्य रखा गया है। 10 एकड़ क्षेत्र में फैले नेत्र कुंभ में 11 हैंगर है यहां श्रद्धालुओं और तीर्थयात्री व्यवस्थित नेत्र परीक्षण करवा सकते हैं। नेत्र कुंभ के आयोजन समिति के सदस्य डॉ.रंजन वाजपेयी ने आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए कहा कि नेत्र कुंभ में 40 नेत्र विशेषज्ञ, और 100 नेत्र परीक्षक की टीम आंखों की जांच कर रही है उन्होंने कहा कि नेत्र कुंभ में दी जाने वाली सभी सेवाएं निशुल्क है।
अभी तक जो स्टेटस मिल रहा है वो ऑन एन एवरेज तीन या साढे तीन हजार पेसेंट मिलना शुरू हो गए हैं। जिनको फाइव थाउसेंड प्लस लग रहा है। हमारे पास तैयारियां 10 टू 15000 पेशेंट को एग्जामिन करने की पर डे की है। हमने हंड्रेड ऑप्टोमेट्रिस्ट डॉक्टर का सेटअप बनाया हुआ है। हाईटेक सेटअप है, नई मशीनरी इंवॉल्वड है और हमने 40 डॉक्टर एटे टाइम हमारे पास स्क्रीनिंग कर रहे है।
वर्ष 2019 कुंभ मेले में सफलता के बाद नेत्र कुंभ मेले ने लिम्बा बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड का स्थान अर्जित किया था और इस वर्ष का लक्ष्य गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान प्राप्त करना है। वहीं, जो लोग नेत्रदान करना चाहते हैं उनके लिए नेत्र कुंभ नेत्रदान शिविर भी आयोजित करता है। अनुपम मिश्र के साथ आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार, महाकुंभ नगर, प्रयागराज।
*******
इज़राइल और हमास ने गजा युद्धविराम और बंधक रिहाई समझौते पर सहमति व्यक्त की है। क़तर के प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल-थानी के साथ बैठकों के बाद दोनों पक्ष समझौते पर राज़ी हुए हैं। यह समझौता रविवार से शुरू होगा और 42 दिन चलेगा। क़तर के प्रधानमंत्री अल-थानी ने कहा कि इससे इजरायली बंदियों की रिहाई सुनिश्चित होगी और गजा के लिए मानवीय सहायता बढ़ेगी। हमास के एक अधिकारी ने बताया कि समझौते के मसौदे को मंजूरी दे दी गई है। अमरीका के राष्ट्रपति जो. बाइडेन ने समझौते की पुष्टि करते हुए कहा है कि पहले चरण में अमरीकी बंधकों को मुक्त कराया जाएगा।
*******
संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतेरस ने गज़ा संघर्ष विराम और बंधकों की रिहाई समझौते का स्वागत किया है। उन्होंने इसे शांति बहाली के लिए पहला महत्वपूर्ण कदम बताया। संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने समझौते में मध्यस्थता के लिए कतर, मिस्र और अमरीका की भी सराहना की।
*******
दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में आज हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शहर के कुछ हिस्सों में आज दोपहर तक बारिश होगी। विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आरके जेनामणि ने आकाशवाणी को विशेष बातचीत में बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत प्रभावित हुआ
*******
खो खो विश्व कप 2025 में भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में भारतीय पुरुष टीम ने पेरू को 70-38 के बड़े अंतर से हराया। मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाडी रहे अनिकेत पोटे ने कहा कि उनकी रणनीति पहले मैच से ही स्पष्ट है।
हमारा मैच किसके साथ है तो उसके साथ कैसे खेलना है, क्या रणनीति रखनी है, किसको कहां पर यूज करना है और कौन सा सामने वाले प्लेयर का स्किल क्या है यह सब हम रणनीती रच के मैच खेल रहे हैं और इसका रिजल्ट भी अच्छा आ रहा है यह तो गेम का एक रूल है कि आप किसी को कमजोर ना समझे।
भारतीय महिला टीम ने ईरान के खिलाफ 100-16 से शानदार जीत हासिल की। कप्तान प्रियंका इंगले ने जीत को टीम का सामूहिक प्रयास बताया।
