मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज भारत को जलवायु-स्मार्ट राष्ट्र बनाने के लिए मिशन मौसम का शुभारंभ करेंगे।
- ओडिशा आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में शामिल हुआ। प्रधानमंत्री ने कहा-ओडिशा के लोगों को सस्ती दरों पर उच्चतम गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवा मिलेगी।
- राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी-एनटीए ने त्योहारों को देखते हुए कल होने वाली विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा स्थगित की।
- फसल कटाई का पर्व मकर संक्रांति आज देश के विभिन्न भागों में मनाया जा रहा है।
- सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शनमुगरत्नम आज से पांच दिवसीय भारत यात्रा पर।
- नई दिल्ली में, भारत ने खो-खो विश्व कप के उद्घाटन मैच में नेपाल को पराजित किया।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में भारत मंडपम में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के 150वें स्थापना दिवस के अवसर पर मिशन मौसम का शुभारंभ करेंगे। इसका लक्ष्य देश को प्रत्येक मौसम और जलवायु का सामना करने के लिए स्मार्ट राष्ट्र बनाना है।
मिशन मौसम भारत सरकार की एक महत्वकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य अत्याधुनिक मौसम निगरानी तकनीक और प्रणाली विकसित करना है। इसके अलावा उच्च रेजोल्यूशन वायुमंडलीय अवलोकन, अगली पीढ़ी के रडार और उपग्रहों के माध्यम से उच्च प्रदर्शन हासिल करना है। यह मौसम और जलवायु प्रक्रियाओं की समझ को बेहतर बनाने के साथ-साथ वायुगुणवत्ता डेटा प्रदान करने पर भी ध्यान केंद्रित करेगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी मौसम विभाग के विजन 2047 दस्तावेज को भी जारी करेंगे। इसमें मौसम पूर्वानुमान, मौसम प्रबंधन और जलवायु परिवर्तन से संबंधित योजनाएं शामिल हैं। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*******
ओडिशा आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना को लागू करने वाला 34वां राज्य बन गया है।
इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक परिवार को हर वर्ष पांच लाख रूपये की स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की जाती है। कल नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण और ओडिशा सरकार ने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत आठ करोड़ से अधिक लोगों को इलाज की सुविधा मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि इस योजना से देश के दूरदराज के क्षेत्रों में अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और भारत की 45 प्रतिशत से अधिक जनसंख्या लाभान्वित हुई है। दिल्ली और पश्चिम बंगाल में अब तक यह योजना लागू नहीं हुई है। सुमित की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।
*******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के क्रियान्वयन पर ओडिशा के लोगों को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि यह योजना किफायती दरों पर उच्चतम गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करेगी।
*******
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी- एनटीए ने कल होने वाली यूजीसी-नेट परीक्षा दिसंबर 2024 स्थगित कर दी है। एजेंसी ने कहा कि उसे 15 जनवरी को पोंगल, मकर संक्रांति और अन्य त्योहारों के कारण परीक्षा स्थगित करने के लिए अभ्यावेदन प्राप्त हुए हैं। परीक्षा की नई तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी।
*******
प्रयागराज में महाकुंभ में मकर संक्रांति पर्व पर प्रथम अमृत स्नान जारी है। 13 अखाड़ों में से प्रत्येक अखाड़े को उसके निर्धारित समय और क्रम की सूचना दे दी गई है। महानिर्वाणी पंचायती अखाड़े को त्रिवेणी संगम पर सबसे पहले और श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल को अंत में अमृत स्नान का क्रम निर्धारित किया गया है। इस भव्य आयोजन के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। कल पौष पूर्णिमा पर दुनिया के सबसे बड़े आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और भव्य समागम में एक करोड़ पचास लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई। हेलीकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई। महाकुंभ 26 फरवरी को महाशिवरात्रि तक चलेगा।
*******
प्रश्न– आनंद आज महाकुंभ के पहले अमृत स्नान को लेकर श्रद्धालुओं में कैसा उत्साह देखने को मिल रहा है? और आनंद इतनी बड़ी संख्या में उमड़ें श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन ने क्या खास इंतजाम किए हैं?
