मुख्य समाचार:-
- राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के लिए 272 करोड़ रुपये की सीवरेज परियोजनाओं को मंजूरी।
- देश के वार्षिक भूजल पुनर्भरण में वर्ष 2024 में 15 अरब क्यूबिक मीटर की बढ़ोतरी।
- उत्तर-पश्चिम भारत में शीत लहर का प्रकोप जारी, मौसम विभाग ने अगले दो दिन हल्की बर्फबारी और बारिश का अनुमान व्यक्त किया।
- भारत में नव वर्ष का स्वागत हर्षोउल्लास और धार्मिक भावना के साथ किया जा रहा है।
- और फुटबॉल में, पश्चिम बंगाल ने हैदराबाद में केरल को एक-शून्य से हराकर संतोष ट्रॉफी जीती।
*******
सरकार ने राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के चंदौली और मानिकपुर के लिए दो सौ 72 करोड़ रुपये की परियोजना को स्वीकृति दी है। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की 59वीं कार्यकारी समिति की बैठक में कल महानिदेशक राजीव कुमार मित्तल की अध्यक्षता में गंगा नदी के संरक्षण और कायाकल्प के लिए कई परियोजनाओं की जानकारी दी। इन गतिविधियों का उद्देश्य नदी की स्वच्छता, सतत विकास और पर्यावरणीय तथा सांस्कृतिक महत्व के संरक्षण को बढ़ावा देना है। बिहार के बक्सर में नदी संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए समिति ने दो सौ 57 करोड़ रुपये की लागत वाली एक महत्वाकांक्षी परियोजना को भी मंजूरी दी है। इस पहल के तहत 50 मिलियन लीटर प्रतिदिन की क्षमता वाला अत्याधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और सहायक संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा।
*******
देश ने बुनियादी उद्योगों के उत्पादन में बीते साल नवंबर में वार्षिक आधार पर चार दशमलव तीन प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार सीमेंट, कोयला, इस्पात, बिजली, रिफाइनरी उत्पाद और उर्वरक के उत्पादन में सकारात्मक बढ़त देखी गई है। नवंबर 2024 में कोयला उत्पादन में सात दशमलव पांच प्रतिशत, पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पादों में दो दशमलव नौ प्रतिशत, उर्वरकों में दो प्रतिशत, इस्पात में चार दशमलव आठ प्रतिशत, सीमेंट में 13 प्रतिशत और बिजली उत्पादन में तीन दशमलव आठ प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
*******
देश के कुल वार्षिक भूजल पुनर्भरण में 15 अरब क्यूबिक मीटर की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जबकि वर्ष 2024 में भूजल निकासी में तीन अरब क्यूबिक मीटर की कमी आई है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने कल वर्ष 2024 के लिए गतिशील भूजल संसाधन मूल्यांकन रिपोर्ट जारी की। एक रिपोर्ट…..
सभी उपयोगों के लिए वार्षिक भूजल निकासी दो सौ 45 अरब क्यूबिक मीटर से अधिक है। रिपोर्ट में बताया गया है कि पूर्वोत्तर राज्यों में भूजल के सौ प्रतिशत नमूने सिंचाई के लिए उत्कृष्ट श्रेणी में हैं। यह मूल्यांकन केंद्रीय भूजल बोर्ड तथा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था। मंत्रालय ने कहा कि ब्लॉक मंडल और तालुकों में कुल छह हजार सात सौ 46 मूल्यांकन इकाइयों में से 73 प्रतिशत से अधिक मूल्यांकन इकाइयों को सुरक्षित और लगभग तीन प्रतिशत मूल्यांकन इकाइयों को गंभीर श्रेणी में रखा गया है। समाचार कक्ष से मृगनयनी पांडे।
*******
विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि क्वाड हिन्द- प्रशांत क्षेत्र की स्थिरता, प्रगति और समृद्धि के लिए एक महत्वपूर्ण शक्ति के रूप में खड़ा है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने जापान के विदेश मंत्री ताकेशी इवाया, ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री पेनी वोंग और अमरीका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन के साथ मिलकर इस क्षेत्र की आवश्यकता पूरी करने की वचनबद्धता दोहराई।
