Download
Mobile App

android apple
signal

January 4, 2025 9:42 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में ग्रामीण भारत महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। छह दिन के इस महोत्‍सव में ग्रामीण भारत की उद्यमशीलता और सांस्कृतिक विरासत की झलकियां प्रस्‍तुत की जाएगी।
  • केंद्र ने डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण नियमों का मसौदा जारी किया। अब बच्चों को सोशल मीडिया अकाउंट खोलने के लिए माता-पिता की सहमति जरूरी।
  • विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के अंतर्गत मॉलदीव को सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया।
  • भारत और ईरान ने चाबहार बंदरगाह तथा व्यापार संबंधों सहित द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की।
  • उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में कोहरे का प्रकोप। रेल और हवाई यातायात बाधित।
  • राउरकेला में हॉकी इंडिया लीग में तमिलनाडु ड्रैगन्स ने वेदांता कलिंगा लांसर्स को पेनल्टी शूटआउट में हराया।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्‍ली में ग्रामीण भारत महोत्‍सव 2025 का उद्धाटन करेंगे। इस अवसर पर वे एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस महोत्‍सव का उद्देश्‍य ग्रामीण बुनियादी ढांचे का विकास, आत्मनिर्भर अर्थव्‍यवस्‍था का निर्माण और ग्रामीण समुदायों में नवाचार को बढावा देना है।

इस महोत्सव में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। 6 दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव का विषय है विकसित भारत 2047 के लिए एक सुदृढ़ ग्रामीण भारत का निर्माण करना। इस महोत्सव का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य उद्यमिता के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाना है। इसके अलावा विभिन्न चर्चाओं और कार्यशालाओं के माध्यम से ग्रामीण बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने, आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था का निर्माण करने और ग्रामीण समुदायों के भीतर नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा। इस आयोजन का उद्देश्य भारत पर विशेष ध्यान देते हुए ग्रामीण आबादी के बीच आर्थिक स्थिरता और वित्तीय सुरक्षा को बढ़ावा देना है। दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

*******

केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह आज नई दिल्‍ली में वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान विभाग (डी.एस.आई.आर.) के 40वें स्‍थापना दिवस समारोह में भाग लेंगे। भारत स‍रकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रोफेसर अजय कुमार सूद, वैज्ञानिक और अनुसंधान विभाग के सचिव तथा वैज्ञानिक और अनुसंधान परिषद-(सी.एस.आई.आर.) के महानिदेशक भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी समारोह के दौरान सी.एस.आई.आर. और लघु उद्योग भारती के बीच प्रौद्योगिकी हस्‍तांतरण समझौते पर हस्‍ताक्षर किए जाएंगे। इस समारोह का उद्देश्‍य उन्‍नत औद्योगिक अनुसंधान और नवाचार में डी.एस.आई.आर. की भूमिका को रेखांकित करना है।

*******

श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने विकसित भारत की परिकल्‍पना को साकार करने के लिये युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया है। गुजरात के सूरत में एक कार्यक्रम में श्री मांडविया ने देश को आगे ले जाने में युवाओं के भीतर नेतृत्व क्षमता विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

जब देश आजादी का शताब्‍दी दिवस मनाता हो, तब हमें हिन्‍दुस्‍तान को डाइवर्स कन्‍ट्री से विकसित भारत बनेगा। यह 25 साल का समय अमृतकाल का समय कहा गया। यह अमृतकाल में हमें देश का विकसित भारत का इतिहास लिखना है। हमें देश का अतीत लिखना है और देश के निर्माण में हमें सब लोगों के साथ लेकर अपने कर्तव्‍य का निर्वहन करना है।

*******

केंद्र सरकार ने डिजिटल वैयक्तिक डेटा संरक्षण नियम 2025 का मसौदा जारी कर दिया है। मसौदा नियमों में बच्‍चों के सोशल मीडिया आकउंट खोलने के लिए अभिभावकों की अनिवार्य और प्रमाणित सहमति लेने का प्रावधान किया गया है। इलेक्‍ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने सोशल मीडिया पोस्‍ट पर कहा कि मसौदा नियम परामर्श के लिए खुले हैं। उन्‍होंने लोगों से अपने विचार व्‍यक्‍त करने को भी कहा है। डिजिटल वैयक्तिक डेटा संरक्षण अधिनियम 2023 को राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अगस्‍त 2023 में मंजू‍री दी थी। एक रिपोर्ट-

