मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 11 बजे आकाशवाणी पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।
- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई प्रमुख नेताओं को महाकुंभ मेला-2025 के लिए निमंत्रण दिया।
- मौसम विभाग ने उत्तर भारत में शीत लहर की चेतावनी जारी की; बर्फबारी के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग वाहनों के आवागमन के लिए पूरी तरह बंद।
- यूरोपीय संघ ने स्मार्टफोन, टैबलेट, कैमरे के लिए एक समान सी-टाइप चार्जर की व्यवस्था लागू की।
- ओडिशा के राउरकेला में हॉकी इंडिया लीग के उद्घाटन मैच में दिल्ली एसजी पाइपर्स ने गोनासिका को शूट-आउट में 4-2 से हराया।
- और, विश्व शतरंज के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने ड्रेस कोड विवाद के बाद न्यूयॉर्क में फिडे वर्ल्ड रैपिड और ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप छोड़ी।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सुबह ग्यारह बजे आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम की 117वीं कड़ी होगी। मन की बात का प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार वेबसाइट और न्यूज़ ऑन ए.आइ.आर. मोबाइल ऐप पर किया जाएगा। इसे आकाशवाणी समाचार, डी.डी. न्यूज़, प्रधानमंत्री कार्यालय और सूचना तथा प्रसारण मंत्रालय के यू-ट्यूब चैनलों पर भी सीधा प्रसारित किया जाएगा। हिंदी प्रसारण के तुरंत बाद आकाशवाणी क्षेत्रीय भाषाओं में कार्यक्रम का प्रसारण करेगा।
*******
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल कई गणमान्य नेताओं से मुलाकात कर उन्हें महाकुंभ मेला 2025 के लिए निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मिजोरम के राज्यपाल जनरल वीके सिंह से मुलाकात की। उन्होंने महाकुंभ का प्रतीक चिन्ह, कलश और कार्यक्रमों की बुकलेट प्रदान की। महाकुंभ मेले का आयोजन 13 जनवरी, 2025 से 26 फरवरी तक उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में मुलाकात के चित्र साझा किये और बहुमूल्य समय के लिए सभी गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया।
*******
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर राजनीति करने का आरोप लगाया है।
देश के पूर्व प्रधानमंत्री सम्माननीय मनमोहन सिंह जी के दुखद देहा सांतर पर भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं। कांग्रेस के इस घटिया सोच के लिए जितनी भी निंदा की जाए वो काम है। कांग्रेस जिसने डॉक्टर मनमोहन सिंह को जीते जी कभी भी वास्तविक सम्मान नहीं दिया। अब उनके सम्मान के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री आदरणीय मनमोहन सिंह जी की समाधि के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सरकार ने जगह भी दी और परिवार को सूचित भी किया। फिर भी कांग्रेस झूठी खबरें फैला रही हैं।
*******
यूरोपीय संघ के देशों में स्मार्ट फोन, टैबलेट और कैमरे के लिए एक समान सी-टाइप चार्जर की व्यवस्था कल से लागू हो गई है। इसके साथ ही, संघ के सभी 27 देशों में यू.एस.बी. सी-टाइप पोर्ट वाले उपकरण उपलब्ध कराना निर्माताओं के लिए बाध्यकारी हो गया है। हैड फोन, स्पीकर, की-बोर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में भी सी-टाइप पोर्ट की व्यवस्था होगी। यूरोपीय संघ का कहना है कि इससे, लागत और अपशिष्ट में कमी आएगी और नए उपकरण के लिए नए चार्जर को खरीदना जरूरी नहीं होगा। यूरोपीय संघ में इस कानून को वर्ष 2022 में मंजूरी दी गई थी।
*******
जेजू एयरलाइन्स का विमान दक्षिण कोरिया के हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। विमान में 181 लोग सवार थे, इसमें 28 लोगों की मृत्यु हो गई है। ये विमान मुआन हवाई अड्डे पर रनवे पर लैडिंग के दौरान दीवार से टकरा गया। विमान थाईलैंड के बैंकॉक से वापस आ रहा था। बचाव अभियान के दौरान एक व्यक्ति जीवित पाया गया है। दुर्घटना का कारण स्पष्ट नहीं है।
*******
दिल्ली पुलिस ने राजधानी में नव वर्ष समारोह को देखते हुए यातायात परामर्श जारी किया है। ब्यौरा हमारी संवाददाता से..
