मुख्य समाचार:-
- गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में मादक पदार्थों की तस्करी और राष्ट्रीय सुरक्षा पर क्षेत्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। वे दो हजार चार सौ करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के नशीले पदार्थों को नष्ट करने का अभियान भी शुरू करेंगे।
- वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अगले पांच वर्षों में खाद्य और पेय पदार्थो, कृषि तथा समुद्री उत्पादों के लिए सौ अरब डॉलर के निर्यात का लक्ष्य रखा।
- रामलला की ‘प्राण प्रतिष्ठा’ की पहली वर्षगांठ पर आज से अयोध्या में राम मंदिर में तीन दिन का भव्य आयोजन शुरू।
- अमेरीका के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प हश मनी मामले में दोषी, लेकिन ‘बिना शर्त बरी किए गए।
- मलेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में आज भारत के सात्विक साईराज रैंकीरेडी और चिराग शेट्टी की जोडी का सामना दक्षिण कोरिया की जोड़ी से होगा।
******
गृहमंत्री अमित शाह आज मादक पदार्थों की तस्करी और राष्ट्रीय सुरक्षा पर नई दिल्ली में आयोजित क्षेत्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। सम्मेलन में मादक पदार्थों की तस्करी के राष्ट्रीय सुरक्षा पर प्रभाव को लेकर चर्चा की जाएगी। श्री शाह दो हजार चार सौ करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के नशीले पदार्थों को नष्ट करने के लिए अभियान की शुरूआत भी करेंगे।
सम्मेलन में उत्तर भारत के आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान, श्री शाह मादक पदार्थ निपटान पखवाड़े का शुभारंभ करेंगे। जब्त किए गए 44 हजार किलो से अधिक नशीले पदार्थों का पखवाड़े के दौरान निपटान किया जाएगा। श्री शाह स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की भोपाल इकाई के कार्यालय परिसर का भी उद्घाटन करेंगे। गृह मंत्रालय वर्ष 2047 तक देश को नशा–मुक्त बनाने के लिए तीन–सूत्री नीति लागू कर रहा है। इसमें संस्थागत ढांचे को मजबूत करना और जन–जागरूकता अभियान शुरू करना शामिल हैं। प्रिया और सकलेन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मुकेश कुमार बल।
******
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत से अगले पांच वर्ष में खाद्य और पेय पदार्थों, कृषि तथा समुद्री उत्पादों का साझा निर्यात 100 अरब डॉलर हो जाने की संभावना है। कल नई दिल्ली में इंडसफूड प्रदर्शनी के क्रम में उन्होंने कहा कि 14 से 15 प्रतिशत की वृद्धि दर से इस लक्ष्य को प्राप्त करना संभव है। श्री गोयल ने कहा कि सरकार खाद्य और पेय पदार्थ क्षेत्र को काफी सहयोग दे रही है और इस क्षेत्र में अब सौ प्रतिशत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की अनुमति है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र को टिकाऊ बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल राष्ट्रीय युवा दिवस पर दिल्ली के भारत मंडपम में विकसित भारत युवा नेता संवाद में भाग लेंगे। राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन स्वामी विवेकानंद की जयंती पर किया जाता है। प्रधानमंत्री मोदी देशभर के तीन हजार ऊर्जावान नेताओं से बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर प्रतिभागियों द्वारा दस विषयों पर लिखे गए सर्वश्रेष्ठ निबंधों का संकलन भी जारी करेंगे।
******
प्रधानमंत्री ने सरकारी योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता सुनिश्चित करने के लिए ऐसा करना अनिवार्य है। श्री मोदी ने यह विचार उद्यमी निखिल कामथ को दिए एक साक्षात्कार में व्यक्त किये।