मसौदा नियमों में डिजिटल वैयक्तिक डेटा संरक्षण अधिनियम 2023 के अंतर्गत व्‍यक्तिगत सहमति लेने, डेटा प्रसंस्‍करणकर्ताओं की जिम्‍मेदारी और अधिकारियों के कामकाज से जुडे प्रावधान दिए गए हैं। इन नियमों के बारे में व्यक्‍त की गई कोई भी प्रतिक्रिया गोपनीय रखी जाएगी ताकि लोग अपने विचार स्‍वतंत्र रूप से साझा कर सकें। मसौदा नियमों पर अपने विचार माय गव(MyGov) पोर्टल के माध्‍यम से 18 फरवरी तक व्‍यक्‍त किये जा सकते हैं। भानू की रिपोर्ट के साथ सामाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।

*******

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर और मॉलदीव के विदेश मंत्री डॉ. अब्‍दुल्‍ला खलील के बीच कल नई दिल्‍ली में द्विपक्षीय वार्ता हुई। डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत हमेशा से मॉलदीव के साथ अपने संबंधों को विशेष महत्‍व देता है। उन्‍होंने आश्‍वस्‍त किया कि भारत पडोसी प्रथम नीति और सागर दृष्टिकोण के अंतर्गत मॉलदीव को सहयोग देना जारी रखेगा।

दोनों नेताओं ने पिछले वर्ष अक्‍टूबर में मॉलदीव के राष्‍ट्रपति डॉ. मोहम्‍मद मुइज्‍जू की भारत यात्रा के दौरान हुए समझौते की प्रगति की समीक्षा की। मॉलदीव के विदेश मंत्री ने भारत से मॉलदीव को समय पर मिलने वाली आपातकालीन वित्‍तीय सहायता के लिए धन्‍यवाद किया।

*******

भारत तथा ईरान ने चाबहार बंदरगाह, कृषि सहयोग, व्‍यापार और आर्थिक मुद्दों तथा सांस्‍कृतिक और जनसम्‍पर्क सहित समूचे द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की है। भारत-ईरान विदेश कार्यालय की 19वीं सलाहकार बैठक कल नई दिल्‍ली में हुई। विदेश सचिव विक्रम मिसरी और ईरान के उप-विदेश मंत्री माजिद तख्‍त रेवांची ने बैठक की सह-अध्‍यक्षता की। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि बातचीत में अफगानिस्‍तान, पश्चिम एशिया और दक्षिण कॉकस सहित सभी क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई। विदेश सचिव ने अफगानिस्‍तान के पुनर्निर्माण और आर्थिक विकास में सहयोग के लिए चाबहार बंदरगाह के महत्‍व पर बल दिया।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

उत्तर भारत के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। इसके कारण हवाई और रेल यातायात भी बाधित हुआ है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में कोहरे से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। वहीं इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कम दृश्यता के कारण उड़ानों में देरी की खबर है। दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड ने यात्रियों से उड़ान की ताजा जानकारी के लिए एयरलाइंस से संपर्क करने का आग्रह किया है। दिल्ली आने वाली 49 ट्रेनें चार घंटे की देरी से चल रही हैं। इनमें मालवा, फरक्का, पद्मावत, श्रंजीवी, अहमदाबाद राजधानी, तमिलनाडु और गोंडवाना एक्सप्रेस शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में घने कोहरे और शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी। अगले दो दिन जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्तिस्तान और मुजफ्फराबाद में तेज बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।

*******

इधर, वायु गुणवत्‍ता प्रबंधन आयोग ने राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली क्षेत्र में वायु गुणवत्‍ता की बिगड़ती स्थिति निपटने के लिए तत्‍काल प्रभाव से ग्रेडेड रेस्‍पांस एक्‍शन प्‍लान-ग्रैप-थ्री फिर से लागू कर दिया है। वायु गुणवत्‍ता की स्थिति बहुत ख़राब श्रेणी में आने के बाद यह कदम उठाया गया है।

*******

जम्‍मू-कश्‍मीर में मौसम विभाग ने कश्‍मीर क्षेत्र के विभिन्‍न क्षेत्रों में आज और कल तेज वर्षा और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से..

