Download
Mobile App

android apple
signal

January 9, 2025 9:28 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज भुवनेश्वर के जनता मैदान में 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
  • भारत ने अफगानिस्तान की तालिबान सरकार से दुबई में बातचीत की। भारत ने अफगान के लोगों की तत्काल विकास संबंधी आवश्‍यकताओं को पूरा करने के लिए तत्परता व्यक्त की।
  • भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने स्पैडेक्स मिशन के अंतर्गत अपने दो उपग्रहों के डॉकिंग प्रयोग को पुन: स्थगित किया।
  • आंध्र प्रदेश के तिरुपति में भगदड़ से छह लोगों की मृत्‍यु और चालीस घायल।
  • उत्तर भारत में शीत लहर और तेज हुई। मौसम विभाग ने तापमान में और गिरावट की चेतावनी दी।
  • हॉकी इंडिया लीग में, तमिलनाडु ड्रैगन्स ने राउरकेला में टीम गोनासिका को 6-5 से हराया।

******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी भुवनेश्‍वर के जनता मैदान में आज 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्‍मेलन का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। प्रवासी भारतीय दिवस सम्‍मेलन केन्‍द्र सरकार का एक महत्‍वपूर्ण कार्यक्रम है। यह सम्‍मेलन भारतीय मूल के लोगों को एक-दूसरे से जुड़ने का मंच प्रदान करता है। इस सम्‍मेलन का विषय है- विकसित भारत में प्रवासी भारतीयों का योगदान”। कई देशों के भारतीय मूल के सदस्‍य बड़ी संख्‍या में इस सम्‍मेलन में भागीदारी कर रहे हैं। डॉक्‍टर सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर, अश्विनी वैष्‍णव, जुएल ओराम, ओडिशा के मुख्‍यमंत्री मोहन चरण मांझी सहित कई केन्‍द्रीय मंत्री इस सम्‍मेलन में शामिल होंगे। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी प्रवासी भारतीय एक्सप्रेस की उद्घाटन यात्रा को भी वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे। यह भारतीय प्रवासियों के लिए एक विशेष पर्यटक ट्रेन है। प्रवासी तीर्थ दर्शन योजना के तहत संचालित यह ट्रेन दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से रवाना होगी और 3 सप्ताह की अवधि के लिए भारत में पर्यटन और धार्मिक महत्व के कई स्थलों की यात्रा करेगी। सम्मेलन के उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री विभिन्न प्रदर्शनियों का भी दौरा करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी कल सम्मेलन के समापन समारोह में भाग लेने के लिए आज भुवनेश्वर पहुंचने वाली है। राष्ट्रपति विभिन्न क्षेत्रों में अपनी उपलब्धियों के मान्यता देने के लिए प्रवासी भारतीय समुदाय के सदस्यों को प्रवासी भारतीय सम्मान प्रदान करेंगे। आकाशवाणी समाचार भुवनेश्वर।

आकाशवाणी प्रवासी भारतीय दिवस के उद्घाटन कार्यक्रम का ऑखों देखा हाल प्रसारित करेगा। इसे सुबह 9 बजकर 55 मिनट से इन्‍द्रप्रस्‍थ, एफ.एम. गोल्‍ड और आकाशवाणी लाइव न्‍यूज 24×7′ पर सुना जा सकता हैं। कार्यक्रम को आकाशवाणी के यू-ट्यूब चैनल आकाशवाणी ए.आई.आर पर भी प्रसारित किया जाएगा।

******

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से मेघालय और ओडिशा के दौरे पर रहेंगी। राष्ट्रपति मेघालय के उमियम में पूर्वोत्तर पर्वतीय क्षेत्र के लिए आईसीएआर के अनुसंधान परिसर के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगी। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के समापन सत्र में भाग लेने के लिए ओडिसा रवाना होंगी।