*******
भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय संबंधों के विस्तार के लिए सैन्य अभ्यास सूर्यकिरण का 18वां संस्करण कल लुंबिनी में शुरू हुआ। दो सप्ताह तक चलने वाले इस अभ्यास में नेपाल की श्रीजंग बटालियन और भारतीय सेना की 11वीं गोरखा राइफल भाग ले रही हैं। इससे दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध, आपसी विश्वास और सांस्कृतिक संबंध मजबूत होंगे। संयुक्त अभ्यास का 17वां संस्करण पिछले साल भारत के पिथौरागढ़ में आयोजित किया गया था।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि हमारा देश प्रतिभाओं का पावरहाउस है, जो नवाचार और साहस प्रदर्शित करने वाली असंख्य प्रेरक जीवन यात्राओं से भरपूर है। उन्होंने कल सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में ग्रीन आर्मी का उल्लेख करते हुए उनके प्रेरणादायक अग्रणी कार्यों की सराहना की। ग्रीन आर्मी वाराणसी के देवरा में दृढ़ संकल्प वाली महिलाओं का संगठन है, जो नशाखोरी और जुए के खिलाफ जागरुकता बढ़ाता है। यह संगठन प्रत्येक बालिका के जन्म पर उत्सव मनाता है और दहेज प्रथा के विरुद्ध लड़ाई लड़ता है। इस समूह की स्थापना तथा कार्यों की शुरूआत चप्पल बनाने वाली एक फैक्ट्री से हुई थी।
*******
आकाशवाणी समाचार अपनी विशेष वर्षांत श्रृंखला में वर्ष 2024 की झलकियाँ प्रस्तुत कर रहा है। इसमें आज हम नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की प्रमुख गतिविधियों और उपलब्धियों पर नज़र डालेंगे। सरकार ने 2024 में भारत के ऊर्जा परिदृश्य को बदलने की दिशा में अपनी उल्लेखनीय यात्रा जारी रखी है। यह प्रगति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से निर्धारित पंचामृत लक्ष्यों के अनुरूप 500 गीगा वॉट गैर-जीवाश्म ईंधन ऊर्जा प्राप्त करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता के अनुरूप है। एक रिपोर्ट-
देश की शिक्षा प्रणाली में सुधार करने के लिए लाई गई नई शिक्षा नीति से लेकर मेडिकल कॉलेजों में सीटों की संख्या में दोगुना बढ़ोतरी कर केंद्र सरकार ने युवाओं के लिए संभावनाओं से भरे भविष्य की नींव रखी है। स्टार्टअप इंडिया जैसी पहलों के माध्यम से जहां उद्यमशीलता को बढ़ावा दिया जा रहा है, वहीं डिजिटल इंडिया के माध्यम से युवाओं को अत्यधिक कौशल से लैस किया जा रहा है। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत 1 करोड़ 42 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है। सार्वजनिक परीक्षाओं में धोखाधड़ी और अनुचित व्यवहार को रोकने के लिए सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों के रोकथाम अधिनियम 2024 पेश किया गया है, जिसमें अपराधियों के लिए कठोर दंड का प्रावधान है। इसके अलावा विज्ञान और प्रौद्योगिकी में करियर बनाने के लिए विज्ञान धारा योजना की शुरुआत की गई है। वहीं प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय का पुनरुद्धार मोदी सरकार के समृद्ध शैक्षिक विरासत को संरक्षित करने के प्रति समर्पण को दर्शाती है। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*******
मध्य प्रदेश में केन्द्र सरकार की निरीक्षण समिति के निर्देश और मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेश पर भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड के शेष पडे़ तीन सौ 37 मीट्रिक टन रासायनिक अपशिष्ट को नष्ट करने की कार्रवाई की जा रही है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस कार्य को बड़ी सावधानीपूर्वक पूरा किया जा रहा है।
यूनियन कार्बाइड के कचरे वाले कंटेनरों के साथ पुलिस, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और त्वरित प्रतिक्रिया बल मौजूद रहेंगे। ये कंटेनर लीक प्रूफ और आग प्रतिरोधी हैं। इन कंटेनरों की आवाजाही पर जीपीएस से नजर रखी जाएगी। गैस राहत एवं पुनर्वास निदेशक स्वतंत्र कुमार सिंह ने कहा है कि
ये 337 टन जो टॉक्सिट पेस्ट है यूनियन कार्बाइड के परिसर में है इसको पीतमपुर की साइट में जाकर के वहां पर इंसनरेट करना है। उनकी तैयारी चल रही है, उसकी पैकिंग की, प्रॉपर शिफ्टिंग प्रिकॉशंस इसमें लिया जा रहा है।
वहीं, सरकार ने स्पष्ट किया है कि यूनियन कार्बाइड के कचरे को नष्ट करने के ट्रायल के दौरान और उसके बाद उत्सर्जन मानक निर्धारित राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पाए गए हैं और वहां के पानी या हवा में कोई हानिकारक तत्व नहीं पाए गए। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
