मुख्य समाचार:-
- केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज भारतपोल पोर्टल का शुभारंभ करेंगे। इंटरपोल के माध्यम से रेड नोटिस जारी करने की कार्यवाही सुव्यवस्थित होगी।
- दिल्ली में विधानसभा चुनाव से पहले, मुख्य निर्वाचन कार्यालय ने अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की, एक करोड़ 50 लाख से अधिक मतदाताओं ने कराया पंजीकरण।
- नेपाल में आज सुबह सात दशमलव एक तीव्रता का भूकंप आया; बिहार और पश्चिम बंगाल में भी महसूस किए गए झटके।
- कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने इस्तीफा दिया।
- स्क्वैश में, भारत की अनाहत सिंह ने इंग्लैंड के बर्मिंघम में ब्रिटिश जूनियर ओपन में अंडर-17 गर्ल्स का एकल खिताब जीता।
*******
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की ओर से विकसित भारतपोल पोर्टल का शुभारंभ करेंगे। यह पोर्टल इंटरपोल के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय सहायता के सभी अनुरोधों के मामलों में कार्रवाई को सरल बनाएगा। इसमें इंटरपोल की ओर से जारी रेड और अन्य रंगों के कोड वाले नोटिस से संबंधित मामले शामिल हैं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि आज का दिन इस मायने में ऐतिहासिक है क्योंकि आज केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की ओर से विकसित भारतपोल पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे सभी के लिए सुरक्षित भारत के निर्माण के मोदी सरकार के सपने को साकार करने के लिए भारतीय जांच एजेंसियों की वैश्विक पहुंच बढ़ेगी और उनको नई धार मिलेगी।
गृह मंत्रालय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश की कानून प्रवर्तन एजेंसियों को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की हैं।
भारत पोल पोर्टल भारतीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों को अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहायता तक तेजी से पहुंच के लिए वास्तविक समय की सूचना साझा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह पोर्टल साइबर अपराध, वित्तीय अपराध, ऑनलाइन कट्टरपंथ, संगठित अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी और मानव तस्करी सहित अंतरराष्ट्रीय अपराधों के बढ़ते प्रभाव की जांच में मदद करेगा। सीबीआई ने इस पोर्टल को विकसित कर सभी हितधारकों को एक साझा मंच पर लाने का काम किया है। यह पोर्टल अंतरराष्ट्रीय अपराधों से निपटने में भारत के प्रयासों को और अधिक मजबूत करेगा। सुपर्णा सेकिया के साथ, अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
श्री अमित शाह 35 केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो अधिकारियों को पुलिस पदक भी प्रदान करेंगे, जिन्हें विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और जांच में उत्कृष्टता के लिए केंद्रीय गृह मंत्री पदक से सम्मानित किया गया है।
*******
वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन की अध्यक्षता में आगामी केंद्रीय बजट 2025-26 के लिए बजट पूर्व परामर्श कल नई दिल्ली में संपन्न हुआ। यह परामर्श 6 दिसंबर को शुरू हुआ था जो एक महीने तक चला। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इस परामर्श में नौ हितधारक समूहों के एक सौ से अधिक आमंत्रित लोगों ने बैठकों में भाग लिया।
इस परामर्श में किसान संघों और कृषि अर्थशास्त्रियों के प्रतिनिधिमंडल, ट्रेड यूनियन, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम-एमएसएमई, व्यापार और सेवाओं, उद्योग, वित्तीय क्षेत्र और पूंजी बाजार के विशेषज्ञ और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। वित्तमंत्री ने विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि केंद्रीय बजट तैयार करते समय उनके सुझावों पर विचार किया जाएगा। 10 जनवरी से नागरिक भी केंद्रीय बजट के लिए अपना सुझाव और विचार मॉय गॉव प्लेटफॉर्म पर साझा कर सकते हैं, जिसका उद्देश्य बजट निर्माण प्रक्रिया को ‘जनभागीदारी’ की भावना के साथ अधिक समावेशी बनाना है। सुर्पणा की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से, वैष्णवी।
*******
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि एचएमपीवी नया वायरस नहीं है और इसको लेकर चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है। स्वास्थ्य मंत्री ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश में कहा कि एचएमपीवी वायरस की पहचान सर्वप्रथम वर्ष 2001 में की गई थी और यह कई वर्षों से विश्व में फैल रहा है। उन्होंने कहा कि एचएमपीवी हवा के माध्यम से, सांसों के जरिये फैलता है और सभी आयु वर्ग के व्यक्तियों को प्रभावित कर सकता है। श्री नड्डा ने यह भी बताया कि देश की स्वास्थ्य प्रणालियाँ और निगरानी नेटवर्क सतर्क हैं और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी उभरती चुनौती से तत्काल निपटने की तैयारी सुनिश्चित की जा रही है।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन कार्यालय ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की है। दिल्ली में 1 करोड़ 55 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 83 लाख से अधिक पुरुष, 71 लाख से अधिक महिला और हजार दो सौ 61 थर्ड जैंडर के मतदाता शामिल हैं। पिछले दो महीनों में 18 से 19 वर्ष के आयु वर्ग के बीच 52 हजार से अधिक मतदाता जुड़े हैं। पिछले महीने की 16 तारीख तक पांच लाख दस हजार नए मतदाता पंजीकरण प्राप्त हुए हैं।
