मुख्य समाचार:-
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज भुवनेश्वर में प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में समापन समारोह को सम्बोधित करेंगी, प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार भी प्रदान करेंगी।
- निर्वाचन आयोग आज दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी करेगा।
- भारतीय नौसेना में छठी और अंतिम अत्याधुनिक स्कॉर्पियन श्रेणी की पनडुब्बी मिली।
- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज आकाशवाणी के कुंभवाणी चैनल का शुभारंभ करेंगे।
- महिला क्रिकेट में भारत और आयरलैंड के बीच तीन मैचों की एक दिवसीय श्रृंखला का पहला मैच आज राजकोट में खेला जाएगा।
**************
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज भुवनेश्वर में 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में शामिल होंगी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस अवसर पर वे लगभग 75 देशों से बड़ी संख्या में आए प्रवासी भारतीयों को संबोधित करेंगी।
तीन दिवसीय 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का आज आखिरी दिन है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सम्मेलन के समापन समारोह की अध्यक्षता करेंगी और आज सुबह प्रवासी भारतीयों को संबोधित करेंगी। वे चुनिंदा प्रवासी भारतीयों को प्रवासी भारतीय सम्मान 2025 भी प्रदान करेंगी। यह सम्मान किसी प्रवासी भारतीयों या भारतीय मूल के व्यक्तियों द्वारा स्थापित और संचालित किसी संगठन या संस्था को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी आज शाम सम्मेलन स्थल पर प्रवासी भारतीयों के ओड़िया समुदाय के सदस्यों से मिलेंगे और उनके साथ ओडिशा में निवेश सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। प्रकाश दास, आकाशवाणी समाचार, भुवनेश्वर
**************
प्रधानमंत्री ने कहा है कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में प्रवासी भारतीयों की अहम भूमिका है। श्री मोदी ओडिशा के भुवनेश्वर में 18वें प्रवासी भारतीय दिवस का औपचारिक उद्घाटन करने के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने वैश्विक विकास और भारत की विकास यात्रा में प्रवासी भारतीयों की महत्वपूर्ण भूमिका की प्रशंसा की।
**************
दिल्ली विधानसभा चुनाव की अधिसूचना आज जारी होगी। अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जायेगी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि नामांकन पत्र 17 जनवरी तक भरे जाएंगे और 20 जनवरी तक नाम वापस लिए जा सकते हैं।
उम्मीदवारों के सुचारू नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए दिल्ली मुख्य निर्वाचन कार्यालय ने सभी तैयारियां कर ली हैं। 70 सदस्य दिल्ली विधानसभा के लिए मतदान अगले महीने की 5 तारीख को होगा और वोटों की गिनती 8 फरवरी को होगी। दिल्ली में 1 करोड़ 55 लाख से अधिक मतदाता हैं, जिनमें 83 लाख से अधिक पुरुष मतदाता और 71 लाख से अधिक महिला मतदाता हैं। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने पहले ही राष्ट्रीय राजधानी की सभी विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जबकि भाजपा ने अब तक 29 उम्मीदवारों और कांग्रेस ने 48 उम्मीदवारों की घोषणा की है। विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