हमारी टीम बहुत बढिया है क्योंकि एक महीने से हमारा हो गया है आज का मैच भी बहुत बढिया रहा सेंचुरी की है और ऐसे ही आगे सारे मैच खेलते रहेंगे हम।
*******
पुरुष और महिला हॉकी इंडिया लीग में राउरकेला के बिरसा मुण्डा स्टेडियम में कल एक-एक मुकाबला खेला गया।
हॉकी इंडिया लीग में रांची में महिला वर्ग में सुरमा हॉकी क्लब ने उड़ीसा वॉरियर्स को दो एक से पराजित कर अंक तालिका में 6 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल कर लिया है। प्लेयर ऑफ द मैच रही सुरमा की गोल रक्षिका सविता पूनिया। ….. । उधर राउरकेला में पुरूष लीग में श्राची रार बंगाल टाइगर्स ने यूपी रुद्राक्ष को आसानी से 5-3 से परास्त करते हुए 12 अंकों के साथ तालिका में चौथे से दूसरे स्थान पर पहुंचने का श्रेय हासिल कर लिया है। प्लेयर ऑफ द मैच रहे है बंगाल टाइगर्स के गोल रक्षक जेमीकार। हॉकी इंडिया लीग में आज फिर भी दो मुकाबले होंगे। महिला लीग में श्राची रार बंगाल टाइगर्स और उड़ीसा वॉरियर्स की टीम में शाम 6:00 बजे रांची में एक दूसरे के समक्ष होगी। जबकि राउरकेला में रात्रि 8:15 पर मुकाबला होगा। दिल्ली सीजी पाइपर्स और कलिंगा लांसर्स के बीच। आकाशवाणी के लिए मैं आशीष चरण।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार 19 जनवरी को आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे। यह इस मासिक रेडियो कार्यक्रम की 118वीं कड़ी होगी।
कार्यक्रम के लिए विचार और सुझाव टोल फ्री नं- 1800-11-7800 पर भेजे जा सकते हैं।
*******
भारतीय नौसेना को तीन नए युद्धपोत मिलने को आज के सभी अखबारों ने मुख पृष्ठ पर दिया है। दैनिक जागरण की सुर्खी है – स्वदेशी युद्धपोत आइएनएस सूरत और नीलगिरि तथा पनडुब्बी वाग्शीर नौसेना बेड़े में शामिल। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शब्दों को जनसत्ता ने दिया है – हमारे सैन्य सामर्थ्य का मतलब विस्तारवाद नहीं।
दिल्ली आबकारी घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय को पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी संयोजक अरविन्द केजरीवाल के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी मिलने को दैनिक भास्कर सहित कई अखबारों ने सुर्खी बनाया है।
शौचालय सिर्फ जरूरी सुविधा नहीं, मौलिक अधिकार। सर्वोच्च न्यायालय की यह टिप्पणी हिन्दुस्तान में है। शीर्ष अदालत ने देशभर के अदालत परिसरों में महिलाओं, दिव्यांगजनों और ट्रांसजेंडरों के लिए शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।
प्रयाग राज महाकुंभ में बिछड़ों को मिला रहे बिजली के खंभे। राष्ट्रीय सहारा के अनुसार पूरे मेला क्षेत्र में पचास हजार बिजली के खंभों पर क्यूआर कोड लगाए गए। कोई भी व्यक्ति क्यूआर कोड को मोबाइल से स्कैन करके अपनी लोकेशन जान सकता है। धन्यवाद फरहत।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शणमुगरत्नम से मुलाकात करेंगे।
- गृहमंत्री अमित शाह आज सात हवाई अड्डों पर फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन – ट्रस्टेड ट्रैवलर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।
- वायु गुणवत्ता खराब होने के कारण दिल्ली-एन.सी.आर. में ग्रैप-4 के अंतर्गत सख्त प्रतिबंध फिर से लागू किए गए।
- इस्राइल और हमास के बीच गज़ा में युद्धविराम और बंधकों की रिहाई के समझौते पर सहमति बनी।
- अमरीका ने भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र समेत तीन भारतीय कंपनियों से प्रतिबंध हटाया।
- प्रयागराज कुंभ मेले में भव्य सांस्कृतिक आयोजन ‘संस्कृति का महाकुंभ’ आज से शुरू होगा।
- भारतीय पुरुष और महिला टीम खो खो विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंची।