Download
Mobile App

android apple
signal

January 2, 2025 9:24 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • भोपाल गैस त्रासदी के 40 साल बाद यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री से जहरीला कचरा सुरक्षित निपटान के लिए स्थानांतरित।
  • महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में 11 माओवादियों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के समक्ष समर्पण किया।
  • दिसंबर 2024 में जीएसटी संग्रह, वर्ष 2023 की इसी अवधि की तुलना में 7 दशमलव तीन प्रतिशत बढ़कर एक लाख 77 हजार करोड़ रुपये हुआ।
  • गणतंत्र दिवस परेड और बीटिंग रिट्रीट के लिए टिकटों की बिक्री आज से शुरू।
  • अमरीका के न्यू ऑरलियन्स में हुये आतंकवादी हमले में 15 लोगों की मौत और 35 घायल।
  • राउरकेला में हॉकी इंडिया लीग में श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स ने टीम गोनासिका को 2-1 से मात दी।

*******

भोपाल गैस त्रासदी के चालीस वर्ष बाद कल रात यूनियन कॉर्बाइड फैक्‍ट्री से खतरनाक कचरे को हटाने का काम शुरू हुआ। हमारे संवाददाता ने बताया है कि मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने कचरे को स्थानांतरित करने के लिए चार सप्ताह की समय सीमा तय की है।

 

भोपाल के यूनियन कार्बाइड कारखाने से जहरीला अपशिष्ट बीती रात करीब 9 बजे भेजना शुरू किया गया और 337 मीट्रिक टन कचरा लेकर 12 कंटेनर इंदौर के पास पीथमपुर के लिए रवाना हुए। अपशिष्ट को कड़ी सुरक्षा और 250 किलोमीटर लंबा ग्रीन कॉरिडोर बनाकर पीथमपुर भेजा गया। कचरे से भरे कंटेनरों के आगे और पीछे 2 किलोमीटर तक यातायात रोक दिया गया। कंटेनरों के साथ पुलिस की गाड़ियां थीं। वहीँ, अपशिष्ट को ले जाते समय 100 पुलिसकर्मी तैनात थे। यूनियन कार्बाइड के इस रासायनिक अपशिष्ट को पीथमपुर की रामकी एनवायरो कंपनी में जलाया जाएगा। गौरतलब है कि हाईकोर्ट ने 6 जनवरी तक इस जहरीले कचरे को हटाने के निर्देश दिए थे। सरकार को इस संबंध में कल 3 जनवरी को हाईकोर्ट में रिपोर्ट पेश करनी है। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल। 

     

दो और तीन दिसम्‍बर 1984 की रात यूनियन कॉर्बाइड कीटनाशक फैक्‍ट्री से अधिक जहरीले मिथाइल आइसोसाइनेट गैस का रिसाव हुआ था। इस घटना में लगभग पांच हजार 479 लोगों की मौत हो गई थी और हजारों लोग गंभीर और दीर्घावधि की स्‍वास्‍थ्‍य समस्‍याओं से पीड़‍ित हुए थे। यह घटना विश्‍व की सबसे भीषण औद्योगिक आपदाओं में मानी जाती है।

*******

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में एक कट्टर सरगना सहित 11 माओवादियों ने कल मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस के समक्ष समर्पण कर दिया। इन माओवादियों में आठ महिलाएं और तीन पुरुष हैं। इन पर महाऱाष्ट्र में एक करोड़ रुपये से अधिक का ईनाम घोषित था। मुख्य मंत्री देवेन्द्र फडनवीस ने बताया कि 11 गांवों ने नक्सलवादियों पर प्रतिबंध लगा दिया है।

 

गढ़चिरोली मे मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस ने कहा कि माओवादियों द्वारा हथियार डालने की बढ़ती संख्या और उनके क्रियाकलापों को आकर्षित करने में विफल हो रहे आंदोलन को देखते हुए, महाराष्ट्र जल्द ही नक्सली खतरों से मुक्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि गढ़चिरौली पुलिस ने गढ़चिरौली जिले में नक्सली गतिविधियों को लगभग समाप्त कर दिया है। उत्तरी गढ़चिरौली अब माओवादी गतिविधियों से मुक्त है और दक्षिणी गढ़चिरौली भी जल्द ही नक्सलियों से मुक्त हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पिछले वर्षों में कई खूंखार नक्सली या तो मारे गिराए गए या गिरफ्तार किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा, ”वे आश्वस्त हैं कि उन्हें संवैधानिक संस्थाओं के माध्यम से ही न्याय मिलेगा।उन्होंने कहा कि माओवाद खत्म हो रहा है, क्योंकि भारत विकास में बड़ी प्रगति कर रहा है। भावना गोखले आकाशवाणी समाचार मुंबई।

