मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में विकसित भारत युवा नेता संवाद में भाग लेंगे।
- भारत, आधिकारिक सांख्यिकी के लिए बिग डेटा और डेटा विज्ञान पर संयुक्त राष्ट्र की विशेषज्ञ समिति में शामिल हुआ।
- भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 29 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की।
- शिवसेना-उद्धव ठाकरे गुट ने महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया।
- पहला अंतराष्ट्रीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन आज देहरादून में होगा।
- भारत ने इंग्लैंड के साथ पांच मैचों की टी-ट्वेंटी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट श्रंखला के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की।
********
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि विकसित भारत युवा नेता संवाद देश के युवाओं को राष्ट्र की विकास यात्रा में शामिल करने की एक अनूठी पहल है। श्री मोदी ने युवा और खेल मामलों की राज्य मंत्री रक्षा खडसे का राष्ट्रीय युवा उत्सव 2025 और विकसित भारत युवा नेता संवाद पर लिखा एक लेख साझा करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए युवाओं में ऊर्जा, रचनात्मकता और नेतृत्व को दिशा प्रदान करना है। आज राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नई दिल्ली के भारत मंडपम में विकसित भारत युवा नेता संवाद में भाग लेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री मोदी देशभर के तीन हज़ार युवा नेताओं के साथ संवाद भी करेंगे।
देश भर से तीन हजार युवा नेताओं का चयन, विकसित भारत चैलेंज के माध्यम से किया गया है। इस कार्यक्रम के दौरान युवा नेता, प्रधानमंत्री के विकसित भारत के दृष्टिकोण पर अपनी प्रस्तुति देंगे। प्रधानमंत्री युवा नेताओं के साथ दोपहर के भोजन में शामिल होंगे, जिस दौरान उन्हें अपने विचारों, अनुभवों और आकांक्षाओं को सीधे प्रधानमंत्री के साथ साझा करने का अवसर मिलेगा। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी प्रतिभागियों द्वारा दस विषयों पर लिखे गए सर्वश्रेष्ठ निबंधों का संकलन भी जारी करेंगे। इनमें प्रौद्योगिकी, महिला सशक्तिकरण, विनिर्माण और कृषि जैसे विषयों पर निबंध शामिल हैं। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग, युवा नेताओं को, देश के भविष्य को लेकर, अपने विचारों को साझा करने के लिए, नीति निर्माताओं, राष्ट्रीय और वैश्विक हस्तियों के साथ सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान कर रहा है। दीपेन्द्र कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
********
मध्य प्रदेश में, युवाओं के लिये आज से स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति मिशन का शुभारंभ किया जा रहा है। इसका उद्देश्य राज्य के युवाओं को उनके कौशल, ज्ञान और समग्र विकास को बढ़ाने के अवसर प्रदान करके उन्हें सशक्त बनाना है।
स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति मिशन का आदर्श वाक्य संवाद – सामर्थ्य और समृद्धि है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बताया कि इस मिशन को प्रधानमंत्री के ज्ञान पर ध्यान और मध्यप्रदेश की युवा नीति के अनुरूप आकार दिया गया है। स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति मिशन के मुख्य स्तंभ संवाद, शिक्षा, क्षमता संवर्धन, उद्यमिता और रोजगार, सामाजिक पहल और निगरानी हैं। यह मिशन शहरी तथा ग्रामीण, पिछड़े और आर्थिक-सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं के कल्याण के लिये है। इसमें महिलाओं, दिव्यांग, युवाओं और किसानों को सशक्त बनाने का प्रयास किया गया है।
********
भारत, आधिकारिक सांख्यिकी के लिए बिग डेटा और डेटा साइंस पर संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों की समिति में शामिल हो गया है। भारत अब आधिकारिक सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए बिग डेटा और डेटा साइंस का उपयोग करने में वैश्विक मानकों और प्रथाओं को स्वरूप देने में अपना योगदान देगा।