******

विदेश सचिव विक्रम मिसरी और अफगानिस्‍तान के कार्यकारी विदेश मंत्री मावलावी आमीर खान मुत्‍ताकी ने कल दुबई में द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय घटनाक्रमों से संबंधित विभिन्‍न मुद्दों पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय ने एक वक्‍तव्‍य में बताया कि इस बैठक में विदेश सचिव ने दोनों देशों के नागरिकों के सम्‍पर्क और अफगान के लोगों के साथ भारत की ऐतिहासिक मित्रता का उल्‍लेख किया। उन्‍होंने अफगान के लोगों की तत्‍काल घटनाक्रमों से संबंधित आवश्‍यकताओं को लेकर प्रतिक्रिया दिखाने की भारत की तत्‍परता से अवगत करवाया।

अफगान के कार्यकारी विदेश मंत्री ने अफगान के लोगों का समर्थन करने और सम्‍पर्क को जारी रखने के लिए भारतीय नेतृत्‍व के प्रति आभार व्‍यक्‍त किया और सराहना की।

इस वक्‍तव्‍य में कहा गया है कि भारत ने अब तक पचास हजार मिट्रिक टन गेंहू, तीन सौ टन औषधि, 27 टन भूकम्‍प राहत सामग्री और डेढ करोड़ कोविड टीके की खुराक सहित कई चीजें भेजी हैं। अफगानी पक्ष के निवेदन पर भारत शरणार्थियों के पुनर्वास और स्‍वास्‍थ्‍य क्षेत्र में और सामग्रियों की सहायता प्रदान करेगा। अफगानिस्‍तान के लिए मानवीय सहायता सहित व्‍यापार और वाणिज्यिक गतिविधियों को समर्थन देने के लिए चाबहार बंदरगाह के इस्‍तेमाल को बढ़ावा देने पर भी सहमति बनी।

******

केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कल नई दिल्ली में वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन से मुलाकात की और आगामी केंद्रीय बजट के मद्देनजर कई मुद्दों पर चर्चा की। बैठक के बाद श्री चौहान ने कहा कि उन्होंने कृषि, ग्रामीण विकास, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान-आईसीएआर और भूमि संसाधन सहित चार विभागों के बजट पर चर्चा की।

माननीय वित्त मंत्री जी से कृषि विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, आईसीएआर और लैंड रिसोर्सेस इन चारों विभागों के बारे में बजट पर जो अपडेट डिस्कस किया चाहे खेती में किसानों के साथ प्रोसेसिंग के काम में लगे रहने वाले लोगों के साथ, स्टेकहोल्डर के साथ, इस बार हमने व्यापक विचार विमर्श किया उसी आधार पर वित्त मंत्री जी से भेंट करके हमने बजट में इन विभागों के लिए क्याक्या बेहतर हो सकता है उसके सुझाव दिए हैं।

******

केन्‍द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी आज एक दिन की मध्‍य प्रदेश यात्रा पर रहेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्री गड़करी इंदौर में व‍िभिन्‍न सड़क परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी इंदौरखंडवा राष्ट्रीय राजमार्ग के तेजाजी नगर बलवाड़ा खंड के निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे। श्री गडकरी पीथमपुर में राष्ट्रीय ऑटोमोटिव टेस्ट ट्रैक नेट्रैक्स का निरीक्षण करेंगे और यहां आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्‍सा लेंगे। वे बाहा एसएई इंडिया 2025 प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे और एम बाहा तथा एच बाहा वाहनों का लोकार्पण करेंगे। वे इंदौर में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों की बैठक भी लेंगे और चल रहे विभिन्‍न कार्यों की समीक्षा करेंगे। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।

******

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसरो ने स्पैडेक्स मिशन के अंतर्गत पृथ्वी की निचली कक्षा में घूम रहे अपने दो उपग्रहों के डॉकिंग परीक्षण को एक बार फिर स्‍थगित कर दिया है। एक रिपोर्ट-