     

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में गढ़चिरौली को इस्पात शहर का दर्जा दिया जाएगा।

*******

केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल ने डाई अमोनियम फास्फेट-डीएपी उर्वरकों पर एक मुश्‍त विशेष राहत पैकेज का विस्‍तार करने का फैसला किया है। इन उर्वरकों पर पोषक तत्‍व आधारित सब्‍सिडी बढाकर तीन हजार पांच सौ रुपये प्रति मीट्रिक टन करने की मंजूरी दी गई है। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस फैसले से लगभग तीन हजार आठ सौ पचास करोड़ रुपये का अतिरिक्‍त भार पडे़गा, जिसे केंद्र सरकार वहन करेगी। मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना को भी जारी रखने का निर्णय लिया है। केन्‍द्रीय मंत्रि‍मंडल के फैसलों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि उनकी सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्‍होंने कहा कि 2025 की पहली कैबिनेट बैठक किसानों की खुशहाली बढाने के लिए समर्पित है।

*******

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सभी योजनाओं का समुचित क्रियान्वयन कर देश के गांवों को गरीबी मुक्त बनाया जाएगा। नई दिल्ली में कल मंत्रालय के कार्यों की समीक्षा करते हुए श्री चौहान ने कहा कि मासिक आधार पर लक्ष्य निर्धारित कर, उन्‍हें प्राप्त करने के लिए प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना – ग्रामीण के तहत 42 लाख आवास निर्माण के लक्ष्य की दिशा में करीब 32 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं और पिछले वर्ष जून से दिसंबर तक चार लाख से अधिक मकान बनकर तैयार हो चुके हैं।

*******

गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में ‘‘जम्मू कश्मीर एंड लद्दाख: थ्रू द एजेस’’ नामक पुस्तक का विमोचन करेंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर प्रख्यात लेखक, शिक्षाविद्, मंत्रालय के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित होंगे। इस पुस्तक को सात खंडों में प्रस्तुत किया गया है और इसमें तीन हजार वर्षों से अधिक के इतिहास का संकलन है। हिंदी और अंग्रेजी में प्रकाशित यह पुस्तक नेशनल बुक ट्रस्ट, भारत और भारतीय ऐतिहासिक अनुसंधान परिषद के सहयोगात्मक प्रयासों का परिणाम है।

*******

पिछले वर्ष दिसंबर महीने में कुल वस्तु और सेवाकर- जीएसटी संग्रह में, वर्ष 2023 की इसी अवधि की तुलना में 7 दशमलव 3 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह एक लाख 77 हजार करोड़ रुपये हो गया।

 

दिसंबर 2023 में सकल वस्‍तु और सेवाकरजीएसटी राजस्व एक लाख 64 हजार करोड़ रुपये था। पिछले वर्ष दिसंबर में केंद्रीय जीएसटी संग्रह 32 हजार आठ सौ छत्तीस करोड़ रुपये और राज्य जीएसटी संग्रह 40 हजार चार सौ 99 करोड़ रुपये रहा। एकीकृत वस्तु और सेवा कर संग्रह 47 हजार सात सौ 83 करोड़ रुपये और उपकर 11 हजार 4 सौ 71 करोड़ रुपये रहा। पिछले वर्ष नवम्बर में सकल जीएसटी संग्रह में साढे आठ प्रतिशत की वृद्धि हुई थी और यह एक लाख 82 हजार करोड़ रुपये से अधिक रहा था। प्रिया की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से चन्‍द्रशेखर शर्मा। 

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में वर्ष 2024 में भारत की सांस्‍कृतिक गौरव में उल्‍लेखनीय वृद्धि हुई है। अयोध्‍या में राम मंदिर में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्‍ठा एक महत्‍वपूर्ण आध्‍यात्मिक और सांस्‍कृतिक अवसर रहा। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अबूधाबी में बोचा संन्वासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामी नारायण संस्था मंदिर का उद्घाटन भारत के सांस्‍कृतिक संबंधों में एक महत्‍वपूर्ण उपलब्धि थी। पेश है पिछले वर्ष भारत की सभ्‍यतागत विरासत में हुई उपलब्धियों पर एक रिपोर्ट-

 