सांख्यिकी मंत्रालय ने कहा है कि विशेषज्ञों की इस समिति में भारत का शामिल होना देश के सांख्यिकीय पारिस्थितिकी तंत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम है। विशेषज्ञों की समिति में देश की सक्रिय भागीदारी, डेटा इनोवेशन लैब की स्थापना और वैकल्पिक डेटा की खोज सहित इसकी अग्रणी पहलों को उजागर करेगी। संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों की यह समिति बिग डेटा के लाभों और चुनौतियों की जांच के लिए बनाई गई थी, जिसमें सतत विकास लक्ष्यों पर निगरानी और रिपोर्टिंग की क्षमता शामिल है।
********
भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 29 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। पूर्व विधायक कपिल मिश्रा को करावल नगर से, हरीश खुराना को मोती नगर से और हाल ही में आम आदमी पार्टी से भाजपा में शामिल हुईं प्रियंका गौतम को कोंडली से टिकट दिया गया है। कुल 70 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने अब तक 58 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
********
दिल्ली चुनाव आयोग ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में बुजुर्गों और दिव्यांगों को मतदान के दिन घर से मतदान केंद्र तक पिक एंड ड्राप की सुविधा उपलब्ध कराएगी। चुनाव आयोग ने इस पहल को लेकर दिशा-निर्देश भी जारी किए है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर, मोबाइल ऐप और व्हाट्सऐप नंबर जारी किया गया है।
********
शिवसेना-उद्धव ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत ने कहा है कि उनकी पार्टी मुंबई, ठाणे, पुणे और नागपुर के नगर निगम सहित स्थानीय निकाय चुनाव अकेले ही लड़ेगी। मुंबई में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी को अपनी ताकत का आकलन करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने इन क्षेत्रों में बिना किसी गठबंधन के चुनाव लड़ने का सुझाव दिया है। उन्होंने बताया कि यह निर्णय लिया गया है कि पार्टी को संगठन मजबूत करने के उद्देश्य से नगर निगमों, जिला परिषदों और नगर पंचायतों में स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ना चाहिए।
********
अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी उत्तराखंडी शिखर सम्मेलन आज देहरादून में आयोजित किया जाएगा। दिन भर चलने वाले इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। हमारी संवाददाता ने बताया है कि 17 देशों के 60 से अधिक प्रवासी उत्तराखंडियों ने शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए अपना पंजीकरण कराया है।
उत्तराखंड में पहली बार हो रहे इस सम्मेलन का उद्देश्य विदेशों में रहने वाले प्रवासियों के ज्ञान और अनुभव का लाभ उठाकर राज्य के विकास को गति देना है। सम्मेलन के दौरान निवेश, हॉस्पिटैलिटी, वेलनेस, कौशल विकास, विदेश में रोजगार, उच्च शिक्षा और जड़ी-बूटियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विदेश दौरे के दौरान प्रवासी उत्तराखंडियों से मुलाकात के बाद इस सम्मेलन की परिकल्पना की थी। इस सम्मेलन से उत्तराखंड में निवेश और विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है, जिससे पर्यटन, शिक्षा, रोजगार और कृषि क्षेत्रों को मजबूती प्रदान की जा सकेगी। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।
********
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो द्वारा अंतरिक्ष डॉकिंग प्रयोग-स्पैडेक्स करने के लिए प्रक्षेपित किए गए दो उपग्रह एक रोमांचक दौर में पहुंच गए हैं। दोनों उपग्रहों के बीच की दूरी केवल 15 मीटर रह गई हैं। इसरो की एक सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार एसडीएक्स-01-चेज़र और एसडीएक्स-02-टारगेट के बीच सिर्फ़ 50 फ़ीट की दूरी है। 30 दिसंबर को प्रक्षेपित स्पैडेक्स मिशन का उद्देश्य छोटे अंतरिक्ष यान का उपयोग करके अंतरिक्ष में डॉकिंग का प्रदर्शन करना है। स्पैडेक्स के सफल प्रदर्शन से भारत जटिल तकनीकों में महारत हासिल करने वाला चौथा देश बन जाएगा।