*******
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि वर्ष 2024 में राज्य के 9 लाख से अधिक लोगों को आधार कार्ड मिले, जिनके बायोमेट्रिक्स राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर को अपडेट करने के दौरान लॉक हो गए थे। उन्होंने कहा कि इस पहल से उन लोगों को अब बिना किसी परेशानी के सभी सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
*******
मणिपुर सरकार जातीय हिंसा से विस्थापित लोगों को मुख्यमंत्री उद्यमिता सहायता योजना के अंतर्गत 50 हजार रुपये तक का ऋण बिना कुछ गिरवी रखे प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने बताया कि सरकार पहले ही लगभग 426 विस्थापित लोगों को उद्यमशीलता गतिविधियों में मदद के लिए ऋण दे चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य में सरकार द्वारा वित्त पोषित और सफलतापूर्वक चल रहे स्टार्टअप हिंसा प्रभावित लोगों को रोजगार देंगे।
*******
अरुणाचल प्रदेश में स्वदेशी संस्कृति, आस्था और भाषाओं पर प्रचार, प्रलेखन, अनुसंधान तथा शिक्षा के लिए अमरीका स्थित अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक अध्ययन केंद्र -आई.सी.सी.एस. के सहयोग से एक विश्वविद्यालय स्तर का संस्थान खोला जाएगा। राज्य के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने इसकी घोषणा की है। आई.सी.सी.एस. का अरुणाचल प्रदेश में निचली दिबांग घाटी के रोइंग में रिवॉच नामक एक केंद्र है, जो इदु मिश्मी संस्कृति और भाषा पर दस्तावेजीकरण, संरक्षण, प्रचार तथा अनुसंधान कार्य करता है।
*******
जम्मू-कश्मीर में रियासी जिले के कटरा में रोपवे परियोजना के विरुद्ध आंदोलन स्थगित कर दिया गया है। कल शाम सातवें दिन सरकार और संघर्ष समिति के सदस्यों के बीच समझौते के बाद यह आंदोलन रोक दिया गया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि समझौते के तहत रियासी और उधमपुर जेलों में बंद संघर्ष समिति के सभी 18 सदस्यों को प्रशासन ने बिना शर्त रिहा कर दिया है।
*******
मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिन के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम वर्षा और बर्फबारी का अनुमान जताया है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर आज दिन में कडाके की ठंड का असर रहेगा। इसके अलावा मन्नार की खाड़ी, कन्याकुमारी और तटीय इलाकों, मॉलदीव के आस-पास के क्षेत्रों, श्रीलंका के तटीय क्षेत्रों सहित दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में तेज़ हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने मछुआरों को इन क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी है।
*******
कश्मीर में पिछले दो दिनों से शीतलहर का प्रकोप बढ गया है। मौसम विभाग ने इस सप्ताह के दौरान घाटी में हल्की से मध्यम बर्फबारी का अनुमान व्यक्त किया है। रात का तापमान शून्य से नीचे बना रहेगा। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। श्रीनगर करगिल सडक को वाहनों के लिए एक तरफ से खोला गया है।
*******
भारत पारंपरिक हर्षोल्लास और धार्मिक भावना के साथ नए वर्ष 2025 का स्वागत कर रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नववर्ष की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति ने कहा कि नया वर्ष सभी के जीवन में नई उम्मीदों, सपनों और आकांक्षाओं की शुरुआत का प्रतीक है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी इस अवसर पर नागरिकों से लोकतांत्रिक मूल्यों को कायम रखने और राष्ट्र को सर्वोपरि रखने का आग्रह किया। राजधानी दिल्ली में धार्मिक उत्साह और उत्सव के माहौल के साथ नए साल का स्वागत किया गया। वर्ष के पहले दिन बिरला मंदिर और झंडेवालान सहित विभिन्न मंदिरों में सुबह की आरती में शामिल होने और देवी देवताओं का आशीर्वाद लेने के लिए लोग उमड़ पड़े।