अंतरिक्ष एजेंसी ने अपने ट्वीट में कहा कि दो उपग्रहों के बीच अत्यधिक विचलन होने पर डॉकिंग को स्थगित करने का निर्णय लिया गया। इसरो को दोनों उपग्रहों के बीच अधिक विचलन का पता तब चला जब वह दोनों के बीच की दूरी को 225 मीटर तक कम करने की कोशिश कर रहा था। इसरो ने पहले उपग्रहों की डॉकिंग 7 जनवरी और उसके बाद आज निर्धारित की थी। ट्वीट में कहा गया है कि उपग्रह SDX01 को चेजर और SDX02 को टार्गेट के नाम से भी जाना जाता है। इसरो ने कहा है कि दोनों उपग्रह SDX01 और SDX02 सुरक्षित हैं और सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। इसरों ने PSLV-C60 रॉकेट से 30 दिसंबर को उपग्रहों को उनकी इच्छित कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया था। बेंगलुरू से सुधीन्‍द्रा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मनोज।

******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

******

आंध्र प्रदेश के तिरुपति में भगदड़ से छह लोगों की मौत हो गई। ये हादसा 10 से 12 जनवरी को वैकुंठ एकादशी दर्शन के लिए टोकन जारी करने वाले काउंटर पर हुआ। भगदड़ में घायल हुए 40 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री आज दोपहर तिरुपति का दौरा कर स्थिति की समीक्षा करेंगे। इस बीच, तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम के कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि जांच के आदेश दे दिए गए हैं। घायलों की जानकारी देने और सहायता प्रदान करने के लिए एक नियंत्रण कक्ष बनाया गया है और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 0877-2236007 जारी किया गया है।

*****

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली में महाकुंभ को समर्पित आकाशवाणी और दूरदर्शन के दो विशेष गीतों का लोकार्पण किया है। एक रिपोर्ट-

आकाशवाणी के लिए इस गीत को रतन प्रसन्ना ने गाया है और संगीत संतोष नाहर और रतन प्रसन्ना का है। दूरदर्शन द्वारा निर्मित इस शीर्षक गीत महाकुंभ हैको पद्मश्री से सम्‍मानित कैलाश खेर ने गाया है। इस अवसर पर प्रसार भारती के अध्यक्ष नवनीत कुमार सहगल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी, आकाशवाणी की महानिदेशक डॉ. प्रज्ञा पालीवाल गौड़ और दूरदर्शन के महानिदेशक कंचन प्रसाद भी उपस्थित रहे। महाकुंभ का आयोजन 13 जनवरी से 26 फरवरी तक प्रयागराज में होगा। भूपेन्‍द्र और सुपर्णा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति  सिंह।

******

उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में भीषण शीत लहर जारी है। मौसम विभाग ने कहा है कि इस क्षेत्र में तापमान में और गिरावट आने का अनुमान है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण सप्ताह के अंत में उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, और गिलगित-बाल्टिस्तान में शीत लहर जारी रहने की संभावना है। विभाग ने कल तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने का भी अनुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना व्यक्त की है।

घने कोहरे के कारण उत्तर भारत में ट्रेन और हवाई सेवाएं बाधित हुई हैं। दिल्ली आने वाली लगभग 25 ट्रेनें तीन से चार घंटे की देरी से चल रही हैं।

इस बीच, दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कोहरे के कारण करीब 50 उड़ानों में देरी हो रही हैं।

******

हॉकी इंडिया लीग में राउरकेला में तमिलनाडु ड्रैगन्स ने टीम गोनासिका को 5 के मुकाबले 6 गोल से हरा दिया है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

कल पहला मैच था टीम को गोनासिका और तमिलनाडु ड्रैगंस के बीच। 50वें मिनट में जिप जॉनसन एक बार फिर एक नई चाल सोचकर आए और अपनी हैट्रिक पूरी कर ली। खेल खत्म होने के करीब 1 मिनट पहले सलवम कार्थी ने ड्रैगन को फिर आगे कर दिया।…….