********
पुदुच्चेरी में स्वास्थ्य विभाग ने पुष्टि की है कि हाल ही में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए गए एक बच्चे में ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस-एच.एम.पी.वी. का संक्रमण पाया गया है। केंद्र शासित प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग की एक विज्ञप्ति के अनुसार इस बच्चे को पूरी तरह ठीक हो जाने के बाद छुट्टी दे दी गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बच्चे के माता-पिता को एहतियाती स्वास्थ्य मार्गदर्शन प्रदान किया है और लोगों को आश्वस्त किया है कि स्थिति नियंत्रण में है।
********
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक में कल रात साढे़ नौ बजे “टीबी-मुक्त भारत” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। चर्चा के लिए स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के उप-महानिदेशक-डीडीजी (टीबी) प्रो. उर्वशी बी. सिंह हमारे स्टूडियो में मौजूद रहेंगे। आमंत्रित विशेषज्ञ से कार्यक्रम के दौरान आपदा प्रबंधन की तैयारियों से जुड़े प्रश्न पूछे जा सकते हैं।
********
प्रयागराज में कल पौष पूर्णिमा पर पहले अमृत स्नान के साथ महाकुंभ आरंभ होगा। इस भव्य आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हमारे संवाददाता ने बताया कि प्रयागराज में विभिन्न स्थानों पर घने जंगल विकसित किए गए हैं ताकि महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध हवा और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
सरकार द्वारा पिछले दो वर्षों में जापानी मियां बाकी तकनीक का उपयोग करके कोई ऑक्सीजन बैंक स्थापित किए गए थे जो हरे-भरे वन में बदल गए हैं। इन प्रयासों में प्रयागराज में ने केवल हरियाली बढ़ी है बल्कि वायु गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। पिछले दो वर्षों में शहर में दस से अधिक स्थानों पर हजार 55 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में पेड़ लगाए गए हैं। सबसे बड़ा वृक्षारोपण नैनी औद्योगिक क्षेत्र में किया गया है, जिसमें 63 प्रजातियों के लगभग एक लाख बीस हजार पेड़ हैं। जबकि शहर के सबसे बडे कूडा डंपिंग यार्ड की सफाई के बाद बसयार्ड में 27000 पेड़ लगाए गए हैं। यह परियोजना न केवल औद्योगिक कचरे से छुटकारा पाने में मदद कर रही है, बल्कि धूल गंदगी और दुर्गंध को भी काम कर रही है। यह जंगल जैव विविधता को भी बढ़ावा दे रहे हैं।
********
क्रिकेट:-
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इंग्लैंड के खिलाफ आगामी पांच मैचों की टी-20 श्रृंखला के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। श्रृंखला का पहला मैच 22 जनवरी को कोलकाता में खेला जाएगा। सूर्यकुमार यादव टीम के कप्तान होंगे। अक्षर पटेल को उप-कप्तान बनाया गया है। मोहम्मद शमी की एक साल से अधिक समय के बाद टीम में वापसी हो रही है। श्रृंखला का पहला मैच 22 जनवरी को कोलकाता में खेला जाएगा।
महिला क्रिकेट में, भारत और आयरलैंड के बीच तीन एक दिवसीय मैचों की श्रृंखला का दूसरा मैच आज गुजरात के राजकोट में खेला जाएगा। यह मैच सुबह 11 बजे शुरू होगा।
********
हॉकी:-
पुरूष हॉकी इंडिया लीग में कल दो मुकाबले खेले गये।
राउरकेला की बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में शनिवार को खेले गये पहले मैच में मुकाबला था हैदराबाद तूफान्स और सुरमा हॉकी क्लब के बीच। निर्धारित समय तक एक-एक की बराबरी पर रहने के बाद मुकाबला पेनल्टी शूटआउट में पहुंचा। वहां भी स्कोर लाइन तीन-तीन के बराबरी पर। सडन डेथ में हैदराबाद के गोल रक्षक डाउनिक टिक्सन ने शानदार बचाव कर अपनी टीम की जीत चार-तीन से सुनिश्चित कर दी। (कमेंट्री) प्लेयर ऑफ द मैच रहे, अमन दीप लाकडा। दूसरे मैच में यूपी रूद्रास ने एक गोल से पिछडने के बाद दिल्ली एसजी पाइपर्स को तीन-एक से पराजित करने में कामयाबी हासिल की। आज से रांची में पहले हॉकी इंडिया महिला लीग के पहले संस्करण की शुरूआत हो रही है। इस संस्करण के पहले मुकाबले में दिल्ली एसजी पाइपर्स रात्रि आठ बजकर 40 मिनट पर ओडिशा वारियर्स का मुकाबला करेगी। उधर राउरकेला में शाम छह बजे हैदराबाद तूफान्स और कलिंगा लांसर्स अपनी-अपनी चुनौतियां रखेंगे पुरूष वर्ग में।