*******
फसलों की कटाई का पर्व मकर संक्रांति आज देश के विभिन्न भागों में मनाया जा रहा है। मकर संक्रांति का पर्व हेमंत ऋतु के समापन और शिशिर ऋतु के आगमन का प्रतीक है। इसी दिन से दिवस की अवधि बढने लगती है। इस त्यौहार को देश के विभिन्न भागों में अलग-अलग नामों से जाना जाता है। तमिलनाडु में इसे पोंगल, गुजरात में उत्तरायण, असम में भोगाली बिहू और पश्चिम बंगाल में पौष संक्रांति के रूप में इसे मनाया जाता है।
*******
केरल में आज सबरीमाला पहाड़ी मंदिर में ‘मकरविलक्कु’ पर्व के अवसर पर अयप्पा भक्त पहुंच रहे हैं। मान्यता है कि मकरविलक्कु उत्सव के अवसर पर भगवान अयप्पा अपने भक्तों को मकर ज्योति दर्शन के रूप में आशीर्वाद देते है।
*******
श्रीलंका में तमिल समुदाय आज पूरे हर्षोल्लास के साथ थाई पोंगल मना रहा है।
थाई पोंगल के मौके पर श्रीलंका का तमिल हिंदू सामुदाय बीते साल की अच्छी फसल के लिए भगवान का धन्यवाद करने और आने वाले साल के लिए आशीर्वाद मांगने आज मंदिरों का दौरा करेगा। सुबह-सुबह हर घर के सामने रंगोली के खूबसूरत डिजाइन बनाए जा रहे हैं। भक्त सूर्य भगवान की पूजा करते हैं और पुंगलो पोंगल के मंत्र उच्चार के बीच पोंगल पकाने के दौरान उसका बर्तन से बाहर आना इस त्यौहार का खास पल माना जाता है। अहमद मोइन फारूकी, आकाशवाणी समाचार, कोलंबो।
*******
मध्य प्रदेश में राज्य सरकार धार्मिक स्थानों पर शराबबंदी लागू करने पर विचार कर रही है। यह जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक वीडियो संदेश में दी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार शराब नीति में सुधार कर इस नीति को लागू करने पर विचार कर रही है। बाइट- हमारे धार्मिक नगरों पर हम अपनी नीति में संशोधन करें और धार्मिक नगरों से शराब बंदी की तरफ बढ़े। कई साधु संतों ने कई लोगों ने सुझाव दिए, हमारी सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। सरकार का प्रयास है कि इन नगरों की पवित्रता अक्षुण्ण रहे। मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि राज्य सरकार जल्द ही निर्णय लेकर इस दिशा में ठोस कदम उठाएगी। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
*******
सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन षणमुगरत्नम आज पांच दिन की यात्रा पर भारत आएंगे। उनके साथ मंत्रियों, सांसदों और अधिकारियों सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा।
सिंगापुर के राष्ट्रपति के रूप में यह उनकी यह पहली भारत यात्रा होगी। अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति थर्मन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ बैठक करेंगे। राष्ट्रपति उनके सम्मान में प्रीतिभोज का आय़ोजन भी करेंगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी उनसे मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति थर्मन 17 से 18 जनवरी तक ओडिशा के दौरे पर रहेंगे। भारत और सिंगापुर के बीच मित्रता, विश्वास और आपसी सम्मान की लंबी परंपरा के आधार पर व्यापक सहयोग है। राष्ट्रपति थर्मन की यात्रा से दोनों देशों के बीच संबंधों को और गति मिलने की उम्मीद है। उनकी इस यात्रा से भारत और सिंगापुर के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 60वीं वर्षगांठ समारोह की शुरुआत होगी। दीपेंद्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।
*******
आज हिमाचल प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में शीत लहर की स्थिति बने रहने और पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश तथा उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में रात और सुबह के समय बहुत घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कहा है कि कोमोरिन और उसके आसपास के क्षेत्रों के ऊपर चक्रवात की स्थिति बनी हुई है।
*******
भारतीय सेना दिवस की पूर्व संध्या पर सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी का संदेश आज आकाशवाणी दिल्ली से प्रसारित किया जाएगा। इसे एफएम गोल्ड, इंद्रप्रस्थ और ‘आकाशवाणी लाइव न्यूज 24X7’ पर रात 8 बजे सुना जा सकेगा।
*******
महिला हॉकी इंडिया लीग में, सूरमा हॉकी क्लब ने श्राची रार बंगाल टाइगर्स को चार-एक से हराया।
