Download
Mobile App

android apple
signal

December 30, 2024 9:30 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • इसरो आज श्रीहरिकोटा से कक्षा में अंतरिक्ष यानों को जोड़ने और अलग की प्रक्रि‍या दर्शाने के लिए  उपग्रह प्रक्षेपित करेगा।
  • भारत 2025 में पहली बार वर्ल्‍ड ऑडियो-विजुअल इंटरटेनमेंट समिट वेव्स की मेजबानी करेगा।
  • पंजाब पुलिस ने आईएसआई समर्थित नार्को-आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया और पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
  • राष्ट्रीय राजधानी सहित पूरा उत्तर भारत शीत लहर के साथ नए वर्ष में प्रवेश करेगा।
  • काम्या कार्तिकेयन सात महाद्वीपों के सात सबसे ऊंचे शिखर पर विजय हासिल करने वाली दुनिया की सबसे कम उम्र की बालिका बनी।
  • हरियाणा स्टीलर्स ने पटना पायरेट्स को हराकर पुणे में प्रो कबड्डी लीग का खिताब जीता।

*******

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन – इसरो आज रात नौ बजकर 58 मिनट पर श्री हरिकोटा से दो उपग्रहों का प्रक्षेपण करेगा। ये उपग्रह कक्षा में अंतरिक्ष यानों की डॉकिंग-अनडॉकिंग यानि जोडने और अलग करने की प्रक्रिया दर्शायेंगे। प्रक्षेपण यान पीएसएलवी-सी60 इन दोनों उपग्रह – एसडीएक्‍स-01 और एसडीएक्‍स-02 को 476 किलोमीटर की तृतीय कक्षा में स्‍थापित करेगा और स्‍पेस डॉकिंग की प्रायोगिक प्रक्रिया पूरी करेगा। ब्‍योरा हमारे संवाददाता से –

आज एक इतिहास रचने वाला है इसरो। स्पेस डैक्स मिशन द्वारा इसरो वैश्विक स्तर पर एक बड़ा कदम बढ़ाने वाला है। अगर भारत चांद पर अपना उपग्रह उतार कर वहां से कंकड-मिट्टी अपने साथ लेकर वापस आने की क्षमता पाना चाहता है या अंतरिक्ष में अपना भारतीय अंतरिक्ष केंद्र बनाना चाहता है तो आज का प्रयोग अहम कार्य होगा। आज के स्पेश डेस्क मिशन द्वारा इसरो नए आधुनिक उपग्रह उड्डयन क्षमता का परिचय देगा। स्पेस डॉकिंग टेक्नोलॉजी पाने वाला चौथा देश भारत बन जाएगा। सुधींद्र, आकाशवाणी समाचार, बेंगलुरु।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि भारत पहली बार अगले वर्ष वर्ल्‍ड ओडियो विजुअल इंटरटेनमेट समिट- वेव्‍स की मेजबानी करेगा। कल आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की रचनात्‍मक प्रतिभा को विश्‍व के समक्ष रखने का यह महत्‍वपूर्ण अवसर होगा।

हमारे देश में पहली बार वर्ल्ड-ऑडियो विजुअल एंटरटेनमेंट समिट यानी वेव्‍स समिट का आयोजन होने वाला है। वेव्‍स समिट में दुनिया भर के मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के दिग्गज क्रिएटिव वर्ल्ड के लोग भारत आएंगे। यह समिट भारत को ग्लोबल कंटेंट क्रिएशन का हब बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जब हम 5 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी की ओर बढ़ रहे हैं। तब हमारी क्रिएटर इकोनॉमी एक नई एनर्जी ला रही है।

प्रधानमंत्री ने इस वर्ष भारतीय सिनेमा जगत की दिग्‍गज हस्तियों की जन्‍मशती का भी उल्‍लेख किया।
राज कपूर जी ने फिल्मों के माध्यम से दुनिया को भारत के सॉफ्ट पावर से परिचित कराया। रफी साहब की आवाज में वो जादू था। अक्कीनेनी नागेश्वर राव गारु ने तेलुगू सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा है। उनकी फिल्मों ने भारतीय परंपराओं और मूल्यों को बखूबी प्रस्तुत किया। तपन सिन्हा जी की फिल्मों ने समाज को एक नई दृष्टि दी। हमारी पूरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए इन हस्तियों का जीवन प्रेरणा जैसा है।

*******

पंजाब पुलिस ने आई.एस.आई. समर्थित नार्को- आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए इसके सरगना समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। ये हाल ही में बटाला और गुरदासपुर में दो पुलिस थानों पर हथगोले फेंकने में भी शामिल थे। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से.

पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि इस मॉड्यूल को बब्बर खालसा इंटरनेशनल और विदेश में बैठे दो और कार्यक्रमों द्वारा चलाए जा रहा था। यादव ने दावा किया है कि इन व्यक्तियों की गिरफ्तारी के साथ पंजाब में अलग-अलग स्थानों पर पुलिस ठिकानों पर हुए हमलों की गुत्थी सुलझ गई है। इस दौरान पुलिस द्वारा इन पांच में से दो व्यक्तियों को जब हथियार बरामद करने के लिए ले जाया गया तो बरामदगी के बाद इन दोनों ने पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। पुलिस द्वारा बचाव में की गई गोलीबारी में ये दोनों घायल हो गए। इनके पास से दो पिस्तौलें व गोली-सिक्का बरामद हुआ है। राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार, जालंधर।

*******

मुंबई के नेवी चिल्ड्रेन स्कूल की 17 वर्षीय छात्रा काम्या कार्तिकेयन ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने सात महाद्वीपों में से प्रत्येक के सबसे ऊंचे शिखर पर चढ़ने वाली दुनिया की सबसे कम उम्र की महिला होने का गौरव हासिल किया है। एक रिपोर्ट..
पर्वतारोहण कौशल की असाधारण उपलब्धि का प्रदर्शन करते हुए काम्या कार्तिकेयन ने अफ्रीका की माउंट किलिमंजारो, यूरोप की माउंट एल्ब्रस, ऑस्ट्रेलिया की माउंट कोसियुस्को, दक्षिण अमरीका की माउंट एकॉनकागुआ, उत्तरी अमेरिका की माउंट डेनाली, एशिया के माउंट एवरेस्ट और अंटार्कटिका पर विजय प्राप्त की है। युवा पर्वतारोही काम्या इस चुनौती पर विजय के लिए 24 दिसंबर को अपने पिता कमांडर एस कार्तिकेयन के साथ माउंट विंसेंट अंटार्कटिका के शिखर पर पहुंची। भारतीय नौसेना ने इस उपलब्धि के लिए काम्या कार्तिकेयन और उनके पिता को बधाई दी है। काम्या की विशिष्ट उपलब्धियों के लिए  उन्हें न केवल वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल शक्ति पुरस्कार प्रदान किया गया। बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन-की-बात में उनकी प्रशंसा भी की। समाचार कक्ष से मृगनयनी पांडेय।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारामन आज व्‍यापार और उद्योग जगत प्रमुखों के साथ बजट- पूर्व परामर्श करेंगी। आशा है कि बैठक के दौरान उद्योग जगत उपभोग बढाने के उपायों पर बल देगा। उपभोग सकल घरेलू उत्‍पाद का सबसे बडा घटक है जिससे वृद्धिदर को मजबूती मिलती है।

*******

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर आज से कतर की तीन दिन की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्‍मद बिन अब्‍दुल रहमान बिन जसीम अल थानी के साथ बैठक करेंगे। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस यात्रा से दोनों देशों को राजनीतिक, व्‍यापारिक, निवेश, ऊर्जा, सुरक्षा, सांस्‍कृतिक और लोगों के बीच संपर्क सहित द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्‍न पहलुओं की समीक्षा का अवसर मिलेगा। इसके अलावा परस्‍पर हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्‍ट्रीय मुद्दों पर भी विचार विमर्श होगा।

*******

दक्षिण कोरिया विमान दुर्घटना में पक्षी के टकराने की बात सामने आई है। अधिकारियों ने बताया कि हवाई यातायात नियंत्रकों ने दुर्घटना से कुछ मिनट पहले विमान के पक्षी से टकराने के बारे में चेतावनी दी थी। चालक दल के जीवित बचे सदस्यों में से एक ने भी पक्षी के टकराने की बात कही थी। हालांकि, अभी भी दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

*******

अमरीका के पूर्व राष्‍ट्रपति जिम्‍मी कार्टर का कल रात सौ वर्ष की आयु में जॉर्जिया के प्लेन्स स्थित उनके निवास पर निधन हो गया। वे मेलेनोमा त्वचा कैंसर से पीड़ित थे। श्री कार्टर भारत की यात्रा करने वाले तीसरे अमरीकी राष्ट्रपति थे। उनका कार्यकाल 1977 से 1981 तक रहा। उन्हें 2002 में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

*******

आकाशवाणी समाचार विशेष वर्षांत श्रृंखला में वर्ष 2024 की झलकियाँ प्रस्‍तुत कर रहा है। इस वर्ष रक्षा मंत्रालय ने भारत को मजबूत, सुरक्षित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राष्ट्र बनाने की दिशा में कुछ महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ और सफलताएँ हासिल कीं हैं। कुछ प्रमुख उपलब्धियों पर एक नजर।

भारत और चीन के बीच सीमा विवादों पर जारी मतभेद को कूटनीतिक और सैन्य स्तर की वार्ता के कारण सीमा पर शांति बहाली का रास्ता एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। वहीं रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के सपने को साकार करने के लिए केंद्र सरकार ने कई निर्णय लिए जिसके कारण रक्षा उत्पादन एक लाख 26 हजार करोड रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। जो पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 16 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि को दर्शाता है। इसके अलावा 2023-24 में रक्षा निर्यात रिकॉर्ड 21 हजार 83 करोड़ तक पहुंच गया, जो 2022-23 की तुलना में 32 प्रतिशत से अधिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्पेन के राष्ट्रपति फेड्रो सांचेज इस साल अक्टूबर में गुजरात के वडोदरा में सी-295 परिवहन विमान के निर्माण के लिए टाटा एयरक्राफ्ट कॉम्पलेक्स का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया था। भारतीय रक्षा उद्योग को बढ़ावा देने और विदेशी खर्च को कम करने के लिए रक्षा अधिग्रहण परिषद ने चार लाख 22 हजार करोड रुपए के रक्षा अधिग्रहण को मंजूरी दी। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