इंडियन सुपर लीग फुटबॉल टूर्नामेंट में आज मुंबई में जमशेदपुर फुटबॉल क्लब और मुंबई सिटी के बीच मुकाबला होगा। मैच शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा।
********
मौसम:-
मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ स्थानों पर रात और सुबह के समय कोहरा छाया रहा। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में घना कोहरा छाया रहेगा। विभाग ने आज तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज के साथ तेज़ बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। अगले दो तीन दिन में उत्तराखण्ड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ, मध्यप्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में बारिस हो सकती है।
********
गृह मंत्री अमित शाह का बयान डार्क वेब और क्रिप्टो करेंसी देश के लिए चुनौती है – राष्ट्रीय सहारा की पहली खबर है। पत्र लिखता है – मादक पदार्थों की तस्करी और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्रीय सम्मेलन में श्री शाह ने कहा कि सरकार ने न केवल मादक पदार्थों के कई नेटवर्क को खत्म करने में सफलता पाई है, बल्कि उनसे जुडे आतंकवाद को भी नष्ट किया है। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूरा होने पर अमर उजाला ने सुर्खी बनाई है- वैदिक मंत्रोचार के बीच रामलला का पंचामृत से अभिषेक। पत्र के अनुसार अयोध्या में जिस मुहुर्त में बालकराम की हुई थी प्राण प्रतिष्ठा उसी शुभ घडी में महाआरती। देश में 52 प्रतिशत हिस्से में भू-जल बढ़ा, दोहन में कमी – हिन्दुस्तान की खबर है। पत्र लिखता है – जल संरक्षण के लिए किये जा रहे प्रयासों के परिणाम अब जमीन पर दिखने लगे हैं। राष्ट्रीय युवा दिवस पर लगभग सभी अखबारों ने लगभग विशेष आलेख दिये हैं। देशबंधु की खास खबर है देश की सबसे ऊंची हवाई पट्टी आपात लैंडिंग के लिए तैयार। पत्र के अनुसार लद्दाख के न्योमा में अगस्त तक उतरेंगे सभी लडाकू विमान। कल से शुरू हो रहे महाकुंभ पर दैनिक भास्कर कहता है – 45 दिन तक रोज लांखों मंत्र-जाप और आहुतियां होंगी। पत्र के अनुसार हजारों साधु संतों और सिद्ध योगियों के तप से आलौकिक होगा गंगा – यमुना – सरस्वती का संगम। राष्ट्रीय राजधानी में कल हुई बारिश पर नवभारत टाइम्स की टिप्पणी है – घने कोहरे के साथ हुई सुबह, दोपहर से रात तक बारिश। हिन्दुस्तान कहता है – पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बदला मौसम। आज कई राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी। पत्र के अनुसार – पहाडों से बर्फ-बारी से कांपा उत्तर भारत।
********
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने वैश्विक परिदृश्य में भारत के युवाओं के बढ़ते महत्व पर बल दिया है। लोकसभा अध्यक्ष ब्रिटेन की यात्रा के दौरान कल लंदन में एक कार्यक्रम में भारतीय छात्रों को संबोधित कर रहे थे।
********
मुख्य समाचार एक बार फिरः-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में विकसित भारत युवा नेता संवाद में भाग लेंगे।
- भारत, आधिकारिक सांख्यिकी के लिए बिग डेटा और डेटा साइंस पर संयुक्त राष्ट्र की विशेषज्ञ समिति में शामिल हुआ।
- भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 29 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की।
- शिवसेना-उद्धव ठाकरे गुट ने महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया।
- पहला अंतराष्ट्रीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन आज देहरादून में होगा।
- भारत ने इंग्लैंड के साथ पांच मैचों की टी-ट्वेंटी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट श्रंखला के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की।
********