प्रधानमंत्री ने कहा कि युवा अब सोशल मीडिय से जानकारी प्राप्त कर रहे हैं और विभिन्न मुद्दों पर रूचि ले रहे हैं।
फिंटेक की दुनिया में और टेक्नोलॉजी को डेमोक्रेटाइज कैसे किया जाता है। दुनिया के सामने भारत ने एक उदाहरण पेश किया। आज देश के नौजवानों के जेब में एक मोबाइल फोन को उसे किसी चीज की जरूरत है और मेरे देश के नौजवान याद रखेंगे कभी न कभी। एक ऐसी सरकार आई थी, जो पूरी दुनिया मेरे जेब में थी टेक्नोलॉजी ड्रिवन सेंचुरी है। देश ने सेपरेट इनोवेशन के लिए कमीशन बनाएं मैंने इनोवेशन के लिए अलग फंड निकला। नौजवान रिस्क ले।
******
भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की कल शाम नई दिल्ली में बैठक हुई। इसमें दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों के नाम तय करने पर विचार किया गया। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह भी उपस्थित थे।
इससे पहले, प्रधानमंत्री ने पार्टी मुख्यालय पहुंचने पर पत्रकारों को नव वर्ष, लोहड़ी और मकर संक्रान्ति की शुभकामनाएं दीं।
******
दिल्ली में कल चुनाव अधिसूचना जारी होने के साथ ही 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। नामांकन के पहले दिन विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से नौ उम्मीदवारों ने अपने पर्चे दाखिल किये। इस महीने की 17 तारीख तक पर्चे दाखिल किए जा सकते हैं। मतदान पांच फरवरी को और मतगणना आठ फरवरी को की जाएगी।
******
उत्तरप्रदेश में अयोध्या के भव्य राम मंदिर में, रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का एक वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में, आज से तीन दिन का विशेष आयोजन प्रारंभ हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले वर्ष 22 जनवरी को राम जन्मभूमि मंदिर का उद्घाटन किया था। लेकिन हिंदू कैलेंडर के अनुसार इस साल वर्षगांठ का आयोजन 11 जनवरी को किया जा रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे और रामलला का अभिषेक करेंगे।
अयोध्या रामलला की प्राण–प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ मनाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। पहले दिन रामलाल को दिल्ली में सोने और चांदी के धागों से तैयार की गई विशेष पीतांबरी पोशाक पहनाई जाएगी। अंगद टीला पर पांच हजार लोगों की क्षमता वाला एक जर्मन हैंगर टेंट स्थापित किया गया है। जहां जनता भव्य कार्यक्रम देख सकेगी। इनमें मंडप और यज्ञशाला में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम दैनिक अनुष्ठान और राम कथा प्रवचन शामिल हैं। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि अंगद टीला पर तीनों दिन आम लोगों को कार्यक्रमों में शामिल होने की अनुमति दी गई है। ओम अवस्थी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
******
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। श्री योगी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में प्रयागराज में आयोजित होने वाला महाकुंभ गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस कुंभ में नए भारत को उसके दिव्य, भव्य और डिजिटल स्वरूप में प्रदर्शित किया जाएगा। महाकुंभ मेला 13 जनवरी से 26 फरवरी तक आयोजित होगा।
******
उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में, महाकुंभ को एक असाधारण अनुभव बनाने की तैयारी है। इसमें आध्यात्मिकता, नवाचार, परंपरा और डिजिटल प्रगति की झलक एकसाथ देखने को मिलेगी। हमारे संवाददाता ने बताया कि आयोजन के दौरान साइबर ख़तरे से निपटने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।