**************
प्रयागराज में महाकुंभ का आयोजन 13 जनवरी से 26 फरवरी तक किया जा रहा है। पौष पूर्णिमा पर पवित्र अमृत स्नान के साथ महाकुंभ आरंभ होगा और महाशिवरात्रि के दिन अंतिम अमृत स्नान के साथ यह संपन्न होगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि इस वर्ष महाकुंभ में 40 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। कल प्रयागराज में महाकुंभ की तैयारियों की समीक्षा के बाद श्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि श्रद्धालुओं के सुरक्षित प्रवास की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आस्था और आधुनिकता का यह महा समागम प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में भी ऐसे खुशहाली ला सकता है। लाखों लोग इस पूरी व्यवस्था के साथ जुड़े हुए हैं। दो लाख करोड़ रुपये का ग्रोथ अकेले प्रयागराज महाकुंभ से होगा। कैसे आस्था अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ता प्रदान करती है, प्रयागराज उसका एक नया उदाहरण बनने जा रहा है।
दो दिन के दौरे पर प्रयागराज पहुंचे मुख्यमंत्री ने महाकुंभ के लिए डिजिटल मीडिया सेंटर का भी उद्घाटन किया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रयागराज में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
महाकुंभ 2025 विश्व का सबसे बड़ा सांस्कृतिक और आध्यात्मिक समागम होगा। आयोजन को सुरक्षित करने के लिए महाकुंभ मेला क्षेत्र प्रयागराज और आसपास के जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। खूफिया दस्तों को संदिग्ध गतिविधियों पर नज़र रखने और सतर्कता बनाये रखने के लिए तैनात किया गया है। विशाल महाकुंभ क्षेत्र की निगरानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ए.आई. संचालित कैमरे, ड्रोन कर रहे हैं। बाहरी घेरे से लेकर आंतरिक गर्भ गृह तक एक सात स्तरीय सुरक्षा प्रणाली लागू किया जा रहा है। 56 पुलिस स्टेशन, 13 अस्थायी स्टेशन और 23 चेकप्वाइंट के साथ प्रयागराज पुलिस तीर्थ यात्रियों की भारी भीड़ को संभालेगी। दस हजार से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ पी.ए.सी., एनडीआरएफ और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल पूरे कार्यक्रम की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। नदियों के किनारे श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने अत्याधुनिक तकनीक से लैस जल पुलिस कर्मियों एक बड़ी टुकड़ी भी तैनात की है। आनंद कुमार के साथ अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, महाकुंभ नगर प्रयागराज।
**************
महाकुंभ के लिए आकाशवाणी के विशेष चैनल कुंभवाणी का आज प्रयागराज में शुभारंभ किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चैनल का शुभारंभ करेंगे। सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़ेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कुंभ मंगल धुन का भी शुभारंभ करेंगे।
कुंभवाणी पर 26 फरवरी तक महाकुंभ की हर गतिविधि पर आधारित कई कार्यक्रम सुबह पांच बजकर 55 मिनट से रात 10 बजकर 5 मिनट तक प्रसारित किए जाएंगे। कुंभवाणी चैनल पर अमृत स्नान का ऑखों देखा हाल सुनाया जाएगा। कार्यक्रम को 103 दशमलव 5 मेगाहर्ट्ज फ्रीक्वेंसी, न्यूज ऑन एआईआर ऐप और ओटीटी प्लेटफॉर्म वेव्स पर भी सुना जा सकेगा।
**************
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
**************
मुंबई के मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड ने प्रोजेक्ट पी-75 की छठी स्कॉर्पियन पनडुब्बी वाघशीर नौसेना को सौंप दी है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, स्कॉर्पियन में इस्तेमाल की गई उन्नत तकनीक बेहतरीन स्टील्थ फीचर्स और निर्देशित हथियारों का उपयोग करके लक्ष्य भेदने की क्षमता रखती है। एक रिपोर्ट-
स्टील्थ फीचर पनडुब्बी को रडार और अन्य पकड़ने वाले तरीकों से लगभग अदृश्य रखता है। वाघशीर पानी के नीचे या सतह पर, टॉरपीडो और ट्यूब-लॉन्च की गई एंटी-शिप मिसाइल दोनों से हमला कर सकती है। साथ ही यह पनडुब्बी खुफिया जानकारी जुटाने और क्षेत्र की निगरानी सहित कई कार्यो में सक्षम है। वाघशीर पिछली पाँच पनडुब्बियों से अलग है क्योंकि इसमें स्वदेशी रूप से विकसित एयर कंडीशनिंग प्लांट और एक आंतरिक संचार और प्रसारण प्रणाली लगी हुई है। इस अवसर पर मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक संजीव सिंघल ने कहा है कि छह पनडुब्बियों कलवरी, खंडेरी, करंज, वेला, वागीर और अब वाघशीर से पनडुब्बी निर्माण करने वाले देशों के विशिष्ट समूह में अब भारत भी शामिल हो गया है। प्रार्थना की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।