*******

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, साप्‍ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्‍पीक में आज रात साढे़ नौ बजे “आपदा से निपटने की प्रभावी तैयारियां” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। चर्चा के लिए  हमारे स्‍टूडियो में मौजूद रहेंगे- राष्‍ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्‍य सेवानिवृत लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन। आमंत्रित विशेषज्ञ से कार्यक्रम के दौरान आपदा प्रबंधन की तैयारियों से जुड़े प्रश्न पूछे जा सकते हैं।

श्रोता टेलीफोन नंबर 011-23 42 10 50 और 011-23 31 44 44 पर प्रश्न पूछ सकते हैं। वाट्सऐप नंबर 92-89-09-40-44 पर तथा सोशल मीडिया साइट एक्‍स पर हैशटैग आस्‍क ए.आई.आर. के साथ भी सवाल पोस्‍ट किये जा सकते हैं।

*******

राष्ट्रीय राजधानी दिल्‍ली के साथ पूरा उत्‍तर भारत शीतलहर के साथ नए वर्ष में प्रवेश करेगा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग ने बताया है कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में शीत लहर और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भीषण शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी।

*******

हिमाचल प्रदेश नए साल के जश्न की तैयारियों में जुट गया है। देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक नया वर्ष मनाने के लिए शिमला और प्रदेश के अन्य पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं।

राजधानी शिमला सहित प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली, धर्मशाला, खजियार और कसौली में पिछले साल की तुलना में इस वर्ष पर्यटकों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। शिमला में पिछले 3 दिनों में करीब 8 हज़ार पर्यटक वाहन पहुंचे हैं। शिमला जिला प्रशासन द्वारा पर्यटकों और अन्य लोगों की सुविधा व सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इस बीच नववर्ष को लेकर पर्यटकों व स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। हालांकि 7 दिन के राष्ट्रीय शोक के चलते इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन नहीं होगा। प्रभा शर्मा, आकाशवाणी समाचार, शिमला।

*******

हरियाणा स्‍टीलर्स ने 11वीं प्रो. कबड्डी लीग चैंपियनशिप जीत ली है। उसने फाइनल में पटना पायरेट्स को 32-23 से हराया। मैच पुणे के बालेवाडी में श्री शिव छत्रपति स्‍पोर्ट्स परिसर में खेला गया। हरियाणा ने पहली बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में खिताब जीता है।

*******

मेलबर्न में बॉर्डर गावस्‍कर ट्रॉफी क्रिकेट में ऑस्‍ट्रेलिया के 340 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने अपनी दूसरी पारी में ताजा समाचार मिलने तक 3 विकेट पर 59 रन बना लिए हैं। दोनो देशों के बीच चौथे टेस्ट मैच का आज पांचवा और अंतिम दिन है।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- रवि कपूर।

भारत की कोनेरु हम्‍पी के दूसरी बार विश्‍व रैपिड चेस चैम्पियन बनने की ख़बर को सभी अख़बारों ने प्रमुखता दी है। नवभारत टाइम्‍स लिखता है- हम्‍पी दूसरी बार बनी वर्ल्‍ड रैपिड़ चेस की महारानी।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात को लोकसत्‍य ने पहले पृष्‍ठ पर प्रकाशित करते हुए लिखा है-

प्रधानमंत्री ने कहा- संविधान हमारा पथ-प्रदर्शक।

अयोध्‍या में जून तक होगा राम मंदिर का पूरा निर्माण कार्य, चार मुख्‍य द्वार होंगे आचार्यों के नाम पर- राजस्‍थान पत्रिका की ख़बर है।

महू के रक्षा संस्‍थान ऑफिसर- जवानों को युद्ध कौशल में बना रहे हैं पारंगत- हरि भूमि की पहली ख़बर है।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • इसरो आज श्रीहरिकोटा से कक्षा में अंतरिक्ष यानों को जोड़ने और अलग की प्रक्रि‍या दर्शाने के दो लिए उपग्रह प्रक्षेपित करेगा।
    भारत 2025 में पहली बार वर्ल्‍ड ऑडियो-विजुअल इंटरटेनमेंट समिट वेव्स की मेजबानी करेगा।
  • पंजाब पुलिस ने आईएसआई समर्थित नार्को-आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया और पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
  • राष्ट्रीय राजधानी सहित पूरा उत्तर भारत शीत लहर के साथ नए वर्ष में प्रवेश करेगा।
  • काम्या कार्तिकेयन सात महाद्वीपों के सात सबसे ऊंचे शिखर पर विजय हासिल करने वाली दुनिया की सबसे कम उम्र की बालिका बनी।
  • हरियाणा स्टीलर्स ने पटना पायरेट्स को हराकर पुणे में प्रो कबड्डी लीग का खिताब जीता।  

*******