महाकुंभ में साइबर पेट्रोलिंग के लिए 56 समर्पित साइबर विशेषज्ञ तैनात किए गए हैं। धोखाधड़ी वाली वेबसाइट, फर्जी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और फर्जी मोबाइल लिंक जैसे साइबर खतरों के चुनौतियों से निपटने के लिए महाकुंभ साइबर पुलिस स्टेशन की स्थापना की गई है। साइबर खतरों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए मेला क्षेत्र में 40 विभिन्न प्रकार के सूचना संदेश पर डिस्पले लगाए जा रहे हैं। वहीं एक समर्पित हेल्प लाइन नम्बर 1920 भी जारी किया गया है। साइबर विशेषज्ञ ऑनलाइन खतरों की सक्रिय रूप से निगरानी कर रहे हैं। बड़े पैमाने पर जनजागरूकता अभियान के लिए एक मोबाइल साइबर टीम भी तैनात की गई है। वर्तमान में लगभग विशेषज्ञों की टीम ने लगभग 50 संदिग्ध वेबसाइटों की पहचान की है और उनके खिलाफ कार्रवाई जारी है। अनुपम मिश्रा के साथ, आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
******
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल महाकुंभ 2025 को समर्पित आकाशवाणी के कुंभवाणी चैनल का शुभारंभ किया। आकाशवाणी का कुंभवाणी चैनल 26 फरवरी तक सुबह 5 बजकर 55 मिनट से रात 10 बजकर 05 मिनट तक महाकुंभ की हर गतिविधिओं पर आधारित कई कार्यक्रम प्रसारित करेगा। कुंभवाणी चैनल के माध्यम से अमृत स्नान की लाइव कमेंट्री प्रसारित की जाएगी। कार्यक्रम को 103 दशमलव 5 मेगाहर्ट्ज फ्रीक्वेंसी, न्यूजऑनएयर ऐप और वेव्स ओटीटी प्लेटफॉर्म वेव्स पर सुना जा सकता है।
******
देश के संविधान के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में, भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई आज से राज्यव्यापी संविधान गौरव दिवस की शुरुआत कर रही है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से –
भाजपा का संविधान गौरव अभियान आज से 25 जनवरी तक चलेगा। अभियान के तहत अनुसूचित जाति, बुद्धिजीवी, महिला और युवा वर्ग से संपर्क कर संविधान की प्रतियों का वितरण किया जाएगा। भोपाल सहित प्रदेश के सभी जिलों में गोष्ठियों का आयोजन किया जायेगा। अभियान के समापन के दिन 25 जनवरी को भाजपा कार्यकर्ता हर बूथ पर संविधान की प्रस्तावना पढेंगे। वहीँ कांग्रेस भी 26 जनवरी को डॉ. आंबेडकर की जन्मस्थली, महू में जय भीम, जय बापू, जय संविधान रैली कर रही है। इस रैली में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी भी शामिल होंगे। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
******
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कल ब्रिटिश द्वीप ग्वेर्नसे में राष्ट्रमंडल देशों के संसद अध्यक्षों और पीठासीन अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि भारत में कृषि, वित्तीय प्रौद्योगिकी, यांत्रिक मेधा के क्षेत्र में बड़े बदलाव हो रहे हैं।
******
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने घोषणा की है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी फ्रांस की यात्रा करेंगे और अगले महीने प्रस्तावित यांत्रिक मेधा शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
******
अमरीका में, 2016 के राष्ट्रपति चुनाव के दौरान स्टॉर्मी डेनियल्स को चुप रहने के लिए धन देने के मामले में, नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प को बिना शर्त बरी कर दिया गया है। श्री ट्रम्प को इस मामले में दोषी तो माना गया लेकिन उन्हें जेल, जुर्माना अथवा कोई भी अन्य दंड नहीं दिया गया है। इससे श्री ट्रम्प के पदग्रहण का रास्ता साफ हो गया है, हालांकि वे अमरीका के पहले राष्ट्रपति होंगे जिन्हें किसी मामले में दोषी ठहराया गया है।