हैट्रिक लगाने वाले नीदरलैंड के डिफेंडर जिप जॉनसन बने प्लेयर ऑफ़ द मैच। …….. वहीं दूसरा मैच यूपी रूद्राक्ष और हैदराबाद तूफान्‍स के बीच में था। हैदराबाद की टीम ने तीनशून्‍य से विजय प्राप्त की हॉकी इंडिया लीग ने आज राउरकेला के बिरसा मुंडा स्टेडियम में कलिंगा लांसर्स और टीम गोनासिका के मध्य एक मैच होगा रात 8:15 से। आकाशवाणी समाचार के लिए अनुपम पाठक।

******

ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंनईम अख़तर।

  • दिल्‍ली में चुनावी बिगुल बजते ही मुख्‍यमंत्री के बंगले को लेकर सियासत तेज होने की ख़बर को सभी समाचार पत्रों ने पहले पृष्‍ठ पर अलग-अलग शीर्षक से प्रकाशित किया है। हिन्‍दुस्‍तान लिखता है- सीएम आवास में सोना ढूंढने पहुंचे आम आदमी पार्टी के नेता। देशबंधु की सुर्खी है-  दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री आवास की लड़ाई सड़क पर आई। जनसत्‍ता ने एन.जी.टी. की संयुक्‍त समिति की रिपोर्ट का खुलासा देते हुए लिखा है- मुख्‍यमंत्री आवास निर्माण में हुआ नियमों का उल्‍लंघन।
  • लोकसत्‍य ने आंध्र प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के रोड़-शो को सचित्र प्रकाशित किया है। पत्र ने प्रधानमंत्री के हवाले से लिखा है- आंध्र का विकास हमारा विजन है।
  • तिरुपति में वैकुंठ द्वार दर्शनों के लिए टिकट पाने की होड़ में हुई भगदड़ में श्रद्धालुओं की मृत्‍यु को सभी समाचार पत्रों ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है। 
  • प्रयागराज में 13 जनवरी से शुरू हो रहे महाकुम्‍भ की ख़बरों को भी समाचार पत्रों ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है। आकाश से ऊंची है सनातम परम्‍परा मुख्‍यमंत्री योगी का वक्‍तव्‍य राष्‍ट्रीय सहारा के पहले पन्‍ने पर है। राजस्‍थान पत्रिका ने दिया है- स्‍टीव जॉब्‍स की पत्‍नी करेंगी कल्‍पवास, समझेंगी सनातन धर्म, सुधा मूर्ति और हेमा मालिनी भी लगाएंगी डूबकी।
  • राजस्‍थान पत्रिका ने उत्‍तर भारत में सर्दी के तेवर को अपनी सुर्खी बनाया हैा शीर्षक है एक ही रात में पांच डिग्री तक गिरा पारा, बारह जनवरी तक कडाके की ठंड, फसल पर जमें बर्फ के मोती।  

******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज भुवनेश्वर के जनता मैदान में 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
  • भारत ने अफगानिस्तान की तालिबान सरकार से दुबई में बातचीत की। भारत ने अफगान के लोगों की तत्काल विकास संबंधी आवश्‍यकताओं को पूरा करने के लिए तत्परता व्यक्त की।
  • भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने स्पैडेक्स मिशन के अंतर्गत अपने दो उपग्रहों के डॉकिंग प्रयोग को पुन: स्थगित किया।
  • आंध्र प्रदेश के तिरुपति में भगदड़ से छह लोगों की मृत्‍यु और चालीस घायल।
  • उत्तर भारत में शीत लहर की स्थिति तेज हुई।
  • हॉकी इंडिया लीग में, तमिलनाडु ड्रैगन्स ने राउरकेला में टीम गोनासिका को 6-5 से हराया।

******