भारत ने 2024 में प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में अपनी सभ्यतागत विरासत को संरक्षित करने में उल्लेखनीय प्रगति की है। सरकार के प्रयासों से असम में मोइदम को भारत के 43 में यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल के रूप में मान्यता मिली जो भारत की सांस्कृतिक विरासत के वैश्विक महत्व को दर्शाता है। कुरुक्षेत्र में अनुभव केंद्र के उद्घाटन के महाभारत और भागवत गीता जैसे प्राचीन ग्रंथों को जीवंत किया। वहीं वित्तीय वर्ष 2023 24 में आत्मनिर्भर भारत को दर्शाते हुए खादी और ग्रामोद्योग आयोग ने डेढ़ लाख करोड रुपए से ज्यादा का कारोबार और 10 लाख नौकरियां का सृजन किया। भारत ने 2024 में असमिया, बंगाली, मराठी, पाली और पार्कृत को शास्त्रीय भाषा का दर्जा देकर अपनी भाषायी विविधता को भी मजबूत किया। भारत 13 जनवरी से 26 फरवरी तक प्रयागराज में होने वाले महाकुंभ मेले 2025 के लिए भी तैयार है। यह आयोजन दुनिया के सबसे बड़े आध्यात्मिक समागमों में से एक होने का अनुमान है। सुपर्णा सैकिया के साथ अक्षित वैद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

*******

वहीं ग्रीन हाउस गैस उत्‍सर्जन में कमी लाने के देश के प्रयासों का सकारात्‍मक परिणाम रहा है। वर्ष 2020 में ग्रीन हाउस गैस उत्‍सर्जन में, इससे पिछले वर्ष की तुलना में लगभग आठ प्रतिशत की कमी आई।

संयुक्‍त राष्‍ट्र जलवायु परिवर्तन कार्यालय को सौंपे गए डेटा के अनुसार भारत के सकल घरेलू उत्‍पाद में वर्ष 2005 से लेकर 2020 के दौरान ग्रीन हाउस गैस उत्‍सर्जन आधिक्य में 36 प्रतिशत की कमी रही है। संयुक्‍त राष्‍ट्र जलवायु परिवर्तन संधि प्रारूप को भेजी गई चौथी द्विवार्षिक रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2020 में कुल राष्‍ट्रीय उत्‍सर्जन 295 करोड़ 90 लाख टन कार्बन के बराबर रहा। हालांकि वर्ष 1994 से ग्रीन हाउस गैस उत्‍सर्जन अब भी 98 दशमलव तीनचार प्रतिशत अधिक है। भारत अपने जलवायु परिवर्तन लक्ष्‍यों को पूरा करने की दिशा में अग्रसर है। वर्ष 2030 तक इसमें 45 प्रतिशत की कमी लाने और गैर जीवाश्‍म ईंधन से 50 प्रतिशत विद्युत ऊर्जा क्षमता हासिल करने का लक्ष्‍य है। समाचार कक्ष से मनोज।

*******

गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने कल नई दिल्‍ली में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से मुलाकात की। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री मोदी ने कहा कि दिलजीत दोसांझ बहुमुखी प्रतिभा संपन्न हैं तथा उनमें प्रतिभा और परंपरा का सम्मिश्रण है।

*******

ईरान के उप विदेशमंत्री माजिद तख्‍त रावंची आज से भारत की दो दिन की यात्रा पर होंगे। इस दौरान वे, आज और कल, नई दिल्‍ली में ईरान-भारत राजनीतिक परामर्श के 19वें दौर की बैठक में भाग लेंगे।

*******

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कल कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जसीम अल थानी से मुलाकात की और द्विपक्षीय सहयोग की सार्थक समीक्षा की। दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और वैश्विक विकास पर भी चर्चा की। उनकी यात्रा से दोनों पक्षों को राजनीतिक, व्यापार, निवेश, ऊर्जा, सुरक्षा, सांस्कृतिक और आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों सहित द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा में मदद मिलेगी।

*******

अमरीका में, न्यू ऑरलियेंस के फ्रेंच क्वार्टर में कल नये वर्ष के पहले दिन एक व्यक्ति द्वारा पिकअप ट्रक भीड़ पर चढ़ा दिये जाने से 15 लोगों की मौत हो गयी और 35 घायल हो गए। इस घटना को आतंकवादी हमला मानकर जांच की जा रही है। संदिग्ध की पहचान 42 वर्षीय शमसुद्दीन बहार जब्बार के रूप में हुई जो पुलिस के साथ गोलीबारी में मारा गया। उसके पास से राइफल बरामद की गई है। ट्रक पर लगे काले झंडे की जांच आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट और अन्य विदेशी आतंकी संगठनों के साथ संपर्क के लिए की जा रही है।