******
मलेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में आज कुआलालंपुर में भारत के सात्विक साईराज रैंकीरेडी और चिराग सेट्टी की जोडी का सामना दक्षिण कोरिया की स्यो स्यूंग जी और किम वोन हो से होगा। यह मैच भारतीय समय के अनुसार दोपहर एक बजकर चालीस मिनट से खेला जाएगा।
******
पुरुष हॉकी इंडिया लीग में, कल शाम ओडिशा के राउरकेला में, तमिलनाडु ड्रैगन्स ने एक रोमांचक मुकाबले में श्राची रार बंगाल टाइगर्स को हरा दिया।
साक्षी रार बंगाल टाइगर्स जिन्होंने धमाकेदार शुरुआत कर तीन मैच जीते थे। उनके सामने थी तमिलनाडु ड्रैगंस। पहला क्वार्टर एक दूसरे को आंकने में ही निकल गया। दूसरे की शुरुआत में ही कारथीसेलवम ने गोल करके ड्रैगंस को एक–शून्य की बढ़त दिला दी।
बंगाल टाइगर ने आक्रमण किये पर गोल आया 35वें मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक पर कप्तान रुपिंदर पाल की स्टिक से।
मात्र दो मिनट बाद ही उत्तम ने पास को गोल में धकेल दिया और तमिलनाडु ड्रैगंस दो–एक से मैच जीत कर अंक तालिका के टॉप पर आ गए।
डे बाई डे इम्प्रुमेंट कर रहे हैं, क्योंकि हमारा जो प्लान हुआ है। हमे और मैच में जाना है।आज दो मैच हैं– हैदराबाद तूफान्स और जेएसडब्ल्यू सुरमा हॉकी क्लब के बीच शाम 6:00 बजे और दूसरा दिल्ली एसजी पाइपर्स और यूपी रुद्राक्ष के बीच रात 8 बजकर 15 मिनट से। आकाशवाणी समाचार के लिए मैं अनुपम पाठक।
******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– देवेन्द्र त्रिपाठी।
आज अखबारों ने अलग-अलग खबर को अपनी हेडलाइन बनाया है। अमर उजाला ने प्रधानमंत्री के पहले पॉडकास्ट के हवाले से लिखा है – भारतीय वीजा के लिए कतार में खड़ी होगी दुनिया। जनसत्ता की हेडलाइन है सर्दी के सितम के बीच दिल्ली में घना कोहरा, कई जगह दृश्यता शून्य रही। राजधानी में सौ से अधिक उड़ानों में विलंब, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल में कंपकंपी।
संभल पर सुप्रीम कोर्ट का स्टे राष्ट्रीय सहारा के मुख पृष्ठ पर है। पत्र लिखता है। शाही जामा मस्जिद कुआं विवाद मामले में यथास्थिति बनाए रखने का दिया निर्देश। हिन्दुस्तान ने दिल्ली में स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल भेजने के मामले पर लिखा है- छात्र ने परीक्षा से बचने के लिए 23 स्कूलों को दी थी धमकी। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 5 नवंबर से 18 नवंबर 2024 के बीच 12वीं की परीक्षा छोडने वाले अभ्यर्थियों को जे.ई.ई. एडवांस्ड के तीसरे प्रयास के लिए पंजीकरण की अनुमति दिए जाने जाने की खबर पंजाब केसरी, राष्ट्रीय सहारा, नवभारत टाइम्स में पहले पन्ने पर है।
महाकुम्भ में 9 रूपए में मिलेगा भरपेट भोजन। मुख्यमंत्री योगी ने किया मॉं की रसोई का उद्घाटन- देशबन्धु में है।
******
मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में मादक पदार्थों की तस्करी और राष्ट्रीय सुरक्षा पर क्षेत्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। वे दो हजार चार सौ करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के नशीले पदार्थों को नष्ट करने का अभियान भी शुरू करेंगे।
- वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अगले पांच वर्षों में खाद्य और पेय पदार्थो, कृषि तथा समुद्री उत्पादों के लिए सौ अरब डॉलर के निर्यात का लक्ष्य रखा।
- रामलला की ‘प्राण प्रतिष्ठा’ की पहली वर्षगांठ पर आज से अयोध्या में राम मंदिर में तीन दिन का भव्य आयोजन शुरू।
- अमेरीका के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को हश मनी मामले में दोषी, लेकिन ‘बिना शर्त बरी किए गए।
- मलेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में आज भारत के सात्विक साईराज रैंकीरेडी और चिराग शेट्टी की जोडी का सामना दक्षिण कोरिया की जोड़ी से होगा।
******