*******
हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने बड़े उत्साह के साथ नये साल का स्वागत किया। हमारी संवाददाता ने बताया है कि पर्यटकों की संख्या को देखते हुए राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं।
नव वर्ष के जश्न को यादगार बनाने के लिए पर्यटकों सहित स्थानीय लोग भी रात 12 बजे तक नाचते गाते नज़र आए। खास तौर पर पर्यटकों और युवाओं में काफी उत्साह देखा गया। प्रदेश के विभिन्न हॉटलों में पर्यटकों के मनोरंजन के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इस दौरान राजधानी शिमला समेत मनाली व अन्य पर्यटन स्थलों में सुरक्षा के भी कड़े प्रबंध किए गए थे। इस बीच नए साल के पहले दिन आज लोग प्रदेश के शक्तिपीठों सहित अन्य मंदिरों में पूजा अर्चना कर रहे हैं और एक दूसरे को नव वर्ष की बधाई दे रहे हैं। प्रभा शर्मा, आकाशवाणी समाचार, शिमला।
*******
मुंबई से हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रशासन ने नए वर्ष के उत्सव को हर्षोल्लास से मनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए हैं।
मुंबई में समुद्र किनारे पर स्थित गेटवे ऑफ इंडिया, मरीन ड्राइव, गिरगांव चौपाटी, बांद्रा बैंडस्टैंड, जुहू और वर्सोवा बीच सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग नए साल का जश्न मानाने के लिए एकत्र होते हैं। बड़ी भीड़ को मद्देनज़र रखते हुए, सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गए हैं। मुंबई में 14,000 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। साल के पहले दिन, सिद्धिविनायक मंदिर और प्रभादेवी सहित विभिन्न मंदिरों में विशेष आरती होती है। BEST ने मुंबई में प्रसिद्ध स्थलों का आनंद लेने के लिए एयर-कंडीशन्ड डबल-डेकर इलेक्ट्रिक बसों को हेरिटेज टूर की व्यवस्था की है। शहर के प्रमुख इमारतों को रंगीन रौशनी से सजाया गया है। प्रार्थना, आकाशवाणी न्यूज, मुंबई।
*******
संतोष ट्रॉफी राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप के फाइनल में पश्चिम बंगाल ने केरल को एक- शून्य से हराकर प्रतियोगिता जीत ली है। इस टूर्नामेंट में पश्चिम बंगाल की यह 33वीं जीत है।
*******
हॉकी इंडिया लीग में, हैदराबाद तूफ़ान्स ने कल ओडिसा के राउरकेला में दिल्ली SG पाइपर्स को शूट-आउट में 5-4 से हराकर बोनस अंक हासिल किया। राउरकेला में आज रात आठ बजे श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स का मुकाबला टीम गोनासिका से होगा।
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों से
नववर्ष 2025 से जुड़े समाचारों को अधिकतर अखबारों ने सचित्र प्रकाशित किया है। दैनिक जागरण की खबर है- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो साझा कर काव्यात्मक अंदाज में देशवासियों को दी शुभकामनाएं। पत्र यह भी लिखता है कि- अब ईपीएफओ पेंशनर किसी भी बैंक से ले सकेंगे पेंशन, नियम आज से प्रभावी। हिन्दुस्तान और राजस्थान पत्रिका के अनुसार इस वर्ष विकास की दौड़ में फिर से फर्राटा भरेगा भारत। पंजाब केसरी की सुर्खी है-आज से यूपीआई की लेनदेन सीमा बढ़ने के साथ फिक्स्ड डिपोजिट के नियमों में होगा बदलाव। वहीं, राष्ट्रीय सहारा लिखता है- वाहनों का जांच अभियान आज से शुरू, कागजात सही न होने पर चालान या जब्ती। दैनिक भास्कर और वीर अर्जुन की खबर है- प्रयाग महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालु रेलकर्मियों की जैकेट पर लगे स्कैनर से भी बना सकेंगे रेल टिकट। दैनिक ट्रिब्यून ने बदले मौसम पर लिखा है- पहाड़ों पर बर्फ का चादर, मैदानों में ठंड का कहर।
*******
और अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के लिए 272 करोड़ रुपये की सीवरेज परियोजनाओं को मंजूरी।
- देश में वार्षिक भूजल पुनर्भरण में वर्ष 2024 में 15 अरब क्यूबिक मीटर की बढ़ोतरी।
- उत्तर-पश्चिम भारत में शीत लहर का प्रकोप जारी, मौसम विभाग ने अगले दो दिन हल्की बर्फबारी और बारिश का अनुमान व्यक्त किया।
- भारत में नव वर्ष का स्वागत हर्षोउल्लास और धार्मिक भावना के साथ किया जा रहा है।
- और फुटबॉल में, पश्चिम बंगाल ने हैदराबाद में केरल को एक-शून्य से हराकर संतोष ट्रॉफी जीती।
*******