पुलिस ने कहा है कि कनॉट प्लेस में यातायात संबंधी पाबंदियां 31 दिसम्बर को रात आठ बजे से शुरू होकर नव वर्ष का जश्न मनाए जाने तक लागू रहेंगी। ये पाबंदी सभी तरह के निजी और सार्वजनिक वाहनों पर लागू होगी। किसी भी वाहन को मंडी हाउस, बंगाली मार्केट, मिंटो रोड-दीनदयाल उपाध्याय मार्ग चौराहे, गोल डाकखाना, पटेल चौक और जयसिंह रोड-बंगला साहेब लेन से आगे कनॉट प्लेस की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। कनॉट प्लेस के भीतरी और बाहरी सर्कल में सिर्फ वैध पास वाले वाहनों को ही जाने की अनुमति होगी। दिल्ली यातायात पुलिस ने इंडिया गेट और उसके आस-पास यातायात को नियंत्रित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। समाचार कक्ष से सरफिरोजी।
*******
मौसम विभाग ने उत्तर भारत में शीत लहर की चेतावनी जारी की है। साथ ही बर्फबारी के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को वाहनों के आवागमन के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। एक रिपोर्ट…
मौसम विभाग ने उत्तर भारत में आज से शीतलहर का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने कहा कि पाकिस्तान के पास पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले दो दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। 1 से 6 जनवरी तक पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय क्षेत्र प्रभावित रह सकता है। हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों और पंजाब व हरियाणा आज से 1 जनवरी तक शीत लहर की रहने की संभावना है। राजस्थान में आज ठंड का प्रकोप रहेगा। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-44 को बर्फ जमने और फिसलन भरी सड़कों के कारण बंद कर दिया गया है। काजीगुंड सेक्शन, रामबन, उधमपुर और जम्मू में 1 हजार 300 से ज़्यादा भारी मोटर वाहन फंसे हुए हैं। बर्फ जमने के कारण दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले को जम्मू क्षेत्र के राजौरी और पुंछ जिलों से जोड़ने वाला श्रीनगर-लेह राजमार्ग और मुगल रोड अभी भी बंद है। कश्मीर के स्वास्थ्य सेवा निदेशालय ने हिमपात के कारण किसी भी स्थिति से निपटने के लिए श्रीनगर में अपने मुख्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार।
*******
हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में हिमपात और निचले क्षेत्रों में व्यापक वर्षा के कारण में कडाके ठंड पड रही है। इस कारण तापमान में काफी गिरावट आई है।
राष्ट्रीय राजधानी में शीतलहर का प्रकोप जारी है। शहर के कुछ हिस्सों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने कहा है कि आज अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
मौसम विभाग ने कहा कि जम्मू, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और गुजरात में भी कोहरा छाया रहा। प्रयागराज में आज सुबह दृश्यता शून्य रही और वाराणसी तथा अमृतसर में दृश्यता 50 मीटर दर्ज की गई।
*******
ओडिसा के राउलकेला में कल रात हॉकी इंडिया लीग के उद्घाटन मैच में डेल्ही एस.जी.पाइपर्स ने एक रोमांचक मुकाबले में गोनासिका को चार-दो से हरा। मैच समाप्त होने पर दोनों टीमें दो-दो की बराबरी पर थीं, जसके बाद मैच का फैसला शूटआउट से हुआ। डेल्ही पाइपर्स की ओर से टॉमस डोमिने ने दो गोल किए। गोनासिका के लिए स्ट्रुआन वाकर और विक्टर शार्लेट ने गोल किए। एक रिपोर्ट..