यातायात विभाग ने कहा है कि अच्छे मौसम और बेहतर सड़क की स्थिति के अधीन, आज श्रीनगर जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर छोर से वाहनों के आवागमन की अनुमति दी जाएगी। इस तरह श्रीनगर से कारगिल तक एकतरफा यातायात की अनुमति होगी। पर्यटकों, यात्रियों और ट्रांसपोर्टरों को सलाह दी है कि वे अपने गंतव्‍यों तक पहुचंने के लिए राष्‍ट्रीय राजमार्ग या अन्‍य महत्‍वपूर्ण सड़कों की स्थिति के बारे में पहले ही जानकारी प्राप्‍त करें। तारिक राथर, आकाशवाणी समाचार श्रीनगर।

*******

उधर, तेलंगाना में, 15 से अधिक जिले शीत लहर की चपेट में हैं। राजधानी हैदराबाद और उसके उपनगरों सहित कई स्थानों पर रात के तापमान में काफी गिरावट आई।

*******

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग अपनी विशेष वर्षांत श्रृंखला में वर्ष 2024 की झलकियां प्रस्‍तुत कर रहा है। आज हम इस्‍पात मंत्रालय की प्रमुख गतिविधियों और उपलब्धियों पर एक नज़र डालते हैं।

सरकार ने उद्योग क्षेत्र में पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ाने, कार्बन उत्सर्जन को कम करने और नेट जीरो लक्ष्य को हासिल करने के लिए कई कदम उठाए हैं। इस संबंध में पात उद्योग की मदद के लिए मंत्रालय 15000 करोड रुपए की अनुमानित लागत के साथ ग्रीन स्टील मिशन तैयार कर रहा है। वहीं घरेलू इस्‍पात विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए पीएलआई योजना के तहत कंपनियों ने 27000 करोड रुपए से अधिक के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। पिछले साल अक्टूबर तक 17000 करोड रुपए से अधिक का निवेश किया गया है। जिससे 8600 से अधिक रोजगार पैदा हुए हैं। मंत्रालय ने देश में खपत होने वाले स्टील के लिए मानक तैयार करने और उन्हें गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों में शामिल करने के लिए भी कई उपाय किए हैं। बीआईएस द्वारा तैयार किए गए 151 ऐसे स्टील मानकों को इसके तहत शामिल किया गया है। सुमित शाह के साथ अक्षित वैद्यान आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

*******

बिहार में 10वें और अंतिम सिख गुरु गोबिंद सिंह की 358वीं जयंती पर तीन दिवसीय प्रकाश उत्सव आज से पटना शहर के तख्त श्री हरिमंदिर साहिब में शुरू हो गया है। तख्त श्री हरिमंदिर साहिब खालसा पंथ के संस्थापक गुरु गोबिंद सिंह का जन्म स्थान है। यह उत्सव पटना में तख्‍त श्री हरमंदिर साहिब से प्रभातफेरी निकालने के साथ शुरू हुआ। आज रात नौ बजे भजन-कीर्तन सत्र का आयोजन होगा। कल प्रकाश पर्व के दूसरे दिन विशाल नगर कीर्तन आयोजित किया जाएगा, जो तख्त श्री हरमंदिर साहब में सम्‍पन्‍न होगा।

*******

हॉकी इंडिया लीग में कल रात राउरकेला में तमिलनाडु ड्रैगन्स ने वेदांता कलिंगा लांसर्स को शूटआउट में हरा दिया। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

कल के हुए बेहद रोमांचक मैच में तमिलनाडु ड्रैगन्‍स की रोमांचक पहली जीत। सडन डैथ में मिला नया जीवन। हॉकी इंडिया लीग 2024-25 के कल के मुकाबले में रोमांच और सस्‍पेंस का नया आयाम छू लिया। तमिलनाडु ड्रैगन्‍स और कलिंगा लांसर्स की टीमें जो अब तक अपनी पहली जीत की तलाश में थी, आमनेसामने थीं। निर्धारित समय तक दोनों टीमें दोदो गोल की बराबरी पर थीं और मैच का परिणाम पैन‍ल्‍टी शूटआउट और फिर सडन डैथ में जाकर तय हुआ। तमिलनाडु ड्रैगन्‍स अपना पहला मैच जीते हैं। पिछली बार शूट ऑफ में हारे थे, इस बार शूट आउट में जीते हैं, लड़कर जीते हैं, रेगुलेशन टाइम में पिछड़ने के बाद वापसी की और उसके बाद शूटआउट के सडन डैथ में आपको जीत मिली है। तमिलनाडु के डेविड हार्ट प्‍लेयर ऑफ द मैच रहे। आकाशवाणी के लिए मैं, शाहीद अनवर।