*******
नेपाल में आज सुबह सात दशमलव एक तीव्रता का भूकंप आया। यूएसजीएस के अनुसार, सुबह 6 बजकर 35 मिनट पर आए भूकंप का केंद्र लोबुचे के 93 किलोमीटर उत्तर पूर्व में था। हमारी काठमांडू संवाददाता ने बताया है कि पूरी काठमांडू घाटी में भूकंप के झटके महसूस किये गये। हालांकि अभी तक किसी नुकसान की खबर नहीं है। भूकंप के झटके बिहार और पश्चिम बंगाल के अलावा तिब्बत में भी महसूस किये गये।
*******
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने सत्तारूढ़ लिबरल पार्टी के नेता के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि नया नेता चुने जाने तक वह प्रधानमंत्री बने रहेंगे। 11 वर्षों तक लिबरल पार्टी के नेता और नौ वर्षों से प्रधानमंत्री के पद पर काबिज ट्रूडो को अपनी पार्टी में ही विरोध का सामना करना पड़ रहा था और वे अपनी नीतियों के कारण अलोकप्रिय भी हो गए थे।
*******
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कल मुंबई में सड़क सुरक्षा अभियान 2025 का उद्घाटन किया। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने “सुरक्षा रीलोडेड” कार्यक्रम का शुभांरभ किया है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इस अवसर पर उपस्थित जन समुदाय के साथ श्री गडकरी ने सड़क सुरक्षा की प्रतिज्ञा की।
केंद्रीय महामार्ग, सड़क वाहतूक मंत्री श्री नितिन गडकरी ने कल मुंबई में सड़क सुरक्षा अभियान 2025 के तहत ‘सुरक्षा री-लोडेड’ कार्यक्रम में कहा, कि हम अपने युवाओं को सड़क सुरक्षा के भविष्य के प्रबंधन विषय पर सहानुभूति, जागरुकता और साझा प्रतिबद्धता के साथ प्रेरित करने के लिए यहां इकट्ठा हुए हैं। उन्होंने आगे इस बात पर जोर दिया कि “हर कार्रवाई, हर सवारी मायने रखती है”। उन्होंने बताया कि पिछले साल सड़क दुर्घटनाओं में मरने वालों की संख्या दस हजार से अधिक थी, जिनमें 15 से 18 साल के बच्चों का समावेश था तथा 67 प्रतिशत से अधिक लोग, सड़क दुर्घटनाओं के शिकार हुए थे। भावना, आकाशवाणी समाचार, मुम्बई।
******
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों में शीत लहर जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ भागों में कल तक रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की आशंका व्यक्त की है। आज सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ ओलावृष्टि होने का अनुमान है। पूर्वोत्तर के राज्यों में कल तक हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है।
******
बिहार में भी कड़ाके की ठंड के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि पटना और पूर्वी चंपारण जिलों में शीत लहर की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
भीषण ठंड और शीतलहर के चलते पटना, गया, सारन, शेखपुरा सहित कई जिलों में प्राथमिक और मध्य विद्यालयों को 11 जनवरी तक बंद कर दिया गया है। पटना मौसम केंद्र ने कहा है कि अगले दो-तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना है। इधर घने कोहरे और दृश्यता कम होने से सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। पटना और दरभंगा हवाई अड्डे पर विमानों की आवाजाही प्रभावित हुई है। धर्मेंद्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, पटना।
******
खेल खबरों के साथ हैं मुकेश कुमार बल-
स्क्वैश में कल शाम भारत की अनाहत सिंह ने इंग्लैंड के बर्मिंघम में, ब्रिटिश जूनियर ओपन में अंडर 17 गर्ल्स सिंगल्स का खिताब जीत लिया है। 16 वर्षीय शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी ने मिस्र की मलिका एल. कराक्सी को तीन-दो से हराया। इस जीत के साथ ही अनाहत ने तीसरा ब्रिटिश जूनियर ओपन खिताब, अपने नाम किया है। उधर, मलेशिया ओपन में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी आज कुआलालंपुर में चुनौती पेश करेंगे। पुरूष डबल्स में चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी की जोड़ी का सामना, चीनी लाइपे के मिंग-चे-लू और तांग-काई-वेई से होगा। पुरुष सिंगल्स में लक्ष्य सेन, एचएस प्रणॉय और प्रियांशु राजावत चुनौती पेश करेंगे, जबकि महिला सिंगल्स में मालविका बंसोड़, आकर्षी कश्यप और अनुपमा उपाध्याय कमान संभालेंगी। इसके अलावा, डब्ल्यू.टी.टी स्टार कंटेंडर 2025 टेबल टेनिस प्रतियोगिता कल कतर के दोहा में शुरू हुई। इसमें पुरुष एकल के पहले क्वालीफाइंग राउंड में भारत के अनिर्बान घोष ने ईरान के नवीद शम्स को तीन-दो से हरा दिया। वहीं, स्नेहित सुरवज्जुला ने हमवतन पायस जैन को तीन-एक से और मानुष शाह ने फ्रांस के फ्लोरियन बौरासौद को तीन-एक से हराया।
******
वहीं, हॉकी इंडिया लीग में कल सूरमा हॉकी क्लब ने दिल्ली एसजी पाइपर्स को 3-1 से हरा दिया। ब्यौरा हमारे संवाददाता से….