कल यानी 28 दिसंबर से उड़ीसा के सुंदरगढ़ जिले स्थित राउरकेला के विश्व के सबसे बड़े बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में हॉकी इंडिया लीग की शुरुआत हुई। इस बार की लीग खास है क्योंकि पुरुष लीग के साथ-साथ महिला लीग कभी आयोजन किया जा रहा है जो पहली बार हो रहा है। पुरुष लीग में कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। महिला लीग में चार टीम में अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन करेगी राउरकेला और रांची दो महत्वपूर्ण शहर इन लीग मैचों की मेजबानी कर रहे हैं हॉकी इंडिया लीग का उद्घाटन राउरकेला में संपन्न हुआ अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के अध्यक्ष तैयब विक्राम ने इस अवसर पर कहां की भारत के खेल इतिहास में यह एक नया अध्याय जुड़ रहा है।
एक दफा दौबारा आप ने हॉकी का जश्न यहां सजाया है। आप ने स्वागत किया है दुनिया के वर्ल्ड बेस्ट एथेलिटस को यहां पर हमारी जो हॉकी इंडिया लीग की टीमस हैं। ये ग्लोबल हॉकी के टॉप एथेलिटस हैं।
भारत के केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री श्री जोयल ओराव ने हॉकी इंडिया लीग के शुभारंभ की घोषणा की।
पहले चरण का पहला मैच रात सवा आठ बजे टीम गोनासिका और दिल्ली एस.जी.पाइपर्स के बीच खेला गया निर्धारित समय तक दोनों ही टीमें में दो-दो गोल की बराबरी पर रहीं। फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ जहां दिल्ली एस.जी. पाइपर्स चार-दो से टीम गोनासिका को हराकर हॉकी इंडिया लीग का पहला मुकाबला जीता। इस पहला मैच के प्लेयर ऑफ द मैच रहे थोमस डोमेन आकाशवाणी के लिए मैं शाहिद अख्तर।
*******
विश्व नम्बर एक शतरंज खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने जीन्स पहनकर खेलने से मना किए जाने के बाद फिडे वर्ल्ड रैपिड एण्ड ब्लिट्ज चेस चैम्पियनशिप को छोड़ दिया है। कार्लसन पिछले वर्ष इस चैम्पिनशिप के विजेता रहे थे। कार्लसन ने कहा कि उन्होंने अगले दिन ट्राउजर बदलने पर सहमति व्यक्त की थी, लेकिन उनपर जुर्माना लगाया गया और उन्हें तुरन्त ड्रेस चैन्ज करने को कहा गया। कार्लसन ने यह भी कहा कि वे शतरंज में लंबे समय के बाद इन चीजों की अधिक परवाह नहीं करते।
हाल के वर्षों में, कार्लसन विवादों में घिरे रहे हैं। उन्होंने एक प्रतियोगिता में अपने प्रतिद्वंद्वी पर धोखाखड़ी के आरोप से जुड़े कानूनी विवाद को पिछले वर्ष सुलझाया था।
*******
मेलबर्न में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे क्रिकेट टेस्ट मैच के चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 2 विकेट पर 72 रन बना लिये हैं।
भारत ने आज सुबह अपनी पहली पारी में 9 विकेट पर तीन सौ अन्ठावन रन से आगे खेलना शुरू किया और पूरी टीम तीन सौ उनहत्तर बनाकर ऑल आउट हो गई।
इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 474 रन बनाये थे। ऑस्ट्रेलिया अब पहली पारी में मिली 105 रन की बढ़त को बरकरार रखने की कोशिश करेगा।
फिलहाल, पांच मैचों की श्रृंखला फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है।
*******
लद्दाख में सर्दियों में खेली जाने वाली आईस हॉकी में इस वर्ष 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें छह महिला टीमें हैं। पिछले तीन दशक में आइस हॉकी का आयोजन आम नागरिकों, रक्षा कर्मियों और स्थानीय लोगों द्वारा हर वर्ष सर्दियों में संयुक्त रूप से किया जाता है। इस दौरान आइस हॉकी फील्ड पर कई प्रकार की खेल स्पर्धाएं होती हैं। इसके लिए जलाशय को बिना किसी तकनीकी सहायता के व्यक्तिगत प्रयासों से जमाया जाता है
*******
आकाशवाणी समाचार अपनी विशेष वर्षांत श्रृंखला में विभिन्न मंत्रालयों की वर्ष 2024 की झलकियाँ प्रस्तुत कर रहा है। आज, हम वित्त मंत्रालय की प्रमुख पहलों और उपलब्धियों पर नज़र डालेंगे।
वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने नवीन वित्तीय प्रबंधन और नीतिगत सुधारो के माध्यम से राजकोषीय प्रबंधन और लोक कल्याण को लगातार आगे बढ़ाया है। सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली के जरिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के लागू होने से डिजिटल इंडिया मिशन को बढ़ावा मिला है। डीबीटी से मौजूदा वित्तीय वर्ष में एक हजार दो सौ से अधिक योजनाओं के लिए वास्तविक समय में पारदर्शी निधि हस्तांतरण को सुनिश्चित किया गया है। इस वर्ष का मुख्य आकर्षण एकीकृत पेंशन योजना के साथ सरकारी कर्मचारियों के लिए सामाजिक सुरक्षा सुधार रहा है। जिसे अगले वर्ष एक अप्रैल से लागू किया जाएगा। यह सेवानिवृत कर्मियों के लिए सुनिश्चित पेंशन और मुद्रा स्थिति समायोजित लाभ की गारंटी देता है। वहीं वित्तीय समावेशन भी वित्त मंत्रालय के सर्वोच्च प्राथमिकता रही है और प्रधानमंत्री जन धन योजना प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना मुद्रा और स्टैंड अप इंडिया जैसी पलों से लोगों को काफी लाभ मिला है। कृषि क्षेत्र में भी ऋण वितरण में लगातार वृद्धि हो रही है। कृषि ऋण वर्ष 2014-15 में आठ लाख 45 हजार करोड रुपए से बढ़कर 2023-24 में 24 लाख 30 हजार करोड़ रुपये हो गया है। आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली
*******
और अब आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों से
पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह के कल पंचतत्व में विलीन होने को सभी अख़बारों ने प्रमुखता से दिया है। राष्ट्रीय सहारा ने उन्हें आर्थिक सुधारों का महानायक बताया है। अमर उजाला कहता है कि- उनके अंतिम संस्कार के दौरान राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के अलावा, भूठान नरेश, मॉरिशस के विदेश मंत्री भी मौजूद रहें। हरिभूमि के अनुसार- संयुक्त राष्ट्र महासचिव और अमरीकी राष्ट्रपति ने शोक संदेश से जताया दुख। जो-बाइडेन से उन्हें सच्चा राजनीतिज्ञ बताया।
नए साल में स्वदेशी एंटी ड्रोन गन से लैस होंगी सेनाएं- हिन्दुस्तान ने इसे प्रमुखता से देते हुए लिखा है- कम ऊंचाई वाले ड्रोन भी नहीं दे सकेंगे चकमा। चेन्नई की एक कम्पनी रक्षा मंत्रालय की योजना के अंतर्गत विकसित कर रही है प्रणाली।
दिल्ली में टूटा बारिश का रिकॉर्ड, पहाड़ों पर बर्फबारी-हिन्दुस्तान ने इसे सचित्र देते हुए लिखा है- एक सौ एक साल बाद दिसम्बर में एक दिन में हुई इतनी बारिश। दैनिक भास्कर की सुर्खी है- पहाडों पर साल का सबसे भारी हिमपात, अब पड़ेगा पाला। पत्र कहता है- 31 और नए साल पर कड़ाके की सर्दी के लिए हो जाइए तैयार।
दैनिक भास्कर की खास ख़बर है- आंध्र प्रदेश के सबसे बड़े धर्मस्थल तिरुपति मंदिर में नए साल के उत्सव की तैयारी शुरू। पत्र के अनुसार- तीन लाख लोग आएंगे, ऑनलाइन टिकट से होंगे दर्शन।
पेंगोंग झील के किनारे लगी छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा- दैनिक जागरण ने इसे सचित्र देते हुए लिखा है- समुद्र तल से चौदह हजार तीन सौ फिट की ऊंचाई पर स्थित ये प्रतिमा भारत की ऐतिहासिक और वर्तमान सैन्य शक्ति का प्रतीक है।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 11 बजे आकाशवाणी पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।
- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई प्रमुख नेताओं को महाकुंभ मेला-2025 के लिए निमंत्रण दिया।
- मौसम विभाग ने उत्तर भारत में शीत लहर की चेतावनी जारी की; बर्फबारी के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग वाहनों के आवागमन के लिए पूरी तरह बंद।
- यूरोपीय संघ ने स्मार्टफोन, टैबलेट, कैमरे के लिए एक समान सी-टाइप चार्जर की व्यवस्था लागू की।
- ओडिशा के राउरकेला में हॉकी इंडिया लीग के उद्घाटन मैच में दिल्ली एसजी पाइपर्स ने गोनासिका को शूट-आउट में 4-2 से हराया।
- और, विश्व शतरंज के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने ड्रेस कोड विवाद के बाद न्यूयॉर्क में फिडे वर्ल्ड रैपिड और ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप छोड़ी।
*******