प्रतियोगिता में आज शाम 6 बजे श्राची राढ बंगाल टाइगर्स का मुकाबला दिल्ली एसजी पाइपर्स से होगा जबकि रात सवा आठ बजे हैदराबाद तूफान और टीम गोनासिका आमने सामने होंगे।

*******

सिडनी में भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच बॉर्डर गावस्‍कर ट्राफी के पांचवे और अंतिम क्रिकेट टेस्‍ट मैच के दूसरे दिन ऑस्‍ट्रेलिया ने पहली पारी में ताजा समाचार मिलने तक 5 विकेट पर 121 रन बना लिए हैं। कल पहले दिन भारत की टीम पहली पारी में 185 रन पर सिमट गई थी।

*******

केन्‍द्रीय अल्‍पसंख्‍यक कार्य मत्री किरेन रिजिजू आज अजमेर में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की तरफ से सूफी संत ख्‍वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्‍ती की दरगाह पर चादर चढ़ाएंगे। इस अवसर पर भाजपा के अल्‍पसंख्‍यक प्रकोष्‍ठ के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जमाल सिद्दिकी भी उपस्थित रहेंगे।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंनईम अख़तर।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के राजधानी दिल्‍ली में 45 सौ करोड रुपये की परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्‍यास करने के समाचार को दैनिक भास्‍कर, हिन्‍दुस्‍तान और दैनिक जागरण ने पहली सुर्खी बनाया है। वहीं, देशबन्‍धु, राष्‍ट्रीय सहारा, दैनिक ट्रिब्‍यून और वीर अर्जुन ने आम आदमी पार्टी पर प्रधानमंत्री के इन शब्‍दों – कट्टर बेईमान लोगों ने दिल्‍ली को आपदा में धकेला, को प्रमुखता दी है। अमर उजाला ने अनुमान लगाया है- अगले हफ्ते हो सकती है दिल्‍ली विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा। पंजाब केसरी की सुर्खी है- संपत्ति का अधिकार संवैधानिक अधिकार, पर्याप्‍त मुआवजा दिए बिना सम्‍पत्ति से वंचित नहीं किया जा सकता। हरिभूमि की खबर है- वंदे भारत 180 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से दौडने के लिए तैयार। तीन दिन का परीक्षण सफल। इकोनॉमिक टाईम्‍स की सुर्खी है- कर्ज चुकाने के लिए कर्ज लेने पर लगेगी लगाम। आरबीआई का शिकंजा। कासगंज में चंदन गुप्‍ता हत्‍याकांड के 28 दोषियों को उम्रकैद के समाचार को दैनिक जागरण और जनसत्‍ता सहित कई अखबारों ने प्रमुखता दी है।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में ग्रामीण भारत महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। छह दिन के इस महोत्‍सव में ग्रामीण भारत की उद्यमशीलता और सांस्कृतिक विरासत की झलकिया प्रस्‍तुत की जाएगी।
  • केंद्र ने डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण नियमों का मसौदा जारी किया। बच्चों को सोशल मीडिया अकाउंट खोलने के लिए माता-पिता की सहमति जरूरी।
  • विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने भारत की पड़ोसी प्रथम नीति के अंतर्गत मॉलदीव को सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया।
  • भारत और ईरान ने चाबहार बंदरगाह तथा व्यापार संबंधों सहित द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की।
  • उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में कोहरे का प्रकोप। रेल और हवाई यातायात बाधित।
  • राउरकेला में हॉकी इंडिया लीग में तमिलनाडु ड्रैगन्स ने वेदांता कलिंगा लांसर्स को पेनल्टी शूटआउट में हराया।

*******