*******

गणतंत्र दिवस परेड और बीटिंग रिट्रीट के लिए टिकटों की बिक्री आज से शुरू हो रही है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि टिकट सेना भवन, शास्त्री भवन, जंतर-मंतर, प्रगति मैदान और राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से मूल फोटो पहचान पत्र दिखाकर खरीदी जा सकती हैं। सीधे वेबसाइट और आमंत्रण मोबाइल ऐप से भी टिकट खरीदी जा सकती है। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड के लिए टिकटों की कीमत 20 रुपये और 100 रूपये तथा बीटिंग रिट्रीट के लिये 100 रुपये और बीटिंग रिट्रीट रिहर्सल के लिये 20 रुपये होगी।

*******

ओडिसा में राउरकेला के बिरसामुंडा हॉकी स्टेडियम में कल हॉकी इंडिया लीग के दूसरे मैच में श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स ने टीम गोनासिका को 2-1 से मात दी। रूपेन्द्र पाल सिंह ने बंगाल टाइगर्स के लिए दो गोल किये और बंगाल टाइगर्स के लिये लगातार दूसरी जीत और प्रतियोगिता में शुरूआती बढ़त सुनिश्चित की। वहीं, आज रात सवा आठ बजे सूर्मा हॉकी क्‍लब का मुकाबला यूपी रुद्राज़ के साथ होगा।

*******

मौसम विभाग ने उत्‍तर प्रदेश के कुछ स्‍थानों पर आज भीषण ठंड का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और मध्‍यप्रदेश में भी कड़ाके की ठंड रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया गया है। विभाग का कहना है कि पश्चिम ईरान में चक्रवाती असर से बने पश्चिमी विक्षोभ के कारण आज और कल पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में कुछ स्‍थानों पर बारिश के साथ बर्फबारी की भी संभावना है।  

*******

धन्‍यवाद फरहत, केंद्र सरकार द्वारा देश के करोड़ों किसानों को कल नए साल के पहले दिन बड़ा तोहफा देने की खबर आज सभी अखबारों में प्रथम पृष्‍ठ पर प्रकाशित की गई है। अमर उजाला लिखता है पीएम फसल योजना का आवंटन बढ़ा, डीएपी पुरानी कीमतों पर ही मिलेगा। हिन्‍दुस्‍तान की सुर्खी है – किसानों को मिलती रहेगी सस्‍ती खाद, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा – नए वर्ष का पहला निर्णय किसानों को समर्पित। पंजाब केसरी ने यह खबर विस्‍तार से दी है। पत्र लिखता है – पचास किलो का डीएपी बैग, एक हजार 350 रूपए में मिलेगा, चार करोड़ किसानों को लाभ होगा। वर्ष 1901 के बाद भारत में 2024 सबसे गर्म साल रहा, मौसम विभाग ने कहा – उत्‍तर भारत में शीतलहर जारी, जनसत्‍ता की सुर्खी है। वहीं, श्रीनगर के जम चुके तालाब में चहलकदमी करते लोगों की तस्‍वीरें दैनिक जागरण ने प्रकाशित की हैं, पत्र लिखता है – पूरे उत्‍तर भारत में प्रचंड शीतलहर, कश्‍मीर से बिहार तक ठंड का कहर। रक्षामंत्री ने वर्ष 2025 में रक्षा सुधारों का वर्ष घोषित किया, एकीकृत सैन्‍य कमान की स्‍थापना पर विशेष जोर रहेगा, हिन्‍दुस्‍तान की सुर्खी है। पत्र लिखता है – ए आई तकनीक से लैस होंगी सेनाएं।

*******

मुख्य समाचार एक बार फिर:-

  •  भोपाल गैस त्रासदी के 40 साल बाद यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री से जहरीला कचरा सुरक्षित निपटान के लिए स्थानांतरित।
  • महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में 11 माओवादियों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के समक्ष समर्पण किया।
  • दिसंबर 2024 में जीएसटी संग्रह, वर्ष 2023 की इसी अवधि की तुलना में 7 दशमलव तीन प्रतिशत बढ़कर एक लाख 77 हजार करोड़ रुपये हुआ।
  • गणतंत्र दिवस परेड और बीटिंग रिट्रीट के लिए टिकटों की बिक्री आज से शुरू।
  • अमरीका के न्यू ऑरलियन्स में हुए आतंकवादी हमले में 15 लोगों की मौत और 35 घायल।
  • राउरकेला में हॉकी इंडिया लीग में श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स ने टीम गोनासिका को 2-1 से मात दी।

*******