हॉकी इंडिया लीग में सोमवार को खेले गए दो मुकाबलों में पहला मैच था रांची में बंगाल टाइगर्स और सूरमा हॉकी क्लब की महिला टीमों के बीच। मैच के 47वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक पर सोनम ने गोल दाग कर सूरमा हॉकी क्लब की जीत को 4-1 से सुनिश्चित कर दिया। प्लेयर ऑफ द मैच रही सूरमा के कप्तान सलीमा टेटे। उधर राउरकेला में पुरुष लीग में दिल्ली एसजी पाइपर्स एक बार फिर से मैच गवां बैठा। इस मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच रहे तमिलनाडु ड्रैगन्स के डेविड हॉक। हॉकी इंडिया लीग में आज दो मुकाबले होंगे। महिला लीग में दिल्ली एसजी पाईपर्स और सराचीर बंगाल टाइगर्स की टीम में शाम 6:00 बजे रांची में एक दूसरे के समक्ष होगी जबकि राउरकेला में रात्रि 8 बजकर 15 मिनट पर मुकाबला होगा टीम गोनासिका और सूरमा हॉकी क्लब के बीच। आकाशवाणी समाचार के लिए मैं आशीष चरण।
*******
नई दिल्ली में खो-खो विश्व कप में भारत ने कल ग्रुप ए में नेपाल को 37 के मुकाबले 42 अंको से हराकर अपने विजय अभियान की शुरूआत की। बैडमिंटन में, इंडिया ओपन बैटमिंटन टूर्नामेंट आज से नई दिल्ली के केडी जाधव इंडोर ह़ॉल में शुरू होगा। महिला सिंगल्स में पीवी सिन्धु का सामना ताइवान की सुंग शुओ युन से होगा। वहीं पुरुष डबल्स में सतीश करुणाकरण और आदया वारियाथ की जोड़ी का सामना फ्रांस के थॉम गिकेल और डेल्फिन डेलरयू से होगा। वहीं, सात्विकराज रैंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी मलेशिया के ती काई वुन और मान वैई चौंग के साथ खेलेगी। उधर फुटबॉल में, इंडियन सुपर लीग-आईएसएल में केरल ब्लास्टर्स फुटबॉल क्लब ने कल कोच्चि में ओडिशा फुटबॉल क्लब पर 2 के मुकाबले 3 गोल से जीत दर्ज की। आज नॉर्थईस्ट यूनाइटेड फुटबॉल क्लब का सामना फुटबॉल क्लब गोवा से होगा। यह मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। और टेनिस में, ऑस्ट्रेलियन ओपन के पुरुष डबल्स में आज भारत के रोहन बोपन्ना और कोलंबिया के निकोलस बैरिएंटोस की जोड़ी अपने अभियान की शुरूआत करेगी।
*******
धन्यवाद नवीन, पौष पूर्णिमा पर प्रयागराज में गंगा यमुना और अदृश्य सरस्वती-त्रिवेणी के संगम पर महाकुंभ में करोडों श्रद्धालुओं के पवित्र स्नान की खबर को आज के सभी समाचार पत्रों ने अपने प्रथम पृष्ठ पर अलग-अलग र्शीषक से सचित्र प्रकाशित किया है। दैनिक भास्कर की सुर्खी है- संगम तट पर छलका कुंभ, रात भर अखाडों में पूजन। अमर उजाला लिखता है- आस्था का महासागर, आज मकर संक्रांति पर पहला अमृत स्नान। वहीं राजस्थान पत्रिका ने लिखा है- पौष पूर्णिमा पर ठंडी हवाओं के बीच श्रद्धालुओं ने उठाया संगम स्नान का अदभुत आनंद उमडा आस्था और उमंग का जन-सैलाब। कश्मीर के विकास से ही विकसित होगा देश- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस बयान को लोकसत्य ने अपनी पहली खबर बनाया है। वहीं जनसत्ता ने प्रधानमंत्री के सोनमर्ग सुरंग उद्घाटन को सचित्र प्रकाशित करते हुए, प्रधानमंत्री के हवाले से लिखा है- सही समय पर पूरे करूंगा सारे वादे। वीर अर्जुन ने उमर अब्दुला का बयान दिया है दिल कहता है प्रधानमंत्री बहुत जल्द अपना वादा पूरा करेंगे। चीन सीमा पर हमारी तैनाती संतुलित और पुख्ता, सर्दियों में भी कम नहीं होंगे सैनिक जनरल उपेंद्र द्विवेदी का बयान अमर उजाला की खबर है।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज भारत को जलवायु-स्मार्ट राष्ट्र बनाने के लिए मिशन मौसम का शुभारंभ करेंगे।
- ओडिशा आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में शामिल हुआ। प्रधानमंत्री ने कहा-ओडिशा के लोगों को सस्ती दरों पर उच्चतम गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवा मिलेगी।
- राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी-एनटीए ने त्योहारों को देखते हुए कल होने वाली विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा स्थगित की।
- फसल कटाई का पर्व मकर संक्रांति आज देश के विभिन्न भागों में मनाया जा रहा है।
- सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शनमुगरत्नम आज से पांच दिवसीय भारत यात्रा पर।
- नई दिल्ली में, भारत ने खो-खो विश्व कप के उद्घाटन मैच में नेपाल को पराजित किया।
*******