**************
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज एयरो इंडिया 2025 से पहले नई दिल्ली में राजदूतों की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए डेढ़ सौ से अधिक मित्र देशों के राजदूतों और उच्चायुक्तों को आमंत्रित किया गया है। एशिया के सबसे बड़े एयर शो एयरो इंडिया का 15वां संस्करण 10 से 14 फरवरी तक बेंगलुरु में आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष कार्यक्रम का विषय रनवे टू ए बिलियन ऑपर्च्युनिटीज है।
**************
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू आज नई दिल्ली में केंद्रीय विद्यालयों को 34वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2023-24 के पुरस्कार प्रदान करेंगे। संसदीय कार्य मंत्रालय ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय संगठन के लगभग 150 केंद्रीय विद्यालय प्रतियोगिता का हिस्सा रहे। मंत्रालय ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा पीढ़ी में आत्म-अनुशासन, विविध विचारों के प्रति सहिष्णुता और लोकतांत्रिक जीवन शैली के अन्य गुणों को विकसित करना है।
**************
केंद्रीय सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉक्टर एल. मुरुगन आज केरल के कोल्लम और तिरुवनंतपुरम जिलों में आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। श्री मुरूगन कोल्लम के दो स्कूलों में “सुगाथा सूक्ष्मवनम” कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम के अंतर्गत 126 स्कूलों में 11 हजार तीन सौ 40 पौधे लगाए जाएंगे।
**************
कोलकाता की एक विशेष अदालत आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की डॉक्टर के दुष्कर्म और हत्या मामले में 18 जनवरी को फैसला सुनाएगी। डॉक्टर का शव 9 अगस्त को कॉलेज के अंदर सेमिनार हॉल से बरामद हुआ था। कोलकाता पुलिस ने केंद्रीय जांच ब्यूरो के साथ अपनी जांच में संजय रॉय को दुष्कर्म और हत्या के लिए एकमात्र मुख्य आरोपी बनाया है।
**************
संयुक्त राष्ट्र की प्रमुख आर्थिक रिपोर्ट में वर्ष 2024 में 6 दशमलव 9 प्रतिशत की अनुमानित वृद्धि दर के साथ 2025 में भारत की अर्थव्यवस्था 6 दशमलव 6 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान व्यक्त किया गया है। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में वर्ष 2025 में वैश्विक वृद्धि दर 2 दशमलव 8 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
**************
मौसम विभाग ने आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात और सुबह के समय घने कोहरे की संभावना व्यक्त की है। अगले दो दिनों तक बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और उत्तर पूर्वी राज्यों में भी ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में शीत लहर चलने की संभावना है। इस बीच, दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में आज सुबह-सुबह घना कोहरा छाया रहा। इसके कारण कई ट्रेनों और उड़ानों की आवाजाही प्रभावित हुई। दिल्ली आने वाली लगभग 26 रेल गाडियां देरी से चल रही हैं।
**************
भारत और आयरलैंड के बीच एक दिवसीय महिला क्रिकेट में तीन मैचों की श्रृंखला का पहला मैच आज गुजरात के राजकोट में खेला जाएगा। मैच सुबह 11 बजे से शुरू होगा। कप्तान हरमनप्रीत कौर और रेणुका सिंह ठाकुर को आराम दिया गया है। स्मृति मंधाना को भारतीय टीम का कप्तान और दीप्ति शर्मा को उपकप्तान बनाया गया है।