सोमवार को सूरमा क्लब पंजाब और उनके विरुद्ध थे दिल्ली एस.जी. पाइपर्स, पहले दो क्वार्टर तक उनका गणित चला भी। सूरमा को एक भी पीसी नहीं, बल्कि तीसरे क्वार्टर में तो उन्होंने दो कमाल के फील्ड गोल भी दाग दिये। चौथे क्वार्टर में, जब सूरमा के कप्तान हरमनप्रीत ने दो पेनल्टी कॉर्नर्स गोल में बदलकर बराबरी कर दी। (बाइट-कमेन्ट्री) और उसके बाद शूटआउट। इसमें दोनों टीमों ने पहले दोनों शॉट गंवा दिये। निर्णायक मौके पर लुकार्त ने कोई गलती नहीं की और जीत हासिल कर ली। प्लेयर ऑफ द मैच का तोहफा मिला हरमनप्रीत को (बाइट-हरमनप्रीत) हॉकी इंडिया लीग में आज का मैच वेदांता कलिंगा लांसर और श्राची रार्ह बंगाल टाइगर्स के बीच आठ बजकर 15 मिनट पर खेला जाएगा। आकाशवाणी समाचार के लिए, मैं अनुपम पाठक।
******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- नईम अख़तर।
- छत्तीसगढ़ में बडा नक्सली हमला एचएमपीवी वायरस से देश में बच्चों के संक्रमित होने और कनाडा के प्रधानमंत्री के इस्तीफे की खबर आज के समाचार-पत्रों की सुर्खियां बनी हुई हैं। दैनिक जागरण ने शहीद जवानों के चित्र देते हुए शीर्षक दिया है- बीजापुर में नक्सलियों के आईईडी विस्फोट में आठ जवान शहीद। पत्र लिखता है- अबूझमाड से लौट रहे, डीआरजी के जवानों को बनाया निशाना, वाहन चालक भी मारा गया। इस खबर पर अमर उजाला ने लिखा है- 76 किलो आइईडी के धमाके से बना दस फीट गहरा गड्ढा, वाहन के परखच्चे उडे।
- चीन में सर्वप्रथम पाये गये एचएमपीवी वायरस से देश में बच्चों के संक्रमित होने का समाचार भी आज लगभग सभी समाचार-पत्रों में छाया हुआ है। जनसत्ता लिखता है- भारत में एचएमपीवी विषाणु संक्रमण की दस्तक। कर्नाटक, तमिलनाडु व गुजरात में पांच मामले मिलें। जबकि लोकसत्य की सुर्खी है- कोरोना जैसे चीनी वायरस के भारत में छह केस।
- कनाडा के प्रधानमंत्री के इस्तीफे की खबर भी आज सुर्खियां बनी हुई हैं। इस खबर पर राजस्थान पत्रिका लिखता है- खालिस्तान समर्थन पडा भारी, भारत विरोधी जस्टिन ट्रूडो को देना पडा इस्तीफा।
******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज भारतपोल पोर्टल का शुभारंभ करेंगे। इंटरपोल के माध्यम से रेड नोटिस जारी करने की कार्रवाही सुव्यवस्थित होगी।
- दिल्ली में विधानसभा चुनाव से पहले, मुख्य निर्वाचन कार्यालय ने अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की, एक करोड़ 50 लाख से अधिक मतदाताओं ने कराया पंजीकरण।
- नेपाल में आज सुबह सात दशमलव एक तीव्रता का भूकंप आया। बिहार और पश्चिम बंगाल में भी महसूस किए गए झटके।
- कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने इस्तीफा दिया।
- स्क्वैश में, भारत की अनाहत सिंह ने इंग्लैंड के बर्मिंघम में ब्रिटिश जूनियर ओपन में अंडर-17 गर्ल्स का एकल खिताब जीता।
******