**************
हॉकी इंडिया लीग में कल शाम राउरकेला में वेदांत कलिंगा लांसर्स ने गोनासिका को दो-एक से हरा दिया। इस जीत के साथ, कलिंगा लांसर्स सात अंक लेकर अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि गोनासिका चार अंकों के साथ सातवें स्थान पर है। एक रिपोर्ट-
कलिंगा लांसर्स ने शुरुआती द्विसपनों को भुलाकर, अपनी लय के अनुरूप प्रदर्शन आरंभ कर दिया है। और कल टॉप फोर में अपनी जगह बना ली। दूसरे क्वार्टर में प्लेयर ऑफ द मैच बने अन्तुआ कीरा ने रक्षा की गलती का फायदा उठाकर बराबरी करवा दी। (कमेंट्री) 33वें मिनट में, लांसर्स के कप्तान जालिंस्की ने हेंड्रिक्स के पास को रिसीव किया और शानदार तरीके से गोल कर दो-एक की बढ़त दिला दी। अंतुवा कीना- (बाइट- अंतुवा-कीना-अंग्रेजी) आज श्राची रारह बंगाल टाइगर्स और तमिलनाडु ड्रैगंस के बीच मैच रात 8 बजकर 15 मिनट पर खेला जाएगा। आकाशवाणी समाचार के लिए अनुपम पाठक।
**************
विश्व टेबल टेनिस स्टार कंटेंडर प्रतियोगिता के महिला सिंगल्स प्री-क्वार्टर फाइनल में आज दोहा में भारत की श्रीजा अकुला और चीन की कियान तियानी के बीच मुकाबला होगा। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर एक बजे से शुरू होगा।
**************
आठवां इंडियन वुमेंस फुटबॉल लीग 2024-25 आज से शुरू होगा। आरंभिक मैच कोलकाता में ईस्ट बंगाल और एफसी कर्नाटक के बीच होगा। मैच भारतीय समयानुसार मैच दोपहर ढाई बजे से शुरू होगा।
**************
ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
**************
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– रवि कपूर।
भुवनेश्वर में चल रहे प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन की खबर को लगभग सभी अखबारों ने सचित्र प्रकाशित किया है। अमर उजाला ने प्रधानमंत्री मोदी के हवाले से सुर्खी दी है- युद्ध नहीं, बुद्ध में भविष्य। राजधानी दिल्ली में बढते प्रदूषण के बीच फिर से ग्रैप-3 लागू होने की खबर देशबंधु में है। दिल्ली और एन सी आर में बीएस 3 पेट्रोल और बीएस 4 डीजल कार के इस्तेमाल पर प्रतिबंध। बकौल राष्ट्रीय सहारा कल का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 357 दर्ज किया गया। हरिभूमि लिखता है- 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह देखेंगे गांव के सरपंच और सडक बनाने वाले मजदूर। रक्षा मंत्रालय ने समारोह में शामिल होने के लिए दस हजार विशेष अतिथियों में इन्हें भी दिया मौका। देशभर के विश्वविद्यालयों में अब उद्योगपति और नौकरशाह भी बन सकेंगे कुलपति। अभी तक शिक्षाविदों को ही नियुक्त किया जाता है कुलपति। प्रयागराज में आस्था और आधुनिकता के महाकुंभ की खबर लगभग सभी अखबारों ने सचित्र प्रकाशित की है। हिंदुस्तान की सुर्खी है संगम की रेत में मंदिर और महल के नजारे, महाकुंभ की दिव्यता और भव्यता को लेकर लोगों में उत्साह चरम पर। राजस्थान पत्रिका की सुर्खी है- महाकुम्भ पर देश और दुनिया के कई संस्थान करेंगे शोध। हार्वड-स्टेनफोर्ड विश्वविद्यालय के अलावा, ऐम्स, आई.आई.टी., आई.आई.एम. कतार में।
**************
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज भुवनेश्वर में प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में समापन समारोह को सम्बोधित करेंगी, प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार भी प्रदान करेंगी।
- निर्वाचन आयोग आज दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी करेगा।
- भारतीय नौसेना में छठी और अंतिम अत्याधुनिक स्कॉर्पियन श्रेणी की पनडुब्बी मिली।
- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज आकाशवाणी के कुंभवाणी चैनल का शुभारंभ करेंगे।
- महिला क्रिकेट में भारत और आयरलैंड के बीच तीन मैचों की एक दिवसीय श्रृंखला का पहला मैच आज राजकोट में खेला जाएगा।
**************